Font by Mehr Nastaliq Web

कहानी : एक कैलेंडर के दो पहलू

ऊपरी खिड़की से झाँककर चाँद ने कमरे की स्याही में हल्की-सी सफ़ेदी घोल दी थी।

वह अपने बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। तभी दरवाज़े की ओर से आती क़दमों की आहट पाकर उसने करवट लेकर आँखें बंद कर लीं। बाहर से आती क़दमों की आवाज़ अब उसके कमरे में आकर सिमट गई थी।

“सहर... सहर, चलो खाना खा लो। सब तुम्हारा इंतज़ार कर रहे हैं।”

सहर ने बिना देखे ही उत्तर दिया, “मम्मी, मुझे भूख नहीं है। आप जाइए, मैं खा लूँगी।”

“क्यों, भूख नहीं है? हर रोज़ तुम्हारे ऐसे जवाब से मैं तंग आ गई हूँ। उफ़्फ़... कमरे में इतना अँधेरा क्यों है?”

“कहाँ अँधेरा है, मम्मी?”

“मैंने कितनी बार कहा है तुमसे, कमरे की बत्ती जलाए रखा करो। एक तो इतना छोटा कमरा, ऊपर से दुकान का सारा सामान इसी में भरा रहता है। शाम के बाद जब भी मैं तुम्हारे कमरे में आती हूँ, तो मुझे डर लगता है कि कहीं मैं किसी चीज़ से टकरा न जाऊँ। अँधेरे में मुझे घुटन-सी होती है। पता नहीं कैसे ये लड़की इसमें पड़ी रहती है। तुम मेरी किसी बात का ध्यान ही नहीं रखती हो।”

मम्मी ने बिना रुके ही सारी बात कह डाली।

तभी स्विच ऑन होने का एक हल्का स्वर उसके कानों को छूकर गुज़र गया।

मम्मी के जाने के थोड़ी देर बाद वह अनमने मन से आकर खाने की टेबल पर बैठ गई।

“आ गई तुम? इतनी देर क्यों लगा दी? हम सब लगभग खा ही चुके हैं,” सहर की ओर देखकर पापा ने कहा। “मैं आज तुम्हारी पसंद की मिठाई लाया था।”

सहर ने लापरवाही से कहा, “ठीक है, पापा, मैं खा लूँगी।”

“अरे छोड़िए पापा, इसको। इसके हिस्से का भी मैं ही खा लूँगा,” सामने बैठे उसके भाई ने हँसकर कहा। “वैसे जो भी हो, आज सहर ने मेरी पसंद का खाना बनाया है। वाह! खाकर मज़ा आ गया।”

“सहर बेटा!”

“जी मम्मी,” वह चौंककर बोली।

मम्मी की आवाज़ ने सहर को जैसे किसी अदृश्य दुनिया से घसीटकर बाहर निकाल दिया।

“कहाँ रहता है तुम्हारा ध्यान? देखो, तुम्हारी रोटी कब की ठंडी हो चुकी है,” मम्मी ने थोड़े सख़्त लहज़े में कहा।

सामने बैठा भाई उसकी ओर देखकर मुस्कुरा दिया।

सहर अपनी प्लेट में पड़ी हुई सब्ज़ी से प्याज़ के बड़े टुकड़ों को निकालकर प्लेट के एक कोने में जमा करने लगी। फिर उसने रोटी से एक छोटा-सा टुकड़ा तोड़ा, जो हवा पाकर हल्का-सा सख़्त हो चुका था।

“हूँऽऽऽ...” की एक लंबी साँस छोड़ते हुए पापा ने कहा, “आजकल दुकान का कारोबार ठीक नहीं चल रहा। आमदनी पहले से आधी हो गई है, ऊपर से उधार बढ़ता जा रहा है।”

थोड़ी देर रुककर पापा बोले, “अगर आगे भी ऐसा ही चलता रहा, तो घर का ख़र्च चलाना मुश्किल हो जाएगा।”

“आप इतनी चिंता क्यों करते हैं? सब ठीक हो जाएगा।”

मम्मी ने उन्हें तसल्ली देते हुए कहा।

“चिंता न करूँ, तो और क्या करूँ? अभी तो असर और सहर, दोनों की पढ़ाई चल रही है।”

“हाँ, तो अभी इनके पढ़ने का समय है,” मम्मी ने कहा।

“मैं कब तक इस घर का ख़र्च अकेले उठाता रहूँगा? आगे अभी इनकी ज़िंदगी के और भी ख़र्चे पड़े हैं।”

“मैं क्या कर सकती हूँ? मैं भी पूरा दिन घर के काम में लगी रहती हूँ। ज़रा वक़्त नहीं मिलता कि पड़ोसियों के घर जाकर थोड़ी देर बैठूँ” मम्मी ने थके हुए स्वर में कहा।

“मम्मी, आप चिंता मत कीजिए। कल मुझे एक कंपनी में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।”

“ऐसे ही न जाने कितनी कंपनियों की ख़ाक छान चुके हो तुम।”

“मम्मी, मैं केवल कोशिश ही कर सकता हूँ न? इसके आगे और क्या ही कर सकता हूँ?” उसने झुँझलाते हुए कहा।

मेज़ पर बिखरी चिंताएँ इतनी भारी और व्यावहारिक थीं कि उनके बीच सहर के भीतर घुट रहे सन्नाटे के लिए कोई जगह नहीं थी। वहाँ हर कोई अपनी-अपनी लड़ाई में अकेला था, हर शख़्स अपनी उलझनों के साथ किसी तरह आगे बढ़ने की कोशिश में था।

सहर ने आधा निवाला ज़बरदस्ती हलक़ से नीचे उतारा। गले में अटकी उस कौर की चुभन उसके भीतर के सन्नाटे में और गहरी उतर गई।

घर के वातावरण में कुछ देर के लिए ख़ामोशी छा गई। मेज़ से केवल बर्तनों की खनक की आवाज़ आ रही थी।

खाना खाकर सभी अपने कमरे में सोने चले गए। पंखे की गर्म हवा उसके कपड़ों से टकराने लगी, जैसे यह हवा सबके चले जाने के बाद, उसको अकेला पा लेने के इंतज़ार में उसके चारों ओर घूम रही थी। अप्रैल का महीना अभी शुरू ही हुआ था, लेकिन न जाने क्यों हल्की-सी गरम हवा उसके बदन को झुलसा रही थी।

सहर की प्लेट में रोटी और सब्ज़ी के कुछ बचे-खुचे टुकड़े पड़े थे और गिलास में थोड़ा-सा पानी बचा रह गया था, जो प्यास बुझ जाने के बाद अपना महत्त्व खो चुका था। वह कुछ क्षण उस गिलास को देखती रही और उसके होंठों पर एक बुझी-सी मुस्कान उभर आई, जो केवल होंठ के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुँचते-पहुँचते सिमट गई।

वह बिस्तर पर आकर लेट गई। कुछ देर तक सोने की जद्दोजहद करती रही। पलकें नींद के बोझ से लदी थीं, लेकिन वह सो नहीं पाई। उसने सोचा, सोने की ये कोशिश बेकार है। “इससे अच्छा मैं कुछ पढ़ ही लेती हूँ।” फिर वह मजबूरन बिस्तर से उठकर स्टडी टेबल पर आ गई।

बुक सेल्फ़ से एक किताब उठाकर पढ़ने लगी। वह एक ही पेज को बार-बार पढ़ती रही, लेकिन किसी भी लाइन का अर्थ समझ पाना उसके लिए कठिन था। फिर थकी हुई एक लंबी साँस उसके भीतर से निकली, “हूँऽऽ...” और उसने किताब बंद करके अपना सिर ऊपर उठाकर कुर्सी से टिका लिया। तभी उसकी निगाहें सामने लगे कैलेंडर पर जाकर ठहर गईं। कुछ क्षण वह उसे अपलक निहारती रही।

और उसके कानों में एक परिचित आवाज़ की गूँज उठने लगी...

“सहर, तुम भी न... आज का दिन ढलने से पहले ही उस पर कल की तारीख़ चढ़ा देती हो। वैसे सही भी है, हर चढ़ती तारीख़ मुझे तुम्हारे और क़रीब ले आएगी। आख़िर तुम भी तो यही चाहती हो न?”

“अहद! तुम हर रोज़ यही बात कहकर मुझे तंग करते हो।”

अहद की हँसी के साथ ये स्वर उसके भीतर समा गया।

लैंप की हल्की पीली रोशनी ने उसके चेहरे के पीलेपन में इज़ाफ़ा कर दिया। उसके चेहरे से बेचैनी की कई रेखाएँ फूटकर कमरे के झीने उजाले में बिखर गईं।

रात का अँधेरा फ़िज़ा में फैली हर चीज़ को अपनी पनाह में लेकर गहरी नींद में सुला देता था, लेकिन सहर हर रात उस पनाह से महरूम रह जाती।

पापा के कमरे से खाँसने की आवाज़, जो काफ़ी देर से रुक-रुककर आ रही थी, थम चुकी थी। सहर के कमरे से लगे उसके भाई के कमरे में भी अब कोई हलचल नहीं थी। लगभग सारे घर में नींद ने अपना बसेरा जमा लिया था। बस सहर के कमरे में उसने कोई दस्तक नहीं दी थी।

सुबह होते ही वह रसोई की ओर चल दी। लगभग आठ बजते-बजते सभी नाश्ता करके अपने-अपने काम के लिए निकल गए। वह मम्मी के साथ बाकी काम निपटाने लगी। तभी बाहर से आने वाली आवाज़ ने उसका ध्यान खींचा।

“सहर, कहाँ हो तुम? सहर...”

वह आवाज़ पहचानकर बोली, “यहीं हूँ, आयना। बोलो, क्या हुआ?”

“अरे सहर, तुम कैसी हो? आजकल तुम्हारा कुछ पता नहीं रहता है। क्या करती रहती हो पूरा दिन?”

“अरे कुछ नहीं, घर के काम में ही समय का पता नहीं चलता है।” उसने अपनी नज़र आयना के चेहरे से हटाते हुए कहा।

“अच्छा, ठीक है। मैं बस अपनी किताब लेने आई थी, जो मैंने तुम्हें दी थी।”

ये सुनकर सहर को अचानक याद आया कि पापा कई महीनों से कारोबार को लेकर कितने परेशान रहते हैं। मेरी हिम्मत ही नहीं हुई पैसे माँगने की और एग्ज़ाम के लिए ये किताब कितनी ज़रूरी थी।

सहर आयना से बात करते-करते उसे अपने कमरे में ले आई। उसने टेबल से एक किताब उठाकर उसके हाथ में रख दी।

“लो, ये रही तुम्हारी किताब।”

“सहर, तुमने तो अब तक कई बार पढ़ लिया होगा,” उसने मज़ाक करते हुए कहा।

“नहीं यार, मैं नहीं पढ़ पाई एक बार भी।”

“क्यों? क्या हुआ?”

“कुछ हुआ तो नहीं है। बस... वो...”

“अच्छा, ठीक है। अगर तुम्हें पढ़ना हो, तो रख लो। मैं किसी और दिन आकर ले जाऊँगी।”

“नहीं, ले जाओ तुम। जब मुझे पढ़ना होगा, मैं ले आऊँगी तुम्हारे घर से।”

“अरे, मैं तो ऐसे ही किताब के बहाने आ गई थी कि तुमसे मिल लूँ। बहुत दिनों से तुम घर नहीं आई। मैं अक्सर तुम्हारी राह देखती रहती हूँ कि तुम आओ, तो बाहर चलेंगे, कुछ खाने-पीने, लेकिन तुम्हारा कुछ पता ही नहीं चला।”

“आयना, मैं भी तुमसे मिलना चाहती थी, लेकिन कोई बहाना ही नहीं मिला। और मम्मी भी बिना किसी काम के बाहर नहीं जाने देती।”

बात करते-करते आयना की नज़र अचानक सामने लगे कैलेंडर पर गई। उसने पूछा, “क्या हुआ, सहर? इतने महीनों से तुमने कैलेंडर की तारीख़ क्यों नहीं बदली?”

सहर कुछ क्षण कैलेंडर की तरफ़ देखते हुए बोली, “क्या सिर्फ़ तारीख़ बदलने से दिन बदल जाएगा? कैलेंडर तो बस दीवार का धोखा है, आयना। बाहर वक़्त अपनी गति से चलता रहेगा, लेकिन जो भीतर ठहर गया है, उसे किस तारीख़ पर ले जाकर छोड़ूँ? मैं रोज़ जीती हूँ, रोज़ वही लौट आती हूँ।” सहर के चेहरे पर एक फीकी-सी मुस्कान उभरी, मगर आँखों में ठहरी उदासी वैसी ही रही।

आयना, अहद और सहर के रिश्ते से अनजान नहीं थी।

उसने कैलेंडर के महीने को ध्यान से देखते हुए कहा, “शायद ये वही महीना है न... जब अहद ने तुम्हें...”

सहर ने बीच में ही उसकी बात काट दी। “आयना, हमारा रिश्ता उसकी पारिवारिक परिस्थितियों के कारण ख़त्म हुआ था। इसलिए उसे कुछ मत कहो।”

“परिस्थितियाँ चाहे जो भी रही हों, सहर, फिर भी मैं यही कहूँगी कि तुम भले ही हर बात से अनजान थी, लेकिन अहद को पहले से अंदाज़ा था कि इस रिश्ते का अंजाम ऐसा हो सकता है। फिर भी, उसने वक़्त के साथ इस रिश्ते को और गहराई दी। और फिर एक दिन... बिना कुछ बताए ही...”

“बस करो, आयना! इस बारे में मैं और बात नहीं करना चाहती।”

आँसुओं की कुछ बूँदें उसकी पलकों की दहलीज़ पर आ ठहरीं, ठीक दीवार पर टँगी उस तारीख़ की तरह, जो महीनों से अपनी जगह पर ठहरी हुई थी।

“आयना, कभी-कभी मैं सोचती हूँ।”

“क्या?”

“यही कि कितने कमज़ोर होते हैं कुछ कहानियों और फ़िल्मों के किरदार, जो ज़िंदगी के दर्द को सहन नहीं कर पाते और मौत को गले लगा लेते हैं। लेकिन वास्तविक जीवन में हम सिर्फ़ गीली लकड़ी की तरह सारी उम्र सुलगते रहते हैं।” सहर ने इतना कहकर आयना के हाथ पर अपना हाथ रख दिया।

“फिर भी, वक़्त की डोर अगर तुम थामकर नहीं चलोगी, तो वह तुम्हें अपने साथ घसीट ले जाएगा।”

ऐसा कहते हुए आयना कैलेंडर की तारीख़ को आज के दिन के हिसाब से लगाने लगी।

“उन्हें ऐसे ही छोड़ दो, आयना। उसके जाने के बाद तारीख़ बदलने का कोई अर्थ नहीं रह गया। पहले हर चढ़ती तारीख़ मुझे उसके क़रीब ले जाती थी, मगर अब लगता है, हर नई तारीख़ मुझे उससे और दूर कर देगी। ये ठहरी हुई तारीख़ ही मुझे उसके पास होने का एहसास दिलाती है,” सहर ने धीमी आवाज़ में कहा।

आयना ने दीवार पर लगे कैलेंडर की तारीख़ को आज के दिन से तो मिला दिया, लेकिन सहर के भीतर अब भी...

आयना, तुम जितनी आसानी से यह कहकर चली गईं कि समय के साथ आगे बढ़ो, काश मेरे लिए भी यह सच में इतना आसान होता। तुम्हें क्या पता, उस दिन के बाद से मैं कहाँ ठहर गई हूँ... जब अहद ने अचानक मुझसे कहा, “अब्बू ने मेरा रिश्ता कहीं और तय कर दिया है।”

सहर की आँखों के सामने जैसे वह दिन फिर से उतर आया।

पापा का अहद की दुकान से सामान का लेन-देन था। इसी सिलसिले में अहद अक्सर सामान देने के लिए उसके कमरे में आया करता था।

एक दिन वह कमरे में आया और उससे बिना कुछ कहे ही वापस जाने लगा। उसने पीछे से आवाज़ दी, “कहाँ जा रहे हो? क्या हुआ?”

“अहद, आज तुम कुछ बोल नहीं रहे। सब ठीक तो है न?”

“हाँ।” इतना कहकर अहद ने नज़रें झुका लीं।

“कुछ तो हुआ है? मैं तुम्हें इतने सालों से जानती हूँ, लेकिन तुम्हें इतना चुप कभी नहीं देखा।”

आगे बढ़कर उसने सहर का हाथ पकड़ लिया और उदासी भरे लहज़े में कहा, “सहर, मैं अपना वादा पूरा नहीं कर पाया। अब्बू ने मेरा रिश्ता तय कर दिया। मैंने अब्बू से कहा, ‘मुझे ये रिश्ता मंज़ूर नहीं है। मैं किसी और से शादी करना चाहता हूँ।’ लेकिन अब्बू ने साफ़ कह दिया, ‘वही होगी शादी।’ फिर मेरी हिम्मत नहीं हुई कि मैं उनसे कुछ और कह पाता।”

सहर देर तक उसे देखती रही। उसे लगा, जैसे उसके भीतर एक साथ बहुत कुछ टूटकर बिखर गया हो। काँपते होंठों से बस इतना निकला, “क्या कहा?”

“सहर, मैंने अभी हार नहीं मानी है। मैं कोशिश कर रहा हूँ। अभी ये रिश्ता पूरी तरह पक्का नहीं हुआ है। इसलिए मैं तुम्हें पहले बताना नहीं चाहता था। मुझे पता था, तुम बेवजह परेशान होगी। लेकिन तुमसे झूठ भी नहीं बोल पाया।”

“क्या ये कोई मामूली बात थी... कि... तुम?”

“नहीं, मैंने ऐसा कब कहा?”

अहद ने उसे तसल्ली देते हुए कहा, “तुम परेशान मत हो। अगली बार जब मिलने आऊँगा, देखना... सब ठीक रहेगा।”

इतना कहकर अहद कमरे से बाहर चला गया।

यादों में डूबी सहर को अचानक किसी आहट का एहसास हुआ। उसे लगा, आयना फिर आ गई है। उसने पलटकर देखा, लेकिन कमरे में उसके सिवा कोई नहीं था।

अतीत के बोझ के साथ उसने आगे बढ़कर नई तारीख़ के पन्ने को छुआ। इस नए स्पर्श ने उसकी आँखों में एक पुराना दृश्य जगा दिया। जब अहद ने पहली बार उसका हाथ छुआ, उसके भीतर एक अजीब-सी सिहरन उठी थी। फिर उसने आगे बढ़कर उसे अपनी बाहों में भर लिया था। उसकी ओर बढ़ते अहद के हर नए क़दम को उसने ख़ामोशी से स्वीकार किया था।

फिर धीरे-धीरे उसकी उँगलियाँ कैलेंडर के पन्ने से हट गईं। सहर ने पलकों को झपकाया तो वह पुराना दृश्य धुँधला पड़ गया। ख़ामोशी में लिपटे कमरे में उसे अपनी साँसों की आवाज़ साफ़ सुनाई दे रही थी।

खिड़की के पास जाकर वह चढ़ते सूरज को देखने लगी, जिसकी तपिश हवा में तैरती सर्द लहरों को धीरे-धीरे अपने आग़ोश में ले रही थी। कुछ देर आँखें बंद करके वहीं खड़ी रही, जैसे हवा से विदा होती शीतलता को अपने भीतर सहेज लेना चाहती हो...

उसने आँखें खोलीं, तो धूप कमरे में उतर आई थी। दीवार पर टँगे कैलेंडर का नया पन्ना हवा के हल्के झोंके से काँप रहा था, जिसके नीचे से पुराने पन्ने का एक कोना झाँककर अपनी मौजूदगी बयान कर रहा था।

मानो बदलाव नई चीज़ों से नहीं, बल्कि भीतर से होता है।

•••

उम्मे हबीबा की एक और कहानी यहाँ पढ़िए : कहानी : कुछ रह गया

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट