सौ काशी त एक बांसी
मनीष चौरसिया
24 नवम्बर 2026
नक़्शे पर तीस किलोमीटर की लकीर इतनी बारीक होती है कि तर्जनी उँगली धर दो तो पूरा फ़ासला छिप जाए। कोई मनबढ़ साइकिल वाला पैडल मारे तो दो बीड़ी सुलगाने भर में पार कर ले। मगर ज़िंदगी का नक़्शा पटवारी के बस्ते वाला नक़्शा नहीं होता। यहाँ कभी-कभी तीस कोस नहीं, तीस किलोमीटर नापने में भी उमर की आधी धोती छीज जाती है और गाँव आँख के सामने नहीं, सिर्फ़ पुरखों के हुक्के के धुएँ और क़िस्सों में तैरता रहता है।
बांसी हमारे लिए ऐसा ही एक तिलिस्म था। बांसी यानी हमारे सझले बाबा की ससुराल। वही बांसी, जहाँ से हमारी सझली इया कभी टायर-बैल (बैलगाड़ी) के कनात में मुँह ढाँपे, घुँघुरुओं की रुनझुन के बीच हमारे दलान पर ब्याह कर उतरी थीं। बाबा जब अपनी जवानी की रोंक में आते, तो खटिया की पाटी पर हाथ मार-मारकर बताते कि कइसे टायर-बैल पर उनकी बारात चढ़ी थी।
पापा बताते हैं कि उस बारात में वह और बड़े पापा, जिन्हें हम ‘दादा’ कहते हैं, बाबा के ‘सहवलिया’ बने थे। सहवलिया यानी दूल्हे के अगल-बग़ल बैठने वाले दो अदद छौंडे। भोरहरी में जब समियाने के भीतर खीर खिलाई की रस्म शुरू हुई, तो काँसी की थारी में गाढ़ी खीर परोस दी गई। मगर बाबा मुँह फुलाए, भँव तरेरे बैठे रहे। बात यह कि ससुरे वालों ने अभी तक साइकिल का ढाँचा उनके हवाले नहीं किया था। बाबा अड़े थे कि जब तक साइकिल के पैडल पर पाँव नहीं पड़ेगा, हलक के नीचे खीर का एक घूँट नहीं उतरेगा।
इधर पापा और दादा की अँतड़ियाँ भूख के मारे कुलकुला रही थीं। बाबा ने आँखें तरेरकर दोनों को घूरा, कोहनी मारी कि ‘ख़बरदार जो छुए!’ मगर भूख के आगे दूल्हे की धौंस कैसी? पापा ने खीर में उँगली डुबोई और गपागप मारना शुरू कर दिया। देखा-देखी दादा भी थारी पर पिल पड़े। जब पेट की आग ठंडी हुई, तो दोनों मूँछ पोंछते हुए मंडप से खिसककर बाहर आ गए।
बाहर अलाव तापते बरातियों ने अचरज से पूछा, “अरे, दूल्हा कहाँ छूट गया? बाहर काहे नहीं आया?”
पापा ने मासूमियत से लोटा हिलाते हुए कहा, “का बताएँ, काका न अपने खीर खात बाड़न, न हमनी के खाय देत रहलन। हमनी के पेट में चूहा कूदत रहल, त हमनी मटिया के खा-पी के चल अइनी। उ मुँह फुलाए बइठल बाड़न!”
बाद में जब समधियानों ने आनन-फानन में बाज़ार से चमचमाती साइकिल लाकर दूल्हे के पाँव में डाली, तब जाकर बाबा के गले से खीर उतरी। और लौटने की बेर? सबसे छोटे काका ने साइकिल की मुठिया थामी, डंडे पर पापा लद गए, पीछे कैरियर पर दादा, और हवा को चीरती हुई वह साइकिल धूल उड़ाते हुए घर तक आई।
पच्चीस-छब्बीस सावन बीत गए, मूँछों की रेख गाढ़ी हो गई, पर हम कभी बांसी नहीं जा पाए। जो इस इलाक़े की मिट्टी से नावाक़िफ़ हैं, वे पूछेंगे, यह बांसी क्या चिड़िया का नाम है? जो जानते हैं, वे अपनी धोती का खूँट सँभालते हुए मंद-मंद मुस्कुराएँगे।
बांसी सिर्फ़ राजस्व विभाग का कोई मौजा या रकबा नहीं है। बांसी को अगर सिर्फ़ भूगोल की आँख से देखिएगा, तो वह नेपाल के तराई जंगलों से रिसती हुई उत्तर प्रदेश और बिहार की सीवान पर बलखाती एक सौ किलोमीटर की जल-लकीर भर लगेगी। मगर लोक के भीतर उतरकर देखिए, तो बांसी कोई साधारण जलधारा नहीं, सदियों से संतों, तपस्वियों और गंवई आस्था की नाभि-नाल है। हिमालय की शिवालिक कोखों से रेंगती हुई, पिपरा-पिपरासी, मधुबनी और पडरौना के खिरकिया से गुज़रती, सेवरही के शिवाघाट से आगे पिपराघाट में जब यह नारायणी (गंडक) के अगाध पेट में समाती है, तो सौ किलोमीटर के फेर में न जाने कितनी प्यासी ज़मीनों की छाती तर करती है।
गंवई कहावत यूँ ही नहीं बनी, ‘सौ काशी, त एक बांसी!’ यह कोई अतिशयोक्ति या पुरोहितों का गढ़ा हुआ श्लोक नहीं, बल्कि इस सीमांत के लोक-मानस का अटूट विश्वास है। काशी मुक्ति का ज्ञान-द्वार है, मगर बांसी श्रमजीवी गृहस्थों का सहज तीर्थ है। काशी पहुँचने के लिए लंबी डगर, गठरी-पोटली और ख़र्चे-पानी की जुगत चाहिए, पर गंडक के दोआब के किसानों-मज़दूरों के लिए बांसी वह ठाँव है, जहाँ एक डुबकी पूरे जीवन की संचित मैल और पापों को एक झटके में बहा ले जाती है।
हमें याद है बचपन का वह कार्तिक। भादों और क्वार की चिपचिपी, सड़ी गर्मी जब देह छोड़ती, तो पछुआ बयार की पहली फुनगी बदन में मीठी सुई जैसी चुभती। सूरज की धूप जो जेठ में आग बरसाती थी, अब बदन पर ऐसे बैठती जैसे किसी ने देह पर गुनगुनी रजाई डाल दी हो। सबेरे-सबेरे लँगोट कसे हम गाँव के लँठ-संघतियों के साथ दौड़ते हुए रमई बाबा के अखाड़े की ओर भागते। दूब पर ओस की बूँदें ऐसी छिटकी रहतीं मानो किसी ने अगाध मोती बिखेर दिए हों। हम नंगे पाँव दूब पर एड़ी घसीटते हुए लकीरें बनाते, और घुटने तक पाँवों पर ओस का ठंडा पानी लिपट जाता।
गाँव का मिज़ाज ही बदल जाता था। दलानों पर खटिया खड़ी कर दी जाती, संदूक़ों की कुंडी चरमराती और साल भर से बंद बंडी, पुरानी चादरें और बदबूदार लेवा-गद्दा धूप में पसार दिए जाते। दलान पर बुढ़ऊ लोग सूखी पत्तियाँ और डंठल बटोरकर ‘घूर’ सुलगा लेते। आँगनों में महतारी-भउजाई खटिया पर खली-बरी, पापड़ और तिलौरी सुखाने पसार देतीं। खेतों में धान की बालियाँ सोने की तरह झुकने लगतीं और बयार में एक सोंधी, पकी हुई गंध तैरने लगती। फिर हँसिये की खर-खर, खलिहानों की दौंरी, और जुते हुए खेतों में फूटते सरसों के पीले फूल और चना-मटर की हरी अँखुआई।
और इसी सब के बीचों-बीच सिर पर आ धमकती कार्तिक की पूरनमासी। हफ़्ते भर पहले से गाँव में ‘बांसी नहान’ का हौव्वा खड़ा हो जाता। अब गाँव में टायर-बैल कहाँ बचे थे? उनकी जगह लोहे के नए दैत्यों यानी ट्रैक्टरों ने ले ली थी। पूरे गाँव में कुल जमा तीन ट्रैक्टर, एक दक्खिन टोले में गुप्ता बाबा का, दूसरा उत्तर टोले में मल बाबा का, और तीसरा गाँव के बीचों-बीच इमली के तर चरघरवा का।
जिस जिसकी पटती, वह उसी के टेलर पर सवार होता। लगभग पूरा टोला ख़ाली हो जाता। मेरे हमजोली जब रंगीन क़मीज़ें डाँटे मेला जाने लगते, तो मुझे चिढ़ाते। मैं अपनी इया के आँचल में मुँह छिपाकर बिलखने लगता, मचल जाता कि हमहूँ जाब। इया मेरी पीठ पर अपना झुर्रियों भरा सूखा हाथ फेरते हुए हर साल वही अफ़ीम की घुट्टी पिलातीं, “ए बेर नाहीं रे बाबू, अगिला बेर तोके ज़रूर ले चलब!”
वह ‘अगिला बेर’ कभी नहीं आया। इया एक दिन चुपचाप आँख मूँदकर राम जी के घर चली गईं। जब इया मरी थी तो हम नादानों को यही घुट्टी पिलाई गई कि इया को भगवान राम ने अपने पास बुला लिया है। बुढ़ापे की उस सूखी काया को जब आग दी गई, तब भी मैं यही सोचता रहा कि इया राम जी के यहाँ मुझे अकेला छोड़कर क्यों चली गईं? मुझे क्यों नहीं ले गईं? जिस दिन घर आएँगी ख़ूब झगड़ा करूँगा उनसे...
आज भी आँख मूँदता हूँ तो कान में टेलर पर बैठी औरतों के कतिकी गीतों की टेर गूँज उठती है। बूढ़े रमई बाबा खाँसते हुए बांसी का महात्म्य बाँचने लगते हैं, “सौ काशी, त एक बांसी!” बीच में कोई ललुआ पों-पों रोने लगता तो बाबा डाँटते, “चुप रह रे, तोहरे नानी के पोंछ उखारों...” और फिर खैनी मलते हुए त्रेता का पर्दा उठाते:
“त्रेता जुग के परभात में, बियाह रचा के जनकपुर से जब मइया जानकी के संगे भगवान श्रीराम अयोध्या के डगर धइले, त साँझ ढरत-ढरत बांसी की छाती पर पाँव पड़ गइल। ऊ देवारण्य के माटी, जहाँ चहुँओर घनघोर झाड़-झंखाड़ अउर सलौना बन के पहरा रहे, आ काँठ पर कलकल बहती नदिया के रूप देख के भगवान के बारात ठिठक गइल। हुवहीँ डेरा डलाइ गइल, अउर पुरइन पात जइसन अँधेरा में बारात रात भर विश्राम कइलस। भोर भइले भगवान राम बांसी के पावन नीर में डुबकी लगइले, आ अपने हाथों से बालू के शिवलिंग स्थापित करी के महादेव के पूजा कइले...”
रमई बाबा की जुबानी उस भूगोल की एक-एक तह उघड़ने लगती। बांसी के कछार पर पसरा यह तीन किलोमीटर का दायरा आज भी उस त्रेताकालीन बारात की गवाही देता खड़ा है। जिस टुकड़ी का जहाँ तंबू गड़ा, उस माटी ने उसी को अपना नाम बना लिया। जहाँ माता जानकी की दासियों और सखियों का कनात तना, वह ‘दहवा’ कहलाया। जहाँ दशरथ के घुड़सवारों और बारात के घोड़ों के खूँटे गड़े, वह ‘घोड़हवा’ बना। जहाँ रणभेरी और सिंघा फूँकने वाले नगाड़ची ठहरे, वह गाँव ‘सिंघा पट्टी’ हुआ। बारात के सबसे आगे विघ्न-विनाशक बनकर स्वयं औघड़दानी शिव गुप्त रूप से चल रहे थे; उनका आसन जहाँ लगा, वह धरती ‘त्रिलोकपुर’ कहलाई। और आगे चलकर श्रीराम और उनके तीनों भाइयों के चरण-कमलों ने जिस नगरी को रौंदा, वह ‘पदरौन’ बनी, जो ज़ुबानों पर घिसते-घिसते ‘पडरौना’ हो गई।
नदी के तट पर बना ‘रामघाट’ इसी आख्यान का मर्म है। जहाँ भगवान ने अपनी राउटी (तंबू) तानकर रात भर बासा लिया, उसी से नदी और गाँव का नाम ‘बांसी’ पड़ा। त्रेता की उस भोर में श्रीराम ने बांसी के शीतल नीर में डुबकी लगाकर किनारे की बालू से जिस शिवलिंग को गढ़ा था, वह पिंडी और जानकी का मंदिर आज भी उस कछार पर अडोल खड़ा है। कार्तिक की पूर्णिमा को जब भोर के तीन बजे कुहासे में लिपटी औरतें दाँत किटकिटाते हुए नदी में गोता लगाती हैं, तो उनके चेहरे पर हाड़ कँपाती ठंड का डर नहीं, बल्कि भवसागर तर जाने का इत्मीनान चमकता है।
मगर नियति का खेल देखिए। जिस बांसी को देखने के लिए बचपन में हम रो-रोकर आँख सुजा लेते थे, वहाँ पहुँचना किसी नदी के उलटबाँसी बहाव जैसा हुआ।
बीते अगस्त में बिहार में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर की चिट्ठी निकली। हमने अर्जी डाली, नाम टँगा, पटना में इंटरव्यू की वैतरणी पार की और महीने के आख़िरी पन्ने पलटते-पलटते हम, जो कल तक जेआरएफ़ के पैसे पर दाल-भात खाकर लाइब्रेरी में गर्दन गड़ाए एक चुपचाप शोधार्थी थे, सरकारी हुक्मनामे की रूखी भाषा में ‘असिस्टेंट प्रोफ़ेसर’ बना दिए गए।
उसके बाद तो ज़िंदगी जैसे किसी बेकाबू रेलगाड़ी के पायदान पर लटक गई। मुज़फ़्फ़रपुर यूनिवर्सिटी में काग़ज़ों की नत्थी, वर्तमान कॉलेज से एनओसी की गिड़गिड़ाहट, जेआरएफ़ फ़ेलोशिप कटवाने का शपथ-पत्र, और फिर पिपरासी में कॉलेज का फ़रमान। इलाहाबाद से पटना, पटना से मुज़फ़्फ़रपुर, मुज़फ़्फ़रपुर से इलाहाबाद, फिर गोरखपुर और पिपरासी... भागमभाग ऐसी कि देह पसीना-पसीना और दिमाग़ सुन्न।
एक अजब असमंजस की फाँस कलेजे में गड़ी थी। जेआरएफ़ के तीन साल अभी बचे थे। पक्की-पुख़्ता फ़ेलोशिप की मलाई छोड़कर, इस एक साल की तदर्थ, अधकचरी नौकरी के दलदल में पाँव धँसाना अक़्ल की बात थी या हिमाक़त? अब तक सिर्फ़ अपनी आँख से पन्ने चाटने थे, अब दूसरों की स्लेट पर ककहरा उकेरना था।
हमने अपने गुरुजनों की चौखटें खटखटाईं। प्रो. सरोज सिंह मैम, संतोष भदौरिया सर, बसंत त्रिपाठी सर, कुमार वीरेंद्र सर, डॉ. जनार्दन सर, लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता सर... सबने एक ही बात पर गिरह बाँधी, “बबुआ, जाके खूँटा गाड़ दो। पीएचडी तो काग़ज़ों की कश्ती है, तैरती रहेगी। फ़ेलोशिप की जगह तनख़्वाह मिलेगी और सबसे बड़ी बात, चाक और डस्टर पकड़ने का जो हुनर सीखोगे, वह किसी पोथी में नहीं लिखा है।”
हिचक तब पूरी तरह काफ़ूर हुई जब अलॉटमेंट का परचा हाथ में आया, ‘राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपरासी (पश्चिम चंपारण)’। कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के हमारे परसौनी गाँव से पिपरासी की दूरी कुल जमा वही तीस किलोमीटर थी! वही सीमांत का इलाक़ा, जहाँ न बोली बदलती है, न पानी का स्वाद, और वही रोटी-बेटी का नाता।
पर हमने घर से अप-डाउन करने की ग़लती नहीं की। घर पर दुकानदारी का भोंपू, रिश्तेदारों की आमद-ओ-रफ़्त और गाँव का बतकहा, वहाँ न स्वाध्याय का संकोच बचता, न अपना कोना। और सबसे बड़ा सच यह कि हम अभी तक केवल एक जिज्ञासु चेला रहे थे, क्लास में पीछे बैठकर गुरु की थाह लेना, सवाल दागना और थोड़ी-बहुत शरारत कर लेना अलग बात है, पर ब्यास-गादी पर बैठकर ज्ञान को दूसरों के मग़ज़ में उतार देना... इसके बीच तो पूरा घाघरा-गंडक का पाट पसरा होता है।
लिहाज़ा, हमने बांसी में ही, कॉलेज से आठ किलोमीटर पहले, एक कमरा किराये पर ले लिया। अब यही हमारी दुनिया की चौहद्दी है। वही बांसी, जहाँ पहुँचने की ज़िद में कभी हमारी आँख का पानी सूख गया था और इया का आँचल भीग गया था। अब रोज़ सबेरे उठते हैं, बांसी की हवा में साँस भरते हैं, किताबों के सफ़े उलटते हैं और पिपरासी के कॉलेज में जाकर उन देहाती लड़कों की आँखों में आँखें डालते हैं, जो कभी हमारे जैसे ही सपने देखा करते थे।
हफ़्ते में एक फेरा घर का लग जाता है। तीस किलोमीटर की दूरी अब नक़्शे की लकीर नहीं, हमारी रोज़ की साँसों का फ़ासला बन चुकी है। बांसी की धार वहीं बग़ल में चुपचाप बहती है, और हम किनारे खड़े सोचते हैं, इया, तुम्हारा ‘अगिला बेर’ कितनी देर से आया, पर आया तो ऐसा कि ज़िंदगी भर के लिए इसी बांसी के आँचल से बाँध गया!
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
मनीष चौरसिया को और पढ़िए : माता प्रसाद पुस्तकालय के लोकार्पण समारोह का वीडियो देखा हाल | चेतना के दस द्वीप : प्रयागराज की साहित्यिक विरासत और प्रतिरोध की गूँज | स्मरण मुक्तिबोध : एक अंतःकथा
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट