Font by Mehr Nastaliq Web

शॉर्ट वीडियो : ग़रीबी से ग्लैमर तक : कहानियों का बदलता संसार

आज सोशल मीडिया के दौर में कहानी कहने का एक नया और बेहद लोकप्रिय ढंग सामने आया है। कुछ मिनटों या कुछ सेकंड के छोटे-छोटे शॉर्ट्स में पूरी कहानी का ऐसा संसार रचा जाता है, जिसमें हर कुछ देर बाद एक नया मोड़ आता है और दर्शक अगली कड़ी देखने के लिए उत्सुक बना रहता है। जियो हॉटस्टार के शॉर्ट्स ‘तड़का’ से लेकर फ़ेसबुक और दूसरी सोशल मीडिया साइटों पर प्रसारित होने वाली इन कहानियों तक एक अजीब-सी समानता दिखाई देती है। कहानी बदल जाती है, पात्र बदल जाते हैं, परिस्थितियाँ बदल जाती हैं; लेकिन कथा का मूल ढाँचा लगभग वही रहता है।

यहाँ हर कहानी में एक व्यक्ति करोड़ों-अरबों का मालिक—‘मिलियनेयर’ या ‘बिलियनेयर’—होता है, जिसकी असली पहचान किसी को मालूम नहीं होती। वह एक सामान्य व्यक्ति की तरह लोगों के बीच रहता है। उसके पास अथाह संपत्ति है, लेकिन वह अपनी पहचान छिपाए रहता है। इस बीच उसे अपमानित किया जाता है, ताने दिए जाते हैं, ग़रीब समझकर नीचा दिखाया जाता है। यहाँ तक कि कई बार थप्पड़ और गालियाँ भी कहानी का हिस्सा बना दिए जाते हैं। दर्शक उसकी चुप्पी और सहनशीलता देखते रहते हैं और उस क्षण की प्रतीक्षा करते हैं, जब अचानक उसका असली परिचय सामने आएगा और तब वे सभी लोग शर्मिंदा होंगे, जिन्होंने उसका अपमान किया था।

कहानी का चरम बिंदु प्रायः यही होता है कि जिसे तुम ग़रीब और कमज़ोर समझ रहे थे, वह वास्तव में बहुत बड़ा आदमी निकला। यहाँ सवाल केवल इतना नहीं है कि ऐसी कहानियाँ अवास्तविक क्यों हैं। बड़ा सवाल यह है कि हम इन्हें इतनी रुचि से देखते क्यों हैं? शायद इसलिए कि इन कहानियों में हमारे सामूहिक अवचेतन की एक पुरानी इच्छा को लगातार सहलाया जाता है : ‘काश, हमारी ज़िंदगी में भी अचानक कोई ऐसा मोड़ आ जाए!’ काश, जिस साधारण व्यक्ति को दुनिया महत्त्व नहीं देती, वह वास्तव में असाधारण निकले। काश, हमारी आर्थिक परेशानियाँ एक ही क्षण में समाप्त हो जाएँ! काश, हमें कोई ऐसा अजनबी मिल जाए, जो भीतर से अरबपति हो और हमारे जीवन को रातोंरात बदल दे!

यह कल्पना अपने-आपमें नई नहीं है। लोककथाओं से लेकर सिनेमा तक ‘अचानक भाग्य बदल जाने’ की कहानियाँ हमेशा लोकप्रिय रही हैं। पहचान छिपाने और अमीरी को पर्दे के पीछे रखने का यह आकर्षण हिंदी फ़िल्मों में भी नया नहीं है। ‘माया’ (1961) में देव आनंद का पात्र अपनी संपन्नता से दूर होकर एक सामान्य और ग़रीब व्यक्ति की तरह जीवन बिताता है। ‘अजब ग़ज़ब लव’ (2012) में भी नायक वास्तव में अमीर है; लेकिन लड़की को अमीर लड़के पसंद नहीं हैं, इसलिए वह अपनी आर्थिक हैसियत छिपाकर ग़रीब होने का दिखावा करता है। ‘अंदाज़ अपना अपना’ में भी रवीना टंडन का पात्र अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर एक सामान्य लड़की के रूप में सामने आता है। वहीं ‘गजनी’ जैसी फ़िल्म में भी नायक की वास्तविक आर्थिक हैसियत और उसकी पहचान को प्रेमकथा के स्तर पर इस तरह रखा गया है कि नायिका उसके बारे में पूरी सच्चाई से परिचित नहीं होती।

