Font by Mehr Nastaliq Web

मैं कविता की दुनिया में कैसे आया-3

यहाँ से आगे... 

कविता का अनुभव

अभी तक यह सवाल सीधे तौर पर सुलझा नहीं है, कैसे कविता तक पहुँचा। शायद कोई भी सहसा ऐसा नहीं कर पाता होगा। कविता लिखने का अनुभव बताने से पहले यह जान लेना शायद ज़रूरी है कि ऐसा ख़याल हमेशा से मन में रहा होगा कि एक दिन कविता करूँगा। बस लिखने के दिनों में वह दबा रह गया होगा, कहीं भीतर। गहरे। कौन से उत्प्रेरक रहे, जब यकायक लगा जो मुहावरा इधर कविता में तैर रहा है, वह मुझे भी एक दिन मिल गया। सर ने यही कहा था। मुहावरा पकड़ो। पर कैसे इस तक पहुँचा जा सकता है, यह बिना पढ़े संभव नहीं था। कुछ कविताएँ पढ़ लेता और लिखना शुरू कर देता, तब भी एक समय तो उस कविता के बाहर गुज़र ही रहा होता है। 

कविताओं को पढ़कर दो-तीन बातें सतह पर पकड़ में आती हैं। पहली, कविता को कैसा लिखा जा रहा है। दूसरी, उसे कैसा लिखा जाना चाहिए। तीसरी, कैसा नहीं लिखा जाना चाहिए। इन तीन बातों को समझना इतना आसान नहीं है। इन तीनों की अपनी समझ बनाने में बहुत वक़्त ख़र्च हो गया। कैसे लिखा जाता है, इसमें बहुत सारी ऐसी बातें हैं जिन्हें पढ़ने के अभ्यास में हम जानने लगते हैं। मेरे लिए तो लिखे जाने की एक कसौटी यह है कि भावों को ऐसे कहा जाए कि लगे इसे इसी तरह कहा जा सकता था या फिर किसी पंक्ति में जो भाव आया, वह हम पर भी उतना असर डाल पाने में सक्षम होगा। नहीं भी होगा तो एक ठीक-ठाक कोशिश वह ज़रूर करेगा। 

जब थोड़ा बहुत समझ आता है, तब हम लिखना शुरू करते हैं। इस लिखने में सबकी अपनी-अपनी शैलियाँ बनती हैं। हमारा जीवन, उसका अनुभव, शब्द-भंडार, आदतें, विषयों का चयन सब कुछ कमरे में बैठने और कुछ भी लिखने से पहले हमारे पास रहता है। इसमें रद्दोबदल हमारे व्यक्तित्व का हिस्सा बन जाता है। घर से बाहर आने पर वह अनुभव हमारे साथ हो लेते हैं, जिन्हें घर में रहते हुए कभी समझ नहीं आ पाते। लोगों से मिलना और अपने से बाहर की दुनिया देखना भी उतना ही स्वाभाविक है, जितना भीतर की तरफ उतरते हुए बैठे रहना। बैठे रहते सोचना। कुछ न सोचना। 

पढ़ते हुए एक और जगह ध्यान जाता है कि जो अनुभव या जैसा मन हम लोगों का बन जाता है, रचना में यदि वैसा भाव दिखता है, तब वह रचना हमें भाती है। ऐसा कहने का एक अर्थ यह भी है के हर रचना हर पाठक को छू पाए, यह संभव नहीं। इसी तरह उस पाठक को कभी न छू पाए, यह भी उतना महत्त्वपूर्ण है। जो रचना आज ठीक नहीं लगी, वही पंक्ति या रचना कुछ समय बाद उसके भीतर रिस सकती है। इसलिए रचनाओं के पास समय-समय पर जाने से वह अनुभव बदल सकता है। उसमें बहुत कुछ जुड़ सकता है या छूट सकता है। यह भी हो सकता है, आप अपने ही किसी आग्रह या पूर्वग्रह को संशोधित करें। उसमें बदलाव करें। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। बहुत समय बाद किसी रचना तक लौट कर आने से यह अनुभव बदल सकता है। 

कविता की शुरुआत

इसे लिखकर ही मुझे समझ आया जिस बात को इतनी मर्तबा दोहराता रहा, उसमें कुछ तो था, जो मुझे शुरुआत से ही खटकता रहा था। नहीं भी खटका हो, तब भी एक अधूरापन उस ख़याल में था। सतह पर वही तैर रहा था, इसलिए चार-पाँच साल यही सोचता रहा। अब जबकि इस सवाल पर लिखते हुए दो-तीन महीने हो चुके हैं, दिमाग़ काम कर रहा है। लगातार। लगातार यह सोच रहा है : क्या इतनी-सी बात रही होगी! आलोक ने कहा और मैं कविताएँ करने लगा। करने लगा से पहले सोचने लगा कि कविता भी तो आज़माई जा सकती है।

यह ट्रिगर था जिसे विज्ञान की शब्दावली में ‘उत्प्रेरक’ कहा जाता है। वह अगर उस दुपहर अपने भाई के कमरे पर यह बात मुझसे न कहता तो संभव है कि न जाने आगे आने वाले कितने साल और बीत जाते और वे बातें जो कविता की शक्ल में पंक्तियाँ बनकर मेरे भीतर से बाहर आईं, आ न पातीं। कविता भीतर कहीं सो रही थी, ऐसा नहीं है। लेखन में यह बात ऐसे नहीं कही जा सकती। कविता मुझसे नहीं होगी, यही लगता था। लेकिन लगने से कुछ नहीं होता। जब करने बैठ तब लगता है, यह इतना भी आसान काम नहीं है। दरअस्ल, यह कोई काम नहीं है; यह भी बहुत बाद में समझ सका। जब कुछ टकराता है, उसका एक बार टकराना काफ़ी नहीं होता। वह बार-बार अपनी आवृत्ति में उसी तरह आने की कोशिश करता लगता है और हर बार अपनी शक्ल बदलता रहता है। इसी में सब रचनाएँ होती हैं। यही मुझे लगता है। वह भीतर हर बार कुछ न कुछ तोड़-फोड़ ज़रूर करता है। 

कविता का पहली बार छपना 

कहीं किसी पत्रिका में भेजी पहली कविता या पहली रचना कौन-सी है, इस वक़्त बताना बहुत मुश्किल है। वह याद भी रह जाएँ ऐसा क्यों होगा? एक पत्रिका थी, जहाँ एक कहानी भेजी थी। वह कहानी न भी हो मुझे कहानी ही लग रही थी। उसका नाम ‘क़िस्सा गड़वा नौतला’ रहा होगा। काग़ज़ पर तीन या चार बार अपनी लिखाई में उसकी नक़ल को उतारते-उतारते हाथ में दर्द करने लगा था। तब भी वहाँ अक्षर ठीक से उन सादे काग़ज़ों पर एक सीधी रेखा में उतर पाए होंगे, कह नहीं सकता। वह एक प्रतियोगिता थी। जिसकी कहानी चुनी जाती उसे कुछ रुपये मिलते और कहानी उसी पत्रिका में प्रकाशित होती। कहीं किसी पत्रिका में उनका विज्ञापन देखकर मैंने वह कहानी उन्हें भेज दी। 

कुछ समय बाद वहाँ से एक जवाब आया। पोस्टकार्ड पर लिखा था—आपकी कहानी मिली। आप हमारी पत्रिका की सदस्यता ले लीजिए। तब मेरी नज़र में, जो कि बहुत समय तक बहुत ही तंग रही, यह बात हज़्म नहीं हुई। मेरे लिए यह सवाल ही नहीं था कि पत्रिका को चलाए रखने के लिए पूँजी की ज़रूरत होती है। कोई जवाब में अपनी पत्रिका के लिए सदस्यता के लिए भी कह सकता है। बहुत सालों तक तो यही सोचता रहा कि कैसे लोग हैं। कहानी के संबंध में कोई बात करने के बजाय अपनी पत्रिका के एक सदस्य को बढ़ाने के लिए पोस्टकार्ड भेज दिया। यह पोस्टकार्ड एक संवाद भी बन सकता था, जिसकी किसी भी संभावना को मैंने बढ़ने नहीं दिया। यह बिदकना बहुत सालों तक मेरे अंदर खड़बड़ाता रहा। इसके शोर में कोई और ध्वनि सुनाई ही नहीं दी। इसे एक ज़िद की तरह भी समझा जा सकता है, जिसमें एक बहुत छोटे दायरे में यही लगता रहा कि यह साहित्य की दुनिया मठ है। यहाँ किसी का भी छपना पहले से तय है। जो किसी को नहीं जानता, वह कहीं छप ही नहीं सकता। इस एकांगी दृष्टि ने मेरा कितना और कैसा नुक़सान किया, इस पर बैठकर सोचने का वक़्त अब मेरे पास नहीं है। बस यही लगता रहा, हम इसमें बाहरी हैं। कभी भीतर पहुँच भी पाएँगे, लगता नहीं था। 

ये बेकार बातें इसलिए लिखना ज़रूरी है; क्योंकि जब मेरी पहली कविता ‘वागर्थ’ (कोलकाता) के दिसंबर 2018 वाले अंक में प्रकाशित हुई, मेरे भीतर चलने वाली ये सारी बातें एक सिरे से पलट गईं। इनका कोई मतलब मेरे लिए बचा नहीं था। एक ऐसा झूठ या ऐसा आग्रह जो अपने भीतर रखे हुए था, वह बेमानी साबित हुआ। इन झूठों या कहें आग्रहों को अपने जिन तर्कों से पोषित किया था, उनका कोई मतलब नहीं रह गया था। आपकी कविता एक पत्रिका में आपको बिना जाने कोई संपादक प्रकाशित करता है। उसने केवल आपकी कविता पढ़ी और उसे लगा कि इसे अपने यहाँ जगह दी जा सकती है। 

पहली कविता को छपे छह साल से भी ज़्यादा हो चुके हैं। इतने वक़्त में सिर्फ़ कविता ही लिख पाया हूँ। किसी को जानकार मिलने का हुनर अभी आ नहीं पाया है। कम लोगों से मिलता हूँ। लोग मेरी कविता को जानते होंगे। मुझे कितना जानते होंगे या मुझे कभी मिले होंगे, यह बात वह दावे के साथ नहीं कह सकते। जब मिला ही नहीं, कोई सार्वजनिक उपस्थिति कभी रही नहीं... तब यह कैसे घटित होगा। आदतन किसी से भी यह उद्देश्य लेकर नहीं मिला कि आगे कुछ साध लिया जाएगा। कभी तो यह जानकर मिला ही नहीं कि मिलना पड़ेगा। कुछ झूठी-सच्ची बातें करनी पड़ेंगी। हो सकता है कि वक़्त बीतने के साथ यह धारणा भी बदले। इसमें भी कुछ अन्य बातें जुड़ जाएँ। अभी का सच यही है। 

वैसे लगता तो यह है कि जिसका लिखा पढ़ लिया, उसे सामने देखकर भी नहीं मिलना चाहिए। मिलकर अपने भीतर उसकी छवि टूटती है। न भी टूटे तो चिटक ज़रूर जाती है। मुझसे भी कोई मिलेगा तो उसे लगेगा, यही है वह—जो कविताएँ करता है। लगता तो नहीं है। उसे क्या कहूँ? जब उससे मिल रहा हूँ, तब न कविता कर पा रहा हूँ और न कुछ लिख रहा हूँ। तब तो केवल और केवल उससे मिल पा रहा हूँ। जो लिखने और उसके बाहर का जीवन है, उसे समझने की नज़र अभी हमारे यहाँ बनी नहीं है। हर वक़्त कुछ दिमाग़ में चलता है। कितना काग़ज़ पर उतर पाएगा, कोई नहीं कह सकता। जो मिल रहा है, उसे भी समझना होगा। जीवन सिर्फ़ काग़ज़ पर सिमटा हुआ नहीं है। उसके बाहर भी है। उसके बाहर जो है, वह भी जीवन का हिस्सा है। उसे कैसे झुठलाया जा सकता है। बस जो फाँक है या जो दूसरों को फाँक जैसा दिख पड़ता है या वह जिस फाँक को देखने की इच्छा से भरे रहते हैं, उनके लिए बस इतना ही कहना चाहता हूँ कि यह फाँक मेरे जीवन में कम से कम रहे, इसी कोशिश में हूँ। आपका मिलना। उसका बनावटीपन ऊब को पैदा करता है। इसलिए मुझे देखें, तब भी मिलने की इच्छा से न भरें। मैं भी नहीं मिलना चाहता किसी से। कोई रचना से बाहर कैसा है, इसे समझ लूँ पहले। तब मिलते हैं। तब तक मैं इंतिज़ार करने को तैयार हूँ। आप भी रहें। मिलना हो तो सालों साल मिलें। मिलते रहिए। तब जाकर कोई शख़्स समझ में आने लगता है। नहीं तो क्या है, आना जाना। 

बहरहाल, मठ वाली धारणा जो मेरे दिमाग़ की उपज थी, इसमें इस संसार से मेरा अपरिचय ज़्यादा था। जो नहीं जानेगा, वह ऐसा ही कुछ करेगा। न जानने के लाभ ये हैं कि आप अपनी कल्पना से कोई भी विचार गढ़ सकते हैं। कोई दिक़्क़त नहीं आती। किसी को नहीं जानते, इसलिए कहीं नहीं हैं। यह बात किसी को भी सच लग सकती है। मेरे उस्ताद ने कहा भी। बार-बार कहा। तुम जानते नहीं हो। जानोगे तो ऐसा नहीं कहोगे। मैंने उनकी बात नहीं मानी। वह लेखक संघ के कार्यक्रमों के विषय में मुझे बताते। मैं कभी नहीं गया। क्यों नहीं गया, इसकी अपनी वजहें रही होंगी। आज भी हैं। एक स्तर पर इसे इस तरह समझता रहा हूँ कि अपनी मर्ज़ी का जैसा लिखना है, वह किसी साँचे में जाकर कैसा हो जाएगा! बावजूद इसके इतने सालों में एक ढर्रा मेरा ज़रूर बना होगा। एक शैली मैंने भी विकसित की होगी। जो पढ़ रहा होगा और जो नहीं पढ़ रहा होगा, उन दोनों के लिए मेरा लिखा किसी न किसी तरफ़ आता या जाता हुआ ज़रूर लगता होगा। इस पर कोई भी कुछ नहीं कर सकता।

•••

जारी...

शचींद्र आर्य को और पढ़िए : 1 | 2

 

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट