पुरुष वेश्यावृत्ति : औरत बदनाम, मर्द आज़ाद क्यों?
शिवानी
19 नवम्बर 2026
आजकल महानगरों में जब थोड़ा अँधेरा घिरने लगता है, तो कुछ स्त्रियाँ सड़कों के किनारे या किसी झुरमुट की ओट में खड़ी दिखाई देती हैं। पहली बार जब मैंने यह दृश्य देखा था, तो मैं इतना डर गई थी कि लगा, जैसे कोई भूत आ गया हो। तब मेरी उम्र कम थी। मुझे लगा कि शायद ये चोर होते हैं, जो लड़की के वेश में खड़े रहते हैं। लेकिन जब ध्यान से देखा और इस बारे में जाना, तो हक़ीक़त कुछ और निकली।
वक़्त के साथ मेरी समझ, साहित्य और शिक्षा का स्तर बढ़ा। फ़िल्मों से लेकर न्यूज़ तक, हर जगह यह सब देखने को मिला। एक बार दिल्ली की सड़कों पर भी यह दृश्य अपनी आँखों से देखा, तो मेरे भीतर एक अजीब-सी घृणा और खीझ भर गई। मुझे लगता था कि ये लोग पढ़ते-लिखते क्यों नहीं? थोड़े-से रुपयों के लिए यह सब क्यों करते हैं? मैं मानने लगी थी कि लड़कियाँ ही बुरी हैं, तभी तो लड़के भी भटकते हैं। मेरे मन में इस तरह की तमाम धारणाएँ बनने लगी थीं। एक रोज़ जब मैं पुस्तकालय से बाहर निकल रही थी, तब भी अजीब-से कपड़े पहने एक लड़की दिखाई दी। उस समय भी मेरा मन यही सोचता रहा कि एक तरफ़ लड़कियाँ पढ़ने के लिए इतनी मेहनत कर रही हैं और दूसरी तरफ़ यह सब हो रहा है।
लेकिन आज जब मैं ठहरकर सोचती हूँ, तो ख़ुद से सवाल करती हूँ कि एक ही काम में शामिल दो व्यक्तियों में से मैं अब तक सिर्फ़ एक को ही बुरा क्यों कह रही थी? क्यों? क्या इस पूरे खेल में आदमी शामिल नहीं हैं? कितने ही ऐसे लड़के और पुरुष हैं जो इन जगहों पर जाते हैं, इस बाज़ार को चलाते हैं। वे कितने घातक हैं! वे तो हमारे ही बीच सभ्य बनकर रहते हैं, जिन्हें हम पहचान तक नहीं पाते। अफ़सोस यह है कि अगर कोई पुरुष यह सब करता है, तो लड़कों के समूह में उसे ही ‘मर्द’ या ‘खिलाड़ी’ मान लिया जाता है!
हाँ, मेरे मन में वही आ रहा है जो आप सोच रहे हैं या शायद सोचना नहीं चाहते। लेकिन सोचिए—पुरुष वेश्यावृत्ति! हालाँकि, समाज और क़ानून ने जो परिभाषा गढ़ी है, उसके हिसाब से तो यह शब्द सिर्फ़ पैसे के लेन-देन तक ही सीमित है। पर मेरा सवाल यह है कि उस दायरे में उन पुरुषों को क्यों नहीं रखा जा सकता, जो इस बाज़ार को ज़िंदा रखे हुए हैं? या उन लोगों को, जो पैसे से भी बड़ी क़ीमत चुकाकर किसी रिश्ते या किसी की भावनाओं के नाम पर उसकी देह तक पहुँचते हैं? क़ानून और समाज भले ही इन दोनों चीज़ों को अलग-अलग ख़ानों में बाँट देते हों, लेकिन आख़िर इसे ‘पुरुष वेश्यावृत्ति’ क्यों नहीं कहा जा सकता?
क्यों पुरुष के चरित्र को हमेशा पाक-साफ़ माना जाता है? क्यों उस पुरुष के लिए कोई अपमानजनक संज्ञा नहीं गढ़ी गई, जिसका संबंध अनेक स्त्रियों से रहा हो? हमारे पुराने साहित्य और इतिहास में भी ‘नगरवधू’ या ‘गणिका’ का ज़िक्र तो ख़ूब मिलता है, लेकिन उन दरबारों और कोठों पर जाने वाले संभ्रांत और रईस पुरुषों को कभी कोई कलंकित नाम नहीं दिया गया। इतिहास ने भी उन्हें ‘रसिक’ कहकर बरी कर दिया। उस दौर में किसी आदमी को ‘रसिक’ कहकर बड़ा बना देना और आज उसी मानसिकता के पुरुष को ‘आधुनिक आदमी’ कह देना—ये सब एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
जब समाज को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी हर क्षेत्र में स्त्री और पुरुष, दोनों की है, तो चरित्र के इस कठघरे में सिर्फ़ स्त्री ही क्यों खड़ी की जाती है? पुरुष अगर इतना ही उदात्त है, तो समाज में यह चलन आज भी क्यों ज़िंदा है? ख़ासकर तब, जब हम शिक्षा और आधुनिकता का लबादा ओढ़े घूम रहे हैं।
सिनेमा में भी देखें, तो वेश्यावृत्ति को उजागर करने वाली तमाम फ़िल्में बनी हैं—जैसे ‘गंगूबाई’, ‘देवदास’ या ‘कलंक’। इन सभी फ़िल्मों में कहानी लगभग एक जैसी है। वहाँ स्त्री की पीड़ा पर सवाल तो उठाए जाते हैं; लेकिन वह पूरी सच्चाई क्यों नहीं दिखाई जाती, जो दिखाई जानी चाहिए? कोई भी स्त्री अपनी ख़ुशी से ख़ुद को या अपनी देह को बाज़ार में नहीं लाती, मजबूरियाँ और समाज के बनाए जाल उसे वहाँ धकेलते हैं। पर पुरुष? अगर पुरुष इस बाज़ार में जाना बंद कर दें, तो यह बाज़ार अपने आप ख़त्म हो सकता है। असली सवाल उस माँग पर है, जिसे पुरुष पैदा करते हैं; न कि उस स्त्री पर, जो अपना पेट पालने के लिए या किसी मजबूरी में वहाँ खड़ी है।
अस्ल में इसकी जड़ हमारी परवरिश में छिपी है। हमारे घरों में बेटियों को बचपन से ‘इज़्ज़त’ और ‘मर्यादा’ के नाम पर डराया जाता है और सिखाया जाता है कि कैसे बैठना है, कैसे कपड़े पहनने हैं। लेकिन बेटों को कभी यह नहीं सिखाया जाता कि किसी की देह और भावनाओं का सम्मान कैसे करना है। यही परवरिश आगे चलकर पुरुष को बेख़ौफ़ बनाती है और उसके भीतर स्त्री को केवल एक ‘उपभोग की वस्तु’ समझने की सोच पैदा करती है।
जिस उम्र में मैं हूँ, उसमें अपने से बड़ी उम्र के लोगों से ज़्यादा बात करती हूँ। उनकी पुरानी बातें सुनती और समझती हूँ। सब्ज़ी बेचने वाली आंटी से लेकर खाना बनाने वाली आंटी तक, जब मैं बात करती हूँ और वे मुझसे ज़िंदगी की सच्चाइयाँ साझा करती हैं, तो दिल दहल जाता है। कुछ दिन पहले की बात है। आंटी ने बताया कि एक बहुत ग़रीब लड़की है। उसकी माँ भी नहीं है। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना जीवन चला रही है, लेकिन उसके अपने ही पिता ने उसके साथ शारीरिक रूप से ग़लत किया। पहले तो यह सुनकर लगा कि शायद मैंने ग़लत सुन लिया है। फिर जब उन्होंने पूरी बात बताई, तो मेरी आँखों में आँसू आ गए और मुझे बहुत तेज़ ग़ुस्सा आया। मैंने उनसे कहा कि आप उस लड़की को मुफ़्त खाना और ज़रूरत का सामान दिया कीजिए। उन्होंने कहा, “हाँ बिटिया, मैं देती हूँ।”
उस पल मुझे लगा कि कितनी बड़ी विडंबना है! बाज़ार में रुपए फेंक कर किसी स्त्री का शरीर ख़रीदना हो या घर की चहारदीवारी के भीतर रिश्तों की मर्यादा को रौंदकर अपनी ही बेटी को नोचना... ऊपर से देखने पर ये दो अलग-अलग दुनिया की घटनाएँ लग सकती हैं, लेकिन दोनों की जड़ एक ही है। दोनों जगह पुरुष की वही भूख और वही विकृत दृष्टि काम कर रही है, जो स्त्री को एक जीता-जागता इंसान मानने के बजाय केवल ‘देह’ समझती है। फ़र्क़ बस इतना है कि बाज़ार में इस विकृति को ‘रसिकता’ का नाम दे दिया जाता है और घर की दहलीज़ के भीतर चुप्पी की चादर से ढक दिया जाता है। आज मैं यह सब लिख रही हूँ, क्योंकि लिखने का उद्देश्य सिर्फ़ इतना ही होना चाहिए कि समाज का हर वह कोना उजागर किया जाए, जहाँ कुछ छिपा हुआ है।
हमारे ही बीच ऐसे कितने पुरुष हैं जो ‘झूठे प्यार’ का नाटक करके एक साथ या हर महीने कई लड़कियों की भावनाओं और शरीर से खेलते हैं। क़ानून और समाज में उनके इस काम के लिए एक अलग और हल्की परिभाषा बना दी गई है—‘धोखाधड़ी’ या ‘ब्रेकअप’। मगर उन पुरुषों के चरित्र पर कोई दाग़ क्यों नहीं लगता? पेट की आग बुझाने के लिए पैसे लेने वाली स्त्री तो ज़िंदगी भर के लिए बदनाम हो जाती है और झूठे प्यार की आड़ में देह का खेल खेलने वाला पुरुष बिना किसी कलंक के ‘सभ्य’ बना घूमता है।
आख़िर यह कैसा समाज है? अगर यह समाज स्त्री को ‘वेश्या’, ‘रंडी’ जैसी गालियों से कलंकित करता है; तो वही हिसाब उस पुरुष से क्यों नहीं माँगता, जो इस बाज़ार का ख़रीदार है? और अगर समाज पुरुष के चरित्र पर कोई सवाल नहीं उठा सकता, तो स्त्री के लिए गढ़ी गई इस अपमानजनक भाषा को भी हमेशा के लिए मिटा देना चाहिए। ताली कभी एक हाथ से नहीं बजती। जब तक हम पुरुष के चरित्र का हिसाब नहीं माँगेंगे, तब तक किसी भी स्त्री को कटघरे में खड़ा करने का हमें कोई हक़ नहीं है।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
शिवानी को और पढ़िए : बौद्धिक परिसर या सामंती अखाड़े : डीयू में सिसकती नैतिकता और कल के प्रोफ़ेसर
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट