Font by Mehr Nastaliq Web

सामा-चकेवा : लोक संस्कृति, भाई-बहन का प्रेम और संवेदनाओं का समागम

लोक संस्कृति की तमाम विविधताओं से भरा बिहार एक अलग गंध से महकता और फलता-फूलता है। तमाम तरह की संवेदनाएँ लोगों के चेहरे से झटकती हवाओं में घुलती-मिलती हैं और अपनी एक स्पष्ट छवि उकेरती हुई विशिष्ट पहचान बनाती हैं।

आम जीवन की नीरसता में लोक संस्कृति एक ऐसी उत्सुकता है, जिसे लोग पूरी तरह सराबोर होकर आत्मसात करते हुए मनाते हैं और इसके अंतर्भाव, प्रकृति-प्रेम और संवेदनशीलता को अपनी दैनिक दिनचर्या से निकालकर एक स्थान देते हैं।

वैसे तो बिहार में पूरे साल भर कोई न कोई लोक संस्कृति का विधान है, परंतु कार्तिक मास में होने वाले सामा-चकेवा का महत्त्व जनजीवन के मध्य अलग तरह से घुलता है।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि से शुरू होने वाले इस त्योहार रूपी संस्कृति का भाई-बहन के संबंध और प्रेम के अटूट विश्वास के रूप में प्रदर्शित होना बड़ा ही सुखद अनुभव होता है।

बात करते हैं इसके विधि-विधान और उसमें अंतर्निहित भावों की।

सामा-चकेवा को कुम्हार के घर से अमूमन छठ के दिन या उसके अगले दिन भी ख़रीदकर लाया जाता है। कई जगहों पर इसे अपने हाथों से भी बनाया जाता है। सामा-चकेवा, बीरदावन, चुगला, सतभैया और पशु-पक्षियों की प्रतीकात्मक मूर्तियाँ इसके मुख्य अवयव होते हैं। इसको लेकर दो तरह की मान्यताएँ प्रचलित हैं, जिनके बारे में हम आगे चर्चा करेंगे।

पहले बीरदावन, चुगला और सतभैया के बारे में बात करते हैं :

“सीकी, खर और जूट के डंठल से बना हुआ बीरदावन”

एक वन का प्रतीक माना जाता है।

(जिसे अंत में जलाकर भाई की बहादुरी और साहस के लिए कामना की जाती है और कहा जाता है कि जब बीरदावन में आग लगेगी, तब अदम्य साहस के साथ भाई सोने के लोटे में दूध भरकर उसे बुझाकर सलामत वापस आ जाएँगे।)

बीरदावन मे आग लागल कोई नऽ मुझाबे हेऽ।
हमरो से सभे भइया, काशीवन से आबे हेऽ।
हाथ में सोने के लोटा, दूधे से मुझाबे हेऽ।।

“सन/जूट से बना चुगला का प्रतीक”

इसे बुरे और अफ़वाह फैलाने वाले दुष्ट लोगों का प्रतीक माना जाता है। इसे जलाकर बहनें भाई की लंबी उम्र के लिए कामना करती हैं। जैसे, जलाते वक़्त कहा जाता है :

जहा हमर भइया सभा लगाबे
ऊहा चुगला चुगलपन करे
धऽ लऽ ई चुगला के फासी दिऊ

सतभैया भाई का प्रतीक होता है।

यह रात में खेली जाने वाली संस्कृति के तौर पर बिहार के लोगों के घरों में दाख़िल होती है। मुख्य रूप से यह ननद-भौजाई, सखी-सहेली, माई, चाची और बहन, सबकी साझा संस्कृति है।

शाम के समय डाला (दउरा) में सामा-चकेवा के साथ बीरदावन और चुगला रखकर सारी सखियाँ-सहेलियाँ मिलकर एक साथ आती हैं और सामूहिक रूप से सभी डाला रखकर गीत गाती हैं। इनमें भाई के जीवन का बखान और समृद्धि की कामना सहित मायके का विरह, भौजाई की झिड़की और ससुराल के जीवन का मार्मिक वर्णन होता है।

गीत गा लेने के बाद डाला से चुगला और बीरदावन को निकालकर डाला का फेरबदल किया जाता है। तत्पश्चात् बीरदावन और चुगला को जलाया जाता है।

फिर गीत गाते हुए सबको घर तक पहुँचाया जाता है। यह प्रक्रिया चतुर्दशी तक चलती है।

पूर्णिमा के दिन एक बेटी को जिस तरह धन-धान्य से परिपूर्ण करके ससुराल विदा किया जाता है, ठीक वैसे ही मिट्टी से बने रंग-बिरंगे पऊती-पिटारी (एक तरह का बाँस/सीकी से बना डिब्बेनुमा बक्से जैसा होता है, जिसमें शादी के समय मायके से धान, चूड़ा और बरतन वग़ैरह रखकर दिया जाता है), कपड़ा, बरतन और खाने-पीने की तमाम चीज़ों के साथ खोईछा में धान, दूब और हल्दी रखकर अगले साल फिर आने का न्योता देकर नदी में केले के तने से बने हुए बेड़े पर रखकर विसर्जित कर दिया जाता है। ऐसे ही एक लोक संस्कृति हर साल अपने रंग-रूप से लोगों के जीवन को रंगती रहती है।

सामा-चकेवा के संबंध को लेकर जो मान्यताओं में भेद है, उसके कई कारण हैं।

पहली मान्यता कथा-आधारित है कि सामा-चकेवा पति-पत्नी हैं। पुराणों में जिस कथा का वर्णन मिलता है, उसमें यह मान्यता है कि सामा भगवान् श्रीकृष्ण की पुत्री थी, जिसका विवाह चारुदत्त (चकेवा) नामक ऋषि से हुआ था। और दूसरी मान्यता लोक-आधारित है कि सामा-चकेवा भाई-बहन हैं।

आप सोचेंगे कि इतना बड़ा भेद! सारा अर्थ ही दूसरा हो गया, तब तो। इतनी बड़ी सांस्कृतिक विरासत वाले प्रांत में अर्थ का अनर्थ होने के क्या कारण रहे होंगे और क्यों ऐसी मान्यताएँ अपने अस्तित्व में आ गईं?

इस प्रश्न के कई लंबे उत्तर और व्याख्यान हो सकते हैं। पहला तो यह कि जिस प्रांत में यह लोक संस्कृति पाई जाती है, उसका एक बड़ा-सा तबका अशिक्षित था और बहुत हद तक स्थिति अभी भी यथासंभव ही है। कथाओं और पुराणों पर एक विशेष समुदाय (पुराण पढ़ पाने की क्षमता वाले लोगों) का आधिपत्य था। दूसरी बात यह है कि कथा का सरोकार कथावाचक से होता है और लोक संस्कृति का सरोकार लोगों से। वह लोगों से मिलकर बनती है, लोगों के बीच रची-बसी होती है और लोगों के बीच ही लुप्त भी हो जाती है। ऐसे में कथा का औचित्य समाप्त हो जाता है और लोग अपने अनुसार पीढ़ी-दर-पीढ़ी इसे स्थानांतरित करते हैं।

इस संबंध में एक और महत्त्वपूर्ण कारण मुझे परिलक्षित होता है। वह यह है कि विदाई के दिन सामा-चकेवा को भाई द्वारा फोड़कर अलग कर दिया जाता है। ऐसे में, जो इस संस्कृति का उद्देश्य (भाई-बहन का अटूट प्रेम) है, उससे शायद लोगों ने समझा हो कि चकेवा भाई है, इसीलिए फोड़कर अलग कर दिया जाता है। अन्यथा पति होता तो साथ ही भेजा जाता।

जैसा कि आपको ज्ञात है, भारत विविधताओं से भरा देश है और हर गाँव अपने अनूठेपन से भरा हुआ है। ऐसे में, जैसे-जैसे लोग स्थान-दर-स्थान बदलते गए और उनकी बोली में अनेक जुड़ाव और कटाव की प्रक्रिया हुई, तब कथाओं का स्वरूप भी बदलता चला गया। जितनी कथा लोगों को याद रह गई, बस उतनी ही अगली पीढ़ी में स्थानांतरित होती चली गई।

यहाँ मैं आपको किसी निष्कर्ष पर पहुँचने को नहीं कहूँगी और न ही इस रहस्य को उजागर कर पाऊँगी। मैं कहूँगी कि आप इसे सही मान सकते हैं और इसे ग़लत भी। यह कहना शायद उचित भी नहीं होगा, क्योंकि लोक संस्कृति की पहचान और विशेषता ही लोगों से होती है। लोग अपने हिसाब से उसे अपनाते हैं। किसी भी प्रकार की कोई बाध्यता नहीं होती और अलग-अलग मान्यताएँ साथ-साथ चलती हैं, बिना एक-दूसरे को क्षतिग्रस्त किए।

सामा-चकेवा में जितनी संवेदनाओं का समागम है, उससे आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि कैसे लोक संस्कृति दैनिक जीवन की संवेदनाओं के रंगों से रंगी हुई है और लोगों के जीवन में एक नएपन का रस घोलती हुई जिजीविषा को जीवंत करती है।

देखा जाए तो सामा-चकेवा में एक संपूर्ण जीवन रचा-बसा है।

धान की बालियों में हुए झुकाव की झनकार, जुते हुए खेतों की मिट्टी की सौंधी सुगंध, चूड़ा-कसार से भरी पिटारी और अपने एक घरनुमा हिस्से से दूर होती सिंदूर से नहाई नई-नई स्त्रियों की विरह-वेदना से ओत-प्रोत होती मिली-जुली और साझा विरासत अपने पूर्ण रूप में दिखती है।

सामा-चकेवा में बहुत हद तक मिथिला की संस्कृति का प्रभाव है और यह मिथिला से ही निकलकर प्रसारित हुई। किंतु इसे सिर्फ़ मिथिला की संस्कृति का नाम नहीं दिया जा सकता। वैसे तो मैं लोक संस्कृति को क्षेत्र-विशेष के वर्गीकरण के पक्ष में नहीं मानती, क्योंकि लोक संस्कृति लोगों से मिलकर बनती है और लोगों में रची-बसी होती है और लोग एक जगह पर ही नहीं रुकते। जैसे-जैसे लोग फैलते जाते हैं, लोक संस्कृति उसी फैलाव के साथ बढ़ने लगती है और अपना विकास करती है।

जैसे नई-नई कनिया (दुल्हन) अपने साथ अपने खोईछा में मायके से दूब और धान के साथ अपना हिस्सा लेकर ससुराल आती है और ससुराल की विविधता को अपने हिस्से में मिलाकर नए रूप में सबके समक्ष रखती है, ठीक वैसे ही सामा-चकेवा का प्रचार-प्रसार और विकास विविधता को साथ रखते हुए हुआ है। एकरूपता लाने का प्रयास न करके लोगों ने इसे विविधतापूर्ण ही अंगीकार किया है।

सामा को भी बेटी माना जाता है। ऐसे में किसी नई-नवेली कनिया के साथ इसका प्रचार-प्रसार कोई अतिशय की बात नहीं मानी जा सकती है।

इस संस्कृति का जो उद्देश्य लोगों के समक्ष प्रस्तुत होता है, उससे कहीं अधिक यह छूट जाता है।

भाई के जीवन को समृद्ध करने और उसकी सुख-शांति के लिए किया जाने वाला यह त्योहार अपने भीतर कई सारी धारणाओं, विरोधाभासों और विसंगतियों से भरा हुआ एक पूर्ण जीवन-चक्र जैसा है।

हम इसे सिर्फ़ भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक के रूप में समझकर बाक़ी संवेदनाओं को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। इसमें बहुत सारे पहलू हैं, जिन पर बात की जानी चाहिए।

अगर आप कथा के बारे में सोचने बैठते हैं, तब आपको और भी ज़्यादा झटका लगता है कि कैसे प्रेम की प्रतिमूर्ति के रूप में जाने जाने वाले श्रीकृष्ण अपनी पुत्री को बिना किसी अपराध और बचाव के प्रयास किए, एक दुष्ट मंत्री की मनगढ़ंत अफ़वाहों के आधार पर पक्षी बनने का शाप देते हैं और सामा (उनकी पुत्री) अपने बचाव में एक शब्द भी नहीं कह पाती है। अफ़वाह भी दूसरे पुरुष से संबंध आधारित होती है। इससे स्त्रियों की दयनीय स्थिति और संबंध आधारित लगे प्रतिबंधों का चित्रण परिलक्षित होता है।

इसके गीतों में निहित भावों का व्याख्यान किया जाए तो पता चलता है कि कैसे भाई और भौजाई की सत्ता ननद के साथ कभी उपेक्षित तो कभी स्नेहिल भाव से व्यवहार करती है! और कैसे स्त्रियाँ पितृसत्तात्मक व्यवस्था की शिकार होती हैं और पुरुष को स्त्रियों का उद्धारक मानने वाला एक समाज कैसे अपना आकार बनाता है?

इस गीत में निहित भावों को देखिए! कितना मार्मिक चित्रण है एक बिना ब्याही बेटी और बहन के जीवन का। जानकारी के लिए बता दूँ कि गीत के बोल बज्जिका भाषा के हैं।

सामा खेले गईलो में सभे भईया के अंगना हे!!
आहे सभे भऊजो लेलन लूलूआए,
कहाँ रे ननदो आओल हेऽ।
मती लूलूअईअऊ भऊजो मत हहराऊ हे
भऊजो जओले रहिहन माय बाबू के राजऽ तबले सामा खेलबऽ हेऽ।
भऊजो हे छूटी जईहन माय बाबू के राऽज छोड़ब राऊरी आंगन हे!!
एतना बचनिया जबे सुनलन से आपन भैया हे!!
भैया मारे लगलन बरछी घुमाए बहिनिया छोटी पाहुन हे।
मती तुहू मारिअऊ भैया मती गरिऽअइअऊ हे
भैया भऊजो भोगत राऊरी राऽज हमें रे परदेशी नऽ हे।
अपना लागी लिखिह भैया इरची बिरिचिया हो!! 
भैया हमरो लागी लिखिह देशक-दूर बहुरियो नाही अएब हो।

दरअस्ल इसमें जितने पहलू हैं, उन पर अगर व्याख्यान लिखा जाए तो पूरी की पूरी किताब बन सकती है।

इसमें अंतर्निहित तमाम भावों और जीवन के तमाम बिंबों के करुणामयी चित्रण के बावजूद यह एक संपूर्ण संस्कृति है और लोगों की दिनचर्या का एक महत्त्वपूर्ण अंग है।

अंततः

जियो मोरऽ भैया-भऊजी लाख हे बरिसवा।
माई भऊजी के सेनुरा अमर होई हे जईहन।।

•••

रूद्राणी प्रियदर्शनी को और पढ़िए : पत्र : वियोगिनी ठाकुर के लिए : ‘अश्लीलता’ के नए आयाम

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट