कहानी : अकथनीय
आसित आदित्य
13 नवम्बर 2026
सरकंडों के पार झिलमिल चाँद से जाने क्यों एक झटके में जोत ने नज़रें फेर लीं और उठकर बैठ गई। आहट पाकर चंदू ने भी मोम-सा जम आया अपना सिर घुमाया। उसके सामने जोत की पीठ थी—निवस्त्र, धनुषाकार, जिस पर चाँद टिका था। जोत ने पास पड़े अपने कपड़े खींच लिए और पहनने लगी। उसे शरम आने लगी थी।
जो हुआ था अभी-अभी, वह बस हो गया था। जोत को इसका यों ही हो जाना अच्छा लगता था। बग़ैर किसी तैयारी के, बग़ैर किसी प्रयास के, बग़ैर इस इच्छा के कि यह करना था। जोत को अच्छा लगता था कि देर रात वह चंदू के बगल में भट्ठे से थोड़ी दूरी पर, धान के खेतों के पास हल्की गुलाबी बलुई मिट्टी पर लेटी है। वह चंदू से बातें कर रही है। कहते-सुनते उसकी उँगलियाँ चंदू की उँगलियों से उलझ रही हैं, उसके पंजे उसके पंजों को छू रहे हैं, दो चेहरे जाने क्यों पास-पास खिंचे चले आ रहे हैं, देह में एक झुरझुरी-सी उठ रही है और... जोत को पता है कि चंदू को इसका यों होना ही सुहाता है कि वह उन बाक़ियों-सा नहीं है जिनके बारे में जब-तब उसे उसकी सहेलियाँ बताती रहती हैं; जिनको यह करना ही है के अलावा कुछ नहीं दिखता। अगर वह उन जैसा होता तो...तो बात यहाँ तक पहुँचती ही नहीं।
चलने के लिए कहकर जोत उठने-उठने को हुई तो चंदू ने उसका हाथ पकड़कर उसे अपनी तरफ़ खींच लिया। उसका चेहरा उसके नंग-धड़ंग सीने पर आ टिका। बिखर आए बाल—जिसे उसने अभी-अभी समेटा था—के लिए जब उसने चंदू को डाँटा तो उसने अपने दोनों हाथों से उसके पूरे बाल बिखेर दिए और उसके होंठ अपने होंठों से चिपका लिया। जोत ने उसे गाल पर एक थप्पड़ जड़ा और हँसते हुए उठ खड़ी हुई। खड़े-खड़े उसने जब अपने बाल समेटे तो चंदू ने उससे फिर वही बात कही। या कि उसे फिर से याद दिलाया।
अभी से इतनी ओस गिरने लगी है, शायद इस बार ठंडी अधिक पड़ेगी। धान के खेतों के बीच, मेढ़ पर चलते हुए जोत सोच रही है। सोचते-सोचते वह ठहरकर अपनी आँख उठाती है। वह देखना चाहती है कि कितनी ओस पड़ रही... क्या इतनी कि उस तरफ़ से बस्ती में घुसते ही पड़ने वाला पहला मकान—जिसमें वह रहती है, नहीं दिख रहा? नहीं दिख रहा। वाकई बहुत ओस गिर रही है। इतनी ही देर में देखो कि उसका कपड़ा कैसा गीला हो आया है। ठंडी लगने लगी है। अबकी ठंडी में कैसे रहेंगे बाबू जी अकेले? वह तो नहीं होगी इस बार। कैसे भी रहें, मुझे क्या! जोत गुनगुनाने लगी है। पहले वह नहीं गुनगुनाती थी, लेकिन अब...अब कुछ बदल गया है। कुछ महीनों से। जाने कैसे, कहाँ से ख़ुद-ब-ख़ुद स्वर उसके गले से फूट पड़ते हैं जब वह अकेले होती है और ख़ुश होती है। चलते-चलते वह धान की एक बाली नोंच लेती है। वह उससे अपने दाहिना गाल सहला रही है। अचानक देह में एक झुरझुरी-सी उठती है। ठीक वैसे ही जैसे चंदू के साथ... कभी-कभार। जाने क्यों उसका मन हो आता है कि वह धान की उस बाली से अपना गर्दन सहलाए। उसे धीरे-धीरे गर्दन से नीचे ले जाए। आहिस्ता-आहिस्ता। सीने तक। बीच की दरार तक। पलट जाने का उसका जी चाहता है। पहली बार है कि वह आज चाहती है—वह चाहती है कि वह फिर से चंदू के साथ वही करे (और चंदू उसके साथ) जो वह अभी-अभी कर के आ रही है। लेकिन नहीं... उसे अपने बाप से डर लगता है। उसकी माँ को भी उससे डर लगता था। बस कुछ दिन, कुछ दिन और! जोत सोचती है।
दाईं तरफ़ की झोपड़ी के दरवाज़े पर खड़ी बकरी—जिसे जोत टुकटुक कहती है और जिसने अभी कुछ रोज़ पहले ही बच्चे जने हैं—उसे देख मिमियाती है तो जोत की घिग्घी बँध जाती है। कहीं उसकी मिमियाहट से बरामदे में सो रहें बाबू जी जाग गए तो? दबे क़दमों से वह घर के अंदर चली जाती है। कमरे की बत्ती जल रही है, माने जाने से पहले उसने बुझाया नहीं था। एक दिन वह फँसेगी, इन्हीं करतूतों से एक दिन बाबू जी को पता चल जाएगा सब और...और वह पुल धराशाई हो जाएगी, जिससे होकर वह इस दुनिया से उस दुनिया चले जाने की आस लगाए बैठी है। और चंदू...? चंदू का क्या होगा फिर? वह तो जाने कबसे पगलाया है पुल पार करने को, जाने कबसे उसकी टाँगें ऐंठ रही हैं।
बत्ती बुझाकर जोत बिस्तर पर लेट गई। टाँगों के बीच उसे कुछ चिपचिपा-सा एहसास हुआ। बिस्तर पर पास ही पड़े एक कपड़े को उसने उठाया और अपने सलवार के भीतर डाल दिया। कपड़े के साथ चिपचिपा-सा एहसास भी बाहर निकल आया और उसके साथ ही अँधेरे में खो गया। जोत ने करवट बदल ली। आँगन में जल रही बत्ती की रोशनी—अपनी तय राह, यानी सीधी रेखा में—रोशनदान से होकर कमरे में आ रही थी, और बिस्तर पर पड़ी जोत को बग़ैर छुए ऊपर-ही-ऊपर निकल जा रही थी। लेकिन निकल कर कहाँ जाती भला! सो सामने की दीवार पर लटकती एक तस्वीर से टकराती।
अब माँ की उतनी याद नहीं आती, जोत ने सोचा। और अगले ही पल जोत ने इसके पीछे के कारण को भी धर दबोचा—इसलिए क्योंकि कल जहाँ माँ थी वहाँ आज चंदू है... और उसका इतना सोचना ही था कि माँ की याद—जैसे वह इसी की प्रतीक्षा में थी, पुरवाई के सरसराते झोंके-सी कमरे में घुस आई। अँधेरे में। याद में—चंदू की... और जैसा कि होता था, माँ की याद अकेले नहीं आई, माँ की याद के साथ बिन्नू की भी याद थी। माँ की याद के साथ वह ऐसे ही उलझी जैसे रात के सन्नाटे में उसकी और चंदू की उँगलियाँ।
बारह बरस की थी तब वह। बारह बरस बहुत होते हैं यह जानने-बुझने को कि कोई आत्मदाह क्यों करेगा। बारह बरस—देसी शराब के भभके में, गलियों में, मार-पीट में लिथड़े हुए! लेकिन जिस रात यह हुआ, इसी कमरे में हुआ जिसमें अभी जोत है, वह वहाँ नहीं थी। शायद यह माँ की रणनीति थी कि उस रात जोत को अपने मामा के यहाँ होना था। रणनीति... हुंह! बनाई भी रणनीति तो मरने के लिए! जोत कभी नहीं मरेगी... और वह भी आग से! तवे से हाथ जले तो जान निकल जाती है... वह मार देगी किसी को—बाबू को ही, पर मरेगी नहीं।
सुबह-सवेरे ही उसके मामा उसे अपनी दुपहिया पर बीच में बिठाकर अस्पताल ले गए थे। पीछे उसकी मामी बैठी थीं। एक लंबा-सा अँधियारा गलियारा था जिसके ऊपर लाल रंग से इमरजेंसी लिखा था। गलियारे के दरवाज़े के दोनों तरफ़ चबूतरे थे। बाईं तरफ़ के चबूतरे पर सफ़ेद चादर में लिपटी एक लंबी और उसके बग़ल में एक छोटी-सी देह पड़ी थी। मामा लंबी देह पर सिर पटक-पटककर रोने लगे थे। कुछ मिनट लगे थे जोत को समझने में कि क्या हुआ था। क्यों हुआ था समझने में ज़्यादा वक़्त नहीं लगा था। बिलखते हुए उसने आस-पास अपने बाप को खोजा था। वह उसे वहीं मार डालना चाहती थी। किसी ने बताया कि वह रात से ही ग़ायब था। उसकी माँ और उसके भाई को अस्पताल पहुँचाने के बाद से। इमरजेंसी वार्ड में घुसते ही डॉक्टरों ने उसे भगा दिया था। उसका मुँह महक रहा था। पूरा कमरा महकने लगा था। देसी दारू, दारू।
जोत माँ की तस्वीर को देखती है। साफ़ नहीं दिख रही तस्वीर। तस्वीर साफ़ है भी नहीं। लेकिन जोत को माँ साफ़ दिख रही है। स्पष्ट। वह देख रही है कि उसकी आँखें, उसकी नाक, उसके होंठ, उसका माथा सब माँ-सा है। हू-ब-हू तो नहीं, पर वह माँ-सी ही है अपनी। उसके बाल माँ-से नहीं हैं। वे घुँघराले हैं हल्के। और उसकी रंगत भी माँ-सी नहीं। जोत की त्वचा गोरी और साँवली के बीच कहीं अटकी-सी रह गई है। शायद यह उसने बाबू जी से पाई है। पर क्या जोत सुंदर है? वह सोचती है। चंदू तो यही कहता है। चंदू ही क्यों, गाँव के सब हरामी भी तो यही समझते हैं...यह न समझते तो क्यों दुपहरिया-तिजहरिया उसके घर का चक्कर काटते? पर उनका क्या है? सोचो तो चंदू का भी क्या? वह बिस्तर से उतरकर कमरे की बत्ती जला लेती है और दीवार से आईना उतार अपना चेहरा देखते लगती है। बाल ठीक से समेटे नहीं थे उसने, उसे एहसास होता है। वह एक बार फिर ख़ुद को डाँटती है। एक बार फिर उसे अपनी लापरवाही पर गुस्सा आता है। उसे अचानक चंदू की याद आती है। उसके देह की गरमाई की। जी चाहता है कि वह अपने कपड़े उतार दे और देखे वह जो चंदू देखता है। ख़ुद को वहाँ-वहाँ छुए, ठीक उसी तरह जैसे चंदू... लेकिन नहीं। वह ऐसा नहीं करेगी। कमरे में दरवाज़ा नहीं है और भोर हो चली है...बाबू जी कब तो उठ जाएँ! लेकिन मन है की मानता नहीं। मन बार-बार पूछता है कि क्या वह वाकई सुंदर है, क्या उसकी छाती, उसकी कमर, उसके कमर से नीचे का हिस्सा...वैसा है भी कुछ उसमें जैसा हीरोइनों का होता है? जैसा सुंदर होता है? वह गले में लिपटा अपना दुपट्टा बिस्तर पर फेंक देती है और अपनी छातियों को टटोलती है। आइने को वापस दीवार पर लटकाकर वह अपने कमर के पास अपने दोनों हाथों से दोनों तरफ़ अपना सूट मोड़कर पीछे को खींचती है। वह देखती है की उसकी कमर कितनी पतली है। वह अपना हाथ पीछे ले जाती है। कमर से नीचे। वह महसूस करना चाहती है कि पीछे से वह कैसी दिखती है।
सूरज दूर कहीं धान के खेतों में लुढ़कने लगा था, जब जोत बर्तन धो-पोंछकर घर के बाहर बिछे खड़ंजे पर आ गई। एक लंबी रस्सी से बँधी टुकटुक वहीं घास चर रही थी और उसे हाल-फ़िलहाल जन्मे बच्चे जहाँ-तहाँ फुदक रहे थे। जोत ने एक ने गोद में उठा लिया और अपने सीने से ज़ोर से चिपटाए गोल-गोल घूमने लगी। हवा में उड़ रहा था उसका दुपट्टा, साँझ की उस बेला में जाड़े के आने की आहट थी... कि जोत के बहुत पास से साइकिल पर सवार राजू उसे घूरता और ट्रिन-ट्रिन घंटी बजाता निकल गया। जोत ने देखा था कि उसके सामने आकर उसने अपना हाथ अपने वहाँ रख लिया था। ऐसे जैसे उसे मसल रहा हो, या कि दबा रहा हो... कौन जाने! जोत को बुरा लगा, क्यों वह नहीं जानती थी। बस बुरा लगा था उसे। राजू की जगह अगर चंदू होता तो वह उसे मार देती; पर वह चंदू नहीं था। वह चंदू हो भी नहीं सकता था। चंदू ऐसा नहीं था। अगर वह यह चंदू को बता दे तो? नहीं, नहीं...उसे बुरा लगेगा। पर न बताए तो भी तो बुरा लगेगा उसे? वह इन्हीं ख़यालों में खोई थी कि धिमलाते-चलते, उसकी तरफ़ आते उसे बाबू जी दिखाई दिए। आज इतनी पी लिए कि एकदम चला नहीं जा रहा, और आज काम से भी जल्दी लौट आएँ... जोत मन-ही-मन भन्नाई और टुकटुक के पास चली गई। बाबू जी उसके बग़ल से वैसे ही गिरते-पड़ते, पाँव घसीटते गुज़र गए। उन्होंने जोत को कुछ नहीं कहा—न गाली, न ताना, न कोई उल्टी-सीधी फरमाइश। उसने चैन की साँस ली और टुकटुक को सहलाते हुए गुनगुनाने लगी।
अँधेरा घिरने लगा था जब जोत ने टुकटुक को लाकर उसके खूँटे से बाँधा और बरामदे में घुस गई। टूटी पड़ी चारपाई पर बाबू जी करवट लेटे हैं। आज इतना पी लिया है कि बोला भी नहीं जा रहा इससे, गाली तक नहीं दिया सकता... मर-वर जाए तो छुटकारा मिले... कि आगे बढ़ते जोत के पाँव अचानक ठिठकते हैं। ध्यान आता है कि बाबू जी का सीना फूल-पिचक नहीं रहा शायद कि साँस शायद... डरते-डरते (यह डर कहाँ से और क्यों, वह नहीं जानती) वह चारपाई के पास जाती है और उतरे रंग वाले एक गुलाबी शर्ट और मुचड़े फटे पैंट में क़ैद एक दुबली-पतली बीमार-सी काया को हिलाती है। देह हिलती है। चेहरा अजीब-सा दिखता है। उजली दाढ़ी, सिर पर सफ़ेद हो चले बिखरे बाल, नाक से बाहर को झाँकते बालों के गुच्छे। उसने बाबू जी को पहले इतना ध्यान से कब देखा था? याद नहीं आता। याद आता है तो यह कि देह में ताक़त नहीं है कि जैसे हिलाओ वैसे ही हिल रही है वह। वह दौड़ती है भीतर। लोटे में पानी लेकर आती है और उस चेहरे पर—जिसे जाने कितने अरसे बाद उसने आज ध्यान से देखा था—पानी के छींटे मारती है। दो आँखें खुलती हैं—पियराई। खाँसी उठती है और उसके साथ उठता है जिस्म का ऊपरी हिस्सा।
जोत बाबू जी के सिरहाने ज़मीन पर बैठी है। उसका हाथ उनके माथे पर है। वह डर नहीं रही, घबरा भी नहीं रही, दुःख-सा भी नहीं है कुछ आस-पास; पर फिर भी कुछ है...कुछ है कड़वा-सा जो मुँह में घुल रहा है, स्वाद बिगाड़ रहा है। बाबू जी जैसे-तैसे बता रहे हैं कि कमज़ोरी का एहसास है और काम पर भी वह बेहोश हो गए थे। डॉक्टर को दिखाने के लिए जोत कहती है। बाबू जी ने उसकी कलाई पकड़ ली है। उनका कलाई पकड़ना वैसा नहीं है जैसे चंदू का। अभी चंदू भी नहीं है। जोत बैठी है—सिरहाने, ज़मीन पर। अँधेरा घिर आया है। बाबू जी अब शांत हैं। पकड़ ढीली पड़ रही है। जाने वह सो गए हैं या बेहोश हो गए हैं फिर या कि...
आस-पड़ोस से दो-चार लोगों को बुलाकर जोत ने बाबू जी को गाँव के झोलाछाप डॉक्टर के यहाँ लाया है। वह चौकी पर लेटे हैं। शांत। डॉक्टर ने अभी-अभी एक सुई घुसाई है पिछवाड़े में और अब पानी चढ़ाने की तैयारी में मशग़ूल है। कमज़ोरी है बस—उसके हिसाब से। उसके हिसाब से साँझ को उधारी नहीं, इसलिए पहले पैसा जमा करना है। जोत बाबू जी के शर्ट की जेब टटोल रही है। कुछ है, कुछ है...कि उल्टी! अधपचे चावल के टुकड़े, अधगली दाल और ख़ून! शराब की गंध—नहीं। एमरजेंसी है—डॉक्टर के हिसाब से। उसके हिसाब से, हालाँकि गुप्त तौर पर, लक्ष्मी का आते-आते चले जाना है।
बाबू जी के फ़ोन से जोत से मामा को स्थिति से परिचित करा दिया था। मामा ने उससे कहा था कि वह अपने बाप को लेकर अस्पताल पहुँचे। जोत पड़ोस के झबरू चाचा के आगे गिड़गिड़ाई थी, और तब कहीं झबरू उसे और उसके होश-बेहोश बाप को अपनी टेम्पो में लादकर अस्पताल छोड़ आया था। मामा अस्पताल पहले ही पहुँच चुके थे। उनके गुस्से और जोत की रोनी सूरत की बदौलत बीमार को भर्ती कर लिया गया था। बीमार सोते-कराहते मरीज़ों के बीच बेहोश पड़ा था। उसके सिर के ऊपर लोहे की एक छड़ी से अटका प्लास्टिक का थैला लटक रहा था। एक पतली नली थी जो उस थैले से बीमार की देह को जोड़े हुए थी। डॉक्टर के आने में वक़्त था। डॉक्टर के आने का इंतज़ार था। इसी इंतज़ार में मामा थे—अपने मृत बाप को इसलिए कोसते क्योंकि उन्होंने उनकी बहन की शादी इस हरामख़ोर से करा दी थी, और उसी इंतज़ार में जोत थी... और जोत के पास चंदू था जो शायद उसी भट्ठे की बलुई मिट्टी पर बैठा, चाँद का कफ़न ओढ़े उसकी राह ताक रहा था। जोत को वहाँ होना था पर वह यहाँ थी। उसका मन हुआ कि एक दफ़ा उसे फ़ोन कर ले (क्योंकि वह तो उसे फ़ोन करेगा नहीं। क्यों नहीं करेगा? क्योंकि जोत ने ही उसे मना किया है—पकड़े जाने का भय!) लेकिन अगले ही क्षण मन बदल गया। उसे डर है कि फ़ोन पर वह उसकी आवाज़ सुनकर रो पड़ेगी। उसे रोना नहीं है। उसे मज़बूत बने रहना है। उसे जीना है। उसे उस पुल को पार करना है उसके साथ-साथ, जिसे पार करने की इच्छा वह इतने दिनों से अपने में लिए जी-मर रही है।
वह मामा को दीवार से पीठ टिकाए बेंच पर बैठी छोड़कर बाहर निकल आई। यह वही अस्पताल है जहाँ उसने बरसों पहले सफ़ेद कपड़े में लिपटी एक बड़ी और एक छोटी देह देखी थी। यह सरकारी अस्पताल है। बहुत कुछ बदल चुका है, बहुत कुछ है जो नहीं भी बदला है। वह जहाँ है, वहाँ से वह एमरजेंसी ब्लॉक देख सकती है। वह देख रही है। तब बहुत छोटा हुआ करता था वह, अब कितना बड़ा है! कितने सारे कमरे! अब तो दीवार पर पेंट से लिखा ‘इमरजेंसी’ भी उतना छोटा नहीं रहा। अब शायद सब कुछ इमरजेंसी है या इमरजेंसी जैसा है।
जोत का मन हुआ कि वह वहाँ जाए, उस चबूतरे के पास जहाँ बरसों पहले उसने एक सुबह... लेकिन उसे भय है। वह डर रही है। अस्पताल में मरे और भूत बन चुके हुओं से नहीं, बल्कि उन असंख्य-अदृश्य राजूओं से जो जहाँ-तहाँ लुकाए-छिपे अपना वो मसल रहे हैं, सहला रहे हैं, हिला रहे हैं... उस तरफ़ अंधेरा भी है काफ़ी। किसी से उसे धर दबोचा तो उसकी चीख़ क्या मामा तक पहुँचेगी? नहीं। लेकिन फिर भी, फिर भी... जोत जा रही है वहाँ, जहाँ अँधेरा है काफ़ी, जहाँ सफ़ेद कपड़ों में दो झुलसी देहें लिपटी हैं, जहाँ मामा बिलख रहे हैं और जहाँ बाबू जी नहीं हैं, जहाँ के बाद सब कुछ बदल जाना है। जोत जा रही है और उसके साथ चल रहा है चंदू। जी चाहता है कि वह उससे लिपट कर रो पड़े, वह उससे पूछे कि यह सब उसके ही हिस्से क्यों? लेकिन उसे रोना नहीं है, उसे हारना नहीं है। उसे जीना है उसके साथ जो बाक़ियों-सा नहीं, जो सबसे अलग है और इसलिए उसे प्यारा है, जो उससे दूर कहीं फ़िलहाल उसके साथ बलुई मिट्टी पर लेटा उसकी उँगलियों में अपनी उँगलियाँ उलझाए हुए है, जो अपने पंजे उसके पंजों से रगड़ रहा है, जो उसे बता रहा है कि अपने गाँव-घर और अपने लोगों से दूर वे दोनों कैसे रहेंगे और क्या करेंगे... और वह है उसके पास—उसे बताती कि वे क्या नहीं करेंगे।
देर रात डॉक्टर आया। देर रात डॉक्टर के साथ एक नर्स भी आई। चूँकि वह बारी-बारी से मरीज़ों को देखता आ रहा था, बाबू जी का नंबर देर से आया। उसने पहले नर्स से कुछ उलूल-जुलूल बातें की, फिर जोत से तमाम सवाल करने लगा : शराब कबसे पी रहा है? ख़ून की उल्टी कितनी बार हुई थी? कितना ख़ून आया था? कबसे हो रही उल्टी? कोई जाँच हुआ है लीवर का? कोई दवाई? जोत—जैसा वह चंदू के अलावा बाक़ी सबके सामने थी—कम-से-कम शब्दों में उत्तर देती रही। बीच-बीच में मामा कूद पड़ते रहें—जैसे उनके वहाँ होने का यही उद्देश्य था, जैसे जोत जो बता रही थी वह काफ़ी नहीं था। डॉक्टर ने पर्चे पर दर्ज़न जाँच लिख दिए और रिपोर्ट सुबह दिखाने को कहकर नर्स से फिर उलूल-जुलूल बका और अगले मरीज़ की तरफ़ बढ़ गया। नर्स उसके साथ ही आगे बढ़ गई। डॉक्टर के साथ नर्स का आगे बढ़ना उसका चंदू के साथ आगे बढ़ने जैसा नहीं है, जोत ने सोचा।
अगले रोज़ दोपहर तक जोत और मामा अस्पताल में यहाँ-वहाँ दौड़ते-भागते, अपनी बारी का इंतज़ार करते रहें। कहीं बाबू जी की नस से ख़ून निकलवाना था, कहीं उनको पेशाब कराना था और उनके भीतर से बाहर आए गर्म-पीले द्रव को एक छोटे-से डिब्बे में भरकर एक तय जगह पर रखना था (यह काम मामा ने किया), कहीं उनको एक ऊँचे बेंच पर लिटाना था और बाहर निकल जाना था... उनके दाहिने हाथ को अपने बाएँ काँधे पर टिकाए लेकर घिसटने का काम अधिकांश जोत ने किया। मामा तमाम काउंटरों पर पर्ची कटाने और पैसे भरने में लगे रहें। बीच-बीच में वे कभी इस तो कभी उस जगह जाते रहें जहाँ रिपोर्ट मिलना था।
सारे रिपोर्टों के मिलने तक काफ़ी देर हो गई थी। काफ़ी देर तक डॉक्टर के बैठने और मरीज़ देखने के कमरे के बाहर जोत और मामा को अपने मरीज़ को देखते हुए बैठना पड़ा था। यह देखना डॉक्टर की तरह मरीज़ देखने की तरह नहीं था, और ना ही वह मरीज़ था डॉक्टर के मरीज़ों की तरह। ख़ैर, इस भय से भयाक्रांत कि डॉक्टर अब उठा की तब, आख़िरकार बाबू जी का नंबर आ जाता है।
बाबू को दोनों तरफ़ से संभाले जोत और मामा उन्हें लेकर डॉक्टर के कमरे में घुसते हैं। कमरा ठंडा है। जोत पहली बार एसी वाले कमरे में घुसी है। थोड़ी ही देर में उसका सिर दुखने लगा है। डॉक्टर सरसरी निगाह से रिपोर्ट देख रहा है। मामा डॉक्टर को देख रहे हैं। जोत बाबू जी को देख रही है। बाबू जी जाने क्या देख रहें... कुछ देख भी रहे हैं!
लिवर सिरोसिस, डॉक्टर पास खड़े अपने सहायक से कहता है। फिर जोत और मामा से मुख़ातिब, या कि केवल मामा से... लिवर सड़ रहा है। कमर और नीचे के हिस्से के बीच कहीं रेंगती उँगलियाँ—चंदू की उँगलियों-सी नहीं। ढेर सारी चीटियाँ। पीपल के पेड़ के नीचे रेंगती चलती चली आईं यहाँ तक। भय। किस चीज़ से भय? किस चीज़ का? शराब बंद करना होगा, एक बूँद भी शराब और टिकट पक्की। कैसे बोल रहा है डॉक्टर! बोल रहा है या लिख रहा है? दोनों—दोनों एक साथ। ऐसे जैसे कुछ हुआ ही नहीं, कोई बड़ी बात नहीं। बड़ी बात है? है ही। तेल, मसाला, चिकनी चीज़ें नहीं लेनी। लिखते ही जा रहा, बोलते ही जा रहा। आराम करना है। किडनी भी अफेक्ट हो चुका है, क्रिटिकल कंडीशन है, थोड़ी-सी भी लापरवाही नहीं। सहायक पर्चा उठा रहा है। गजर-बजर कितना कुछ लिखा है पर्चे पर। दवाइयाँ हैं। इतनी सारी दवाइयाँ! कितने सारे रुपए...
लंबी सड़क के झिलमिलाते, अंत से प्रतीत होते उस दृश्य से, जो सड़क का अंत नहीं, से बहुत दूर कहीं लाल हो आया सूरज नीचे की तरफ़ सरक रहा है। वे लौट रहे हैं घर। उस घर की तरफ़ जहाँ सफ़ेद कपड़ों में लिपटी दो देहों से पहले का दृश्य है—अभी भी। मामा की दुपहिया है। हवा है। हवा में ठंडक है अब। उड़ता दुपट्टा है जोत का। बीच में बैठे बाबू जी हैं। वे शांत हैं। यह किस बात की शांति है? उनकी शांति से जोत को डर लग रहा है। वे शायद उदास भी हैं—बहुत उदास। उनके शरीर का एक-एक अंग, उनके दुपहिए पर बैठे रहने का ढंग, दृश्यों को पछाड़ती उनकी आँखों का घूमना... हर चीज़, हर एक चीज़ उनकी उदासी की गवाह है। उनके आगे मामा हैं। मुँह में गुटखा लिए, सिर पर टुटहा हेलमेट टिकाए। ड्राइवर मामा। मामा ने सभी दवाइयाँ ख़रीदी हैं। बिना कुछ कहे, बिना कुछ सोचे। कितने अच्छे हैं मामा! पर मामी...? कल मामी आएँगी घर, मामा कह रहे थे। ये आज चले जाएँगे शायद या कल जाएँ। मामी रुकेंगी कुछ दिन। मामी बिट्टो को लेकर आएँगी? लेकर आती तो दिन कट जाता। मामा से पूछना होगा, जोत ने सोचा। लेकिन इस सोचने को ठेल दूसरे सोचने ने उसे आ दबोचा : मामी आ गईं तो वह चंदू के पास... कैसे? नहीं जा सकेगी। अगर मामी को पता चल गया तो? मामा क्या सोचेंगे? नहीं, आज ही मौक़ा है, आज ही मिलना है, आज ही बता देना है सब। आज ही मिलेगी वह चंदू से। वह आएगा? आएगा ही। नहीं आया तो वह फ़ोन करके बुला लेगी। वह उसे सब बता देगी। वह उससे कहेगी कि बस कुछ दिन और; बस कुछ दिन बाद, जब बाबू जी ठीक हो जाएँगे तो वह उसके साथ भाग जाएगी कलकत्ता। बाबू जी कब ठीक होंगे? हो जाएँगे जल्दी ही। वह उनका ख़ूब ध्यान रखेगी। उनको दारू पीने तो क्या देखने तक नहीं देगी। काम पर नहीं जाने देगी वह उनको। लेकिन फिर घर का ख़र्चा? मामा करेंगे कुछ... अब तक किए ही हैं तो आगे क्यों नहीं। चंदू नाराज़ होगा शायद, कहेगा कि उसने सब प्लान बना लिया था। प्लान का क्या है! प्लान बदला भी तो जा सकता है। अब उसके ही बाबू जी या उसकी अम्मा ऐसे पड़ जाएँ तो क्या वह जाएगा? कहने पर तो कह ही देगा कि चला जाएगा, पर जाएगा नहीं। उससे यह भी कहना होगा कि जब तक मामी रहेंगी, वह मिलने नहीं आ पाएगी। इस बात पर चंदू रो दिया तो...? लेकिन उसके रोने से पहले रोना उसे ही आ जाएगा... लेकिन रोना नहीं है। रोने से कुछ होता है! कुछ दिन की ही तो बात है। कौन-सा मामी जनम भर रहेंगी? कितना रह लेंगी वह क्या जोत को नहीं पता है! वह चंदू से यह बात तो ज़रूर ही कहेगी कि वह अपनी उस चाचा की लड़की से दूर रहे। ये नहीं कि वह न आए मिलने तो वह उससे... वह कहेगा कि वह उसकी बहन है। वह कहेगी कि बहन हो या माँ, वह किसी औरत को उसके आस-पास बर्दाश्त नहीं कर सकती। अगर वह नहीं माना तो? मानेगा कैसे नहीं। कसम दिलाएगी जोत। काली माई की कसम! कसम नहीं खाया तो देगी एक मुक्का। वैसे वह मान जाएगा। उसकी बात चंदू नहीं टालता। चंदू बाक़ियों-सा थोड़ी न है—उसका चंदू! उसे यह बात भी समझानी पड़ेगी आज फिर कि कभी पगलाकर फ़ोन-वोन न घुमा दे। वह क्या जानता है मामी को! उनको भनक लगी नहीं कि लेकर जाते रहेगा अपनी बहन को कलकत्ता और विदेश। लेकिन मान लो कि अगर चंदू ने ये कह दिया कि अब तक तो वह अपने बाप को इतना भला-बुरा कहती रही, इतना कोसती रही, फिर उसके बीमार पड़ने पर वह ऐसे कैसे... क्या कहेगी वह? कुछ कह भी पाएगी? कुछ नहीं होगा उसके पास कहने को। हर बात को कहा थोड़ी न जा सकता है!
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
आसित आदित्य की और कहानियाँ यहाँ पढ़िए : प्रेम और अपराध और दंड | एक पापी की डायरी
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट