Font by Mehr Nastaliq Web

समीक्षा : टेस्ट ऑफ़ चेरी : मौत का सौंदर्यशास्त्र

2005 में महेश भट्ट की एक फ़िल्म आई थी—‘रोग’। इसमें अभिनेता इरफ़ान ख़ान का इंस्पेक्टर किरदार डॉक्टर के पास जाता है। वह आत्महत्या के अपने प्रयास के बारे में बताता है। फिर 3 वजहें रखता है कि उसने ख़ुदकुशी क्यों नहीं की। यहाँ एक कारण बताते हुए वह ज़िक्र करता है कि खिड़की के बाहर इंद्रधनुष फैला था और इस प्राकृतिक ख़ूबसूरती (ज़िंदगी जीने का बहाना) से मुँह मोड़ने की जद्दोजहद में मोमेंट चला गया और फिर ‘मरने का दिल’ नहीं किया। 1997 में आई प्रसिद्ध ईरानी निर्देशक अब्बास कियारोस्तामी की फ़िल्म ‘टेस्ट ऑफ़ चेरी’ ठीक इसके उलट है। यहाँ नायक का मरने का दिल है, लेकिन चाह है तो सिर्फ़ इतनी कि इंद्रधनुषीय व्यवस्थित मौत हो।

ईरान है। एक आदमी है। एक गाड़ी है। एक दिन है। वह आदमी ईरान में उस गाड़ी में पूरा दिन घूमता है। तलाश में है कि कोई व्यक्ति उसकी मदद कर दे। मदद यह कि वह ख़ूब सारी नींद की गोलियाँ खाकर रात को एक पहाड़ पर खुले आसमान तले एक गड्ढे में सोएगा। सुबह ज़िंदा मिले तो उठा लें, न मिले तो मिट्टी डाल दें। मददगार की खोज दिन के अलग-अलग पहरों में उसे 3 अजनबियों से टकराती है। एक कुर्दिश सैनिक, एक अफ़ग़ानी छात्र और एक टर्किश बूढ़ा। नायक को देखकर आपको उस आदमी की भी याद आएगी जो कुंवर नारायण की ‘एक अजीब दिन’ कविता में सारा दिन बाहर घूमता मिलता है।

कियारोस्तामी फ़िल्म में इन तीन अजनबियों और नायक के बीच संवाद के ज़रिए उस लंबी बहस को तसल्ली से छूते हैं कि आत्महत्या करना पाप है या अधिकार। युवा सैनिक नायक को बताता है कि क़ुरान के अनुसार ख़ुद का ख़ात्मा बहुत ग़लत है। अफ़ग़ानी अलग तरह का प्रस्ताव देता है और बूढ़ा अपने जीवन के फ़लसफ़े सुनाता है। ऐसा करते हुए पूरा दिन बीत जाता है। जब फ़िल्म ख़त्म हो रही होती है तो दर्शक सोचता है कि आख़िरी क्षण में कुछ होगा, नायक का मन बदलेगा और यहीं गच्चा खा जाता है।

और यहाँ ‘कियारोस्तामी टाइप ऑफ़ सिनेमा’ की एंट्री होती है। लंबे टेक, दूर रखा कैमरा और सोचने के लिए खुला अनंत आसमान। कियारोस्तामी वह आदमी हैं जो फ़िल्म लेखन के उस ढर्रे को धता बताते हैं जिसके अनुसार अच्छे सिनेमा के लिए बिगिनिंग, मिडिल और मूमेंट ऑफ़ एनलाइटनमेंट बहुत ज़रूरी है। कियारोस्तामी की फ़िल्में कभी-कभी बिल्कुल बीच में पकड़ में आती हैं। जैसे आप कोई लंबी कविता पढ़ रहे हों और बीच में कहीं कोई लाइन अटक जाए। फिर आप नज़र दौड़ाकर ऊपर से पढ़ते हैं और फिर डॉट्स कनेक्ट हो जाते हैं।

इस फ़िल्म में नायक का गाड़ी चलाना अपने आप में एक पूरी केस स्टडी है। वह ऐसे गाड़ी चला रहा है जैसे पैर एक्सीलेटर और क्लच को छूकर एक सिर्फ़ एक सर्किट पूरा कर रहे हैं। इतना सहज, इतना एफ़र्टलेस, जैसे बिना किसी को बताए, बिना किसी के जीवन में ख़लल डाले, खंभे-दर-खंभे तार से बिजली दौड़ी चली जा रही है। एक रोचक तथ्य यह भी है कि मुख्य अभिनेता एर्शिदी एक आर्किटेक्ट थे। एक दिन कियारोस्तामी ने उन्हें कार चलाते हुए ही देखा और सिग्नल पर रोककर पूछा, “क्या मेरी फ़िल्म में काम करोगे?”

कुछ ऐसे ही एर्शिदी का किरदार फ़िल्म में तल्लीनता से अपना जीवन जी रहे लोगों से पूछता है, “क्या मेरी लाश पर मिट्टी डाल दोगे?”

कियारोस्तामी सबसे पहले गहरे अवसाद के क्षणों में मुझसे इंस्टाग्राम की एक रील में टकराए थे। अटेंशन स्पैन की महामारी और 3 सेकेंड हुक के भारी प्रेशर वाले युग के बीच वह रील देखी जिसमें 1 सेकेंड बिना किसी कट के घट रहा था। वह रील इसी ‘टेस्ट ऑफ़ चेरी’ फ़िल्म की थी। देखी और फिर कई बार देखी। उसमें एक सीन था...

एर्शिदी का किरदार ज़िंदगी ख़त्म करने के रास्ते पर चल रहा है। रास्ते में एक प्रेमी जोड़ा मिलता है। वह उन्हें अपना कैमरा थमाता है और फ़ोटो लेने को कहता है। ध्यान से देखेंगे तो ग़ौर करेंगे कि एर्शिदी की कार के बाहर वही मोमेंट है जो ‘रोग’ में इरफ़ान की खिड़की के बाहर था। रंग हैं, जीवन है। लेकिन कियारोस्तामी यहाँ लिबर्टी लेते हैं और आपको इल्यूज़न से निकालकर खुले में ले जाते हैं, ताकि एर्शिदी की नज़र से जो आप अब तक देख-सुन रहे थे, उससे हटकर एक अलग साँस के साथ अलग विचार कर सकें।

लोगों की आर्ट फ़िल्म से शिकायतें रहती हैं कि उसमें समसामयिक के लिए जगह बहुत कम होती है। लेकिन कियारोस्तामी के सिनेमा में पूरा बैकग्राउंड ही वही है। ‘टेस्ट ऑफ़ चेरी’ में कंस्ट्रक्शन साइट, ख़ूब सारे कामगारों का दिखना देश के उन प्रयासों को दिखाते हैं जो उसने ईराक़ से 80 के दशक में हुए भीषण विध्वंस के बाद ख़ुद को बनाने-सँवारने में लगाए थे।

हालाँकि ये फ़िल्म देखने के बाद कई सवाल अनुत्तरित ही रह जाते हैं। इनमें सबसे प्रमुख है कि एर्शिदी का किरदार आत्महत्या आख़िर करना क्यों चाहता है? कई तो इस निष्कर्ष तक भी पहुँचे कि रेंज रोवर से चलने वाला एर्शिदी का साधन-संपन्न किरदार होमोसेक्शुअल है और वह इसीलिए ख़ुद को ख़त्म करना चाहता है क्योंकि यह सब कुछ ईरान में अवैध है।

सबसे ज़रूरी है इस फ़िल्म के अंत पर बात करना। अंत में वह सब होता है जिसकी नींव पर नायक दीवार खड़ी कर रहा होता है। वह 3 लोगों से दिन में बात करके रात में घर जाता है। फिर इसमें कोई संवाद नहीं है। हम देखते हैं कि नायक अब वापस से उस जगह जा रहा है जहाँ उसने अपने मरने का स्थान मुक़र्रर कर रखा है। यह सीन आपके इमोशन को पीक पर ले जाता है। अंत यह होता है कि पूरी स्क्रीन पर अँधेरा छा जाता है। बारिश की आवाज़ आती है, फिर वह भी शांत। कहीं न कहीं हम इस बात पर यक़ीन करने लगते हैं कि नायक की आत्महत्या सफल हुई, लेकिन ऐसा है नहीं। कियारोस्तामी से भी इंटरव्यू में ये सवाल हो चुका है। और जो कियारोस्तामी का उत्तर है, वह एक कविता की व्याख्या से कम नहीं है।

कियारोस्तामी बताते हैं कि अंत में लंबा अंधकार निष्कर्ष को अस्तित्वहीनता की ओर मोड़ने की कोशिश है। अंधकार और कुछ नहीं, सिर्फ़ प्रकाश की अनुपस्थिति ही है। जब स्क्रीन लंबे समय तक काली रहती है तो कुछ नहीं दिखता है। न ईरान, न नायक, न बारिश। फिर धीरे से शटर बंद होता है। कियारोस्तामी ने कहा था, “जब कोई इस दुनिया से चला जाता है, हम उसकी आँखें धीरे से बंद कर देते हैं, मानो जीवन नाम की फ़िल्म का आख़िरी दृश्य पूरा हो गया हो और हम कैमरे के लेंस पर चुपचाप ढक्कन रख रहे हों।”

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

शशांक मिश्र को और पढ़िए : द ओडिसी : हर मनुष्य अंततः घर लौटना चाहता है | अपना नोबेल चाँद से भी दूर क्यों लगता है? | पत्र : तुकाराम मुंढे के लिए : कार्रवाई के तमाशे का आकर्षण

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट