कहानी : उसकी विरासत
संजय अलंग
09 नवम्बर 2026
सामने, बग़ीचे के दरवाज़े से, चरमर की आवाज़ हुई। लॉन में बैठकर चाय पीते जज साहब की आँखें उस ओर उठ गईं। मेदा लचक भरी चाल से चला आ रहा था। उसकी चाल में एक ऐसी लचक थी, जो आम तौर पर जनाना चाल का अंग होती है। जब वह घर आता तो सदा एक तंग और चुस्त बाज़ू वाली बंडी जैसी रंगीन कमीज़ और रंगीन लुंगी ही पहनता।
वैसे वह कोटवार था। तहसील और थाने जाते समय वह कोटवार की नीली वर्दी ही पहनता। चापरास का बक्कल लगाता। पास आने पर उसने पतली महीन आवाज़ में जज साहब को नमस्कार किया और लॉन में उनकी कुर्सी के समीप पैरों को आपस में गुँथते हुए खड़ा हो गया। उसकी देह में एक अजीब-सी संकुचन था, जैसे वह अपना अस्तित्व छोटा दिखाने की कोशिश कर रहा हो।
“कैसे आना हुआ?” साहब ने संक्षिप्त पूछा।
“जी, बाई साहब से थोड़ा काम था।” मेदा ने नज़रें झुकाकर कहा और रसोई की ओर बढ़ गया।
रसोई में जज साहब की पत्नी नाश्ते की तैयारी कर रही थीं। मेदा ने वहाँ पहुँचकर हाथ बँटाना शुरू कर दिया। बातों-बातों में उसने घर के बड़े बेटे का ज़िक्र छेड़ा, “भैया जी हॉस्टल से कब आएँगे? दिवाली की रौनक तो उन्हीं से है।”
“देखो कब तक आता है। कह रहा था इस बार सेमेस्टर एग्ज़ाम भी हैं। शायद आना नहीं हो पाए।” बाई साहब ने कहा।
“भैया जी आते हैं तो ख़ूब रौनक लगती है।”
उसने बाई साहब के साथ उनके पसंद के विषय से ही बात प्रारंभ की। माँ का मन बेटे के ज़िक्र से पिघल गया। मेदा जानता था कि समाज में उसे अधूरा माना जाता है, इसलिए वह रिश्तों की मिठास को औरों से बेहतर समझता था।
फिर उसने बात की दिशा उस ओर मोड़ी जिसके लिए वह आया था। धीरे से उसने असली बात छेड़ी, “बाई साहब, एक अरज थी। साहब की अदालत में हमारा भी एक मामला चल रहा है। आपकी दया हो जाए तो...”
बाई साहब ठिठकीं, “तुम तो कोटवार हो, ख़ुद साहब से क्यों नहीं कहते? और तुम्हारा कैसा केस?”
मेदा की आँखों में एक पुरानी टीस उभर आई। उसने विनम्रता से मसालेदानी पकड़ाते हुए कहा, “बाई साहब, घर का मामला है। वो जो शहर वाली ज़मीन है न, ताजी गुरु ने मुझे गोद लिया था, उसी का मामला है।”
बाई साहब ने चौंककर देखा। मेदा ने आगे कहा, “साहब और आप शायद न जानते हों कि मैं किन्नर (हिजड़ा) समुदाय से जुड़ा रहा हूँ। दुनिया उन्हें सिर्फ़ नाचने-गाने और दुआएँ देने के लिए जानती है, पर इस समुदाय का भी एक आंतरिक अनुशासन होता है। ताजी गुरु इस कुनबे के मुखिया थे। किन्नर समाज में जब कोई नया सदस्य जुड़ता है, तो उसे चेला बनाया जाता है। मैं चेला नहीं था। ताजी गुरु ने मुझे संतान की तरह पाला था। मुझे मेरे पिता से लेकर साथ रख लिया था और फिर गोद ले लिया था। उसने बहुत प्यार दिया। मुझे गोद लिए संतान की तरह रखा। ताजी गुरु के गुज़रने के बाद उसकी गुरु गद्दी के बाड़े की संपत्ति मेरी होनी चाहिए। किन्नर समुदाय के उनके चेले पारंपरिक गुरु गद्दी और उस गद्दी की सभी संपत्ति समुदाय के पास बने रहने का दावा लगाए हैं। उसी का विवाद है।”
उसने एक लंबी साँस ली और रसोई की खिड़की से बाहर देखते हुए बोला, “किन्नर समुदाय कहता है कि इस समुदाय में आने के बाद विरसा समाप्त हो जाता है। कहते हैं कि हिजड़े का कोई वारिस नहीं होता, न ही वह किसी का वारिस हो सकता है। यह सब कहना तो उन्हीं पर लागू होगा, तो ताजी गुरु का भी कोई अन्य चेला या सहयोगी वारिस कैसे होगा? वे उस घर को हड़पना चाहते हैं क्योंकि उनकी नज़र में मेरा कोई वजूद नहीं है। जब ताजी गुरु ने मुझे गोद ले लिया तो संपत्ति भी मेरी हुई न? मेरा हक़ मुझे मिलना चाहिए।”
अ
बाई साहब ने कुछ देर मेदा को देखा, फिर कड़ाही में मसाला डालते हुए धीमी आवाज़ में कहा, “आज साहब का मूड अच्छा रहेगा, मैं बात करूँगी।”
मेदा की आँखों में चमक आ गई, पर चेहरे पर वही पुरानी संकुचित मुस्कान थी।
मेदा ने चूल्हे की आँच धीमी करते हुए कहना जारी रखा, “बाई साहब, मैं चेला नहीं था, पर ताजी गुरु के लिए उनकी औलाद से बढ़कर था। किन्नर समाज में चेला बनाने की एक पवित्र रस्म होती है, जिसे नायब बनाना भी कहते हैं। उनका अपना एक डेरा होता है, अपनी न्याय-व्यवस्था होती है जिसे पंचायत कहते हैं। ताजी गुरु उस डेरे के मुखिया थे। वह गुरु गद्दी पर थे। मेरा रिश्ता थोड़ा अलग था। मैं औलाद की तरह था। अब ज़मीन तो मेरी ही होगी न?”
बाई साहब ने मसालेदानी हाथ में लेते हुए हैरानी से पूछा, “तो तुम ताजी गुरु के पास कैसे आ गए? माँ-बाप ने तुम्हें ख़ुद उनके हवाले कर दिया?”
मेदा की आँखों में यादों की एक धुँधली परत तैर गई। उसने कड़ाही के धुएँ से बचते हुए खिड़की की ओर देखा और बताना जारी रखा, “ताजी गुरु का बड़ा नाम था बाई साहब। लोग उन्हें सिर्फ़ हिजड़ा नहीं, बल्कि पहुँचा हुआ फ़क़ीर मानते थे। उनसे दुआ लेने दूर-दूर से बड़े-बड़े घरों के लोग आते थे। बीफे (गुरुवार) को कारों की लाइन लगी रहती थी। मेरे माँ-बाप भी उनकी चौखट पर माथा टेकते थे। मैं अपने माँ-बाप की इकलौती संतान था। ताजी गुरु का मुझसे लगाव रहा। उसने मेरे माता-पिता से मुझे माँग लिया। मैं उनके साथ रहने लगा और साथ रहते हुए उनके जैसा व्यवहार करने लगा।”
“फिर क्या तुम भी उन्हीं की तरह टोली में नाचने लगे?” बाई साहब ने कौतूहल से पूछा।
“नहीं बाई साहब।” मेदा के चेहरे पर एक गरिमापूर्ण भाव आया, “ताजी गुरु ने मुझे संतान की तरह पाला। वह मुझे जजमानी पर साथ ले जाते, दुआओं की महफ़िल में बिठाते, पर साथ ही साथ उन्होंने मुझे तालीम भी दी। वह कहते थे कि दुनिया हमें सिर्फ़ तालियों के लिए जानती है, पर मैं तुझे क़लम की ताक़त दूँगा। उनकी दुआओं और पिता की विरासत का ही फल है कि आज मैं कोटवार हूँ। उन्होंने मुझे सिर्फ़ गोद नहीं लिया था, मुझे एक पहचान दी थी। आज जब वह नहीं रहे, तो उनकी संपत्ति पर मेरा हक़ ही तो बनेगा।”
उसने बाई साहब की ओर देखते हुए एक लंबी साँस ली और कहना जारी रखा, “किन्नर समुदाय के लोग कहते हैं कि गुरु गद्दी पर सिर्फ़ गुरु और चेलों का हक़ होता है, गोद ली हुई संतान का नहीं। यह गुरु की पारंपरिक गद्दी है। समुदाय के लोगों के एकत्रित धन से ही गद्दी बनती चली गई है। यह किसी एक की संपत्ति नहीं है। वे कहते हैं कि समाज के क़ानून हमारे डेरों के अंदर नहीं चलते। पर बाई साहब, अगर मेरे पिता ने मुझे ताजी गुरु को सौंप दिया तो मैं उनका ही हो गया।”
मेदा की आवाज़ में अब तर्क के साथ-साथ एक अजीब-सा अधिकार भाव था। बाई साहब उसे ग़ौर से सुन रही थीं। रसोई की गरमाहट के बीच यह समाज का एक ऐसा पन्ना था, जिसे शायद ही किसी ने पढ़ा हो।
मेदा ने आगे कहा, “बाई साहब, यही तो विडंबना है। वे आज संपत्ति के लिए क़ानून की पेचीदगियों का सहारा ले रहे हैं। समुदाय के लोग कहते हैं कि गुरु-गद्दी किसी एक की नहीं होती, यह तो सदियों से जजमानी और नेग से इकट्ठा किए गए पैसों से बनी एक संस्था है। उनका कहना है कि ताजी गुरु इसके केवल रखवाले थे, मालिक नहीं। इसलिए वे इसे मुझे नहीं सौंप सकते।”
बाई साहब ने उसकी मंशा समझ इतना ही कहा, “देखती हूँ। साहब का मूड ठीक रहा तो बात करूँगी।”
जज साहब लॉन से उठकर नहाने चले गए। नाश्ते की तैयारी में तीव्रता आ गई। अदालत जाने का समय हो गया था। जज साहब स्नान और पूजा आदि से निवृत्त हो कार नाश्ते की टेबल पर आ गए। मेदा अन्य अरदलियों को किनारे कर, स्वयं आगे बढ़कर, नाश्ता परोसने लगा।
जब नाश्ता अंतिम दौर में था, तब बाई साहब ने मेदा का ज़िक्र निकाला, “मेदा कह रहा था उसका ज़मीन का कोई प्रकरण आपके पास चल रहा है।”
जज साहब ने कहा, “हो सकता है।”
बाई साहब ने फिर उनकी ओर देखते हुए कहा, “वो कह रहा था कि हिजड़े भी उस पर दावा किए हैं। मकान और ज़मीन पर उसका दावा है।”
“हो सकता है। मुझे याद नहीं।”
जज साहब ने कहा, “जो सही होगा उसे ही तो मिलेगा।”
मेदा रसोई के दरवाज़े की आड़ में खड़ा हो सब बातें सुनता रहा। जब बात हो गई तब वह हट गया। अब वह ख़ुश था कि बाई साहब ने जज साहब से कहा है। मकान अब उसे ही मिलेगा।
जज साहब कोर्ट चले गए। मेदा भी पीछे-पीछे कोर्ट चला गया। आज उसकी साइकिल हवा से बातें कर रही थी।
अब उसने कोटवारी की नीली वर्दी भी पहन ली थी। जब वह कोर्ट पहुँचा तो देखा आज दो-चार हिजड़े भी पेशी पर आए हुए थे। वह साइकिल रख उनके पास ही चला गया। वह सभी से परिचित था ही। मेदा ने एक हिजड़े के साथ बीड़ी सुलगा ली। वे बीड़ी पीकर कोर्ट की ओर बढ़ गए। मेदा मन ही मन ख़ुश था कि अच्छा हुआ वह जज साहब के घर चला गया।
कोर्ट की ओर जाते हुए एक हिजड़े ने उससे पूछ ही लिया, “आज सबेरे-सबेरे सरकारी कॉलोनी की तरफ़ क्यों जा रहे थे? कहीं कोटवारी के संबंधों को भुनाते हुए और उससे फ़ायदा लेने के लिए जज साहब की मिज़ाजपुर्सी तो नहीं कर आए?”
मेदा ने नीचे देखते हुए कहा, “अरे नहीं। मैं क्यों जाऊँगा। जीत तो सच की होगी।”
“हाँ, वो तो है।” उस हिजड़े ने उत्तर दिया। तब भी उस हिजड़े ने उसकी ओर जिस नज़रों से देखा, उसमें अविश्वास के भाव ही थे। कनखियों से यह सब मेदा भी देख रहा था। बातें करते हुए वे मोहर्रिर के समीप आ गए, जो पुकार लगा रहा था। लाल पट्टे से लगा पीतल का चपरास चमक रहा था।
इजलास शुरू हुआ। मुहर्रिर की पुकार गूँजी। केस की सुनवाई शुरू हुई।
अदालत के ठंडे कमरे में पंखा भारी आवाज़ के साथ घूम रहा था। जज साहब अपनी ऊँची कुर्सी पर विराजमान थे। वही चेहरा, जो सुबह लॉन में अख़बार के पीछे शांत था, अब क़ानून की निर्जीव कठोरता ओढ़े हुए था।
मेदा ने एक कोने में खड़े होकर देखा कि समुदाय के अन्य किन्नर, जो रंग-बिरंगी साड़ियों और चटख मेकअप में थे, एक गुट बनाकर खड़े थे। उनकी तालियों की गूँज आज ग़ायब थी, वहाँ सिर्फ़ फुसफुसाहट और अविश्वास भरी नज़रें थीं।
विपक्ष के वकील ने दलील शुरू की, “हुज़ूर, यह मामला सिर्फ़ एक मकान का नहीं, एक सदियों पुरानी परंपरा का है। हिजड़ा समुदाय में व्यक्ति का अपना कुछ नहीं होता। जो है, वह गद्दी का है। गुरु गद्दी पर व्यक्ति आते-जाते रहते हैं। मेदा ने नीली वर्दी पहनकर समाज की मुख्यधारा में जाने का रास्ता चुना, जो सराहनीय है, पर क़ानूनन वह उस विरसे का अधिकारी नहीं हो सकता, जो केवल उस चेले के लिए सुरक्षित है, जो गद्दी पर बैठे और गुरु बने। तब भी संपत्ति उसकी व्यक्तिगत नहीं होगी, समुदाय की बनी रहेगी। वह केवल प्रबंधक होगा। ताजी गुरु का गोद लेना एक भावनात्मक कृत्य हो सकता है, पर गद्दी की संपत्ति हस्तांतरण के लिए नहीं है।”
मेदा का गला सूखने लगा। उसने जज साहब की ओर देखा, इस उम्मीद में कि शायद सुबह की चाय वाली नरम याद उनके चेहरे पर झलके। पर जज साहब के चश्मे के पीछे की आँखें सिर्फ़ फ़ाइलों के पन्नों को कुरेद रही थीं।
जज साहब ने सिर उठाया और मेदा की ओर देखा। उनकी आवाज़ गूँजी, “मेदा, क्या तुम्हारे पास ताजी गुरु द्वारा किए गए उस गोदनामे का कोई विधिक प्रमाण है, जो हिंदू दत्तक ग्रहण और भरण-पोषण अधिनियम (HAMA) के मानकों को पूरा करता हो? या फिर यह सिर्फ़ एक सामाजिक रस्म थी?”
मेदा निरुत्तर था। उसकी आँखों के सामने ताजी गुरु का वह कमरा घूमने लगा, जहाँ दीये की रोशनी में गुरु ने उसका माथा चूमकर कहा था, “तू मेरा बेटा है।” क्या उस निस्वार्थ प्रेम को साबित करने के लिए उसे स्टाम्प पेपर की ज़रूरत थी?
विपक्ष के वकील की दलीलें कोर्ट रूम की दीवारों से टकराकर मेदा के वजूद को छलनी कर रही थीं, “हुज़ूर, यह लालच की पराकाष्ठा है! मेदा के पास अपने असली माता-पिता की विरासत है, मकान है और पिता से मिली कोटवारी की सरकारी नौकरी भी। उसने वह विरासत प्राप्त कर ली है। वह एक तरफ़ मुख्यधारा का हिस्सा बनकर सरकारी सुख भोग रहा है, और दूसरी तरफ़ उस गुरु-गद्दी की संपत्ति पर भी दावा कर रहा है, जो सामूहिक चंदे और किन्नर समुदाय के पसीने से बनी है और परंपरा से समुदाय की ही है।”
जज साहब चश्मे के ऊपर से मेदा को देख रहे थे, हाथ में पकड़ा पेन लगातार कुछ नोट कर रहा था। सुनवाई पूरी हुई और फ़ैसले के लिए दो दिन बाद की तारीख़ मुकर्रर कर दी गई।
मेदा उन दो दिनों तक एक अजीब-सी बेचैनी और उम्मीद के बीच झूलता रहा। उसे विश्वास था कि बाई साहब की सिफ़ारिश और ताजी गुरु का पिता वाला प्रेम क़ानून की सूखी धाराओं पर भारी पड़ेगा।
वह कोर्ट में दूसरे किन्नरों की नज़रों से बचकर अपनी साइकिल पर सवार होकर हवा की तरह निकल गया, मानो अपनी जीत का जश्न पहले ही मना लेना चाहता हो।
फ़ैसले का दिन आया। अदालत का बरामदा रंग-बिरंगी साड़ियों से भरा था। बीच-बीच में कोई हिजड़ा आदतन मरी-सी ताली भी बजा देता था। मेदा आज एक पिलर की ओट में छिपकर खड़ा था। उसकी नीली वर्दी आज उसे भारी लग रही थी।
ठीक ग्यारह बजे फ़ैसला सुनाया गया, “न्याय सदा क़ानून, परंपरा और साक्ष्य को प्रधानता देता है। यहाँ सभी तथ्य यह इंगित कर रहे हैं कि ज़मीन और विवादित मकान गुरु-गद्दी की विरासत है, जिसे किसी व्यक्ति विशेष को गोद लेकर हस्तांतरित नहीं किया जा सकता।”
मकान और संपत्ति का फ़ैसला हिजड़ों के समुदाय के पक्ष में गया था। मेदा के पैरों के नीचे से जैसे ज़मीन खिसक गई। वह चुपचाप नीचे की ओर ताकते हुए अपने पैर के अँगूठे से फ़र्श को कुरेदने लगा, जैसे अपनी हार की मिट्टी खोद रहा हो।
बाहर तालियों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई। किन्नर एक-दूसरे के गले मिल रहे थे, उनकी ख़ुशी में जीत का शोर था। मेदा दूर खड़ा अपनी रोनी सूरत छिपाने की नाकाम कोशिश कर रहा था।
तभी, उसी समूह में से एक बुज़ुर्ग हिजड़े की नज़र उस पर पड़ी। उसने ऊँची आवाज़ में कहा, “अरे ओ कोटवार! इधर आ... पास आ जा। जो होना था सो हुआ। हक़ अपनी जगह है और रिश्ता अपनी जगह। हम तुझसे नाता थोड़े ही तोड़ लेंगे। आख़िर तू भी तो इसी मिट्टी का हिस्सा है। फ़ैसला सही आया है, गद्दी बच गई।”
फिर वह दूसरे हिजड़ों की ओर मुड़ा और चहककर बोला, “चलो रे! ढोलक निकालो और चूड़ियाँ खनकाओ। शाम को सज-धज कर जज साहब के बंगले पर चलेंगे। आज ऐसी बधाई गाएँगे कि साहब भी ख़ुश हो जाएँ।”
मेदा सन्न रह गया। आज पूरा किन्नर कुनबा ख़ुशियाँ बाँटने जा रहा था। मेदा को समझ नहीं आ रहा था कि वह उस बधाई टोली का हिस्सा बने या दूर भाग जाए।
सूरज ढलने को था। जज साहब के बंगले की बाड़ के बाहर ढोलक की थाप गूँजने लगी। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजे किन्नरों की टोली तालियाँ बजाते हुए नाच रही थी।
अंदर लॉन में बैठे जज साहब आज भी सहज ही थे। थोड़ा सुकून था कि एक जटिल केस का न्यायसंगत निपटारा हुआ। यह सुकून बाहर गूँजती दुआओं के शोर में और भी अच्छा लग रहा था।
तभी बरामदे के एक खंभे के पीछे मेदा खड़ा दिखाई दिया। उसने अपनी नीली कोटवारी वर्दी उतार दी थी और साधारण कमीज़-लुंगी में था। उसकी आँखों में एक गहरा ख़ालीपन था। बाई साहब बाहर आईं। उनकी नज़र मेदा पर पड़ी, तो वे ठिठक गईं। सुबह की वह आश्वस्त मुस्कान अब संकोच में बदल गई थी। मेदा ने चुपचाप हाथ जोड़कर उन्हें सलाम किया और बाहर की ओर आया।
एक बुज़ुर्ग किन्नर ने नाचते-नाचते मेदा का हाथ पकड़ा और उसे खींचकर घेरे के बीच ले आया, “आ जा रे मेदा! आज ग़म कैसा? गद्दी तो अपनी ही रही न। आज साहब के आँगन में ऐसी दुआ दे कि उनकी सात पीढ़ियाँ तर जाएँ।”
मेदा चाहकर भी पैर पीछे नहीं खींच पाया। वह उस भीड़ का हिस्सा बन गया जिसे वह पीछे छोड़ना चाहता था। ढोलक की थाप तेज़ हुई। मेदा की लचक भरी चाल, जो कभी ताजी गुरु का गर्व थी, अब समुदाय के साथ थिरक रही थी। आज उस चाल में लय नहीं, एक बेबसी थी। वह उस भीड़ का हिस्सा बन गया था, जिससे वह अपनी पूरी ताक़त लगाकर आगे निकलना चाहता था।
मेदा नाच रहा था। उसके हाथ हवा में तालियाँ पीट रहे थे, पर उसका मन कहीं दूर ताजी गुरु के उस पुराने बाड़े में भटक रहा था, जहाँ उसे पहली बार बेटा होने का एहसास मिला था।
शाम के धुँधलके में ढोलक की आवाज़ और तेज़ हो गई। जज साहब का बंगला रोशनी से नहाया हुआ था, और उस रोशनी के घेरे के ठीक बाहर, अँधेरे की दहलीज़ पर खड़ा मेदा ख़ुद को ढूँढ़ रहा था। वह न तो पूरी तरह और मन से कोटवार रह पाया था, न ही वारिस और न ही वह चेला बन सका जिसे गद्दी और परंपरा की परवाह हो। वह तो बस एक अधूरी देह में क़ैद एक पूरा दर्द था। उस दर्द को भी तालियों और ढोलक के शोर ने गुम कर दिया था।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट