सहन : चुप्पी की अंतिम सीमा
शैरिल शर्मा
22 जून 2026
घरेलू हिंसा पर केंद्रित फ़िल्मों की भीड़ में ‘सहन’ अपनी संयमित अभिव्यक्ति, सौंदर्यबोध और गहन संवेदनात्मक परतों के कारण, एक विशिष्ट स्थान अर्जित करती है। यह फ़िल्म अपने कथ्य को किसी ऊँचे स्वर में नहीं कहती, बल्कि इसके विपरीत यह चुप्पी को ही अपनी सबसे प्रभावी भाषा में रूपांतरित करती है। निर्देशक प्रभाकर मीना पंत, इस चुप्पी को एक निष्क्रिय स्थिति के रूप में नहीं, बल्कि एक सक्रिय संरचना की तरह बरतते हैं। एक ऐसी संरचना, जिसके भीतर अपमान, हिंसा, कुंठा और मानसिक विघटन की अनेक परतें धीरे-धीरे उद्घाटित होती हैं।
फ़िल्म का नायक पेशे से एक अभिनेता है। एक ऐसा व्यक्ति, जिसकी सार्वजनिक छवि संवेदनशील, सुसंस्कृत और सहृदय जैसे गुणों से निर्मित होती है। किंतु यही अभिनय उसके निजी जीवन का सबसे बड़ा विडंबनात्मक तत्त्व बन जाता है। फ़िल्म की शुरुआत से ही उसका टूटा हुआ पैर, एक स्थायी दृश्य-चिह्न की तरह उपस्थित रहता है। यह शारीरिक अक्षमता मात्र एक दुर्घटना का परिणाम नहीं, बल्कि उसके भीतर पनप रही असुरक्षा, हीनताबोध और आंतरिक असंतुलन का रूपक भी है। उल्लेखनीय यह है कि वह इस दुर्घटना की ज़िम्मेदारी भी, अपनी पत्नी नुसरत पर आरोपित करता है। यह आरोप उसके उस मानसिक ढाँचे को उजागर करता है, जिसमें अपनी विफलताओं का कारण स्त्री को ठहराना—एक सहज प्रवृत्ति बन चुकी है।
घर की चाहरदीवारी के भीतर, यह व्यक्ति बिल्कुल अलग रूप में सामने आता है—बेहद क्रूर, नियंत्रक और गहरे स्तर पर असंवेदनशील। उसकी हिंसा बहुस्तरीय है; यह केवल शारीरिक आक्रमण तक सीमित नहीं रहती, बल्कि मानसिक, भावनात्मक और यौन स्तर पर भी अपने अतिरेक का विस्तार करती है। फ़िल्म का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण और असहज पक्ष यह है कि यह वैवाहिक संबंधों के भीतर घटित ‘नॉन-कंसेंशुअल सेक्स’ को बिना किसी आवरण के प्रस्तुत करती है। यहाँ सहमति की अनुपस्थिति को ‘दांपत्य अधिकार’ के रूप में वैध नहीं ठहराया गया, बल्कि उसे स्पष्टतः हिंसा के रूप में चिह्नित किया गया है। इस प्रस्तुति के माध्यम से फ़िल्म स्त्री की देह, उसकी स्वायत्तता और इच्छा की उपेक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
नुसरत का चरित्र इस फ़िल्म की आत्मा है। वह कम बोलती है, किंतु उसकी चुप्पी ही उसकी सबसे सशक्त अभिव्यक्ति बन जाती है। उसके चेहरे के सूक्ष्म भाव, उसकी दृष्टि की थकान और उसके शरीर की जड़ता—ये सभी संकेत उसके भीतर चल रहे क्रमिक क्षरण के साक्ष्य हैं। फ़िल्म इस चरित्र को किसी नाटकीयता या अतिरंजना के सहारे नहीं गढ़ती, बल्कि धीरे-धीरे, परत-दर-परत उसके मानसिक विघटन को उद्घाटित करती है। यह धीमी गति दर्शक को उस पीड़ा के साथ गहराई से जुड़ने का अवसर देती है, जो प्रायः सामान्य जीवन की आड़ में अदृश्य ही बनी रहती है।
फ़िल्म का एक अत्यंत विचलित कर देने वाला दृश्य वह है, जब नायक अपनी ही सीमाओं और विघटन के बीच, कमरे में ही शारीरिक नियंत्रण खो देता है। यह दृश्य किसी सनसनी या चौंकाने के उद्देश्य से नहीं रचा गया, बल्कि उसके चरित्र के आंतरिक विघटन और पूर्ण पतन को रेखांकित करने के लिए रखा गया है। यहाँ दर्शक केवल असहजता का अनुभव नहीं करता, बल्कि उस पूरे वातावरण की क्षयग्रस्तता को महसूस करने लगता है, जिसमें नुसरत का अस्तित्व घुट रहा है।
सिनेमाई स्तर पर ‘सहन’ का ट्रीटमेंट अत्यंत विचारपूर्ण और सघन है। मंद प्रकाश, गहरे साये, सीमित स्पेस और बंद कमरों का प्रयोग; केवल दृश्यात्मक वातावरण रचने के लिए नहीं, बल्कि पात्रों की मानसिक अवस्थाओं का विस्तार करने के लिए किया गया है। कैमरा प्रायः स्थिर रहता है, जिससे दृश्य में एक प्रकार की जड़ता और ठहराव उत्पन्न होता है। लंबे, ठहरे हुए शॉट्स और न्यूनतम संपादन के माध्यम से एक क्लॉस्ट्रोफ़ोबिक संसार निर्मित होता है, जिसमें दर्शक स्वयं को भी क़ैद अनुभव करता है। यह क़ैद केवल भौतिक नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्तर पर भी गहरी है।
ध्वनि और मौन का संतुलन, इस फ़िल्म की एक और उल्लेखनीय विशेषता है। अनेक दृश्यों में सन्नाटा ही सबसे प्रभावी ध्वनि बनकर उभरता है। यह सन्नाटा निष्क्रिय नहीं, बल्कि अर्थ-संपन्न है। यह दृश्य के भीतर निहित तनाव और असहजता को और अधिक तीव्र कर देता है। यद्यपि कुछ स्थानों पर पार्श्व-संगीत को और प्रभावी बनाया जा सकता था; फिर भी फ़िल्म का ध्वनि-परिदृश्य, उसकी संवेदनात्मक संरचना के अनुरूप है।
फ़िल्म की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि यह घरेलू हिंसा को एक पृथक घटना के रूप में नहीं देखती, बल्कि उसे व्यापक सामाजिक-सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में स्थापित करती है। हलाला और भ्रूण हत्या जैसे मुद्दों का समावेश इसी दृष्टि का परिणाम है। ये प्रसंग कथा में आरोपित प्रतीत नहीं होते; बल्कि उसी सामाजिक ताने-बाने का हिस्सा लगते हैं, जहाँ स्त्री का अस्तित्व निरंतर नियंत्रित, विनियमित और सीमित किया जाता है। निर्देशक इन विषयों को बिना किसी उपदेशात्मकता के प्रस्तुत करता है, जिससे उनका प्रभाव और अधिक गहन हो उठता है।
फ़िल्म का चरमोत्कर्ष वह क्षण है, जब नुसरत की सहनशीलता अपनी अंतिम सीमा पर पहुँच जाती है। यह विस्फ़ोट आकस्मिक नहीं है, बल्कि लंबे समय से संचित पीड़ा, अपमान और दमन का स्वाभाविक परिणाम है। इस दृश्य की विशेषता इसकी संयमित प्रस्तुति में निहित है। यह किसी नाटकीय उत्कर्ष के बजाय एक शांत, किंतु निर्णायक क्षण के रूप में सामने आता है। यहाँ फ़िल्म कोई आसान समाधान प्रस्तुत नहीं करती, बल्कि एक कठोर यथार्थ को उद्घाटित करती है। हर चुप्पी की एक समय-सीमा होती है और जब वह टूटती है, तो उसके परिणाम अनिवार्यतः गहरे और अपरिवर्तनीय होते हैं।
अंततः ‘सहन’ केवल एक फ़िल्म ही नहीं, बल्कि एक दर्पण है। ऐसा दर्पण, जिसमें समाज की वे दरारें साफ़ दिखाई देती हैं, जिन्हें हम अक्सर सामान्य मानकर अनदेखा कर देते हैं। यह फ़िल्म दर्शक को केवल कहानी नहीं सुनाती, बल्कि उसे एक असुविधाजनक सच्चाई के साथ अकेला छोड़ देती है। यह हमें मजबूर करती है कि हम अपने आस-पास की चुप्पियों को नए अर्थों में पढ़ें, क्योंकि हर ख़ामोशी के भीतर एक कहानी होती है और हर कहानी के भीतर एक सीमा। ‘सहन’ इसी सीमा के दरकते-दरकते, पूरी तरह टूट जाने का दस्तावेज़ है—धीमा, असहज, लेकिन गहराई तक उतर जाने वाला। और शायद यही कारण है कि फ़िल्म ख़त्म होने के बाद भी, उसका प्रभाव लंबे समय तक मन में बना रहता है।
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट