Font by Mehr Nastaliq Web

अनफ़्रेम्ड : ‘देवी पिस्तौल वाली’ : भारतीय चित्रकला में अर्पिता सिंह की जगह

बीते सोमवार को 89 वर्ष की भारतीय कलाकार अर्पिता सिंह का निधन हो गया। हमेशा की तरह भारतीय मुख्यधारा मीडिया के निरंतर शोर के बीच यह एक दबी हुई ख़बर है, जिसके बारे में यह मान लिया जाएगा कि यह ज़्यादातर लोगों की दिलचस्पी से बाहर है। बहुधा कलाएँ इतनी ख़ामोशी से हमारी सामूहिक चेतना पर असर डालती हैं कि कई बार उन कलाकारों का उतनी ही ख़ामोशी से विदा हो जाना हमें अखरता नहीं। न कभी हम इस बात की ज़रूरत समझते हैं कि अपने ही बनाए ‘साइलेंट स्पेस’ में कैनवस पर ब्रश और रंगों से एक समानांतर संसार रचने वाले इन कलाकारों की उपस्थिति को रेखांकित किया जाए।

अर्पिता सिंह को इसलिए भी याद किया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने स्त्री को अपने कला संसार के केंद्र में स्थापित किया। स्त्रियाँ हमेशा कला के केंद्र में रही हैं—अधिकतर ‘मेल गेज़’ के अधीन। मगर अर्पिता की स्त्रियाँ पारंपरिक कसौटियों पर खरी उतरने के लिए चित्रित नहीं की गईं। वे उम्रदराज़ हैं, थकी हुई हैं, कामुक हैं, अकेली हैं, माँ हैं, कभी भयभीत हैं, कभी आक्रामक हैं और कभी अपनी दुनिया में पूरी तरह स्वतंत्र। भारतीय कला के इतिहास में स्त्री की छवि के कुछ स्टीरियोटाइप हैं; उन्हें अक्सर देवी, नायिका, प्रेमिका या सौंदर्य प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। अर्पिता सिंह की स्त्री इन सभी पारंपरिक पहचानों से बाहर निकलती है। वह सामान्य जीवन जीती हुई महिला है। उसके शरीर पर उम्र का असर है। इन तस्वीरों में वह कभी नग्न है, कभी कपड़े पहने हुए, कभी अकेली और कभी दूसरी महिलाओं के साथ। अर्पिता ने उनके शरीर को आदर्श सौंदर्य की वस्तु बनाने के बजाय उसके वास्तविक स्वरूप, अनुभवों और मन को चित्रित किया गया। वह केवल पुरुष की दृष्टि के लिए उपस्थित नहीं है। इन स्त्रियों की अपनी दुनिया है और वह उस दुनिया को देखती भी है, समझती भी है। यही कारण है कि उनकी स्त्री आकृतियाँ दर्शक को असहज भी करती हैं।

बेंगलुरु के म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट एंड फ़ोटोग्राफी में अर्पिता सिंह की 1990 में तैयार की गई एक चर्चित पेंटिंग का शीर्षक है—‘देवी पिस्तौल वाली’। इस तस्वीर ने तब काफी हलचल मचा दी थी जब यह ‘आनंद बाज़ार पत्रिका’ के दुर्गा पूजा अंक में प्रकाशित हुई थी। कई मायनों में इस तस्वीर से अर्पिता सिंह के कला पक्ष और आधुनिक भारतीय चित्रकला में उनके महत्त्व को समझा जा सकता है। मगर इससे पहले एक और महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्य पर ध्यान देना होगा। भारत में आधुनिक चित्रकला की बुनियाद डालने वाले प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप में पुरुष कलाकारों का ही दबदबा रहा, जिसमें एमएफ़ हुसैन, सूजा, एसएच रज़ा और आरा जैसे कलाकार शामिल थे। अर्पिता सिंह इसके बाद वाली पीढ़ी से आती हैं, जिसमें जोगेन चौधरी और ब्रूटा जैसे नाम भी थे। ये सभी भारत की दूसरी पीढ़ी की आधुनिक चित्रकला के जाने-माने नाम थे। वे दूसरे विश्व युद्ध से ठीक पहले या उसके दौरान पैदा हुए थे और 1960 के दशक के आख़िर में बड़े हुए। इनके बीच अर्पिता सिंह के काम को देश के सबसे बेहतरीन समकालीन कलाकारों में शामिल किया गया। अपने पूर्ववर्ती कलाकारों से अलग उनकी ऑयल और वाटर कलर पेंटिंग एक नैरेटिव प्रस्तुत करती थीं, उनमें एक कथात्मक तत्त्व जुड़ा होता था, जो एक स्तर पर आधुनिक होता था और दूसरे स्तर पर भारतीय जनमानस में बसे मिथकों और सामूहिक अवचेतन तक जाता था। इससे भी ज़्यादा दिलचस्प बात यह थी कि यह सब कुछ कैनवस पर महिलाओं के नज़रिए से उकेरा जाता था।

उनकी चर्चित पेंटिंग ‘देवी पिस्तौल वाली’ के केंद्र में एक स्त्री है। कला समीक्षक मीरा शर्मा इस तस्वीर की व्याख्या में लिखती हैं, “पेंटिंग के बीच में एक औरत सफ़ेद साड़ी में है। उसका चेहरा शांत है। वह दोनों पैरों से ज़मीन पर भ्रूण की तरह लेटे एक आदमी के ऊपर खड़ी है। वह ज़िंदा है, लेकिन चुप है। उसकी आँखें पछतावे से भरी हैं। औरत के पाँच हाथ हैं। एक हाथ में साड़ी का ढीला सिरा चेहरे से दूर है। दूसरे हाथ में आम है। तीसरे हाथ में बंदूक़ है। बंदूक़ एक सिकुड़े हुए आदमी की तरफ़ है जो तलवार और ढाल से अपना बचाव करने की कोशिश कर रहा है। औरत के ऊपर आसमान की एक पट्टी है। उसमें से एक प्लेन उड़ रहा है, एक चिड़िया उड़ रही है, और छह लाल फूल उड़ रहे हैं।”



यही अर्पिता सिंह की चित्रकला की ख़ासियत है। यह पूरा संसार किसी वास्तविक भौगोलिक स्थान की तरह नहीं दिखता। यहाँ वस्तुएँ अपने सामान्य स्थान और आकार से मुक्त हैं। वे एक ऐसी दुनिया रचती हैं जिसमें वास्तविकता, मिथक, स्मृति और कल्पना एक ही सतह पर सह-अस्तित्व में रहते हैं। गूगल आर्ट एंड कल्चर इनिशिएटिव में इस पेंटिंग को महिषासुरमर्दिनी और दुर्गा की पारंपरिक प्रतिमा-विधान के नए रूपांतरण के रूप में देखा गया है। हालाँकि ख़ुद अपनी इस तस्वीर पर अर्पिता की टिप्पणी बिल्कुल अलग बात कहती है। ‘द गार्डियन’ में आर्ट हिस्टोरियन क्लियो रॉबर्ट्स-कोमिरेड्डी को दिए गए एक साक्षात्कार में अर्पिता कहती हैं, “देवी पिस्तौल वाली पेंटिंग में छोटी पिस्तौल लहराती देवी की मूर्ति भारतीय समाज का प्रतीक नहीं है। न ही यह उत्पीड़न के सामने औरत की ताक़त का बयान है। ऐसा कुछ नहीं है। मैं उन्हें ताक़त का ज़रिया क्यों मानूँ? न ही मैं किसी मर्द को ताक़त का ज़रिया मानती हूँ। मेरे लिए दोनों एक जैसे हैं।” ग़ौर करें तो इस पेटिंग में एक विडंबना है; स्त्री सफ़ेद साड़ी पहने हुए है, जो भारतीय समाज में विधवा स्त्री की छवि याद दिलाता है। पिस्तौल हाथ में होने के बावजूद उस स्त्री के चेहरे पर न तो क्रोध है और न ही युद्ध में उतरने वाली किसी योद्धा की आक्रामकता। उसका चेहरा भले शांत है, लेकिन उसके हाथों में जो वस्तुएँ हैं, वे इस शांति को चुनौती देती हुई-सी प्रतीत होती हैं। स्त्री की यह छवि अक्सर उनके चित्रों में पलट-पलटकर आती है।

इसके बावजूद क्लियो उन छोटी-छोटी बातों की तरफ़ इशारा करती हैं, जो अर्पिता की कला को समझने में महत्त्वपूर्ण बिंदु साबित हो सकते हैं। वह लिखती हैं, “उनकी पेंटिंग्स में औरतें ज़्यादा जगह लेती हैं, जो अक्सर मर्दों से ज़्यादा होती हैं। लेकिन उनका रंग, जो अक्सर चाक जैसा गुलाबी या हल्का होता है...” या फिर “सिंह की पेंटिंग्स में सरकारी हिंसा का ज़िक्र होता है, ज़्यादातर एक छिपे हुए मिलिट्री फ़िगर के ज़रिए, इस समय का उनका काम अजीब तरह से फीका और फीका लग सकता है। ध्यान से देखें तो गोल-मटोल फूलों और छोटे हवाई जहाज़ों के बीच, उनके ज़्यादातर सब्जेक्ट उदास और बेपरवाह लगते हैं।”

अर्पिता सिंह की चित्रकला में 1980 के दशक से बंदूक़ें, सैनिक और हिंसा के संकेत आने लगे थे। उनके चित्रों में निजी जीवन और सार्वजनिक हिंसा का संबंध लगातार गहरा हुआ। टाइम्स ऑफ़ इंडिया में नीलम राज उन्हें याद करते हुए लिखती हैं, “वह अपने आस-पास हो रही हिंसा को लेकर अलर्ट थीं, और इसे स्टूडियो के बाहर छोड़ने को तैयार नहीं थीं। उन्होंने कहा था, “हम हिंसक समय में जी रहे हैं और एक आर्टिस्ट के तौर पर, मैं इससे बच नहीं सकती। यह मुझे हर अख़बार के पहले पन्ने और हर न्यूज़ मैगज़ीन के कवर पर घूरता रहता है।” उनकी पेंटिंग आज की हिंसा को पुराने इतिहास से जोड़ सकती थीं, साथ ही ज़िंदगी की पहचान बताने वाली आम चीज़ों के लिए भी जगह बना सकती थीं।”  आर्टिस्ट समर जोधा उनके निधन के बाद ‘द वायर’ में प्रकाशित अपने एक आलेख में लिखते हैं, “माई मदर' 1992-93 के बॉम्बे दंगों के बाद बनाई गई थी, जो बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद हुए थे। इसमें ज़्यादातर कैनवास हिंसा से भरा हुआ है और एक कोने में सफ़ेद कपड़ों में एक बूढ़ी औरत है, जो उसने क्यूरेटर तमसिन होंग को बताया, ठीक वैसे ही खड़ी है जैसे उसकी अपनी माँ कभी दरवाज़े पर एक भतीजे का स्वागत करती थी। दंगे और उसकी माँ एक ही कैनवास पर हैं।”

हमने आरंभ में उनकी कला के कथात्मक पक्ष (नैरेटिव) की तरफ़ इशारा किया था, ग़ौर करें तो वह बड़ी कुशलता से अपनी नैरेटिव शैली का इस्तेमाल राजनीति और समाज में उपस्थित हिंसा और उसमें स्त्री की शांत मौजूदगी को दर्ज करने में करती थीं। साउथ एशिया की कला और सांस्कृतिक इतिहास पर काम कर रही संस्था ‘इंपार्ट’ ने उनकी कला के इसी पहलू पर चर्चा करते बताया है कि नैरेटिव स्टाइल ने अर्पिता को एक विज़ुअल वोकैबुलरी बनाने में भी मदद की, जो उनके समय में महिलाओं की चुनौतियों को अच्छे से बता सके और आम लगने वाले सीन में छिपी शांत हिंसा को दिखा सके। वे अपनी पेंटिंग में बंदूक़ों, टैंकों और हवाई जहाज़ का इस्तेमाल करके हिंसा और इंडस्ट्रियलाइजेशन को मिलाती हैं, जो आज की दुनिया में तरक़्क़ी की बहुत ज़्यादा रफ़्तार और ग़ैर-बराबरी पर एक जानबूझकर किया गया कमेंट है। अपनी कला के आरंभिक दौर में सर्रियलिज़्म से प्रभावित अर्पिता की तस्वीर ‘पिस्तौल वाली देवी’ एक टर्निंग प्वाइंट की तरह भी दिखती है। नब्बे के दशक से उन्होंने माँ बनने, बूढ़ी होती औरत के रूप, स्त्री की कामुकता, कमज़ोरी और हिंसा जैसे विषयों पर ज़्यादा काम किया है।

1937 में जन्मी अर्पिता की कला-साधना बहुत विशाल है और कई वर्षों के अंतराल पर फैली हुई है। टेक्सटाइल डिज़ाइन, कांथा कला और रेखाओं पर बात करें तो यह अलग से एक लेख का विषय होगा। उनके चित्रों में कढ़ाई के टाँकों जैसी बारीक रेखाओं का नज़र आना, छोटे-छोटे बिंदु, दोहराए जाने वाले रूपांकन और कपड़े की सतह जैसा विस्तार केवल कला तकनीकी नहीं थी, बल्कि उनके कला-संसार की संरचना का हिस्सा बन गई। कलाएँ बहुत सूक्ष्म तरीक़े से हमारे सौंदर्यबोध और दुनिया को देखने का तरीक़ा बदलती हैं। वे अक्सर किसी कलाकार के निजी संसार और अवचेतन के गहरे अँधेरों से कैनवस पर उतरती हैं और लोकप्रिय संस्कृति के स्टीरियोटाइप सौंदर्यबोध में तोड़फोड़ करती हैं। अर्पिता अपनी तस्वीरों से समकालीन कला और विचार की दुनिया में इसी हस्तक्षेप के लिए हमेशा याद की जाएँगी।

•

इस स्तंभ के मध्य में प्रस्तुत चित्र : अर्पिता सिंह की पेंटिंग ‘देवी पिस्तौल वाली’, यह फ़ोटोग्राफ़ म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट एंड फ़ोटोग्राफ़ी, बेंगलुरु से साभार। © अर्पिता सिंह

••

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अन्य अनफ़्रेम्ड यहाँ पढ़िए : अनफ़्रेम्ड

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट