ज़हर : दाम्पत्य की दरकती कहानी
आदित्य मिश्र
28 नवम्बर 2026
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज में हर वर्ष आयोजित होने वाले त्रिधारा नाट्य महोत्सव की पहली प्रस्तुति थी, पंकज सोनी द्वारा लिखित और प्रवीण शेखर द्वारा निर्देशित नाटक ‘ज़हर’। 21 नवंबर की शाम लगभग साढ़े छह बजे मैं नाट्य स्थल पर पहुँचा। वहाँ लोग बेतरतीब ढंग से बैठे हुए थे। कुछ आपस में बातें कर रहे थे, तो कुछ फ़ोन पर व्यस्त थे। मंच की ओर से एक स्त्री की आवाज़ आ रही थी, जो नाटक से पहले प्रस्तुत की जाने वाली प्रस्तावना को समेट रही थीं। उनके बोलने के बीच ही नाटक की थर्ड बेल बजी। दर्शकों को दृश्यमान बनाने वाली बत्तियाँ धीरे-धीरे बुझने लगीं और नाटक शुरू हुआ।
नाटक दो व्यक्तियों की आपसी बातचीत के इर्द-गिर्द बुना गया था। दोनों का संबंध ज़हर की ख़रीद-फ़रोख़्त से था। इस ज़हर की कुछ ख़ास विशेषताएँ थीं। यह एक ख़ास क़िस्म का ज़हर था, जिसे लेने के बाद सब्जेक्ट को दर्द न हो, सब्जेक्ट ठीक दो घंटे बाद निष्प्राण हो जाए और उसके शरीर में ज़हर की मौजूदगी का कोई पता न लगा सके। पाहवा एजेंसी का मालिक रत्नेश पाहवा देखने में एक मामूली-सा केमिस्ट है, लेकिन इंटरनेट पर लोग उसे राजनगर के सर्वश्रेष्ठ ज़हर विक्रेता के रूप में जानते हैं। वह एक मारक और रहस्यमय ज़हर विक्रेता है। इस पात्र की भूमिका अनुभवी अभिनेता सतीश तिवारी ने निभाई, जबकि उनके सामने ग्राहक समीर अग्रवाल की भूमिका में अमर सिंह थे।
फ़ौरी तौर पर लगता है कि समीर अपनी पत्नी को ज़हर देना चाहता है, क्योंकि वह उसकी सिगरेट पीने की आदत को नियंत्रित करना चाहती है। इस बात को लेकर दोनों के रिश्ते ख़राब होने लगे हैं। किंतु कथा में धीरे-धीरे प्रवेश करते हुए बतौर दर्शक हमें पता चलता है कि समीर की कुंठा का कारण केवल सिगरेट नहीं है। दरअस्ल, यह एक सेल्फ़ मेड मैन की कुंठा है, जो अपने आस-पास के लोगों को अपने अधीन और ख़ुद से छोटा देखकर सुख पाता है।
ज़हर विक्रेता समीर की इसी कुंठा को कुरेदने की कोशिश करता है। वह कहता है कि आप सिगरेट की ग़ुलामी को अपनी इच्छा से स्वीकार करते हैं, जबकि पत्नी के सवालों को, जो कि जायज़ और वाजिब हैं, उन्हें ग़ुलामी मान रहे हैं। इस बात पर समीर का व्यवहार उसके व्यक्तित्व की कई परतें खोल देता है। दर्शक समझने लगता है कि सिगरेट को लेकर पति-पत्नी के बीच का संघर्ष महज़ एक छद्म संघर्ष (प्रॉक्सी कॉन्फ़्लिक्ट) है। इसके पीछे अलग-अलग सामाजिक और नितांत पारिवारिक कारण मौजूद हैं।
इन्हीं कारणों की पहचान कथानक को पूर्वदीप्त शैली के ब्योरेवार विश्लेषण का जामा पहनाती है, जिसमें रत्नेश धीरे-धीरे अलग-अलग प्रयासों से समीर को कुरेदता है और समीर अपने बीते समय को दुख, ईर्ष्या और घृणा के रूप में याद करता है। समीर और उसकी पत्नी का अंतर्जातीय विवाह, विवाह के बाद दोनों परिवारों का उनसे मुँह मोड़ लेना, समीर की आर्थिक तंगी और उसके चलते दांपत्य जीवन में आया अलगाव, पत्नी के साथ बिताए अंतरंग क्षणों में व्याप्त नीरसता, ये तमाम कारण हैं, जिनके सहारे समीर की कुंठा के मूल तक पहुँचने की कोशिश की जाती है।
मंच पर उपस्थित सबसे डॉमिनेटेड किरदार रत्नेश स्वयं के बहरा होने का दिखावा करता है, क्योंकि इस तरीक़े से उसे अपने बारे में दूसरों की राय जानने में मदद मिलती है। बात-बात में वह कहता भी है कि कभी-कभी दुनिया को उल्टा देखने से कई चीज़ें समझ आने लगती हैं। ग़ौरतलब है कि बहुत ही गुप्त तरीक़े से ज़हर का व्यापार करने वाला यह शख़्स अपने पेशे में काफ़ी मँजा हुआ है। इंटरनेट पर उसके ठिकाने का पता देने का तरीक़ा इस बात की तस्दीक़ करता है। वह कहता है, “मैं एक बिज़नेसमैन हूँ और दुनिया का हर आदमी मेरे लिए एक ग्राहक है।” उसके हावभाव से पता चलता है कि इंसान को मारना या इंसान का मारा जाना उसके लिए कोई ख़ास अर्थ नहीं रखता। यह तो उसके रोज़मर्रा का काम है। उम्र से बुज़ुर्ग यह विक्रेता अपने स्वभाव में अव्वल दर्जे का फ़िलॉसफ़र मालूम होता है, जहाँ वह हर बात को बिंबों और प्रतीकों से समझाता है। जैसे, वह सिगरेट को प्रेमिका के रूप में इंगित करता है, तो बीड़ी को पत्नी के रूप में।
वह कहता है, सिगरेट तंबाकू की उस नली के समान है, जिसके एक सिरे पर आग है, तो दूसरे सिरे पर बेवकूफ़। अपने पेशे में उच्च क़िस्म का पेशेवर यह आदमी ज़हर देने से पहले ज़हर लेने वाले ग्राहक की हर छोटी-बड़ी चीज़ का अंदाज़ा लगाने की कोशिश करता है और यही बात इस पात्र को एक सबल पात्र मानने के लिए पर्याप्त है। किंतु सबल से यहाँ अर्थ केंद्रीय न लिया जाए। मेरी नज़र में केंद्रीय पात्र तो समीर अग्रवाल ही ठहरता है, जिसके जीवन की विडंबनाएँ और उनके उत्पन्न होने का सिलसिलेवार क्रम इस नाटक के नाटकीय द्वंद्व का उत्तरदायी है, जहाँ हर घटना अपने से बाद आने वाली घटना का वैषम्य दिखाई पड़ती है। प्रेमिका से प्रेम और परिवार से द्वेष, कामनाओं की आकांक्षा की उम्र और उसके ठीक सामने आर्थिक संकट का यथार्थ, प्रेम की आकांक्षा और पत्नी का बच्चे के साथ मायके चले जाना, सम्मान की चाहत और उसके बदले ससुराल से मिलने वाले अपमानजनक ताने, पुत्र की असमय मृत्यु और समीर का आर्थिक सहायता के लिए नसबंदी का निर्णय, ये सभी घटनाएँ मैंने जिस क्रम में लिखी हैं, समीर के जीवन में ठीक इसी क्रम में घटती हैं और संयुक्त रूप से नाटक की नाटकीय विडंबना को सुनिश्चित करती हैं।
नाटक के अंतिम हिस्से में जब मिस्टर पाहवा (या पावा) वह ख़ास क़िस्म का ज़हर रत्नेश को देने के बदले कहते हैं कि मैंने वह ज़हर तो तुम्हारी चाय में मिला दिया है, तब यह बात बतौर दर्शक अधिक गोपनीय नहीं रह जाती कि नाटक का अंत एक उपदेशात्मक सीख के साथ होगा, जहाँ पति-पत्नी को साथ रहने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और अंत में होता भी ऐसा ही है। चाय में ज़हर मिलाने की बात झूठ रहती है और बिना ज़हर दिए रत्नेश कुल अठारह हज़ार रुपये समीर से ठग लेता है। चलते-चलते वह यह भी कहता है कि “अपनी पत्नी को भी यहाँ का पता दे दीजिएगा, शायद उनके मन में भी आपके लिए ऐसे ही ज़हर बन गया हो।” ऊपरी तौर पर तो यह बेहद सकारात्मक सीख देने वाली बात लगती है, लेकिन इसके पीछे हमें यह भी याद रखना चाहिए कि कुछ देर पहले इन्हीं रत्नेश ने कहा था, “मैं एक बिज़नेसमैन हूँ और दुनिया का हर आदमी मेरे लिए एक ग्राहक है।” सवाल यह उठता है कि किसी मनोग्रंथि के कारण अवसाद और कुंठाग्रस्त इंसान की मदद की आड़ में कितने ही लोग अपना उल्लू सीधा करने लग जाते हैं। रत्नेश ने समीर को ज़हर नहीं बेचा, यहाँ तक तो ठीक, लेकिन बिना किसी बात के उससे पैसे ले लेना नाटक के बाद एक मगजपच्ची का कारण बन जाता है कि रत्नेश का व्यवहार स्वीकार्य है या नहीं।
इस मंचन हेतु मंच-सज्जा की बात करें तो मंच-सज्जा शुरू से अंत तक स्थायी थी, जिसकी तस्वीर कुछ यूँ बनती है: मंच के बीचोंबीच एक कुटियानुमा घर की आकृति, जिसका दरवाज़ा अत्यधिक छोटा था और उसमें दाईं ओर तरह-तरह की बोतलें रखी गई थीं, जो दर्शकों को यह विश्वास दिला रही थीं कि वे किसी दवाई या ज़हर की बोतलें हैं। बाईं ओर एक चूल्हेनुमा संरचना थी, जो रत्नेश पाहवा के भोजन प्रबंधन के लिए थी। इस कुटिया या कहिए कि छोटे कमरे के बाहर बैठने के लिए दो स्टूल और सबसे आगे बाईं ओर पाहवा एजेंसी, राजनगर का बोर्ड था। मंच पर प्रकाश की व्यवस्था टोनी जी ने की थी। शुरुआत के कुछेक दृश्यों में म्यूज़िक और इंस्ट्रूमेंटल साउंड को और बेहतर किया जा सकता था। कभी-कभी मंच पर बात करते किरदारों का एकालाप उबाऊ लग रहा था। शायद यहाँ हम दर्शकों की सीमा भी स्वीकार कर सकते हैं, लेकिन जहाँ-जहाँ आपसी संवाद थे, वहाँ नाटकीय तनाव महसूस हो रहा था। केवल दो किरदारों के साथ मंचित यह नाटक अपने आपसी संवादों के कारण भी प्रशंसनीय है। तो इस प्रकार यह थी बैकस्टेज समूह की नाट्य प्रस्तुति ‘ज़हर’।
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट