छठ : शारदा सिन्हा के गीतों के बिना
मुशर्रफ़ परवेज़
16 नवम्बर 2026
मेरी यह टिप्पणी उन विनोदार्थों के लिए है, जिन्हें सूर्य के उदय और अस्त से प्रेम है। जिन्हें नदी की बहती धाराओं से प्रेम है। जिन्हें ‘छठ’ के गीतों से प्रेम है। जिन्हें घाटों की सोंधी मिट्टी की ख़ुशबू से प्रेम है। और तो और अपनी संस्कृति व त्योहारों से प्रेम है। प्रारंभ में ही स्पष्ट कर देना यथोचित है कि यह लेख धर्म के संदर्भ में नहीं बल्कि एक महापर्व के गीतों के संदर्भ में है।
आप भारत के किसी भी कोने में रहें, अपितु जैसे ही आपके कानों में शारदा सिन्हा के छठ के गीतों की मधुर आवाज़ जाती है, आप उसी क्षण अपने गाँव में पहुँच जाते हैं। आपका ध्यान वहाँ से भंग होकर, सीधे छठ के घाटों पर चला जाता है। यही जादू है शारदा जी के कंठ की। ख़ैर, इनके गीतों की चर्चा आगे विस्तार से की जाएगी। आइए, रुककर छठ की थोड़ी चर्चा कर ली जाए।
छठ मूलतः संस्कृत का शब्द है। इसके कई अर्थ निकलते हैं। मसलन, शुक्ल पक्ष की छठवीं तिथि, बच्चे के जन्म से छठवें दिन की रस्म, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की छठवीं तिथि, आदि। इसी कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष के अवसर पर जो त्योहार मनाया जाता है, उसे छठ कहते हैं। दूसरे शब्दों में ‘लोक आस्था का महापर्व’ भी कहा जाता है।
भारत में सूर्य को देवता माना जाता है। यहाँ सूर्य को पूजने की बड़ी प्राचीन-परंपरा है। छठ सूर्य को पूजने की एक एक पद्धति है। यह इकलौती पूजा है, जिसमें पुजारी की आवश्यकता नहीं होती है। इसके अलावा सभी प्रकार के पूजा में पुजारी का होना अनिवार्य होता है। इस व्रत की एक विशेषता यह भी है कि इसमें पुरुष भी व्रत रखते हैं।
छठ की छोटे-छोटे उद्योगों और उनकी अर्थव्यवस्था में भी एक अहम भूमिका है। मसलन, जिस ‘कुदाल’ से घाट बनाया जाता है, उसकी ख़ूब बिक्री होती है। ‘छींटा’ (बाँस की टोकरी) जिसमें ‘प्रसाद’ रखा जाता, इसकी माँग भी बढ़ जाती है। यह अवसर ईख की खेती करने वाले किसानों के लिए वरदान से कम नहीं होता है। मूली, गाजर, केला, संतरा, नारियल, आदि की करोड़ों रुपए की बिक्री होती है। इस प्रकार छठ एक पर्व के साथ-साथ लघु-उद्योगों और छोटे किसानों के लिए एक वार्षिक बाज़ार भी होता है।
छठ पूजा सूर्य के सम्मान में किया जाने वाला एक चार दिवसीय पावन पर्व है। इसमें पानी में खड़े होकर उगते और डूबते सूर्य की किरणों को अर्घ्य दिया जाता है। इस पर्व को मनाने के संदर्भ में कई मान्यताएँ हैं; जिसकी चर्चा बिल्कुल भी नहीं होगी; क्योंकि हम पहले कह आए हैं कि यह टिप्पणी छठ के गीतों तक ही केंद्रित है।
बिहार प्राचीन समय से ही कला और संस्कृति की धरती रही है। समय-समय पर बिहार में महनीय कलाकारों का आविर्भाव होता रहा है। जिन्होंने अपनी कलाओं से संपूर्ण विश्व में बिहार का डंका बजाया है। उन्हीं नामों में से एक नाम शारदा सिन्हा का है, जिनकी ख्याति मैथिली और भोजपुरी गीतों के लिए है। शारदा जी को उनके कंठ की मधुरता के कारण ‘स्वर कोकिला’ की उपाधि से विभूषित किया गया। उन्होंने इन दोनों बोलियों के अलावा बॉलीवुड में भी गाया। ‘गैंग्स ऑफ़ वासेपुर’ का गीत ‘तार बिजली...’ तो याद ही होगा। यह गीत इन्होंने ही गाया था।
शारदा सिन्हा ‘स्वर कोकिला’ यूँ ही नहीं कही जाती हैं। दरअस्ल, उनकी आवाज़ में वह जादू है, जो सीधे दिल में उतरता है। यही कारण है कि छठ का उल्लेख आते ही, हम उनके गीतों को गुनगुनाने लगते हैं। छठ मनाने वाले लोग देश-विदेश के किसी भी कोने में रहें, लेकिन दीपावली के बाद से ही वे लोग छठ के गीतों को सुनने लगते हैं। इन गीतों में इतनी शिद्दत होती हैं कि ये गीत हमें गाँव के घाटों की सैर करा देते हैं।
बात साल 2016 की है, जब शारदा जी ने ‘पहिले-पहल हम कई छठ...’ गाया था। इस गीत को सुनते ही लोग रो पड़े थे, क्योंकि इस गीत ने अपनों की याद दिला दी थी। परदेशियों को अपनी मिट्टी की ओर खींचकर ले गई थी।
शारदा सिन्हा के कुछ पॉपुलर छठ गीत ये हैं :
• केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल...
• हे छठी मईया...
• हो दीनानाथ...
• उठ सुरुज भइले बिहान...
इन गीतों के अलावा भी शारदा सिन्हा ने साठ से अधिक गीत गाए हैं। जिन गीतों में छठ पर्व की सुंदर झलक देखने को मिलती हैं।
अंत में यह कहना न होगा कि कलाकार तो दिवंगत हो जाते हैं, पर उनकी कलाएँ जीवित रहती हैं। आज शारदा सिन्हा सदेह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीतों की गूँज आज भी जीवित है और हमारे बीच है... और जब तक छठ महापर्व मनाया जाता रहेगा, तब तक शारदा सिन्हा अपने गीतों के माध्यम से हमारे बीच मौजूद रहेंगी।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
मुशर्रफ़ परवेज़ को और पढ़िए : ममता कालिया के नाम एक छात्र का खुला ख़त | जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति को एक शोधार्थी का पत्र | कहानी : कालिया
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट