Font by Mehr Nastaliq Web

समीक्षा : एक नायक के पीछे छूट गया मनुष्य

ऐतिहासिक स्मृति की एक बड़ी विडंबना यह है कि वह अपने नायकों को प्रायः उन परिस्थितियों से अलग करके देखती है, जिनमें उन्होंने जीवन जिया और अपने निर्णय लिए। बाद की पीढ़ियाँ उनके जीवन में अपनी आकांक्षाओं और मान्यताओं के प्रमाण खोजती हैं। धीरे-धीरे वास्तविक मनुष्य पीछे छूट जाता है और उसकी जगह एक ऐसी छवि ले लेती है, जिसमें हर युग अपनी सुविधा के रंग भरता रहता है।

भगत सिंह इसके अपवाद नहीं हैं। उनके जीवन, विचारों और संघर्षों पर असंख्य लेख, जीवनियाँ और शोधग्रंथ लिखे जा चुके हैं। ऐसे में पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर उन्हें पढ़ना अपने आप में चुनौती है, विशेषकर तब, जब उनके प्रति गहरी श्रद्धा भी हो। श्रद्धा कई बार अनजाने में ही आलोचनात्मक विवेक की सीमाएँ तय करने लगती है और इतिहास का अध्ययन नायक की स्थापित छवि की पुष्टि तक सिमट जाता है। अशोक कुमार पाण्डेय ने युवान बुक्स से प्रकाशित अपनी पुस्तक ‘हिंसा-अहिंसा और भगत सिंह’ में इस चुनौती का सामना करते हुए उनके जीवन और विचारों के उन पक्षों को टटोला है, जिन्हें प्रचलित आख्यानों में जगह नहीं मिली। कहीं-कहीं उनका विवेचन उन प्रश्नों तक पहुँचता है, जिन्हें छूना भी सामूहिक श्रद्धा के बीच एक वैचारिक जोखिम है, और लेखक यह जोखिम उठाते हैं। वह भगत सिंह को अलौकिक नायक बनाने से भी बचते हैं और उनकी मानवीय आकांक्षाओं को उनकी क्रांतिकारी चेतना के विरुद्ध खड़ा करने से भी। वह उन्हें तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक मान्यताओं और लगातार विकसित होती वैचारिक चेतना के बीच समझना चाहते हैं।

उदाहरण के लिए, ‘भगत सिंह का उत्तरजीवन’ अध्याय में उद्धृत दो पत्रों को ही देखें। पहला उन्नीस बरस के उस युवक का है, जो दशहरा बम कांड के बाद साठ हज़ार की ज़मानत पर छूटा है और मित्र अमर चंद से अमेरिका से कुछ अच्छी किताबें भेजने को कह रहा है। उसे अफ़सोस है कि विदेश जाकर पढ़ने की ख़्वाहिश उसके लिए नुक़सानदेह साबित हुई। उसे निर्वासित चाचा अजीत सिंह की बस इतनी ख़बर चाहिए कि वह ज़िंदा हैं। जवाब के लिए वह अपना पता लिखता है, ‘सूत्र मंडी, लाहौर’। दूसरा पत्र फाँसी से बीस दिन पहले छोटे भाई कुलबीर के नाम है। भगत सिंह जानते हैं कि भाई के दिल में ग़म का समुद्र उमड़ रहा है, पर वह ख़ुद जेल की कोठरी में इस चिंता में डूबे हैं कि उनके बाद भाई का गुज़ारा कैसे होगा। वह कहते हैं कि कोई काम सीख लेना, पिताजी की सलाह से चलना, सबके साथ मुहब्बत से रहना। जिस बेटे ने स्वयं पिता से अलग राह चुनी थी, वह जाते-जाते छोटे भाई का हाथ पिता के हाथ में रख रहा है। इनमें पहला पत्र चमनलाल द्वारा संपादित अँग्रेज़ी के ‘भगत सिंह रीडर’ में तो संकलित है, पर हिंदी के संकलनों में कहीं नहीं मिलता। दूसरे पत्र का ज़िक्र अक्सर होता है, फिर भी उसमें झाँकता यह घरेलू, चिंतित बड़ा भाई भगत सिंह की प्रचलित छवि में शायद ही कहीं दिखता है। लेखक का प्रश्न यहीं से उठता है कि भगत सिंह की छवि गढ़ते समय उनके जीवन और लेखन के किन पन्नों को चुना गया और किन्हें चुपचाप छोड़ दिया गया। यह प्रश्न एक व्यक्तित्व की व्याख्या से आगे जाकर उस सामूहिक स्मृति की विश्वसनीयता तक पहुँचता है, जिसमें किसी ऐतिहासिक मनुष्य की जटिलता धीरे-धीरे एक सुविधाजनक प्रतीक में बदल जाती है।

बचपन से भगत सिंह की एक छवि मेरे मन में गढ़ी हुई थी। उस छवि को सतर्क ढंग से जाँचने की न कभी चेष्टा की, न ही इसकी ज़रूरत महसूस हुई। स्मृति में स्थापित नायकों के संदर्भ में यह स्वाभाविक भी है। लेकिन इन पन्नों को पलटते हुए पहली बार लगा कि भगत सिंह एक व्यक्ति भी थे, किसी के बेटे, किसी के भाई और एक इंसान, जिन्हें आदर्श, नैतिकता और जिजीविषा के बीच वैसे ही उलझना पड़ता होगा, जैसे आम लोगों को।

भगत सिंह की छवि को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की कोशिश लगभग हर ओर से हुई। समाजवादी और वामपंथी धाराओं से लेकर दक्षिणपंथ और ख़ालिस्तानी आंदोलन तक, सभी ने अपनी सुविधा के अनुसार उन्हें अपनाना चाहा। जन्मशताब्दी पर ‘पाञ्चजन्य’ का विशेष अंक और सीपीएम के पोस्टर में लाल पगड़ी वाले भगत सिंह इसी कोशिश के दो छोर हैं। पर कोई भी उन्हें पूरी तरह अपने खाँचे में नहीं बाँध सका, क्योंकि हर किसी को उनका कोई न कोई हिस्सा छोड़ना पड़ा। कुछ राजनीतिक दलों ने उनकी बलिदानी छवि को अपनाया, पर उनकी नास्तिकता और बोल्शेविक क्रांति के समर्थन को अनदेखा कर दिया। संसदीय वामपंथ ने उन्हें प्रतीक बनाया, पर क्रांति के उनके स्वप्न को धुँधला कर दिया और उस दौर में पार्टी द्वारा की गई उनकी आलोचना को ढँक दिया। नक्सलवादी आंदोलन ने युवाओं को हथियार उठाने के लिए उनके लेखों का इस्तेमाल किया, पर उनका यह स्वीकार भुला दिया कि उन तरीक़ों से कुछ हासिल नहीं हो सकता। और जिस ख़ालिस्तानी आंदोलन ने कभी उन्हें नायक बनाया था, उसने जल्द ही समझ लिया कि उन्हें किसी विभाजनकारी और सांप्रदायिक मक़सद के लिए इस्तेमाल करना असंभव है, इसलिए वह उन्हें ग़द्दार कहने लगा। वाल्टर बेन्यामिन ने अपने लेख ‘इतिहास की अवधारणा पर’ में लिखा था कि हर युग में परंपरा को प्रचलित ढर्रे की पकड़ से नए सिरे से छीनना पड़ता है, जो उस पर हावी होने को तैयार बैठा रहता है। भगत सिंह की परंपरा पर यह ढर्रा हर दिशा से हावी होने को आतुर रहा है, और लेखक का काम उसे इसी पकड़ से छुड़ाना है।

इसके लिए लेखक भगत सिंह को उनके अपने समय में लौटाते हैं। उन्हें समझने के लिए उनके लेखन और जीवन की घटनाओं के साथ उस दौर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, क्रांतिकारी आंदोलनों तथा पंजाब और देश के इतिहास की उथल-पुथल को भी देखना होगा। एक ऐसा युवा, जिस तक आयरलैंड, सोवियत संघ और दूसरे देशों में हो रहे बड़े परिवर्तनों की ख़बरें कुछ इस तरह पहुँचती थीं, जैसे बंद कमरे में किसी दरार से धूप आती हो। जिसका नायक बीस वर्ष से कम आयु में फाँसी चढ़ा करतार सिंह सराभा था और जिसे क्रांति की कला और तकनीक को ठहरकर समझने की मोहलत तब मिली, जब वह जेल में अपनी मृत्यु की प्रतीक्षा कर रहा था। जेल डायरी के पन्ने भरते गए, पर उन्हें ज़मीन पर उतारने का एक दिन भी नहीं मिला।

इस तरह यह पुस्तक भगत सिंह को केंद्र में रखकर दरअस्ल स्वतंत्रता संग्राम के पूरे सामाजिक और राजनीतिक परिवेश को समझने की कोशिश बन जाती है। लेखक 1857 और उससे पहले की पृष्ठभूमि से लेकर प्रथम विश्वयुद्ध के बाद के घटनाक्रमों तक उस उलझे हुए समय की परतें खोलते हैं। पुस्तक का एक बड़ा हासिल उस दौर के वैचारिक संघर्षों की पड़ताल है। कांग्रेस के भीतर और उससे बाहर उभरती राजनीतिक धाराओं तथा युवा क्रांतिकारियों के बीच के मतभेदों और अंतर्द्वंद्वों को लेखक ने विस्तार से सामने रखा है। भगत सिंह, उनके साथी और हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन आज जिस रूमानी आख्यान का हिस्सा बना दिए गए हैं, उसके बरक्स यहाँ उनके संघर्ष, उपलब्धियाँ, कमज़ोरियाँ और सीमाएँ, सब पूरी स्पष्टता से सामने आते हैं।

इस पुस्तक की सबसे महत्त्वपूर्ण स्थापना शायद लेखक के इन शब्दों में है, “भगत सिंह राष्ट्रीय नायक बन चुके थे, क्रांतिकारी आंदोलन बिखर चुका था। इन्हीं दो पंक्तियों में उस दौर के इतिहास को समेटा जा सकता है, हालाँकि अक्सर पहली पंक्ति की रौशनी में दूसरी दब जाती है।” इन दो पंक्तियों में एक ऐतिहासिक तथ्य के साथ हमारी सामूहिक स्मृति की पूरी कार्यप्रणाली दिख जाती है। एक ओर वह नाम है, जो लाखों ज़बानों पर चढ़ गया, दूसरी ओर वह संगठन है, जो मुख़बिरी, आपसी अविश्वास और अपने साथियों की शहादत के बाद बिखरता चला गया। हमने पहली पंक्ति को दीवारों, पोस्टरों और नारों पर उतार लिया और दूसरी पंक्ति को इतिहास के किसी अनपढ़े हाशिये पर छोड़ दिया। यह पुस्तक उसी दबी हुई दूसरी पंक्ति को पढ़ने की कोशिश है, यह जानते हुए कि उसे पढ़े बिना पहली पंक्ति का अर्थ भी अधूरा रह जाता है।

उस बिखराव के पीछे के आपसी अविश्वास, छल और विश्वासघात को भी लेखक बिना किसी संकोच के उजागर करते हैं। चाहे सुखदेव और भगत सिंह के बीच के कटु प्रसंग हों या फणींद्रनाथ घोष, जयगोपाल और हंसराज वोहरा जैसे लोगों की मुख़बिरी, लेखक इन्हें व्यक्तिगत संबंधों से आगे ले जाकर उनके राजनीतिक और ऐतिहासिक परिणामों तक देखते हैं। पढ़ते हुए बार-बार यह प्रश्न उठता है कि यदि कुछ लोगों के निर्णय भिन्न होते, तो क्या घटनाओं की दिशा भी बदल जाती? ऐसी संभावनाओं का कोई निश्चित उत्तर नहीं होता, पर इन प्रश्नों से उस समय की अनिश्चितताएँ और मानवीय कमज़ोरियाँ साफ़ दिखने लगती हैं। इतिहास बड़े विचारों और आंदोलनों के साथ-साथ मनुष्यों के निजी निर्णयों, संबंधों, आशंकाओं और कमज़ोरियों से भी बनता है।

गांधी और भगत सिंह के संबंधों पर भी लेखक उसी साफ़गोई से लिखते हैं। इतिहासकार एस. इरफ़ान हबीब के अनुसार, भगत सिंह उन विरले नायकों में हैं, जिन्हें शायद गांधी के बाद पूरे भारत में श्रद्धा से देखा जाता है। फिर भी राष्ट्रीय श्रद्धा के इन्हीं दो केंद्रों को बार-बार एक-दूसरे का प्रतिपक्ष बना दिया गया। लेखक दोनों के अंतर को और सटीक बनाते हैं। गांधी के लिए अहिंसा आस्था थी, उनका सर्वोच्च राजनीतिक और व्यक्तिगत मूल्य, जबकि भगत सिंह के लिए सशस्त्र क्रांति एक चुना हुआ मार्ग थी, जिसका गंतव्य स्वाधीन और समाजवादी भारत था। पहली नज़र में यह शब्दों का अंतर लगता है, पर पूरी बहस इसी पर टिकी है। मूल्य पर समझौता नहीं होता, जबकि मार्ग अनुभव के साथ बदल सकता है। इसीलिए लेखक पूछते हैं कि क्या यह वैचारिक भिन्नता शत्रुता थी और क्या बंदूक़ कभी भगत सिंह का जीवन-मूल्य थी? उत्तर स्वयं भगत सिंह के शब्दों में मिलता है। अक्टूबर 1929 में बटुकेश्वर दत्त के साथ भेजे तार में उन्होंने युवाओं से बम-पिस्तौल छोड़कर कांग्रेस का रास्ता अपनाने को कहा और फाँसी से कुछ सप्ताह पहले लिखा कि उन्होंने आतंकवादी की तरह व्यवहार भले किया हो, पर वह आतंकवादी नहीं हैं। मतभेद को वैमनस्य बना देना गांधी के साथ जितना अन्याय है, उतना ही स्वयं भगत सिंह के साथ।

लेखक इतिहास के पहले से तय निष्कर्षों को भी जाँच की कसौटी पर रखते हैं। इसी कसौटी पर पुस्तक स्वयं भी एक प्रश्न के लिए जगह छोड़ती है। लेखक के अनुसार, बिस्मिल इस बात में सही साबित हुए कि बम और बंदूक़ से अगले पचास साल तक देश आज़ाद नहीं हो पाएगा, और गांधी इस बात में कि हिंसा से हुई क्रांति बहुत दिनों तक नहीं टिकती, जैसा नब्बे के दशक में सोवियत संघ के बिखरने से दिखा। पर क्या क्रांति के सात दशक से अधिक समय बाद हुए उस विघटन को केवल उसकी जन्म-प्रक्रिया से जोड़ा जा सकता है, या उसके कारण कहीं अधिक जटिल और बहुस्तरीय थे? यह प्रश्न उसी बहस का अगला क़दम है, जिसे लेखक ने इतनी ईमानदारी से खोला है।

अशोक कुमार पाण्डेय के लेखन की एक विशेषता रही है कि वह जनमानस के लिए अत्यंत आवश्यक, इतिहास के जटिल विषयों को भी तथ्यों की प्रामाणिकता बनाए रखते हुए इतनी सरल भाषा में प्रस्तुत करते हैं कि ये विषय आम पाठक तक सहज ही पहुँच जाते हैं। ‘कश्मीरनामा’, ‘कश्मीर और कश्मीरी पंडित’ और ‘उसने गांधी को क्यों मारा’ जैसी उनकी पहले की किताबों में यह विशेषता साफ़ दिखती है और इस किताब को भी उसी शृंखला की कड़ी के रूप में देखा जा सकता है। ऐसे समय में, जब सोशल मीडिया के ज़रिए इतिहास को तोड़-मरोड़कर परोसने के प्रायोजित अभियान इस देश के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, हिंदी में किया गया यह काम और महत्त्वपूर्ण हो जाता है। जिस नाम की विरासत और सच्चाई को हथियाने की तमाम कोशिशें हो रही हैं, उसे पूरी सत्यता के साथ हिंदी पाठकों के समक्ष रख देना ही इस किताब की असली उपलब्धि है।

दुनिया के इतिहास में ऐसे नायकों की कमी नहीं, जिन्होंने अपने समय की स्थापित व्यवस्थाओं को चुनौती दी, लेकिन मृत्यु के बाद स्वयं नई व्यवस्थाओं के प्रतीक बना दिए गए। उनके विचारों की बेचैनी स्मारकों की निश्चलता में बदल दी गई और उनके जीवन के अंतर्विरोध हमारी स्मृति की सुविधाजनक व्याख्याओं में खोते चले गए। भगत सिंह का उत्तरजीवन इसी का एक उदाहरण है। उनके बारे में हम हँसकर कहते हैं कि पैदा हों, पर पड़ोसी के घर में। हमें नायक चाहिए, पर अपने घर में नहीं। ब्रेख़्त के गैलीलियो ने ठीक ही कहा था, अभागा है वह देश जिसे नायकों की ज़रूरत पड़ती है। और सच तो यही है कि हमें हर युग में नायकों की ज़रूरत पड़ती रही है। इसी क्रम में हमने भगत सिंह को नायक से आगे देवता बना दिया, ताकि उनके प्रश्नों का बोझ हमें न उठाना पड़े। ‘हिंसा-अहिंसा और भगत सिंह’ प्रचलित धारणाओं को चुनौती देने के साथ उस प्रक्रिया को भी पहचानती है, जिसके द्वारा समय अपने सबसे असुविधाजनक प्रश्नों को अपने सबसे पूजनीय प्रतीकों के नीचे दबा देता है। यह पुस्तक याद दिलाती है कि इतिहास के प्रति सच्ची निष्ठा उन प्रश्नों को जीवित रखने में है, जिनके लिए हमारे नायकों ने अपने समय की सत्ता, समाज और मान्यताओं से संघर्ष किया था।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट