योजनाओं गहरे...
...जो एक इस अंतरंग सामीप्य का विरोधाभासी है,...
कुंठा के कूपमय घेरे से;
एक लघुवृत्त के आकार में सिमटे हुए, जो
तुम दीखते हो,...
ओ, मेरे सखा...!
ओ, मेरे बंधु...!
इन लँगड़े, लूले, बौने वक्तव्यों के,
ओ अप्रत्यक्ष अहंवादी वक्ता,...
इन
अपनी, घिघियाहटों, शिशुवत् सिसकियों, इन फँसी-फँसी
चीख़ों के,
सृष्टा...!
ओ,
तुम,
रुको,
और सुनो,
जो मैं,
एक झिलमिलाता भविष्य देख रहा हूँ,
कहता हूँ,
कि एक स्थिति है,
जो यह निश्चित करती है कि
यदि वह प्रतीक्षित, भद्रमुख
सूर्ये,
आया,!
तो वह केवल इसके कि,
इस अंधतम कूप के संपूर्ण वृत्त में,
रोशनी की पतली, मज़बूत, डोरियाँ डाल दे,—
जिससे वह वृत्त आलोकित हो सके,—
—जिसके अवलंबन से सब बाहर निकल सकें,
—और क्या कर पाएगा--?--
—वह तुम्हारी इन जड़ पंगुताओं को तो,
नए अंग नहीं दे पाएगा।
—वह तुम्हारी इन हीन भावनाओं के आभास का,
—वह तुम्हारे सीनों में इन रुद्धकारी घुटते बवंडरों का,
नोचते-नोचते
नखों में जम गए उन चीकट अँधेरों का,
वह बेचारा,
क्या कर पाएगा?
सुनो,—हाँ,
अब मैं कहता हूँ, कि
यदि इतनी कृपा कर सको,
तो उस संभाव्य आलोकित वृत्त की करो—
कि अब,
इन फँसी-फँसी चीख़ों,
इन लँगड़े-लूले वक्तव्यों को,
इन रुद्धकारी बवंडरों की फूत्कारों को,
अपनी पूरी शक्ति लगाकर रोक दो—।
हाँ, तुम जो अब,
उस वृत्त के...
अप्रत्यक्ष शत्रु हो—।
इतना मत चीख़ो—।
कि वह भद्रमुख सभ्य पुरुष,
सूर्य,
इस शिशुवत् कोलाहल से घबराकर,
यहाँ आना,
सदा के लिए स्थगित करदे—।
तुम तो,
—जो मैं, एक झिल-मिलाता
भविष्य देख रहा हूँ,
कहता हूँ,—
कि जब वह प्रतीक्षित, भद्रमुख, सभ्य पुरुष
आएगा,
और घनांध वृत्त में एक झिलमिलाता
आलोक झाँक जाएगा,
तब भी,
अपनी आँखों पर जड़ हो गए घने जालों
और धूल की पर्तों के कारण,
तुम उसे न देख सकोगे,
और अनवरत इसी तरह चीख़ते रहोगे।
—और,—
देखो,
वह झिलमिलाहट—
देखो,…
—मैं तुम्हें झिंझोड़ रहा हूँ,
देखो,
—नहीं.—
अब शायद—
तुम—कभी नहीं देख सकोगे,—
क्योंकि,
तुम तो अब भी चीख़ रहे हो।
मैं तुम्हारी पथराई आँखों में देखता हूँ,
कि तुम उस अलौकिक झिलमिलाहट में
गूँजती वे नन्हीं घंटियाँ भी नहीं सुन पा रहे हो
जो देव बालिकाओं के थिरकते नृत्य हैं।
—वह देखो,
वह भद्रमुख, सभ्य पुरुष,
सूर्य,
कूप में अनगिन रंगों की
झिलमिलाती डोरियाँ डाल रहा है।
—देखो,—वह देखो—देख रहे हो—
नहीं—
अब तुम नहीं सुन पाओगे—।
नहीं,
अब तुम नहीं देख पाओगे—।
तुम अब—
किसी प्राचीन, जड़ परंपरा की ही तरह,
पथरा गए हो—।
- पुस्तक : सूनी घाटी का गीत (पृष्ठ 83)
- रचनाकार : प्रभातरंजन
- प्रकाशन : साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद
- संस्करण : 1959
Additional information available
Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.
About this sher
rare Unpublished content
This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.