टेलीविज़न के धारावाहिकों ने भी लंबे समय से साधारण और संघर्षरत स्त्री के जीवन में अचानक किसी संपन्न, प्रभावशाली या सफल पुरुष के प्रवेश की कथा को लोकप्रिय बनाया है। ‘अनुपमा’ इसका चर्चित उदाहरण है—एक ऐसी स्त्री, जो वर्षों तक परिवार में उपेक्षा और अपमान सहती है, उसके जीवन में अचानक अनुज कपाड़िया जैसा सफल और संपन्न व्यक्ति आता है और उसकी ज़िंदगी की दिशा ही बदल जाती है। ‘इमली’ जैसे धारावाहिकों में भी साधारण जीवन से आने वाली नायिका का रिश्ता धीरे-धीरे बड़े घराने और संपन्न दुनिया से जुड़ता है। ऐसी कहानियाँ दर्शक को केवल प्रेम की कल्पना नहीं देतीं, बल्कि यह सपना भी दिखाती हैं कि संघर्ष से भरी साधारण ज़िंदगी कभी भी अचानक किसी बड़े अवसर, बड़े घर या संपन्न व्यक्ति के आने से बदल सकती है। शायद यही वह कल्पना है, जो शॉर्ट वीडियो से लेकर धारावाहिकों तक इस तरह की कहानियों को बार-बार लोकप्रिय बनाती है। यानी यह केवल आज के शॉर्ट वीडियो का फ़ॉर्मूला नहीं है; पहले भी दर्शकों को ऐसी दुनिया दिखाई जाती थी, जहाँ प्रेम के बीच पहचान का रहस्य, अमीरी-ग़रीबी का अंतर और अंत में होने वाला खुलासा कहानी का आकर्षण बनता था। फ़र्क़ इतना है कि आज सोशल मीडिया ने इसी पुराने फ़िल्मी फ़ॉर्मूले को कुछ मिनटों के शॉर्ट्स में बदलकर इतनी अधिक मात्रा में हमारे सामने रख दिया है कि एक ही तरह की कल्पना बार-बार दोहराई जा रही है।

इसी के साथ एक दूसरी कथा भी लगातार दिखाई जा रही है—अमीर परिवार का बिगड़ैल बेटा किसी ग़रीब या साधारण लड़की से कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करता है या किसी धनाढ्य परिवार की लड़की परिस्थितिवश किसी सामान्य युवक से विवाह करती है। शुरुआत में दोनों एक-दूसरे को पसंद नहीं करते, फिर झगड़े होते हैं, अपमान होता है, ग़लतफ़हमियाँ पैदा होती हैं और अंततः प्रेम का जन्म हो जाता है। कहानी के अंत तक आर्थिक असमानता प्रेम के सामने गौण हो जाती है—लेकिन तब तक दर्शक ग्लैमर, महँगी गाड़ियों, विशाल घरों और ‘अमीर दुनिया’ के आकर्षण से गुज़र चुका होता है।

इन कहानियों की समस्या केवल यह नहीं कि इनमें यथार्थ कम है। समस्या यह है कि बार-बार एक ही तरह की कल्पना परोसे जाने से कल्पना स्वयं सामाजिक दृष्टि को प्रभावित करने लगती है। इन कथाओं में ग़रीब होना अक्सर अपमानित होने का पर्याय बना दिया जाता है। ग़रीब पात्र को अयोग्य, असहाय या सामाजिक रूप से कमतर दिखाया जाता है। दूसरी ओर, अमीर पात्र चाहे जितना अपमानित करे, उसके व्यवहार को ‘स्टाइल’, ‘एटीट्यूड’ या ‘प्यार की अभिव्यक्ति’ के रूप में प्रस्तुत कर दिया जाता है। कई बार तो हिंसा, गाली-गलौज और अपमान को भी प्रेमकथा के रोमांचक हिस्से की तरह दिखाया जाता है। जबकि वास्तविक जीवन में किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति उसके मानवीय मूल्य का प्रमाण नहीं होती। अमीर होना किसी को स्वतः संवेदनशील नहीं बनाता और ग़रीब होना किसी को स्वतः कमज़ोर नहीं बनाता। लेकिन इन कहानियों में आर्थिक हैसियत को बार-बार चरित्र और शक्ति का प्रमुख आधार बनाया जाता है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन कथाओं का ‘अमीर’ पात्र भी एक अजीब तरह की काल्पनिक दुनिया में रहता है। वह अरबों का मालिक है, लेकिन उसके बारे में कोई जानता नहीं। वह बड़े-से-बड़े व्यवसाय का स्वामी है, लेकिन किसी सार्वजनिक या सामाजिक व्यवस्था में उसकी कोई पहचान नहीं। वह जहाँ जाता है, वहाँ कोई उसे पहचानता नहीं। लोग उसे अपमानित करते रहते हैं और वह चुपचाप सब सहता रहता है, क्योंकि कहानी को अंत में अपना ‘रिवील’ चाहिए।

यहाँ एक मनोरंजक प्रश्न उठता है कि आख़िर इतना बड़ा उद्योगपति या अरबपति अपनी पहचान छिपाकर क्यों घूम रहा है? कहानी को इस प्रश्न से कोई मतलब नहीं; क्योंकि उसका उद्देश्य वास्तविक जीवन को समझाना नहीं, बल्कि दर्शक को अगले शॉट तक बाँधे रखना है।

आज कहानी का उद्देश्य कई बार कहानी कहना नहीं, बल्कि दर्शक की जिज्ञासा को लगातार उत्तेजित करना रह गया है : ‘वह वास्तव में कौन है?’, ‘उसकी असली पहचान क्या है?’, ‘क्या वह अरबपति है?’, ‘क्या वह लड़की को छोड़ देगा?’, ‘क्या अब उसे अपनी ग़लती का एहसास होगा?’ और हम अगला वीडियो देखते हैं... फिर अगला... फिर अगला... और इस तरह मनोरंजन केवल मनोरंजन नहीं रह जाता। वह हमारी इच्छाओं, असुरक्षाओं और सामाजिक कल्पनाओं को भी प्रभावित करने लगता है। विशेष रूप से युवाओं के संदर्भ में यह प्रश्न और महत्त्वपूर्ण हो जाता है। जब सफलता को लगातार धन, महँगी जीवनशैली, बड़े घर और अचानक अमीर हो जाने की कल्पना से जोड़ा जाता है, तब मेहनत, धैर्य, कौशल, शिक्षा और लंबे संघर्ष की वास्तविक प्रक्रिया कहीं पीछे छूट सकती है। हर युवा ऐसा नहीं सोचता, लेकिन लगातार एक ही प्रकार की सामग्री देखने से सफलता की हमारी कल्पना अवश्य प्रभावित हो सकती है। ‘जल्दी अमीर बनो’, ‘एक मौक़ा और ज़िंदगी बदल जाएगी’, ‘अचानक करोड़पति बन गया’—ये केवल कहानी के सूत्र नहीं हैं। ये उस मानसिकता को भी पुष्ट कर सकते हैं, जिसमें जीवन की जटिल वास्तविकताओं की तुलना में त्वरित सफलता अधिक आकर्षक लगने लगती है।

हमें यह भी समझना होगा कि दर्शक इन कहानियों को केवल इसलिए नहीं देखता कि उसे वास्तविकता से भागना है। मनुष्य को कल्पना की आवश्यकता होती है। मनोरंजन का काम ही हमें कुछ समय के लिए दूसरी दुनिया में ले जाना है। समस्या तब शुरू होती है, जब कल्पना और वास्तविकता के बीच की दूरी को हम पहचानना बंद कर दें।

इसलिए इन कहानियों को प्रतिबंधित करने की आवश्यकता नहीं, बल्कि उन्हें समझने और पढ़ने की दृष्टि विकसित करने की आवश्यकता है। हमें अपने बच्चों और युवाओं को यह बताना होगा कि कहानी में दिखाया गया अरबपति, कॉन्ट्रैक्ट मैरिज, अचानक मिला प्रेम और रातोंरात बदलती ज़िंदगी मनोरंजन का हिस्सा है; यह जीवन का सामान्य मॉडल नहीं है। कहानी में किसी पात्र का असली रूप आख़िरी एपिसोड में सामने आ सकता है, लेकिन वास्तविक जीवन में किसी व्यक्ति की पहचान उसके बैंक-बैलेंस से नहीं होती... और शायद यही वह बात है, जो इन चमकदार शॉर्ट्स के बीच सबसे अधिक छूट जाती है।

हमें ऐसी कहानियों से समस्या नहीं होनी चाहिए, जो हमें कुछ देर के लिए सपने दिखाती हैं। समस्या तब है, जब वे सपनों को जीवन का सत्य बनाकर हमारे सामने प्रस्तुत करने लगें; क्योंकि हर साधारण व्यक्ति छिपा हुआ अरबपति नहीं होता, हर अपमानित व्यक्ति के पास अंत में अपनी ‘बड़ी पहचान’ बताने का अवसर नहीं आता और हर कॉन्ट्रैक्ट मैरिज प्रेम में नहीं बदलती।


•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक 

•••

रीना सिंह को और पढ़िए : ‘रेत की मछली’ : यथार्थ का विकृत चेहरा

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट