Font by Mehr Nastaliq Web

एक लाख लोग ग़लत नहीं हो सकते

ek lakh log ghalat nahin ho sakte

संजय चतुर्वेदी

संजय चतुर्वेदी

एक लाख लोग ग़लत नहीं हो सकते

संजय चतुर्वेदी

इस अख़बार की एक लाख प्रतियाँ बिकती हैं

एक लाख लोगों के घर में खाने को नहीं है

एक लाख लोगों के पास घर नहीं हैं

एक लाख लोग

सुकरात से प्रभावित थे

एक लाख लोग

रात को मुर्ग़ा खाते हैं

एक लाख लोगों की

किसी ने सुनी नहीं

एक लाख लोग

किसी से कुछ कहना ही नहीं चाहते थे

भूकंपों के इतिहास में

एक लाख लोग दब गए

नागासाकी के विस्फोट में

एक लाख लोग ख़त्म हो गए

एक लाख लोग

क्रांति में हुतात्मा हुए

एक लाख लोग

साम्यवादी चीन से भागे

एक लाख लोगों को लगा था

यह लड़ाई तो अंतिम लड़ाई है

एक लाख लोग

खोज और अन्वेषण में लापता हो गए

एक लाख लोगों को

ईश्वर के दर्शन हुए

एक लाख लोग

मार्लिन मुनरो से शादी करना चाहते थे

स्तालिन के निर्माण में

एक लाख लोग काम आए

निक्सन के बाज़ार में

एक लाख लोग ख़र्च हुए

एक लाख लोगों के नाम की सूची इसलिए खो गई

कि उनके कोई राजनीतिक विचार नहीं थे

एक लाख लोग बाबरी मस्जिद को

बर्बर आक्रमण का प्रतीक मानते थे

एक लाख लोग

उसे गिराए जाने को ऐसा मानते हैं

एक लाख लोग

जातिगत आरक्षण को प्रगतिशीलता मानते हैं

एक लाख लोग

उसे समाप्त करने को ऐसा मानेंगे

एक लाख लोगों ने

अमेज़न के जंगल काटे

एक लाख लोग

उनसे पहले वहाँ रहते थे

एक लाख लोग ज़िंदा हैं

और अपने खोजे जाने का इंतज़ार कर रहे हैं

एक लाख लोग

पोलियो से लँगड़ाते हैं

एक लाख लोगों की

दाढ़ी में तिनका

एक लाख लोग बुधवार को पैदा हुए

और उनके बाएँ गाल पर तिल था

एक लाख लोगों ने

गणतंत्र दिवस की परेड देखी

एक लाख लोग

बिना कारण बीस साल से जेल में हैं

एक लाख लोग

अपनी बीवी-बच्चों से दूर हैं

एक लाख लोग

इस महीने रिटायर हो जाएँगे

एक लाख लोगों का

दुनिया में कोई नहीं

एक लाख लोगों ने

अपनी आँखों के सामने अपने सपने तोड़ दिए

एक लाख लोग

ज़मीन पर अपना हक़ चाहते थे

एक लाख लोग

समुद्रों के रास्ते से पहुँचे

एक लाख लोगों ने

एक लाख लोगों पर हमला किया

एक लाख लोगों ने

एक लाख लोगों को मारा।

स्रोत :
  • रचनाकार : संजय चतुर्वेदी
  • प्रकाशन : हिन्दवी के लिए लेखक द्वारा चयनित

संबंधित विषय

यह पाठ नीचे दिए गये संग्रह में भी शामिल है

हिंदी क्षेत्र की भाषाओं-बोलियों का व्यापक शब्दकोश : हिन्दवी डिक्शनरी

हिंदी क्षेत्र की भाषाओं-बोलियों का व्यापक शब्दकोश : हिन्दवी डिक्शनरी

‘हिन्दवी डिक्शनरी’ हिंदी और हिंदी क्षेत्र की भाषाओं-बोलियों के शब्दों का व्यापक संग्रह है। इसमें अंगिका, अवधी, कन्नौजी, कुमाउँनी, गढ़वाली, बघेली, बज्जिका, बुंदेली, ब्रज, भोजपुरी, मगही, मैथिली और मालवी शामिल हैं। इस शब्दकोश में शब्दों के विस्तृत अर्थ, पर्यायवाची, विलोम, कहावतें और मुहावरे उपलब्ध हैं।

Additional information available

Click on the INTERESTING button to view additional information associated with this sher.

OKAY

About this sher

Lorem ipsum dolor sit amet, consectetur adipiscing elit. Morbi volutpat porttitor tortor, varius dignissim.

Close

rare Unpublished content

This ghazal contains ashaar not published in the public domain. These are marked by a red line on the left.

OKAY