भूमिका : हम भिन्नताओं से बने पूर्णांक हैं
सुबोध शुक्ल
28 नवम्बर 2026
यह संकलन वाचिकता की दीर्घ और सचेत परंपरा का एक साभिप्राय पुनरावर्तन है। ‘जो कह सका’ शीर्षक स्वयं में एक आत्मस्वीकृति और एक सीमा की घोषणा दोनों हैं। जो कहा गया है वह लिखा नहीं गया, इसीलिए कहा गया है क्योंकि लिखा नहीं जा सकता।
शिरीष कुमार मौर्य के इन व्याख्यानों में जो सबसे पहले और सबसे तीखे रूप में सामने आता है, वह है भारतीयता की उस जटिल, बहुस्तरीय और लगभग असंभव-सी पूर्णांक संरचना की खोज, जो किसी सरल योग अंकगणित से नहीं बनती। इन व्याख्यानों का केंद्रीय वैचारिक सूत्र वही है, जिसे शिरीष बार-बार दोहराते हैं—हम अनेक भिन्नों से बना हुआ एक पूर्णांक हैं।
यह पूर्णांक न तो सरल अर्धांशों का योग है, न किसी एकात्मवादी संकल्पना की परिणति और न ही कोई भावात्मक नारा, बल्कि यह एक दुस्साहसी प्रस्ताव है कि हम जिन भिन्नताओं से निर्मित हैं, वे हमारी दैहिक, भाषिक और सांस्कृतिक आनुवंशिकता में ही अंतर्निहित हैं। लूसी से डेनिसोवन तक, होमो सेपियंस और नियंडरथल की सामाजिकी तक फैली यह यात्रा साहित्य और भाषा को किसी शुद्धतावादी अनुशासन से निकालकर मनुष्यता के दीर्घ विकास क्रम के भीतर रख देती है।
यह संवाद यहाँ अतीत की समीक्षा को भविष्य की शर्त बनाते हैं। पीछे देखे बिना आगे चलना उतना ही असंभव है, जितना सड़क पर बिना पीछे मुड़े वाहन चलाना। यह पीछे देखना न तो रोमान है और न ही प्रत्यावर्तन, यह आलोचनात्मक स्मृति है, जो धारणाओं को सत्य से अलग करती है और सत्य को धारणाओं के जाल से मुक्त करती है।
भाषा, साहित्य और समाज के रिश्तों की जो अंतर्कथाएँ यहाँ बुनी गई हैं, वे पाणिनी की धातु खोज से लेकर बुद्ध के पाली चयन तक और फिर लोक भाषाओं की जीवंतता तक फैली हैं। ये व्याख्यान बार-बार यह रेखांकित करते हैं कि भाषा कोई निष्प्रयोज्य उपकरण नहीं, बल्कि समाज के विस्तार और गठजोड़ का माध्यम है। जो लोक भाषा में नहीं रमती, वह शास्त्र में भी नहीं रम सकती और जो दीन-दुखी तक नहीं पहुँचती, वह धर्म या दर्शन की भाषा भी नहीं बन सकती, इसलिए बुद्ध का पाली उपदेश केवल भाषिक विकल्प नहीं, सामाजिक अभिनिवेश भी है।
व्याख्यान इस बात को प्रशासनिक और अकादमिक दोनों स्तरों पर ले जाते हैं—भाषा तब तक नहीं बचती जब तक वह व्यवहार में नहीं आती, और व्यवहार तभी संभव है जब वह आवश्यकताओं से जुड़ती है। लोकगीत, रितुरैण, भिटौली—ये सब साहित्य के अकादमिक पाठ से बाहर निकलकर जीवन की बुनियादी श्रम और स्मृति की याद दिलाते हैं। यहाँ साहित्य की सामाजिकता को राजनीतिक प्रोपेगेंडा से अलग किया गया है। साहित्य राजनीति नहीं करता, राजनीति साहित्य की ज़रूरत रखती है। यह भेद कोई तटस्थता का दावा नहीं, बल्कि साहित्य को उसके अभिव्यक्तिमूलक और आलोचनात्मक कर्तव्य से जोड़ने का प्रयास है।
हिंदी लेखक और एआई के दौर पर दिए गए व्याख्यान में मेधा और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का विरोध केवल तकनीकी नहीं, दार्शनिक है। मेधा को वेदों-उपनिषदों से उठाकर देखा गया है—वह कृत्रिम नहीं हो सकती। एआई सूचना देता है, पर बौद्धिक श्रम का वह व्यायाम नहीं कराता, जिससे मनुष्य के मस्तिष्क का लाखों वर्षों का विकास संभव हुआ है।
ये व्याख्यान हिंदी की बहुमात्रिक विरासत को याद दिलाते हैं—संस्कृत, प्राकृत, अपभ्रंश और उर्दू—और कहानी-कविता के माध्यम से दिखाते हैं कि साहित्य आदर्शों की स्थापना नहीं, मनुष्य के जीवन, उसके संघर्ष, उसके अन्याय और उसके मनोविज्ञान की अभिव्यक्ति करता है। शकुंतला का प्राकृत बोलना इसीलिए केवल नाटकीय उक्ति नहीं, समाज और शिक्षा की संरचना का संकेत भी है।
ये सभी व्याख्यान यहाँ अतीत और वर्तमान के बीच आवाजाही करते हुए तकनीक के अतिक्रमण को चेतावनी की तरह पेश करते हैं। जिनके पास पढ़ने का समय नहीं, उसे सुनाने का भी अधिकार नहीं। हमारा समय, हमारी कविता वाले व्याख्यान में समय को दिल्ली या किसी एक शहर तक सीमित न रखकर स्मृति, स्वप्न और यथार्थ के त्रिकोण में देखा गया है। महामारी के दौरान गांव लौटने और फिर काम पर लौटने वाले लोग वही लोग हैं, जिनमें हमारा समय रहता है।
कविता यहाँ बुनियादी श्रम को जानने का नाम है, विशेषकर उन औरतों के श्रम को जिन्होंने जीवन को कवितामय बनाया, स्मृति को मिथक बनने से बचाने की चेतावनी और जानबूझकर ग़लत वक़्त पर सड़क पार करने का रूपक, कविता को किसी सुरक्षित आस्वाद से निकालकर जोखिम और विडंबना के क्षेत्र में ले जाता है। यथार्थ यहाँ दारुण, कारुणिक और भयावह होते हुए भी शानदार है, क्योंकि उसी से हम मनुष्य बने रहते हैं, इसीलिए ये व्याख्यान व्यक्तिगत और सामूहिक यथार्थ की संधि पर खड़े हैं।
आधुनिकता बनाम उत्तर-आधुनिकता वाले व्याख्यान में बीसवीं सदी को विज्ञान, दर्शन और साहित्य के जटिल अंतर्संबंध में देखा गया है। अस्तित्ववाद, अलगाव और भारतीय साहित्यिक परंपरा के भीतर रघुवीर सहाय से लेकर आलोकधन्वा, वीरेन डंगवाल तक फैली यह पड़ताल—मंज़र और पसमंज़र दोनों को साथ रखकर चलती है। यहाँ आधुनिकता कोई पश्चिमी आयात नहीं, बल्कि भारतीय संदर्भ में उसके आंतरिक टूटन और संभावनाओं की जाँच है। आधुनिकता बनाम उत्तर-आधुनिकता पर व्याख्यान ल्योतार, बौद्रिया और देरिदा के विचारों के माध्यम से महान् आख्यानों के अंत, हाइपररियलिटी, विखंडन और स्थानीय अस्मिताओं के विमर्श को भारतीय संदर्भ में रखता है। दलित, आदिवासी और स्त्री विमर्श की समकालीन अभिव्यक्तियों का विश्लेषण करता है और उत्तर-आधुनिकता की कुछ अवधारणाओं की सीमाओं को रेखांकित करता है।
आचार्य द्विवेदी पर व्याख्यान अध्यापन की सहजता, इतिहास लेखन की आलोचनात्मक समीक्षा (विशेषकर रामचंद्र शुक्ल के इतिहास पर) और पत्रों के माध्यम से व्यक्तित्व के नए पक्षों को उजागर करता है। यहाँ आचार्य द्विवेदी की हँसी और सहजता, शास्त्रीय गंभीरता के विपरीत, साहित्य को लोकप्रिय और सार्थक बनाने का माध्यम बन जाती है।
इन व्याख्यानों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनको व्याख्यान होने से बचा लिया गया है। ये संवाद हैं—ज़्यादा बेहतर हो कहें बतकही है। इसीलिए वे अतीत को वर्तमान की समीक्षा के लिए इस्तेमाल कर पाते हैं और वर्तमान को अतीत के भार से मुक्त करा ले जाते हैं। वे साहित्य को उसकी सामाजिक अभिव्यक्ति से जोड़ते हैं, राजनीति से नहीं। भाषा को व्यवहार और लोक से जोड़ते हैं, शास्त्र से नहीं। कविता को बुनियादी श्रम और स्मृति से जोड़ते हैं, मिथक और आदर्श से नहीं।
जो कह सका, वह यही है कि हम भिन्नताओं से बने पूर्णांक हैं और उस पूर्णांक को समझने के लिए पीछे देखना, आलोचना करना और संवाद करना अनिवार्य है। यह पुस्तक मात्र व्याख्यान संग्रह नहीं, हमारे जीवन के सभी पहलुओं की वैचारिकी को क़िस्सागोई का रूप देने वाली कृति है। इसमें गौरव भी है, शर्म भी है और टीस भी है।
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट