समीक्षा : ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फ़ैमिली’ : मुस्लिम समाज को ‘विशेष’ नहीं, सहज बनाती फ़िल्म
अतुल प्रिया
12 नवम्बर 2026
कुछ फ़िल्में अपने विषय के कारण याद रह जाती हैं, कुछ अपने शिल्प के कारण और कुछ इसलिए कि वे किसी परिचित चीज़ को एक नए ढंग से देखने की दृष्टि देती हैं। अनुषा रिज़वी की ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फ़ैमिली’ इसी तीसरी श्रेणी की फ़िल्म है।
अनुषा रिज़वी की पहली फ़िल्म ‘पीपली लाइव’ को याद करें तो उसका गीत ‘महँगाई डायन खाए जात है...” अपनी फ़िल्म से बाहर निकलकर सार्वजनिक और राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बन गया था। हाल के वर्षों में भी इस गीत को संसद में राजनेताओं द्वारा उद्धृत किया गया। कई सालों बाद अनुषा रिज़वी ने ‘द ग्रेट शम्सुद्दीन फ़ैमिली’ बनाई है। यह फ़िल्म एक मुस्लिम परिवार की कहानी के बहाने भारतीय सिनेमा, विशेषकर बॉलीवुड में मुस्लिम समाज के चित्रण को देखने का एक अलग नज़रिया प्रस्तुत करती है।
भारतीय फ़िल्मों में मुस्लिम किरदारों की एक रूढ़ छवि लंबे समय से दिखाई देती रही है। गरारा, शरारा, बुर्क़ा, मस्जिद, कव्वाली, शायरी और ‘अमा यार’ या ‘सुभानअल्लाह’ जैसे कुछ चुनिंदा शब्दों के सहारे एक पूरा समुदाय मानो कुछ निश्चित प्रतीकों में समेट दिया जाता है। इस फ़िल्म की ख़ासियत यह है कि वह इस परिचित साँचे को लगभग पूरी तरह छोड़ देती है।
कहानी की शुरुआत बानी (कृतिका कामरा) से होती है। वह एक युवा, तलाकशुदा लेखिका और अकादमिक है, जो अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच अमेरिका में नौकरी के लिए आवेदन पूरा करने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, एक विवाहित हिंदू पुरुष के साथ उसका प्रेम-संबंध अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। इसी बीच उसकी माँ (डॉली अहलूवालिया) और मौसी (फ़रीदा जलाल) उसे बताती हैं कि वे परिवार की अन्य बुज़ुर्ग महिलाओं के साथ मक्का की तीर्थयात्रा पर जाने वाली हैं।
बानी की परेशानियाँ यहीं समाप्त नहीं होतीं। उसकी चचेरी बहन इरम (श्रेया धन्वंतरि) और उसकी बड़ी बहन हुमैरा (जूही बब्बर) अपनी माँ के खाते से पच्चीस लाख रुपए निकालने के लिए उनके हस्ताक्षर जाली कर देती हैं। उनका उद्देश्य रातोंरात अमीर बनने की एक संदिग्ध योजना को अंजाम देना है। तभी चचेरा भाई जोहेब (निशांक वर्मा) अपनी हिंदू प्रेमिका पल्लवी (अनुष्का बनर्जी) के साथ बानी के दरवाज़े पर पहुँचता है और भागकर शादी करने की अपनी योजना सामने रख देता है।
एक ही दिन में घटती ये घटनाएँ धीरे-धीरे एक-दूसरे से जुड़ती जाती हैं और बानी का घर परिवार, प्रेम, पैसे और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े अनेक सवालों का केंद्र बन जाता है।
फ़िल्म की सबसे उल्लेखनीय बात इसका मुस्लिम परिवार को देखने का ढंग है। किरदारों के पहनावे में गरारा या शरारा दिखाई नहीं देता। बानी जींस और टी-शर्ट पहनती है। उसके विचार आधुनिक हैं, उसकी अपनी महत्त्वाकांक्षाएँ और निजी उलझनें हैं। उसकी माँ और मौसी घर आती हैं तो वे परिवार के दूसरे सदस्यों की उसी सहजता से चर्चा करती हैं; उनकी बुराई करती हैं और रिश्तों की बातें करती हैं, जैसे किसी भी भारतीय परिवार में किया जाता है।
यह दृश्य देखने में मामूली लग सकता है, लेकिन हिंदी सिनेमा के संदर्भ में इसकी अपनी अहमियत है। किसी समुदाय को उसके धार्मिक प्रतीकों से अलग करके उसके रोज़मर्रा के जीवन में देखना अपने आप में एक सिनेमाई हस्तक्षेप है। फ़िल्म यह याद दिलाती है कि मुस्लिम परिवार भी केवल धर्म, रीति-रिवाज और धार्मिक प्रतीकों से निर्मित नहीं होते। वहाँ भी रिश्तेदारों को लेकर शिकायतें हैं, घर के भीतर की राजनीति है, प्रेम है, महत्त्वाकांक्षाएँ हैं, आर्थिक परेशानियाँ हैं और वही छोटी-बड़ी घरेलू उलझनें हैं जो किसी भी परिवार का हिस्सा हो सकती हैं।
इस अर्थ में फ़िल्म मुस्लिम समाज को ‘विशेष’ बनाकर प्रस्तुत करने के बजाय उसे सामान्य जीवन के भीतर रखती है।
फ़िल्म की पटकथा इसकी बड़ी ताक़तों में से एक है। कहानी मुख्यतः एक ही दिन की घटनाओं और एक सीमित घरेलू परिवेश में आगे बढ़ती है। अलग-अलग पात्र लगातार एक-दूसरे से टकराते हैं और उनके संवादों से कहानी खुलती जाती है।
इस लिहाज़ से यह फ़िल्म देखते हुए ‘एक रुका हुआ फ़ैसला’ की याद आती है। दोनों फ़िल्मों के विषय अलग हैं और उनके बीच सीधी तुलना करना उचित नहीं होगा, लेकिन सीमित स्थान का इस्तेमाल, पात्रों के बीच संवाद और टकराव तथा बातचीत के ज़रिए कहानी को आगे बढ़ाने की शैली में एक समानता दिखाई देती है। यहाँ घर महज़ घटनाओं की पृष्ठभूमि नहीं है। वही घर धीरे-धीरे परिवार के भीतर मौजूद अलग-अलग विचारों, इच्छाओं और असहमतियों का मंच बन जाता है। पच्चीस लाख रुपए से जुड़ा प्रसंग फ़िल्म में हास्य पैदा करता है; लेकिन इसके भीतर दिल्ली की उस व्यवस्था पर टिप्पणी भी दिखाई देती है, जहाँ बैंकिंग और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बीच बिचौलियों की भूमिका सामने आती है।
इस प्रसंग को देखते हुए ‘खोसला का घोसला’ याद आती है। दोनों फ़िल्मों में दिल्ली की सामाजिक और संस्थागत व्यवस्था को हास्य के माध्यम से देखने की कोशिश दिखाई देती है। हालाँकि इस फ़िल्म का केंद्र अलग है, लेकिन व्यवस्था और उसके भीतर काम करने वाले अनौपचारिक तंत्र पर व्यंग्य का स्वर दोनों जगह महसूस किया जा सकता है।
फ़िल्म का सबसे विचारोत्तेजक हिस्सा अंतरधार्मिक प्रेम-संबंधों से जुड़ा है। जोहेब और पल्लवी का रिश्ता केवल एक प्रेम कहानी नहीं रह जाता, बल्कि उसके माध्यम से सामाजिक परिस्थितियों पर भी प्रश्न उठते हैं।
जब बानी कहती है, “यहाँ कैसे रहेंगे, हालात देख रही हो...” तो यह संवाद फ़िल्म के दायरे को परिवार से बाहर ले जाता है। बानी किन ‘हालात’ की बात कर रही है? क्या वह केवल अपने निजी अनुभव की ओर संकेत कर रही है या उसके पीछे व्यापक सामाजिक परिस्थितियाँ हैं? फ़िल्म इस प्रश्न का कोई स्पष्ट उत्तर नहीं देती। शायद उसका उद्देश्य उत्तर देना भी नहीं, बल्कि सवाल को दर्शक के सामने छोड़ देना है। क्या मौजूदा सामाजिक परिस्थितियाँ किसी व्यक्ति के निजी संबंधों और जीवन के निर्णयों को प्रभावित करती हैं? क्या प्रेम और विवाह वास्तव में केवल दो व्यक्तियों का निजी मामला रह जाते हैं, जब उनके पीछे धर्म और सामाजिक पहचान भी मौजूद हो? फ़िल्म इन सवालों को सीधे राजनीतिक वक्तव्य में बदलने के बजाय पारिवारिक बातचीत और व्यक्तिगत अनुभवों के बीच रखती है।
इसी क्रम में जब पूरब का किरदार कहता है कि रजिस्ट्रार शादी करवाने के लिए दो लाख रुपए लेगा क्योंकि लड़का मुस्लिम है, तो व्यवस्था में भ्रष्टाचार और संभावित भेदभाव का सवाल सामने आता है। इसके जवाब में फ़रीदा जलाल के किरदार का संवाद—“रिश्वत तो सेक्युलर होनी चाहिए”—फ़िल्म के व्यंग्य को एक तीखी धार देता है। यह संवाद हँसाता भी है और असहज भी करता है। धर्मनिरपेक्षता जैसे गंभीर राजनीतिक शब्द को रिश्वत जैसी रोज़मर्रा की भ्रष्ट व्यवस्था के साथ रखकर फ़िल्म एक विडंबना पैदा करती है।
इस फ़िल्म की ख़ूबी यह नहीं है कि वह हर सवाल का जवाब देती है। उसकी ख़ूबी यह है कि वह कुछ ऐसे सवाल सामने रखती है, जिन्हें दर्शक फ़िल्म ख़त्म होने के बाद भी अपने साथ लेकर जाता है।
मुस्लिम समाज को क्या हम अब भी कुछ तयशुदा प्रतीकों और रूढ़ छवियों के ज़रिए ही देखते हैं? क्या अंतरधार्मिक प्रेम को केवल निजी मामला मानना संभव है? सामाजिक पूर्वाग्रह किसी व्यक्ति के निजी निर्णयों को किस हद तक प्रभावित करते हैं? और क्या हमारी संस्थाएँ वास्तव में सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार करती हैं? इन सवालों के बावजूद फ़िल्म किसी भारी-भरकम राजनीतिक घोषणा के रूप में सामने नहीं आती। अंततः यह एक पारिवारिक कॉमेडी है—रिश्तों, प्रेम, पैसों और घरेलू उलझनों से भरी हुई। उसका अंत सुखद है, लेकिन उस सुखद अंत तक पहुँचने के रास्ते में वह दर्शक को कई असहज सवालों से गुज़ारती है।
शायद फ़िल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उसने एक मुस्लिम परिवार को ‘मुस्लिम’ दिखाने के लिए उसे असाधारण बनाने की कोशिश नहीं की। उसने उसे सामान्य जीवन के भीतर रखा—एक ऐसे परिवार की तरह, जहाँ लोग प्रेम करते हैं, झगड़ते हैं, रिश्तेदारों की बुराई करते हैं, पैसे के लिए परेशान होते हैं और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित होते हैं।
मुस्लिम परिवार को सामान्य परिवार की तरह देखना शायद सुनने में बहुत साधारण बात लगे, लेकिन सिनेमा में कभी-कभी सबसे साधारण चीज़ ही सबसे अनिवार्य हस्तक्षेप बन जाती है।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट