Font by Mehr Nastaliq Web

समीक्षा : जंगल से बेदख़ल होते लोग

लोग कहते हैं कि पुस्तक का मुखपृष्ठ देखकर यह तय नहीं किया जा सकता है कि पुस्तक कैसी होगी! हालाँकि यह कहावत केवल पुस्तक पर लागू नहीं होती, पर दुनिया तो देखते ही तय कर लेती है कि कौन कैसा होगा, चाहे पुस्तक हो या व्यक्ति विशेष। पढ़ने-लिखने वाले भी क्या इस कहावत को मानते हैं? मुझे तो नहीं लगता। आप हर पुस्तक के बारे में जानें, यह ज़रूरी तो नहीं। कई बार आप किताबों की दुकान के सामने से केवल गुज़र रहे होते हैं और आपका मन करता है कि एक बार देखने में क्या हर्ज़ है? आप वहाँ मौजूद किताबों पर एक सरसरी निगाह डालते हैं और तभी आपकी नज़र किसी ऐसी पुस्तक पर ठहर जाती है जिसका नाम आपने पहले नहीं सुना, पर उसे नज़रअंदाज़ कर आप आगे बढ़ नहीं पाते हैं। कुछ किताबों के शीर्षक में ऐसा खिंचाव होता ही है। ऐसे ही किसी संयोग से यह किताब ‘ग्लोबल गाँव का देवता’ मुझे मिली थी। मैं जानना चाहती थी कि ग्लोबल गाँव का देवता कौन है? ग्लोबल गाँव में कौन लोग रहते हैं? ग्लोबल गाँव कहाँ है? अंततः यह किताब ख़रीद ली गई और इसने अपनी जगह अलमारी के सबसे ऊपर—जल्दी पढ़ी जाने वाली किताबों में बना ही ली।

पिछले कुछ महीनों तक अलमारी में चुपचाप रखी इस किताब को अंततः जून के पहले दिन निकालकर पढ़ लिया गया। किताब बीच में छूट सकती थी, आधी अगले दिन के लिए टल सकती थी, पर किताब के पहले ही पृष्ठ पर छपे एक असुर मंत्र ने ऐसा होने नहीं दिया। मंत्र एक प्रार्थना की तरह है, नहीं, प्रार्थना से ज़्यादा एक वचन की तरह। एक असुर वचन लेता है हवा, पानी, धरती, आकाश, नौ जंगल और दस दिशाओं को बाँधने का, नौ लाख चुड़ैलों और दस लाख भूतों को बाँधने का, दरहा, मसान, ठाकुरदेव को बाँधने का, चाहे सब कुछ उड़ जाए पर उसके शब्द ख़ाली न जाने का वचन। यह मंत्र पाठक को भी बाँध लेता है। इसे पढ़ने के बाद आप छूट नहीं सकते इससे, भागकर कहीं जा भी नहीं सकते। मैं भी नहीं भाग पाई। कहानी शुरू होती है कहानी के नायक की विज्ञान के शिक्षक के तौर पर, झारखंड के पहाड़ी इलाक़े के भौंरापाट में, आदिम जनजाति परिवार की बच्चियों के आवासीय विद्यालय में नियुक्ति के साथ।

नायक कभी जंगल में नहीं रहा था, उसे डर लगा था। घर से बहुत दूर जाने पर सबको लगता है, पर धीरे-धीरे वह घुल-मिल गया। स्कूल की पियॉन एतवारी, उसका पति गंदूर और उसके बच्चे, जो बग़ल के क्वार्टर में रहते थे, इन्होंने ही नायक का मन बहलाए रखा। धीरे-धीरे नायक मिलता है गाँव के लालचन असुर से, उसके परिवार से, रुमझुम असुर से। उनके साथ की दोस्ती नायक को ले आती है असुर जनजाति के पास। नायक को लगता था कि असुर लोग कोई राक्षस लोग होते होंगे, जैसा कि कहानियों में उसने पढ़ा-सुना था। अपने सामने पहली बार किसी इंसानी असुर को देखकर अपनी सोच पर वह शर्मिंदा हुआ था। पर इसमें दोष किसका है? किसी ने असुर जनजाति को इंसान माना है? किसी ने कहीं यह क्यों नहीं लिखा कि असुर जनजाति जंगल और पहाड़ी इलाक़ों में बसी एक बहुत ही मेहनतकश जनजाति है, कोई ख़तरनाक, बड़े सींगों और बड़े दाँतों वाला दैत्य नहीं। कहानी असुर जनजाति के जीते-जागते इंसानी स्त्री-पुरुषों की है, उनके प्रेम, सौहार्द और जिजीविषा की, उनके संघर्ष की है।

कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती जाती है, आपको केवल असुर जनजाति नहीं दिखाई देती, आपको दिखता है दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाली किसी भी जनजाति का संघर्ष। किताब आपका परिचय मूल अमेरिकी जनजातियों के संघर्ष से भी कराती है। साथ ही यह बताती है कि गाँव में रहने वाले जनजाति के लोग अपने घर, जंगल, ज़मीन के साथ कितने सुखी थे। स्त्रियों ने मिट्टी खोदकर उसका लेप बनाकर दीवारों को सुंदर हथेलियों की छाप बनाकर किस तरह लीपा है। पहले काली मिट्टी की छाप, फिर सफ़ेद मिट्टी की छाप। हथेलियों की छाप केवल दीवारों तक सीमित नहीं रहती है, यह खेतों-खलिहानों, जंगल-बाग़ानों, खानों, नदी-नालों, चुआँ, पझरा, झरनों से लेकर सूरज, चाँद, सितारों, यहाँ तक कि पूरे ब्रह्मांड और सारी आकाशगंगाओं के अनंत ब्रह्मांड में सब स्त्रियों की हथेलियों से बने इन्हीं घूमेरों पर नाचते जा रहे हैं। सबमें हथेलियों की ही छाप है।

कहानी के नायक के साथ-साथ पाठक भी मंत्रमुग्ध हैं हथेलियों की छापों से। और हमने भी तो ये सब अपने आस-पास के गाँव-घर में देखा ही है। जैसे नायक और ललिता ने सहिया (क़सम उठाकर दोस्ती) जोड़ा था, और सहिया जोड़ने के बाद एक-दूसरे को ‘फूल’ कहकर संबोधित करते थे, ये सब तो हमने गाँव में भी देखा है। मरने तक आप किसी के दोस्त हो जाते हैं और यह दोस्ती आप तोड़ नहीं सकते। प्रेम और आदर इतना रहता है कि एक-दूसरे को फूल संबोधित किया जाता है, नाम लेने की मनाही होती है। सगे रिश्तों से बढ़कर होती है ऐसी दोस्ती।

असुर जनजाति पुश्तैनी तौर पर लोहा गलाने का काम करती थी, पर जब शहरी फ़ैक्ट्रियों में बना लोहे का कुदाल, खुरपी, गैंता हाट-बाज़ारों तक पहुँचने लगा तो भूख से मजबूर होकर असुर जाति के लोगों ने पाट देवता की छाती पर खेती करना शुरू किया। असुर जनजाति का संघर्ष कम नहीं हुआ, अब बॉक्साइट की वैध-अवैध खदानें और खदानों से बने बड़े-बड़े गड्ढे उनकी ज़मीन को निगलते जा रहे हैं। दूसरे जनजातियों के साथ भी उनका संघर्ष चल रहा है। केवल इतना ही नहीं, असुर जनजाति की लड़कियाँ मजबूर हैं खदान के मेठ, मुंशी, क्लर्क, अफ़सरों के डेरों में खटने के लिए। असुर समाज में एक गीत प्रचलित है, यह आलोचना गीत जैसा है, पर आलोचना से ज़्यादा इसमें शिकायत है, एक दर्द है…

काठी बेचे गेले असुरिन
बाँस बेचे गेले गे
मेठ संग नजर मिलयले
मुंशी संग लासा लगयले गे
कचिया लोभे जात डूबाले गे

शिकायत असुरिन से कि बाँस और लकड़ी बेचने गई थी, खदान के मेठ से आँखें क्यों मिला आई, मुंशी से लगाव क्यों बढ़ाया? पैसे के लालच में जाति को क्यों डुबाया? पर असुरिन लड़कियाँ मजबूर हैं। कुछ को दलालों ने काम के बहाने से बाहर बेच दिया है।

कहानी तो अपनी ही लगती है। झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हर जगह इस देश में जहाँ-जहाँ जनजातियाँ निवास करती है और उनके जंगल-ज़मीनों पर सरकार और खदान कंपनियों ने आधिपत्य जमाया है, यह कहानी उन सभी जगहों की कहानी है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती जाएगी, असुर जनजाति की कहानी आपकी होती जाएगी। वो आप होंगे जिसकी ज़मीन छीनी जा चुकी है, जिसके सीने को गोली चीरकर निकल जाएगी, जिसकी लाश चौराहे पर पड़ी होगी, जिसका नाम अगले दिन के अख़बार में होगा कि कुख्यात नक्सलवादी को पुलिस ने किया ढेर!

जंगल से केवल जनजातियों का सफ़ाया होता हैं, गाँव के गाँव ख़ाली हो जाते हैं, सरकार वहीं रहती है, पुलिस भी, खदान भी और खदानों के बड़े-बड़े गड्ढे भी। पढ़ते समय सबसे आश्चर्य वाली बात यह लगती है कि यह कहानी काल्पनिक होकर भी काल्पनिक नहीं है। इस किताब को पढ़ने से बहुत पहले से इनके हिस्सों को तो हम अख़बार में पढ़ते आ रहे हैं। नक्सलियों के ढेर होने की ख़बरें, कोयले और लोहे के उत्खनन के लिए जंगलों को बड़ी कंपनियों को बेचे जाने की ख़बरें, ये सब तो रोज़ ही अख़बारों में आता है। जो ख़बर नहीं आती, वो यह है कि दुनिया के किसी भी देश के किसी भी गाँव की किसी भी जनजाति का अगर एक भी आदमी ज़िंदा बच गया ना, तो वह लड़ते रहेगा ताउम्र अपने जंगल-ज़मीन को बचाने, करता रहेगा संघर्ष।

जंगलों में गूँजता रहेगा बस यही मंत्र…
मैं हवा बाँधता हूँ, पानी बाँधता हूँ,
धरती बाँधता हूँ, आकाश बाँधता हूँ,
नौ जंगल दस दिशा बाँधता हूँ,
लाख पशु परेवा,
सवा लाख जड़ी-बूटी बाँधता हूँ।
नौ लाख चुड़ैल,
दस लाख भूत बाँधता हूँ
तीन लोकों के ठाकुर देव बाँधता हूँ,
दरहा और मसान बाँधता हूँ।
कौन बाँधता है?
गुरु महादनिया महादेव बाँधते हैं,
कौन बाँधता है?
पाट देवता सरना माई बाँधती है,
मैं उनका भगत बाँधता हूँ।
चाहे सूखे गोबर के उपले उड़ जाएँ,
पशु उड़ जाएँ, पेड़ उड़ जाएँ,
पत्थर और पहाड़ उड़ जाएँ
पर मेरे शब्द न ख़ाली जाएँ।

(एक असुर मंत्र, ‘ग्लोबल गाँव के देवता’ | रणेन्द्र)

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

गीतांजली सिन्हा को और पढ़िए : विनोद कुमार शुक्ल से दूसरी बार मिलना | गर्ल्स हॉस्टल, राजकुमारी और बालकांड! | यह ख़ाली जगह नहीं भरेगी | नवोदय विद्यालय के पच्चीस साल : स्मृतियों की यात्रा | नवोदय की नॉट सो गुड मेमोरीज! | मैं वापस आऊँगा : 78 घंटे बनाम 78 साल का प्रेम

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट