कमरा नंबर 203 : एक समानांतर दुनिया
अभिषेक कुमार सिंह
13 नवम्बर 2026
सपनों की कालाबाज़ारी और तस्करी के दौर में एक तंत्र ने प्रशासनिक सेवाओं और उनसे जुड़ी हर सूक्ष्म चीज़ को हद से ज़्यादा रोमांटिसाइज़ किया है। अधिकारी की गाड़ी, कुर्सी, नेम प्लेट, पेन, कप और आई कार्ड तक रोमांटिक हैं। इसी क्रम में सबसे ज़्यादा रोमांटिक है ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट... इतना ज़्यादा रोमांटिक कि लाखों दीवारों पर सिर्फ़ इन्हीं इमारतों के पोस्टर रतजगा करवाने के लिए काफ़ी हैं। सच और झूठ के बीच जो बारीक रेखा है, वहाँ सरकार रहती है और उसी सरकार के एक ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का आँखों देखा हाल, वहाँ के नियमों, सुविधाओं और दबावों से परे, पेश है...
क़िस्सा कुछ यूँ है कि उत्तर भारत के सबसे प्रमुख प्रदेश की राजधानी में तमाम सरकारी इमारतों के बीच एक सरकारी प्रशिक्षण संस्थान भी है। प्रदेश की ख़ालिस संभ्रांत नौकरी में चयनित अधिकारियों में से वे अधिकारी, जिन्हें वसूली करने के उपक्रम में लगाया जाएगा, यहाँ लाए जाते हैं। बाक़ी सब कुछ ठीक है... अदब और चमक का शहर है, अच्छी व्यवस्था है, क़ायदे और नियम भी हैं। बस मामला यह है कि कोई क़ाज़ी, कोई कोतवाल नहीं है। अब हुआ कुछ यूँ कि जैसे एक तरफ़ अरबी घोड़ा हो और दूसरी तरफ़ एक यूरोपीय घुड़सवार, लेकिन दोनों खड़े हों किसी भारतीय रेसकोर्स में। यहाँ क्या, कैसे और कब करना है... यही यक्षप्रश्न बना रहेगा!
मेरा व्यक्तिगत वास्ता भी इसी पारिस्थितिकी तंत्र से पड़ गया। सरकार के हवाले से नाम अख़बार में आ गया था, इसलिए इस संस्थान में आना पड़ा...
इमारत ख़ूबसूरत है, हरियाली भी है, परिंदे भी उड़ते हैं, लेकिन रुकते नहीं हैं और हमें यहीं रहना था... लगभग दो महीने। तो आइए, फिर चलते हैं और देखते हैं इस दिल में बसे दिमाग़ को...
मुझे आवंटित हुआ था कमरा नंबर 203। वैसे तो 203 गणित के संदर्भ में कोई ज़्यादा दिलचस्प संख्या नहीं है, लेकिन मेरे लिए और धीरे-धीरे बाक़ी लोगों के लिए भी संख्या 203 एक ऐसे राजनीतिक राज़ जैसी बन गई थी, जिसे दिल में दबाकर रखना था। मेरे पार्टनर जेएनयू से थे, लेकिन बेहद शरीफ़ और व्यवस्थित थे। अंत आते-आते वे शायद मेरे बारे में ऐसा नहीं सोच पाएँगे। हम लोगों के बीच कोई संबंध नहीं था, लेकिन एक ज़बरदस्त इक्वेशन थी। इक्वेशन इतनी ख़ूबसूरत कि हम लोग सारी दुनिया का ग़म एक-दूसरे को ब्रीफ़ कर देते थे, सबको तौल देते थे और फिर सो जाते थे। न एक-दूसरे की कोई तारीफ़ करते थे, न कोई शिकायत। हाँ, एक-दूसरे के मेहमानों और निजता का सम्मान हम लोग ख़ून का घूँट पीकर भी करते थे। मेरा और उनका मामला इतना संजीदा हो गया है कि अब ताउम्र शराफ़त से निभ जाएगा।
ख़ैर, हम लोगों ने 203 को एक दुनिया बनाने का फ़ैसला किया। तमाम सामान, समय, संघर्ष और शोध के बाद उसकी दीवारों को ज़िंदा, मेज़ को मानवीय और बची हुई जगह को ज़िम्मेदार बना दिया था। पहले लोग आज़मगढ़ से उनकी लाई हुई मिठाई खाने आते थे और मेरी चाय पीकर लौटते थे। बाद में लोग मुझसे मिलने और उनको सुनने आने लगे और लौटने लगे। लेकिन समय के साथ, हमारे म्यूचुअल कंसेंट से और तमाम लोगों की नई नफ़ासत का ख़याल रखने के क्रम में ब्लैक कॉफ़ी का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ, जो आख़िरी दिन आने तक एक समाँ बन चुका था।
न हमने किसी को बुलाया था, न किसी ने किसी को भेजा था। समय के साथ बस लोगों को ऐसा लगने लगा था कि 203 ने उन्हें बुलाया है। वाला सीन बन गया था। हमारे यहाँ साथी नहीं, क्लाइंट्स आते थे, मुख़्तलिफ़ क़िस्म की समस्याएँ लेकर। उनको कई चरणों में सुकून के नियम समझाए जाते थे। एक दफ़ा रैंक वन आए। ऐसे मोहित हुए कि सुबह चार बजे तक बैठे रहे। अपने पुराने लोगों को भी टरका दिया और उनके ग़म-ओ-ख़ुशी का क़िस्सा ऐसा चला कि न वे अगले दिन क्लास गए और न आख़िरी दिन तक हमारे कमरे का पता भूले!
एक दफ़ा तो हम दोनों रूम पार्टनर्स हार मान बैठे थे। हुआ यूँ कि एक सज्जन संजीदगी से प्रेम और प्रपंच के सटीक नुस्ख़े माँगने चले आए। इलाहाबादी तेवर उनके बस का था नहीं। जेएनयू वाली बातों पर वे कार्ल मार्क्स का गला घोंटने लगते थे। फिर हमने लगभग हारकर ग्राउंड फ़्लोर पर रहने वाले एक फ़ंकी लखनवी अधिकारी को आवाज़ लगाई। उनका यह था कि वे सीधे मूल तत्त्व तक एकदम सरल भाषा में पहुँचते थे और हर तरफ़ तेज़ाब वाली गर्मी फैला देते थे। लेकिन यहाँ वे कुछ हद तक हार रहे थे। फिर कई क़ाबिल लोगों और उपकरणों के माध्यम से बिसात बिछाई गई और सारे पासे एक साथ फेंक दिए गए। इंतज़ार ज़्यादा हुआ नहीं और तत्काल प्रभाव से पूरी बिसात ही टूट गई... ख़ैर, इस उपक्रम के बाद लगभग हफ़्ते भर 203 सारे एक्सपर्ट्स के फ़ीडबैक का ठिकाना रहा।
चूँकि संस्थान सरकारी था, सारी व्यवस्थाओं का भी दावा था, लेकिन कोई क़ाज़ी नहीं था, इसलिए कोई भी कुछ भी कर या कह सकता था। शुरुआती एक-दो हफ़्तों तक बहुत ज़्यादा औपचारिकता थी। वह औपचारिकता सॉफ़िस्टिकेशन वाली थी। लोग एक-दूसरे को जानना चाहते थे, लेकिन जान नहीं पा रहे थे। इसलिए लाज़िमी था कि अफ़वाहों का दौर चले...
ऐसे ही एक मैडम के बारे में तमाम बातें हर तरफ़ से उड़-उड़कर आने लगीं और हर कोई अपने-अपने स्तर पर उनकी तस्दीक़ करना चाहता था। कोई घी डालता, तो कोई हवा देता, लेकिन बातें थीं कि ख़त्म ही नहीं होती थीं। उस पर भी मज़े की बात यह कि मैडम को इसका रत्ती भर भी फ़र्क़ नहीं पड़ता था। ठीक-ठाक समय गुज़रने के बाद जब मेरी उनसे एक-दो दफ़ा कुछ बातें हुईं, तो लगा कि वे एक इंसान में तीन-चार इंसान लेकर चल रही हैं। अंदर काफ़ी गहराई है और सब कुछ सुलझा हुआ है। वही सब ख़ूबसूरती बनकर चेहरे पर आ जाता है। लेकिन जनता तो जनता ही है, चाहे जहाँ की हो!
मेरे बग़ल में 204 में सबसे दिलचस्प शख़्स रहते थे—बिलासपुर के एक तिवारी जी। उनके बारे में भी यह भ्रांति थी, या यूँ कहिए कि उनका नकारात्मक आभामंडल ऐसा था कि वे अधिकारी लगते ही नहीं थे। लेकिन जब उनके साथ बैठना शुरू हुआ, तो लगा कि ये क्या ही इंसान हैं! उनके पास ख़ालिस पूर्वोत्तर के कई मफ़लर थे, जिन्हें वे बरमूडा के साथ भी एकदम ठसक से पहनते थे। और कोई उनसे लेकर उन मफ़लरों को गमछे की तरह लपेट ले, तो उनका आर्ट एंड कल्चर का पूरा लेक्चर निकल आता था। जब नीचे गाना बजना शुरू होता था, तो तिवारी जी मेरे कमरे में आकर बैठते थे और कहते थे, “अभिषेक जी! आप लोग तो बुद्धिजीवी लगते हैं, समझाइए इन ##* को, ये सब क्या है, ये सब स्कूल-कॉलेज वाली ##**# से कैसे मज़ा पा रहे हैं सब!”
वैसे तिवारी जी के कमरे में आप बिना नॉक किए कभी भी जा सकते थे। वे हमेशा तमाम सामान के बीच लेटे हुए मिलते थे और बात करते थे, तो मेरे जेएनयू वाले रूम पार्टनर पर भी भारी पड़ते थे।
203 के बहुत क़रीब ही था रिक्रिएशन रूम, जिसका दबाव मेरे कमरे पर साफ़ दिखता था। वहाँ अगर माहौल बन जाएगा, तो वह 203 को अपने में घोल ही लेगा। लेकिन कई बार तो 203 में ही इतना माहौल बन जाता था कि उसे घुमा-फिराकर रिक्रिएशन रूम में शिफ़्ट करना पड़ता था। एक बर्थडे था, अपने बहुत ही ख़ास साथी का। उसकी पार्टी नीचे पूरी होने के बाद दो बजे के बाद 203 में आ गई। हम लोग मना किसी को कर नहीं सकते थे और मानता कोई था नहीं। पहले दस लोगों का चाय का दौर चला, फिर पंद्रह लोगों का ब्लैक कॉफ़ी का दौर चला। सारे डिस्पोज़ल ख़त्म हो गए, लेकिन अभी बहुत कुछ बाक़ी था। जिनका प्रोग्राम था, वे लोगों को खुला निमंत्रण देकर बुलाए जा रहे थे और अंत में लगभग बाईस लोग एक-एक टुकड़ा पित्ज़ा खाकर वहाँ से विदा हुए। आख़िर में अगले दिन हम लोगों को अपने बाक़ी के लोगों की मेहमान नवाज़ी के लिए, जो रोज़ आते थे, वेट वाइप्स से फ़र्श पोंछना पड़ा।
मेरे सामने तीन कमरे थे—207, 208 और 209। यहाँ एक समूह या सेना जैसा कुछ रहता था। ये लोग कभी भी रणभेरी बजाकर सज्ज हो जाते थे और ट्रिप से पहली वाली रात तो पूरी रात सारी दुनिया का आह्वान करते ही रहे। बेशक इन लोगों ने अपना ख़ुद का नामकरण ‘राजाजी की फ़ौज’ कर लिया था, लेकिन 203 में ये लोग बड़े अदब से आते थे। पहले देखते थे कि किस शक्ल का और कौन शख़्स वहाँ पहले से बैठा है, लेकिन जाते थे पूरा फैलकर।
असल तासीर समझ आई गांधी जयंती के इवेंट के बाद। इसमें आर. के. नारायण के उपन्यास ‘वेटिंग फ़ॉर महात्मा’ का नाट्य रूपांतरण किया गया था। लोग मिल नहीं रहे थे और मानक ढीले करने पड़ रहे थे। मुख्य किरदार स्वामी के लिए तो जो साथी सामने आए, वे महानुभाव रंगकर्म का कुछ अनुभव रखते थे, इसलिए दिक़्क़त ख़त्म हो गई। लेकिन बाक़ी किरदारों की किल्लत हो रही थी। फिर धीरे-धीरे जगदीश, वेंकट और दुकानदार के लिए ऐसे लोग आगे आए, जो बिल्कुल नए थे, लेकिन उनकी अदाकारी काफ़ी नैसर्गिक भी थी। नारायण का किरदार निभाने वाले लाजवाब एक्टर हैं, इसलिए उन पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। और हाँ, मुख्य किरदार भारती के लिए जो हमारी साथी आगे आईं, वे उपन्यास के पैमाने पर बिल्कुल मुफ़ीद थीं, लेकिन वे हिंदी भी अँग्रेज़ी में बोल रही थीं। फिर आख़िरी दिन आते-आते उन्होंने नब्ज़ पकड़ ली, अपने संवाद भी ख़ुद लिखे और पूरे नाट्य रूपांतरण को बेहतर कर दिया। ख़ैर, साहित्य की सोहबत का तक़ाज़ा यह है कि अब भारती जी भी अँग्रेज़ी तक हिंदी और उर्दू में बोलती हैं।
समय के साथ 203 में हमेशा कोई न कोई आता ही रहता था, चाहे हम लोग हों या न हों। हाथरस के एक साथी थे, 210 वाले। वे चाय के लिए आते थे और बहुत सही बोलकर चले जाते थे। नीचे से एक बहुत सम्माननीय और वरिष्ठ साथी अधिकारी, जो फ़तेहपुर से थे, वे 203 का औचक निरीक्षण करते और तुरंत फुर्र हो जाते। बहुत अच्छा लगता था लोगों के साथ देर तक बैठना और उनको सुनना और सुनाते जाना। हर कोई उस क्रोशे वाले सूरजमुखी और उस घूमते पांडा को उठाकर कोई न कोई टिप्पणी ज़रूर कर देता था। ट्रिप के बाद ज़्यादातर वही लोग आते थे, जो या तो बहुत क़रीब थे या फिर जिनको कोई ख़ास काम था। ऊपर जिन फ़ंकी लखनवी अधिकारी का ज़िक्र है, वे तो एकदम बेतकल्लुफ़ होकर आते, लेटते, फिर फ़ोन करके औरों को बुलाते। लेकिन बोलते ऐसा थे कि बस आपकी आँखें फैलती जाएँ और आपके हाथ जुड़ते जाएँ। 206 से एक साथी, जो साहित्य में ख़ास दिलचस्पी रखते हैं, अक्सर आते थे, तमाम वीडियो बनाते, कविताएँ सुनाते और कई बार तो उनके साहित्य-जगत और फ़िल्म-जगत से जुड़े मेहमानों को भी 203 ने ही होस्ट किया था। नीचे जी10, जी9, जी11 में भी काफ़ी बैठकें होती थीं और वे लोग भी ग़ज़ब का ख़ूबसूरत माहौल बनाकर रखते थे। हाँ, एक बात ज़रूर है कि हम लोग जितनी बार इन कमरों में गए होंगे, उससे कहीं ज़्यादा बार इन कमरों के लोग 203 में आते थे।
203 में आते ही हर कोई कहता था कि बारिश हो रही है क्या? ऊपर के कूलर से पानी भी ऐसा गिरता था कि लगता था कि बारिश ही हो रही है। कबूतर सुबह-ओ-शाम मौजूद रहते थे, रोशनी ज़रूरत से ज़्यादा रहती थी और शाम काफ़ी देर से होती थी। आख़िरी के दो दिनों में हमने कोशिश की कि हर किसी को एक बार तो 203 में बुलाकर साथ में बैठ लिया जाए और हम काफ़ी हद तक कामयाब भी रहे। तमाम लोग तमाम बातें कहकर, बताकर या उड़ाकर उस आख़िरी दिन गए, जो अच्छा ही लगा। और सबसे ख़ूबसूरत लम्हा तो वह था कि 203 से आख़िरी बार निकलते वक़्त ज़रा भी अफ़सोस नहीं हुआ, क्योंकि हम उस कमरे को एक ज़िंदगी से ज़्यादा जीकर आए थे। फ़र्श और गद्दे पर हथेली रखी, एक तस्वीर ली और बस निकल आए।
203 में क्या-क्या नहीं हुआ और क्या-क्या और हो सकता था, यह हम ताउम्र सोच सकते हैं। चूँकि वहाँ कोई क़ाज़ी, कोई कोतवाल नहीं था, इसलिए हमने सब कुछ किया, लेकिन हर कुछ नहीं किया और हमने सब कुछ होने दिया, लेकिन हर कुछ नहीं होने दिया। हर अनकंफ़र्टेबल शख़्स को कंफ़र्टेबल होते और हर कंफ़र्टेबल शख़्स को अनकंफ़र्टेबल होते देखा हमने वहाँ। तमाम क़िस्से, योजनाएँ, सपने, प्रेम कहानियाँ, धोखे—ये सब लोग हमें बता गए और हम इनको सहूलियत भरे राज़ की तरह सहेजकर रखे हुए हैं। और तक़ाज़ा है सिर्फ़ उस 203 का...
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
अभिषेक कुमार सिंह को और पढ़िए : ओपेनहाइमर से ओडिसियस तक : साम्राज्यवादी महानायकों का खोखलापन | मिर्ज़ापुर : कहानीहीन अंतहीन सिनेमा | लखनऊ : वो शहर जो लाहौर और दिल्ली के बीच में कहीं फँसा हुआ है
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट