Font by Mehr Nastaliq Web

कहानी : वैतरणी

“ओ... री रीना! रीना ओ... री दौड़िए ज़रा... री ओड़ी मार स्ताबी कर! गैं चली गी री...

थारी ओ... गई... बाप रे... पाप ओय ग्या!

ओ... सिस्से... देखिये भाई तों भागिए रे, पाप ओय ग्या रे... इब क्या कराँ? भई मेर प... तो पुग्दी नि...! मेर पा तो नि भाग्या जांदा! राम राम... ए मेरे कृष्ण! बचायेदे रे... मेरे बगवान! ऊऊ काले... ओ... तों कहाँ मर ग्या रे... जईये मेरे बच्चे! तेंनो तो तैरना बी आवा रे, कुछ करदे मेरे लाल!”

“ले... इब क्या करां बी जाय का बी...? इब नि पकड़ सकदे एं! ओ गई... वा जैरी... बाप रे बाप... ओ मेरे बाबा, देख किस्त्रों उप्पर-निचा ओइरी...!”

कमर पर हाथ रखे, अपने लैंटर पर खड़ा, सिस्सा तौलिया लपेटते हुए बोला।

“ओरे भाई, तम जाओ ज़रा... कुछ ओय सका तो...!” इतने में काला भी अपनी छत पर आ खड़ा हुआ। “रे चाची, इब नि ओंदा कुछ! गउवां तो गई आथ मा ते...!”

चाची, ताई और नैहर आई बुआ गायों को जाता देख तड़प-तड़प जाती थीं। इधर ये लड़के हाथ में मोबाइल लिए बस जवाब दे रहे थे। कोई अपने सहन से हिलने को तैयार नहीं। चाची परेशान है, दुखी है। उसका कलेजा ऊपर को आता है, फिर नीचे जाता है, फिर ऊपर आता है। उसके मुँह से बोल ख़ुद-ब-ख़ुद फूट रहे हैं। उसकी साँस चढ़ने लगती है। आवाज़ का दम निकल जाता है और वह लगभग चीख़ने लग पड़ती है, पर सुनता कौन है उसकी?

वह तो चीख़ते-चीख़ते रोने ही लग पड़ी थी। सबको हाकें मारते उसका गला भर आया, लेकिन कोई सुने तो न! कोई छत पर, कोई सहन में... खड़े-खड़े तमाशा देख रहे थे सब के सब लड़के। इस परिवार में आज कोई मर्द था नहीं घर पर। या कह दें कि मर्द था ही नहीं! बीस-बाईस साल के सिस्सा और काला सुबह से ही मोबाइल पर बिज़ी थे। चाची के चिल्लाने पर दोनों छत पर थोड़े आगे की ओर आए और हाथ झाड़कर फिर अपने-अपने मोबाइल में आँखें घुसाए बैठ गए।

रीना बेचारी अकेली ही दौड़ पड़ी थी रवाड़े की ओर। गाँव में सभी लोग उचक-उचककर देख रहे थे जमना को! दूर पार के लोग-बाग एक-दूसरे को आवाज़ें दे रहे थे, चिल्ला रहे थे। सीटियाँ मार-मारकर लोगों को आगाह कर रहे थे, “ओये... ओ रे, उन्ग्गे न जाइयो रे! पाणी आय गा रे...!” रीना को भी सब लोग सीटियाँ मार-मारकर, आवाज़ें दे-देकर जमना की ओर जाने से रोक रहे थे, लेकिन वह बेचारी बेसुध-सी भागी जा रही थी। गायें उसकी जान हैं। दरअस्ल, गायें हैं तो उसकी जान है। उसे पता है, एक भी गाय बह गई तो घर पर उसकी ख़ैर नहीं!

दूसरे गाँव के कुछ और लोग अपनी गाय-डांगर को लिवाने सिर पर कफ़न बाँधे जमना की ओर दौड़ पड़े थे! जमना के दोनों ओर लोग ही लोग दिखाई दे रहे थे। औरतें, मर्द, बच्चे, बूढ़े, डंडे लिए, दराँत लिए और हाथों में रस्सियाँ लिए। सब ऊपर-नीचे दौड़ रहे थे। भाग रहे थे, बेचैन थे। बिना काम के? या काम था ये भी? करते भी क्या? बावले-से हो गए थे सब। जमना भयंकर रूप लेती जा रही थी। इसमें उतरने के लिए कलेजा हाथ पर धरना था। बीस साल से किसी ने जमना का ऐसा रूप नहीं देखा था। इतना पानी, बाप रे बाप! आर से पार तक लगभग आधा किलोमीटर का मैदान लील लिया था उसने। इतने सालों से जिस पर लोगों ने नाजायज़ क़ब्ज़ा कर रखा था, उसे वापस लेने आई थी वह। बस बीच का हिस्सा ख़ाली बचा था अभी तक, बाक़ी सब पर उसने फिर से क़ब्ज़ा कर लिया था। इस हिस्से को भी समेट रही थी, लेकिन धीरे-धीरे; उस तरह नहीं, जैसे दाएँ-बाएँ के पाट क़ब्ज़ाए थे। वहाँ तो सेना की तरह क़ब्ज़ा किया था उसने। आख़िर उसकी मल्कियत है भई!

जमना के दोनों पाट भारी हो चले थे। बीच का हरा मैदान अभी ख़ाली था। धीरे-धीरे पानी की छोटी-छोटी धारें इधर-उधर से झाड़ियों के बीच से घुसती चली आ रही थीं। लेकिन इसे लील लेने में अभी जमना को थोड़ा और वक़्त लगने वाला था।

इसी तप्पड़ पर बीचों-बीच कोई आधा दर्जन मवेशी फँसे पड़े थे। कुछ तो आराम से हरी-हरी दूब चर रहे थे! बेफ़िक्र! कभी-कभी पानी का शोर सुनकर सिर उठाकर ऊपर की ओर देख लेते, फिर अपने काम में लग जाते। कुछ फँसते जा रहे थे, भँवर में। कुछ भागे। कुछ भागते-भागते जैसे किसी फंदे में उलझ गए! गिर पड़े, तैरने लगे, बहने लगे! पानी पर कभी ऊपर दिखाई देते, कभी नीचे डूब जाते। कुछ ने कोशिश की, किनारे लग गए। कुछ साहिल पर आकर फिर से बहाव में फँसकर रवाना हो गए। सब एक ही दिशा में जा रहे थे। समंदर की दिशा में। जमना के घर की ओर!

जमना, हाँ, जमना ही तो कहते थे गाँव वाले उसे। चाची ने इसका नाम जमना ही सुना है, जब से वह इस गाँव में आई थी! होगा यमुना पढ़े-लिखे लोगों के लिए, चाची तो हमेशा जमना बोलेगी। और चाची ही क्या, सब तो बोलते हैं गाँव में! पढ़े-लिखे भी। सब लोगों ने जमना ही सुना है बचपन से, ज़ुबान पर चढ़ गया है। अब किताबों-अख़बारों में जितना मर्ज़ी पढ़ो यमुना, बोलेंगे तो जमना ही!

देखते ही देखते पूरी जमना ने जैसे मटमैले रंग की साड़ी पहन ली थी। एकदम मुलायम, बलखाती, लहराती, कहीं से ऊपर उठती, कहीं नीचे दब जाती! जैसे हवा में लहरा रही हो किसी नवयौवना की साड़ी!

दूर कहीं किसी किनारे कोई कवि बैठा होगा तो इसी तरह देख रहा होगा इस चढ़ी हुई जमना को! बिल्कुल ऐसे ही सोच रहा होगा उसे अपनी कविता में! कवि इसे अपनी कविता में पूरी की पूरी उतार देना चाहेगा! उँडेल देना चाहेगा अपने काग़ज़ पर! हू-ब-हू।

लेकिन यहाँ की दुनिया कवि की दुनिया से एकदम अलग है, प्रैक्टिकल दुनिया। यहाँ सब परेशान हैं उसके इस रूप से! चाची परेशान है, ताई परेशान है, बुआ परेशान है। परेशान हैं उसके पहलू में जीने-मरने वाले लोग। परेशान हैं उनके डांगर। माएँ परेशान हैं, बाबा परेशान हैं! आर से पार जाना है तो कैसे जाएँगे? जिनके पशु चले गए, वे परेशान हैं। किसी की गाभिन गाय चली गई, किसी की पाली-पलाई बछड़ी! किसी की दूध देने वाली गाय, किसी की कटड़ी, किसी की डेढ़ लाख की भैंस! सबके अपने-अपने दुःख, अपने-अपने सुख! सड़क चलते लोग गाड़ियाँ रोककर सेल्फ़ियाँ ले रहे हैं। ख़ुशी के मारे चिल्ला रहे हैं! उनके दुःख में और चाची के दुःख में अंतर है, चिल्लाने में अंतर है।

ठीक उतना अंतर, जितना शादी और गमी की शहनाई में होता है। जितना अंतर मय्यत के साथ बजते नगाड़े और देव के साथ बजते नगाड़े में होता है। यह अंतर उतना ही है, जितना अंतर देव ताल और मातम ताल में होता है। जबकि दोनों बार शहनाई वही होती है। दोनों बार नगाड़े भी वही होते हैं।

गाँव से कोई आधा किलोमीटर की दूरी पर है जमना, नीचे की ओर उतराई में। गाँव ऊँचाई पर नदी के दोनों ओर, छोटे-छोटे टीलों पर, पहाड़ों पर बसे हैं और तलहटी में आराम से, बिना शोर किए बहती है जमना। लेकिन आज यह आवाज़ कर रही है। शोर कर रही है, डरा रही है। आमतौर पर यह डराती नहीं है। गाँव का सहारा होती है। बस चौमासे में किसी-किसी साल थोड़ी क्रोधित हो जाती है। लेकिन इस बार तो...!

आदमी गाँव से जाते हुए उतराई में तो नहीं दिखता, पर जब वह रवाड़े में पहुँच जाता है तो दिखाई देता है।

“औरतें चिल्ला रही हैं बराबर। रो रही हैं! विलाप कर रही हैं! चाचियों-ताइयों को ज़्यादा मुहब्बत है बाखर से। ये औरतें हैं और औरतें ही वाहक हैं मुहब्बत की। मर्दों के लिए नदी में बह जाने वाले मवेशी जानवर हैं सिर्फ़! किसी को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता।

कुछ छोटे-बड़े लड़के हैं बस! मर्द के बच्चे, मर्द नहीं! सच कहा बुआ ने, ‘गाँव में एक भी मर्द नहीं है!’

बेटे, बाहर आकर तो देखो! कम ते कम रीना का तो पता कर लो! वो बचारी कल्ली जैरी! म्हानु कहीं दिखाई नि देरी इब तक! न मुड़ का आई! कहीं पाणी मा...! डर लगा भई, जाओ मेरे बच्चे...! ओ सिस्से, जाओ रे! काले, जाओ बेट्टे, देख का आओ! कहीं नज़र नि आई री वा!”

“बुआ, राड़ न लावा! यो तो अर साल का काम आ बी! किन्नी फेरी कै दिया... छोड़े न करो रवाड़े मा! सावण मा सबनू पता बई आव इ ए पाणी! उरी नि बरस रेया तो ऊपर पाअड़ में बरस्रिया होगा कहीं। यूँ तो चढ़े करा बी च्मासे मा... क्या कराँ बी?”

अपने-अपने रूम में सोफ़े में धँसे सिस्सा और काला अंदर से ही हिदायत देने लगे। बुआ चुप होकर एक ओर चली गई। चाची और ताई शायद नदी के किनारे तक ख़ुद ही चली गई थीं, धीरे-धीरे! उन्हें अब रीना की चिंता हो रही थी। रीना अब तक न तो वापस आई थी, न उसकी गायें। और न वह ख़ुद! कहीं दिखाई भी नहीं दे रही थी। बरसात में चारों ओर घास और जंगल में पता भी नहीं चलता, कोई दिखाई नहीं देता।

रीना पड़ोस की बहू है चाची के। उसका कोई ध्यान घर में तो रखता नहीं! गाँव में भी अब उसकी क़दर नहीं रही। शुरू में उसके पीछे-पीछे गाँव के आवारा लड़के ख़ूब जाया करते थे। उसने घास न डाला तो सब उसी से चिढ़ने लगे। अब कोई हेल्प करने को भी तैयार नहीं। परिवार में पशुओं की ड्यूटी उसी की है। पशु जहाँ भी जाएँ, लेकर आएगी। ख़ुद मरे या जिए! पर दूध देने वाले पशु न मरें! रीना शरीफ़ है, लेकिन स्वाभिमानी भी है। मुँह में ज़ुबान नहीं, कोई अति कर दे तो जवाब दे देती है, अन्यथा सब सहती रही है। अपनी लड़की हमेशा गाय होती है और बहू कराट। रीना है कि पैके से लेकर सोरयाँ तक गाय ही रही। सोरयाँ घर क्या, पूरे पिंड, पूरे गाँव में गाय ही है आज भी वह। घर में जैसा कोई ऑर्डर कर दे, चल देती है बेचारी। रीना औरत जात है। गाय भी औरत जात और ये नदी भी औरत जात है। औरत जात जब आपे से बाहर तभी होती है, जब अति हो जाए! जब उस पर जुल्मों की इंतिहा हो जाए! वैसे ही हो गई है जमना भी आज। बस रीना अभी आपे में है, पता नहीं कब तक!

रीना का पति भोला पहले ही भोला है। उसे भाँग पीने से फ़ुर्सत मिले तो कुछ बात हो। इस वक़्त भी पता नहीं कहाँ पड़ा होगा। सावन तो वैसे ही भोले का महीना है। भोला और कुछ करे न करे, सावन में काँवड़ उठाने के लिए सबसे आगे रहता है।

“ओ... गाँवों वालो... ओ रे... बाअई कोई है ज़िंदा अक नहीं! मर गे सारे... रे... रीना बह गी रे ऊऊ... ओ मेरे बगवान... हाय मेरी रीना चली गी रे... कोई जाओ रे, इब नि बच्दी रे... ओऊ कोई आजो रे...”

चाची की दबी-दबी-सी चीख़ें सुनकर दूसरे गाँव के कुछ लोग उफनती जमना में कूद पड़े! चारों ओर सीटियों और आवाज़ों की गूँज फैलने लगी।

रीना एकदम बेफ़िक्र अपनी काली गाय की पूँछ पकड़े बही चली जा रही है। उसकी पिछली टाँग की गुड्डियों पर अपने पाँव की उँगली और अँगूठा फँसाए हुए। कोई हेल्प-हेल्प नहीं, कोई पुकार नहीं, एकदम शांत। जाएगी जहाँ उसकी काली जाएगी। काली चार साल से फंडर है तो क्या, उसे प्यारी है। सब गायें बराबर हैं उसके लिए; दूध देने वाली भी और फंडर भी। काली आज फंडर है, पहले तो सात पीण पिए हैं उसके।

दूध देने वाली गाय भूरी को तो उसने पहले ही साइड में कर ऊपर घर की ओर रवाना कर दिया था। लेकिन काली के बिना रीना के लिए भी घर में घुसना मुश्किल था। उसे ख़ुद को जवाब देना मुश्किल हो जाता। बाक़ी कोई कुछ कहे न कहे, लेकिन वह ख़ुद से क्या कहेगी! ऐसे कैसे वह एक भली-चंगी, हँसती-खेलती गाय को अपनी आँखों के सामने बह जाने देती! सो, साथ जारी रही है उसी के साथ; मरने या जीने, पता नहीं। बस बही जा रही है साथ। जैसे बेतरणी पार कर रही हो गाय की पूँछ पकड़कर।

लोग उसकी ओर इशारे कर रहे हैं, उसे हाथ-पाँव मारने को कह रहे हैं। गाँव वाले कह रहे हैं, छोड़ दे गाय को। जाने दे इसे, लेकिन रीना है कि पूँछ पकड़े हुए है। उसकी पकड़ बहुत मज़बूत है। गाय भी तगड़ी है, पूरी हिम्मत रखी है उसने भी। बह रही है, रुक रही है, फिर बहने लगती है और फिर कोशिश करती है किनारे लगने की। लेकिन रीना को जैसे अपने साथ ही रखना चाहती है। उसे हटा नहीं रही, झटक नहीं रही अपनी गुड्डियों से, जैसे थामकर रखा हुआ है उसने रीना को। उसे भी उतनी ही मुहब्बत है रीना से, जितनी रीना को काली से।

कुछ लोग हैं, जिन्होंने गोता लगाकर रीना को बचाने के नाकाम प्रयास किए और फिर ख़ुद की जान जोखिम में देख किनारे पर आते रहे, फिर जाते रहे, लेकिन कोई बात नहीं बनी।
अचानक जमना को न जाने क्या सूझा। उसने अपनी दोनों टाँगें घास के हरे-भरे तप्पड़ के इधर-उधर पसारी हुई थीं; बाईं टाँग उठाकर दाईं पर रख दी। जैसे किसी बूढ़ी औरत की टाँग थक गई हो, एक ओर रखे-रखे। बस फिर क्या था! बाएँ पाट का पानी सूखते-सूखते सूख गया। बहुत जल्दी। सारा पानी तो दाएँ पाट पर हो गया था। उधर ऊँची-ऊँची झीलें उठने लगीं, लेकिन उधर कोई पशु नहीं था। तप्पड़ के बीचोंबीच जो पशु ख़तरे की ज़द में आ गए थे, टाँगों तक भीग ज़रूर गए थे, लेकिन अब सुरक्षित थे।

रीना भी काली सहित सुरक्षित ज़ोन में आ गई थी। रीना नहीं, सुरक्षित ज़ोन ख़ुद आ गया था रीना के पास। सबने राहत की साँस ली।

“जमना मैया की जय! जमना मैया की जय! रीना की जय! काली की जय! जय जमना मैया! उसी में तो बही जा रही थी रीना और रीना की गायें!”

चाची के साथ ताई, बुआ, सिस्सा, काला और बाक़ी आसपास के गाँवों के लोग भी रीना के पास जाकर उसे देख-देखकर जी रहे थे। काली और बाक़ी पशु, जो बहते-बहते बच गए थे, इधर-उधर, नीचे-ऊपर से अपने घर की ओर चल पड़े थे। रीना धीरे-धीरे मुस्कुरा रही थी।

अब तक स्कूल के बच्चे भी वहाँ पहुँच चुके थे। सबके लिए नदी को चढ़े हुए देखना ख़ुशी का मौक़ा होता है। साथ ही रीना चाची की हिम्मत और नारे लगाने में उन्हें मज़ा आ रहा था।

रीना के ससुर भी अब तक काम से लौटकर सीधे रीना के पास, जमना किनारे पहुँच चुके थे।

“रीना! तेन्नु क्या मरण की आइरी... ले बता, क्या लोड़ ती... यूँ गैं पीछा जमना मा कूदने की... रे तों तो म्हरी जान नू आफ़त करा गी...! रे गैं बी तो दूध नीं देंदी, मरा ती मरण देंदी सोरी नो! आज नि तो कल मरणी ओ आ! या तो यूँ बी घास की गाहक का बस! कल नु मरा, आज मरजा, कहीं बह जा, क्या फ़र्क़ पड़ा!”

बच्चे रीना के ससुर को छेड़ते हुए एक बच्चे कविता गाने लगे—

“गाय हमारी माता है, जब तक दूध आता है।
दूध बंद तो ख़ास बंद, घास बंद तो श्वास बंद।
श्वास बंद देख कर, हर कोई नाक चिढ़ाता है।
गाय हमारी माता है, जब तक दूध आता है।”

रीना को हँसी आ गई। वह अपनी गायें लेकर घर की ओर जाते हुए गाने लगी—

“जमना कनारे श्याम आया न करो...
प्यार भरी बंसरी बजाया न करो...
जमना किनारे श्याम...
बंसरी की तान सुनके गोवें दौड़ी आती हैं...
गौओं का मन भरमाया न करो...
प्यार भरी बंसरी बजाया न करो...
चल गोर घोर... हट्ट... चल!”

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अनंत आलोक को और पढ़िए : हिमाचल के दुर्लभ कठार और पेछियों के ख़ाली पेट

संबंधित विषय

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट