समीक्षा : अतिरिक्त शून्य : विस्मृति और यथार्थ के बीच का पुल
यतीश कुमार
11 नवम्बर 2026
नई पीढ़ी के कवि अमित उपमन्यु के पहले कविता-संग्रह ‘अतिरिक्त शून्य’ को पढ़ते हुए एक बात तो बिल्कुल साफ़ नज़र आई कि ‘अतिरिक्त’ की कोई जगह नहीं। तीर चलता है और सीधे निशाने पर लगता है। कविता का एक काम तो बिंधना है ही।
एक सत्य का सत्य होना बहुत ज़रूरी है,
सत्य जैसा होना निरर्थक।
अपनी पहली कविता से ही अपना मंतव्य साफ़ कर देना कोई आसान काम नहीं। एक बार प्रिय कवि कुमार अंबुज जी से बात हो रही थी, तब उन्होंने बहुत महत्त्व देते हुए इस बात को कहा था कि कुछ हो न हो, कवि को अपना पक्ष पता होना चाहिए, उसकी अपनी आइडियोलॉजी होनी चाहिए। मुझे भी लगा कि बहते पानी-सा मन नहीं, दिशा मोड़ते पत्थर-सा मन भी कवि का होना ज़रूरी है।
यहाँ ये सब बातें बिल्कुल उपयुक्त महसूस हो रही हैं। एक कवि ही दिल की बातें करते-करते मोक्ष की बातें कर सकता है और वह भी विस्मृति और मोक्ष की।
मैं और टीवी हम दोनों अन्य पुरुष हैं।
अन्य पुरुष होना कवि की नियति है। यहाँ एक प्रश्न उभरता हुआ छूट जा रहा है कि क्या द्वितीय पुरुष अन्य पुरुष बनते जा रहे हैं और अन्य पुरुष प्रथम पुरुष? मामला और जटिल हो गया, तो घबराकर मैंने पन्ना पलट लिया। अब मैं एक नई खिड़की खोलकर नई हवा को महसूस कर रहा हूँ, नई कविता के साथ।
उस खिड़की से भी मुझे मातम ही नज़र आ रहा है, जहाँ शब्द अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह लिखते हुए कि :
आख़िरी बचे कुछ सौ लोगों के साथ
एक भाषा चुपचाप बैठी घूरती रहती है
अपनी कुछ सौ कदम दूर खड़ी मौत को।
यह भी भयावह सच है और इन कविताओं को पलटते हुए पाता हूँ कि ऐसी कँटीली सच्चाई बहुत तेज़ी से मेरी भोथर, सुषुप्त त्वचा को कुरेदती जा रही है। लगता है, आज जगा कर ही मानेगी।
कड़वी सच्चाई को इतनी मुलायमियत से कैसे कह सकता है कोई? मैं आश्चर्य-विस्मित हूँ। मेरे सामने दीवार पर टँगा है सूरज और सवालों ने उस अटके सूरज की आँखें और खोल दी हैं। शब्दों की मुलायमियत से निकले कँटीले भाव पिरोना एक सिद्धहस्त कवि की निशानी है, जो एक दृष्टा के अनुभव की ज़मीन को भी दर्शाती है।
भीतर का यायावर घर के चंद्रबिंदु की चकरघिन्नी-सा महसूस करता कोई मन। अपनी भीतरी छटपटाहट और बाहर की भटकन को शब्द देता कवि आख़िर इतनी बेचैनी लेकर जाएगा कहाँ? लिखना स्वयं का उपचार है और यह उपचार इन कविताओं के ज़रिए दूसरों का मलहम बन रहा है। नई राह एक न एक दिन मिल ही जाएगी उसे। भाषा से निकलकर लिपि को प्रेम से देखता है कवि। लिपि उस मुस्कान-सी दिखती है, जो अपनी पैरहन भाषा को ढूँढ़ रही है। कवि वैसी भाषा ढूँढ़ने निकला है, जिसमें उसे स्वयं कुछ गढ़ना न पड़े। उस अनगढ़ से वह प्रेम करता है और प्रेम को ही सबसे सुंदर भाषा कहता है। कवि के पास कुछ तो जादू है कि वह आमफ़हम की बात करते-करते दर्शन के शीर्ष पर चला जाता है। यह चढ़ाव वह इतनी आसानी से करता है कि सचिन को क्रिकेट और लता को गीत गाने का जो सहज अहसास होता है, वैसा ही एहसास छोड़ जाता है।
अमित की कविताओं में मिथक, विज्ञान और दर्शन—तीनों का समानुपाती सम्मिश्रण है। ऐसा होना अचरज तो पैदा करता ही है, साथ ही ये कविताएँ बतौर पाठक आपको भी अपने जैसा दृष्टा बनाने की कोशिश करती हैं। कविता अगर आपकी आँखें थोड़ी-सी भी खोल पाए, तो यह बहुत बड़ी प्राप्ति है।
अमित उपमन्यु समकालीन समय के क्रूर यथार्थ को केवल पारंपरिक या भावुक तरीक़ों से नहीं देखते। वह अपनी कविताओं में एक तरफ़ वैज्ञानिक और तकनीकी बिंबों का इस्तेमाल करते हैं, तो दूसरी तरफ़ उनकी जड़ें सांस्कृतिक मिथकों से भी जुड़ी हुई हैं। इन दोनों विपरीत ध्रुवों का यह अनूठा सामंजस्य ही उनकी कविता को एक विशिष्ट संरचना प्रदान करता है। मर जाना इंसान होना है और फिर लिखते हैं कि इंसान मरकर ईश्वर हो जाता है। इतनी द्वंद्वात्मक पंक्तियाँ होने के बाद भी बतौर पाठक मन कहता है—एक साथ दोनों कैसे सही हैं? पर सही लग तो रहा है। ईश्वर भी एक साथ कई जगह होते हैं और भाषा भी। पर एक का गणराज्य फैल रहा है, जबकि दूसरे का सिमट रहा है और यूँ एक कवि की दो कविताएँ एक-दूसरे का प्रतिबिंब बनते हुए विरुद्ध खड़ी हो जाती हैं।
एक शहर को और उस शहर के माले को मौत की माला से जोड़ते हुए कवि कितनी आसानी से इस शहर और सागर की व्यथा को अपने शब्दों में उतारकर चकित करता है। हार और हार जाने में कितना अंतर है! सारा मसला तो हार को पाने का है। कवि लिखता है :
देह का गिरना धरा तक
आत्मा का पतन
चिरंतन।
शून्य होते जाना भी भला कैसा अनुभव है! पर इस भान के बिना भी ऐसा हो रहा है, जो ज़्यादा बड़ी चिंता की बात है। यह ‘अतिरिक्त शून्य’ और ‘अतिरिक्त रिक्त शून्य’ का अंतर कितना बड़ा है, उसे भोगा हुआ ही समझ सकता है। इससे आगे अति-रिक्त तड़प और अति-रिक्त समय के बीच शहर की बदलती हवा और ज़रूरत, दोनों को मापने की कोशिश करता कवि अपने दृश्य रचने की शक्ति से अचंभित करता रहता है।
अख़बार पढ़ते हुए भ्रष्टाचार का फ़्लश होना वाला हिस्सा आख़िर क्यों इतना स्वाभाविक लगता है; जबकि बतौर कवि मैं जानता-समझता हूँ कि यह अचूक बिंब है, बिल्कुल मारक। थोड़ी देर के लिए अर्थ से हटकर शब्द में खोने लगता हूँ। यही लेखनी का जादू है, पर खोना यथार्थ रचने की प्राप्ति नहीं हो सकती, जबकि यहाँ रचा तो यथार्थ ही जा रहा है। अब जादुई यथार्थ जैसा कुछ भी होता है क्या? अभी मैं इसी सोच में हूँ।
इस संग्रह की कविताओं से गुज़रते हुए लगा कि बिछोह में ऐसा दिन आता है कि वह आनंद को पी जाता है, फिर बिछोह में भी आनंद आने लगता है। कवि की बातें कुछ ऐसे अनुभवों से होकर गुज़र जाती हैं और आप बस अपलक भ्रमित रहते हैं कि कविता का सार आपके हाथ लग गया। बतौर पाठक अब ऐसे भ्रम में भी आनंद आ रहा है। कवि यहाँ ख़ुद से होकर बहना और ख़ुद में बहना—दोनों के अंतर को चिह्नित करता है। ख़ुद के भीतर बहना क्या साथ चलने का हुनर है? यह कुछ ऐसा साथ है, जो मूँगफली अपने दाने के साथ रखती है। ख़ुद को फोड़कर न्योछावर करने का हुनर भी कितना प्यारा है, सच! कविता पढ़ते हुए मैं हर बार अपनी ही दुनिया में विचरण करने लगता हूँ, फिर मुड़कर कवि की दुनिया को देखता हूँ और फिर उसका लिखा पढ़ता हूँ।
कभी-कभी पीछे छूट जाना भी बुरा नहीं,
साथ चलने का हुनर क़ायम रखने के लिए।
बस, यहाँ एक बात जोड़ना चाहता हूँ। पीछे छूट जाएँ तो कोई बात नहीं, आगे जाकर छूटने से बचना चाहिए।
इस संग्रह की कुछ कविताओं से दोस्ती नहीं हो पाई। हो सकता है, पढ़ते हुए जिस ट्रांस में विचरण करने लगा, वहाँ से कोरोना का दर्द एहसास में नहीं बदल सका। इतनी जल्दी कविता की टोन बदलने से इसका संगीत मेरे लिए ट्यून से बाहर हो गया। वह पुरानी धुन वापस मसाईमारा के विस्थापन से गुज़रते हुए प्राप्त होती है। अजीब बात है कि विस्थापन की बात करते हुए हम अपनी ज़मीन पा रहे हैं—अपनी कविता की ज़मीन, जिसे अभी कुछ पल पहले ही खो दिया था मैंने। अब सामने एक पंक्ति पर रुक गया हूँ, जहाँ लिखा है :
ख़ुद शिकारी की पीठ में धँसा है डंक।
पढ़ते हुए एक प्रश्न कौंधा कि क्या नदियों को भी इतिहास बनना है, जो पानी के साथ रक्तरंजित इतिहास भी बहा ले जाती हैं। हत्यारा ही असल हत्यारा है या भूख है असली हत्यारा? दंतयुक्त साँपों के बदले क्यों मारे जाते हैं दंतहीन? दुःख होना और शोकसभा होना—इनमें कितना अंतर होता है? जंगल का दुःख सन्नाटे की आवाज़ है, शहर की प्रार्थना-सभा का शोर नहीं।
कविताएँ इस संग्रह में जंगल और शहर, दोनों को एक साथ जीती हैं। दोनों के बीच कवि वैसे आवाजाही करता है, जैसे अपने भीतर-बाहर करता है। भीतर का द्वंद्व और बाहर-भीतर की आवाजाही—इससे उपजती बेचैनी का रँगरेज़ है कवि।
कविता के पारंपरिक और आधुनिक तत्त्वों—भाव-बोध, बिंब-योजना, भाषा-शिल्प और वैचारिक हस्तक्षेप—के आलोक में यदि ‘अतिरिक्त शून्य’ को देखा जाए, तो कई महत्त्वपूर्ण बिंदु उभरकर सामने आते हैं, जैसे—डार्क रियलिटीज़ और सामाजिक विसंगतियाँ, अतिरिक्त शून्य का दर्शन, टटके और ताज़े बिंब, अभावुक अभिव्यक्ति का समन्वय, सपाटबयानी से बचाव और सघन बुनावट की झलक, मित और ताज़े मुहावरे की उपस्थिति तथा पूँजीवादी समय के संत्रास के साथ अच्छे रूपकों का प्रयोग। ये सभी विशेषताएँ इस संग्रह को विशिष्ट बनाती हैं।
कविता के तत्त्वों के नज़रिए से अमित उपमन्यु की रचनाएँ और उनका संग्रह ‘अतिरिक्त शून्य’ हिंदी कविता के परिदृश्य में एक ज़रूरी हस्तक्षेप हैं। उनकी कविताएँ अपनी अनूठी शिल्प-सज्जा, विचारोत्तेजक बिंबों और समय की निर्मम पड़ताल के कारण समकालीन दौर की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा सकती हैं। पवन करण ने ठीक ही कहा है कि अमित उपमन्यु की कविताएँ आसानी से पकड़ में आने वाली कविताएँ नहीं हैं। वे सच में पाठक से सघन गंभीरता और अविचल एकाग्रता की माँग करती हैं। राजेश जोशी भी सही ही कह रहे हैं कि निर्मम और नंगी सच्चाइयों को व्यक्त करने के लिए अमित की कविता अलग-अलग कई रास्तों की तलाश करती है।
मुझे अमित की कविताएँ विस्मृति और यथार्थ के बीच का पुल लगीं। भाषा को अपने शब्दों का हस्ताक्षर देते हुए कड़वी से कड़वी बातें सहजता से रचने का ज़बरदस्त हुनर अमित के पास है। सतर्क दृष्टा की चौकस पंक्तियाँ आपको चौंकाती रहेंगी, पर आप मेरी तरह विस्मित न होकर वापस अगली पंक्ति पर आ जाइएगा, वरना यह आपको अपने काव्य-संसार में घुमाने का दंभ रखती हैं। यह ख़तरा मैंने कई बार झेला और भटका भी, इसलिए यह चेतावनी यहाँ दर्ज कर रहा हूँ।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
यतीश कुमार को और पढ़िए : विभाजन-विस्थापन-पुनर्वासन की एक विस्मृत कथा | बहुत कुछ खोने के अँधेरे में किसी को बचाने की कहानियाँ | समीक्षा : सूर्यबाला के पहले उपन्यास का पुनर्पाठ
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट