Pyre : “इन पहाड़ों के पास साले, ये पहाड़ ही बचे हैं अब!”
सौरभ अनंत
16 नवम्बर 2026
एक बूढ़ा चरवाहा है। घर से अपनी पत्नी का इलाज करवाने निकलता है तो साथ में एक बकरी रख लेता है। मनुष्य घर से बाहर निकलते वक़्त जैसे पैसा साथ रख लेता था। क्लीनिक से लौटते हुए पति-पत्नी के साथ उस बकरी कि अनुपस्थिति चलती है। कहानी के ख़ालीपन को अनुपस्थिति भर देती है। हम अस्पताल आते-जाते चिताओं का उड़ता धुआँ देखते हैं। दूर-दूर तक फैले पहाड़ हैं। ऐसे पहाड़ कि जिनसे सुंदर कुछ हो नहीं सकता। उन्हें देखने वाले ही अब नहीं है, “इन पहाड़ों के पास साले, ये पहाड़ ही बचे हैं अब!” जंगल जितना ढाँक सकते हैं उतना दुख ढाँक रहे हैं अब पहाड़ों का। घास-झाड़ियों के थिगड़े लगे हैं—जंगलों के उधड़ते दुख पर। उन थिगड़ों को कुछ बची हुई बकरियाँ मिलकर चर रही हैं।
वे दोनों साथ खड़े ऊँचाई पर, नीचे से आते पहाड़ी रास्तों के देखते रहते हैं अपलक। पहाड़ी का सबसे सुंदर रास्ता भी इंतिज़ार की आँखों से देखो तो सबसे अकेला और सुनसान रास्ता दिखाई देता है। रास्ते को कब एहसास होता होगा कि वो किसी के बरसों-बरस के इंतिज़ार का रास्ता है? जब घास उसकी दरारें भरना शुरू कर देती है? धीरे-धीरे रास्ते और पहाड़ी में कोई अंतर नहीं रह जाता। वो पहले की तरह ही पहाड़ में मिल जाता है। जब पहाड़ अकेला था और स्मृतियों में कोई नहीं था।
दोनों को अलग करने स्मृतियाँ उतर आती हैं बकरियाँ बन और रास्तों पर उग आई घास को रोज़-रोज़ बेरहमी से चरती हैं। चरने के बाद बकरियाँ उन सूखती आँखों में वापस लौट जाती हैं। उन पगडंडियों के आगे सड़कें हैं जो नदी के किनारे बह रही हैं। वहाँ चिताएँ जल रही हैं। जहाँ चिताएँ जल रहीं है, वहाँ से पहाड़ शुरू होता है। जहाँ पहाड़ ख़त्म हो रहा है, वहाँ चिताएँ जल रही हैं।
ऊपर से नीचे झाँको तो सब धुँधला-सा है। वो धुँधलके को घूरते रहते हैं इंतज़ार में। कुछ जाने-पहचाने लोग आए दिन उतर जाते हैं—उस धुँधलके में नीचे। जो उतरते हैं, लौटकर नहीं आते। उनके घर भीगती बारिश में ख़ाली खड़े हैं। घर बनी मिट्टी गल रही है। बहकर वो भी नीचे उतर रही है पहाड़ में।
अनजानी चिट्ठियाँ उन धुँधले रास्तों से आती हैं। वो चिट्ठियों का इंतिज़ार नहीं करते। चिट्ठियों की पूजा करते हैं। चिट्ठियों के आने पर लोक गीत गाते, नाचते हैं, खीर पकाकर सबको खिलाते हैं। फिर अकेले रह जाते हैं।
जब कोई नहीं आता तो बारिश आती है। बारिश घर के भीतर आती है। बिस्तर के पास रखे पुराने बर्तनों में आती है। तकिये के पास बहती पुरानी दीवार पर आती है। चूल्हे पर ठंडी पड़ती आग के आख़िरी कोयले पर टपक जाती है। बारिश पूरे एक-कमरे के मकान में उनके चारों तरफ़ टहलती है। बारिश पीठ झुकाकर चलती है। नीची छत से उसका सर टकराता है। वो ठंड से काँपती है। बुखार में तपती है। कोने पर बैठकर बीड़ी पीती, कुछ सोचती रहती है।
बीड़ी का धुआँ आस-पास फैल रहा है। धुएँ जैसे बादल पूरे पहाड़ पर फैल रहे हैं।
वे ऊँचे पहाड़ के ऊँचे पेड़ पर चढ़कर बहुत नीचे तक झाँकते हैं। नीचे जहाँ रास्तों का आख़िरी सिरा खुल रहा है। वहाँ इंतिज़ार बैठा है। उस आख़िरी सिरे पर, हमेशा से। चिट्ठियाँ उसी रास्ते से आती हैं... और एक-एक बकरी अपने साथ ले जाती हैं। जब तक ये बकरियाँ हैं, तब तक जीवन है। जीवन की हर इच्छा एक बकरी को चुग लेती है। मृत्यु के मिमियाने की आवाज़ देर तक आती है। वो इंतिज़ार के बुखार में तपती बार-बार गिरती है। चरवाहा दौड़ता है और पहाड़ी पर जाकर भंकोरा बजाता है।
वे भंकोरा बजाकर देवताओं का आह्वान करते हैं। भंकोरा सुनकर पहाड़ों पर देवता अवतरित हो आते हैं। देवता अपने कंधों पर धरती की तपती देह को उठाते हैं।
वो चिता बना रहा है। गाँव के सारे घर अब बारिश में ढहती मिट्टी हैं। दोनों की चिता दो अंतिम कृति हैं इन पहाड़ों पर। पहाड़ों पर अब कुछ नहीं। पहाड़ अब कुछ नहीं। पहाड़ अब एक ऊँची चिता है। जिस पर एक बूढ़ा चरवाहा पालथी मारकर बैठा चुका है। एक आख़िरी माँ है अब उस पहाड़ पर। जिसके पीछे-पीछे चल रही हैं, पहाड़ों की सारी बकरियाँ।
एक माँ है अब पहाड़, जिसका बेटा लौटकर नहीं आया है, जिसका बेटा अब लौटकर नहीं आएगा। चिता का फैलता धुआँ धीरे-धीरे पहाड़ को धुँधला कर रहा है।
~
ऊपर दर्ज वाक्य-अनुच्छेद Pyer फ़िल्म की समीक्षा नहीं, बल्कि मन में जन्मी असीमित संवेदनाओं और अनुभूतियों का एक छोटा-सा हिस्सा हैं। भीतर जो घट रहा है, उसका बहुत कुछ शब्दों से परे है और शायद अनकहा ही रहेगा।
विनोद कापड़ी ने एक ऐसी दुनिया को कैमरे में दर्ज किया है, जिसकी ख़ामोशी में बहुत कुछ सुनाई देता है। जहाँ पहाड़ जितने सुंदर हैं, मनुष्य की अनुपस्थिति उतनी ही दुखद।
कुछ फ़िल्में ख़त्म होने के बाद भी हमारे भीतर चलती रहती हैं। Pyre (चिता) ऐसी ही फ़िल्म है।
ये पहाड़ों में मनुष्य की अनुपस्थिति और पीछे छूट गए जीवन का ऐसा मार्मिक दस्तावेज़ है; जो हमें अपने समय, अपने समाज और अपने अकेलेपन से रूबरू कराता है।
ये वो सिनेमा है जिसे सब, सब, सब देखें... सिर्फ़ देखें नहीं, महसूस करें...
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
सौरभ अनंत को और पढ़िए : भारतीय रंग-संस्थाओं पर मँडराता मौन संकट
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट