मेरी अघोषित सखी
सुनैना
20 नवम्बर 2026
ज़िंदगी लंबा सफ़र है। इस सफ़र में कोई शुरुआत से अंत तक साथ नहीं रहता, चाहे भी तो नहीं रह सकता। ज़िंदगी के भी अपने नियम हैं, जिनमें अनगिनत-अनचाहे मोड़ हैं। हर मोड़ पर मिलना-बिछड़ना तय है। कभी-कभी किसी मोड़ से अकेले भी चलना पड़ता है।
मैं इस सफ़र के जिस मोड़ पर हूँ, अकेली नहीं हूँ। तुम्हारे ही जैसे निश्छल मन के कुछ लोग हैं, मेरे साथ चलने के लिए। तुम भी हो, लेकिन उस तरह नहीं हो, जैसे कुछ दिन पहले तक थीं।
तुम्हारी ज़िंदगी में आया मोड़ तुम्हें किसी और दिशा की ओर ले गया और हमारी ज़िंदगी के रास्ते जुदा हो गए। मुझे उम्मीद है, हमारे रास्ते फिर किसी मोड़ पर मिलेंगे, उसी पुरानी सकारात्मक ऊर्जा के साथ।
तुम्हारे साथ गुज़रा हर लम्हा पॉज़िटिविटी देकर गया। शायद ही तुम्हारी ज़िंदगी में आया कोई व्यक्ति इस पॉज़िटिविटी से वंचित रहा हो। इसका एहसास मुझे तभी हुआ था, जब मैंने तुम्हें पहली दफ़ा देखा था।
तुम्हारी खिलखिलाकर हँसने की अदा किसी को भी तुम्हारा मुरीद बना सकती है। जब मैं यहाँ आई तो मुझे नहीं पता था कि मैं फिर यहाँ आऊँगी या नहीं। मतलब, इस नौकरी का हिस्सा बनूँगी या नहीं। तुमसे मिलना दो-तीन दिन बाद हुआ, लेकिन तुम्हारी हँसी ने तुम्हारी पहचान पहले दिन ही करा दी।
मैं वह हूँ, जो जल्दी से किसी को दोस्त नहीं बनाती। तुम वह हो, जो सबकी दोस्त हो। मैं भी तुम्हारी ऊर्जा से अछूती नहीं रही और तुम मेरी अघोषित सखी बन गई। तुम शायद पहले दिन से मेरी सखी थीं, मुझे तुम्हारी सखी बनने में समय लगा। जब तक मैं जता पाती, तब तक प्रोफ़ेशन हावी हो चुका था। इसी प्रोफ़ेशन के आवरण ने कभी मुझे ज़ाहिर ही नहीं करने दिया कि मैं भी तुम्हारी सखी हूँ।
यहाँ आने से पहले मैं एक ख़ास रिश्ता, अपनी पहली सखी को अति महत्त्वाकांक्षी होने के कारण खो चुकी थी। तो अब तुम्हारे प्रति महत्त्वाकांक्षी होने से बचना ज़िंदगी भर की हमारी दोस्ती के लिए बहुत ज़रूरी था। रिश्ते की मर्यादा और पर्सनल स्पेस उसे मज़बूत बनाते हैं। महत्त्वाकांक्षी होना बुरा नहीं है, लेकिन अति महत्त्वाकांक्षी होने के कारण रिश्तों की हदें पार हो जाती हैं। जैसे नदी अपनी हदें पार करके तबाही लाती है, वैसे ही लोग रिश्तों की हदें पार करके ख़ुद ही रिश्तों का दम घोंट देते हैं। ऐसी ही घुटन मैं झेल चुकी हूँ।
मुझे पता है, तुमने मेरा सहयोग पहले दिन से किया है, मेरे सामने भी और मेरे पीछे भी। बहुत कम लोगों में यह ख़ूबी होती है कि वे हर किसी के स्वभाव को समझ पाते हैं, उसका सम्मान करते हुए उसे अपनाते भी हैं। जो किसी से नहीं बोलता, तुम उसे भी घंटों बुलवा सकती हो। तुम वह हो, जो किसी को मायूस नहीं रहने दे सकती हो। यहाँ सबके तुम्हारे साथ जुदा अनुभव होंगे, मीठे, खट्टे, चटपटे और बेहतरीन।
समाज ने स्त्रियों की सुंदरता के बड़े ही अमान्य मापदंड तय किए हैं, जो सच हैं ही नहीं। किसी का गोरा होना उसके सुंदर होने का मापदंड नहीं हो सकता, यह मैं पहले से जानती थी। साँवला होना किसी की ख़ूबसूरती के लिए गोरे होने से ज़्यादा सहज हो सकता है, यह मैं तुमसे मिलकर ही जान पाई। मेरा रंग, क़द, आँखें, मुस्कुराहट, आवाज़ जैसी भी है, इस पर मेरा कोई ज़ोर नहीं है। फिर भी इस पर टिप्पणियाँ बहुत सुन चुकी हूँ, जिन्होंने मुझे कभी सहज नहीं होने दिया।
लोगों का मानना है, लड़की गोरी है, मतलब सुंदर है। सुंदर तभी होगी, जब गोरी होगी। अच्छी तभी होगी, जब पतली होगी, लंबी होगी। इस तरह की टिप्पणियाँ न जाने कितने चेहरों के लिए अपमान और असहजता की भूमिका अदा करती हैं। साथ ही, किसी के लिए अनावश्यक प्रसन्नता या घमंड की भूमिका भी अदा करती हैं। जब कभी एक ही परिवार में ऐसी दो बच्चियाँ हुईं, तो उन्हें एक-दूसरे से गोरे-साँवले की टिप्पणियों ने भावनात्मक रूप से दूर ही किया। कहीं इसकी वजह ईर्ष्या बनी, तो कहीं घमंड।
मैंने कहीं पढ़ा या सुना था, लड़कियों की ख़ूबसूरती के मापदंड में उसकी आँखें, मुस्कुराहट, लंबे बाल... इत्यादि होते हैं। यह सभी मापदंड किसी एक के अंदर मौजूद हों, मुमकिन नहीं होता, लेकिन तुम्हारे अंदर मौजूद हैं। यह क़ुदरत का तुम्हें ईनाम है। कोई इंसान भौतिक रूप से कैसा दिखेगा, यह उसके हाथ में नहीं है, क़ुदरत के हाथ में है और इसलिए ही मैं इन मापदंडों के आधार पर तुम्हें ख़ूबसूरत नहीं कह सकती।
मेरे लिए इन मापदंडों से कहीं ज़्यादा तुम ख़ूबसूरत हो। तुम्हारी हँसी और तुम्हारी आँखों से निश्छल स्वभाव झलकता है, जो किसी का बुरा नहीं चाहता और बिना स्वार्थ के अपना सहयोग देता है। यही चंचलता, निश्छलता और निःस्वार्थता तुम्हें औरों से ख़ास बनाती है। तुम्हारी ख़ूबसूरती में इज़ाफ़ा करती है।
वैसे तुम्हें एक-दो बार मैंने ग़ुस्से में भी देखा है। ग़लत को ग़लत कहने से तुम डरती नहीं। जहाँ कह नहीं सकती, वहाँ भी अपना विरोध जताना जानती हो। शायद एक बार मैंने भी अनजाने में तुम्हें नाराज़ किया है। लेकिन दिल से तुम्हें नाराज़ करने और खोने से डरती ही रही हूँ।
एक दौर था, जब तुम और मैं आमने-सामने थे, लेकिन जुदा। हम दोनों एक-दूसरे के पास दिखाई दे सकते थे, लेकिन साथ नहीं। गुफ़्तगू हमारे नैना करते थे, हम नहीं। नैनों से जज़्बात दिलों तक कितने पहुँचते थे, पता नहीं। क्योंकि आँखें सच पढ़कर भी अंदाज़ा ही लगा सकती हैं। यह वही दौर था, जब लगता था कि हमारी निःस्वार्थ दोस्ती को नज़र लग गई है।
तुमसे मिलने से पहले मुझे किसी भी रिश्ते में अति महत्त्वाकांक्षी होने से डर लगता था, तुमसे मिलने के बाद रिश्तों में नज़र लगने से डर लगता है।
बहुत लोग तुम्हारे जैसा होना चाहते हैं और हो नहीं पाते। शायद इसी कारण उन्हें तुमसे ईर्ष्या भी होती होगी। काश, मैं भी तुम्हारी तरह चंचल, निश्छल और निःस्वार्थ होती, लेकिन नहीं हूँ। अब सच यह है, काश होती, लेकिन होना नहीं चाहती, क्योंकि मुझे पता है, कोई तुम्हारे जैसा नहीं हो सकता, बिल्कुल वैसे ही जैसे कोई मेरे जैसा नहीं हो सकता। सबकी अपनी जुदा हस्ती है, कोई किसी के जैसा नहीं हो सकता।
तुमने सच कहा था, “अच्छे-बुरे लोग हर जगह मिलेंगे, हमें उन लोगों के हिसाब से उनसे डील करना आना चाहिए।” मुझे आता तो नहीं है, लेकिन अब सीखने की कोशिश कर रही हूँ। अगर मैं तुम जैसी होती, तो यह मेरे लिए इतना मुश्किल नहीं होता, जितना हो गया है। मुझे तुमसे ईर्ष्या नहीं होती। हाँ, कुछ नासमझ समझते हैं, शायद मुझे भी तुमसे ईर्ष्या होती हो... सच तो यह है कि मैं तुम्हारी नसीहतों को अपने व्यक्तित्व में ढालकर ख़ुद को तराशने की कोशिश कर रही हूँ।
मैं समझती हूँ, तुम जहाँ भी रहोगी, अपनी ऊर्जा और नसीहतों से लोगों को प्रोत्साहित करती रहोगी, साथ ही तराशती भी रहोगी।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
सुनैना को और पढ़िए : माँ होने से पहले एक स्त्री | हड़ताल, सड़क और साझा पीड़ा के दृश्य
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट