Font by Mehr Nastaliq Web

‘हम सब परंपरा में जीते हैं’ : प्रभातरंजन और उनकी कविताएँ

प्रकाश हिंदी के एक महत्त्वपूर्ण कवि का नाम है। प्रकाश ने आज से कुछ वर्ष पूर्व अपनी तंगहाली से तंग आकर अल्पायु में आत्महत्या कर ली थी। अब जब भी कहीं ‘प्रकाश’ शब्द सुनता-पढ़ता हूँ, प्रकाश की ही याद आती है—असीमित ज़िम्मेदारियों और जवाबदेहियों से घिरे—तंगहाली से तंग प्रकाश की। हालाँकि प्रकाश से कभी कोई सीधा संपर्क या परिचय नहीं रहा, लेकिन गए कुछ वर्षों से यह एहसास गहरा होता गया है कि वह अब कम है या जा चुका है। यह भी यहाँ जोड़ देने वाली बात है कि अब प्रकाश के नाम पर एक ‘प्रकाश वृत्ति’ है जिसके अंतर्गत नए कवियों के पहले कविता-संग्रह प्रकाश में लाए जाते हैं।

...पर इस ‘प्रभातविषयक’ में प्रकाश की याद क्यों? दरअस्ल, प्रकाश से प्रभात का एक आवयविक संबंध है। वह जैसे एक दूसरे को चाहते और पुकारते रहे हैं। स्वप्न में या यथार्थ में—वे एक दूसरे से मिलते रहे हैं।

प्रभात समकालीन हिंदी कविता के श्रेष्ठ हस्ताक्षर हैं; पर ऊपर के अनुच्छेद में जिस प्रभात का ज़िक्र है, वह प्रभात दूसरे हैं। मलयज की डायरी तथा दूधनाथ सिंह और ज्ञानरंजन के संस्मरणों में जिनका ज़िक्र मिलता है और जिन पर नीलाभ ने ‘उत्तराधिकार’ शीर्षक से एक कविता रची। इस कविता में प्रभात की मौत के कहीं अंकित न होने के शोक के समानांतर एक कवि के नि:शब्द डूब जाने के विवरण व्यक्त हैं।

प्रभात भी प्रकाश की भाँति ही असमय दिवंगत हुए। ‘कुछ अश्के जिगर’ [गिरिराज किशोर को लिखे पत्र, चयन-टिप्पणी-प्रस्तुति : प्रियंवद, संभावना प्रकाशन (हापुड़), प्रथम संस्करण : 2026] में प्रियंवद लिखते हैं :

प्रभात इलाहाबाद में रहते थे। एक जीनियस की निश्चित, शापित नियति भुगतने को अभिशप्त थे। ज्ञानरंजन बताते हैं कि मुझे साहित्यिक संस्कार प्रभात से मिले। उन्होंने ही पाब्लो नेरूदा की कविताओं और यूरोप की बेहतरीन फ़िल्मों से उनका परिचय कराया।

प्रभात अठारह वर्ष की उम्र के थे, जब उनका एक और एकमात्र कविता-संग्रह ‘सूनी घाटी का गीत’ [रचना-काल : 1957-58, प्रथम संस्करण : 1959, साहित्य भवन प्राइवेट लिमिटेड, इलाहाबाद] शीर्षक से प्रकाशित हुआ। इस संग्रह पर कवि का नाम प्रभातरंजन दर्ज है; जबकि उन पर एकाग्र डायरी-अंशों, पत्रों, कविताओं, लेखों, संस्मरणों आदि में सब जगह उन्हें प्रभात ही पुकारा गया है। प्रभात ने इस कविता-संग्रह की भूमिका के रूप में एक वक्तव्य भी दिया है, जिसमें नई कविता आंदोलन के बारे में एक बिल्कुल नए कवि के शब्दों में काफ़ी कुछ पता चलता है :

नई कविता संपूर्णतया स्वच्छ नहीं है। उसे बदनाम करने वाले भी बहुत हैं। यों कुछ कमियाँ तो हमेशा, हर जगह, हर वस्तु में होती ही हैं। मैं पहले ही कह चुका हूँ कि संपूर्णता मृत्यु है। वास्तव में जितने दोष नई कविता पर लगाए जाते हैं, वे स्थिरता से देखने के उपरांत बहुत हल्के पड़ेंगे। यह तो निश्चित है कि विद्रोह और क्रांति के पश्चात् शीघ्र संतुलन लाना बहुत कठिन कार्य होता है और इसी असंतुलन में रचा गया अधिकांश साहित्य नई कविता के नाम को दूषित करता है या फिर अतिवादी उच्छृंखलता में अधिकतर जो साहित्य लिखा गया वह। अतिवादिता से तो प्रत्येक पाठक को क्रोध आएगा और यह बात नई कविता में अब तक पर्याप्त मात्रा में रही है। इस माध्यम का अनुचित उपयोग भी ख़ूब किया गया है। प्रश्न दुरूहता या क्लिष्टता का भी है। इसके लिए कौन अधिक दोषी है? कवि? या सौ वर्ष पूर्व की काव्य-परंपरा में जीवित रहने वाला पाठक? यह विचारणीय प्रश्न है। तो क्या कवि सौ वर्ष पुरानी काव्य-परंपरा में फिर लौट जाए या पाठक को ही स्वयं वहाँ तक जाने दिया जाए? मेरी समझ में दूसरी बात ही संगत प्रतीत होती है। होता यही आया है कि मौलिक और क्रांतिकारी काव्य हमेशा समय से आगे रहा है। सचाई को कम लोग जानें, यह संभव है; परंतु वह केवल कम लोगों के जानने मात्र से झूठी हो जाए, यह तो समझ में नहीं आता। अधिकांशतः संधि-युग में यही होता है।

1958-59 की इलाहाबादी बौद्धिक गहमा-गहमियों में ‘सूनी घाटी का गीत’ को हाथों-हाथ लिया गया था। प्रियंवद ने ज्ञानरंजन और गिरिराज किशोर को लिखे पत्रों को खंडवार-पुस्तकाकार प्रस्तुत करते हुए प्रभात के बारे में बहुत सारे ब्योरों को जगह दी है। इन खंडों में ज्ञानरंजन और गिरिराज किशोर के नाम लिखे प्रभात के दो पत्र मिलते हैं। ज्ञानरंजन को लिखा पत्र 18 फ़रवरी 1965 का है और गिरिराज किशोर को लिखा 24 अप्रैल 1965 का।  इससे पूर्व मलयज की डायरी में 20 जुलाई 1961 और 11 अक्टूबर 1963 की, और इसके पश्चात् 31 दिसंबर 1974 प्रविष्टियाँ भी प्रभात के विलक्षण व्यक्तित्व के विषय में एक मर्ममय भाषा में काफ़ी कुछ व्यक्त करती हैं। यह सब कुछ एक पुस्तक या उपन्यास का विषय है या एक विस्तृत कथापरक जीवनी का... पर हिंदी में इतनी फ़ुर्सत कहाँ! 

प्रभात के पिता हिंदी के सुपरिचित साहित्यकार विश्वंभर ‘मानव’ हैं। पिता से उनके संबंध कभी सहज नहीं रहे। प्रियंवद के शब्दों में, “प्रभात सुबह घर से निकल जाते और सड़कों पर भटकते रहते थे। पैदल पच्चीस से तीस किलोमीटर चल लेते थे। विलक्षण अध्ययन ही उनकी विक्षिप्तता के मूल कारणों में था। उन्होंने पिता को ‘डिसओन’ कर दिया था।” प्रियंवद ‘कुछ अश्के जिगर’ में ‘हम अनिकेतन’ से श्रीनरेश मेहता को उद्धृत करते हैं :

कॉफ़ी हाउस मुख्यतः ‘परिमल’वालों का ही अड्डा हुआ करता था। इसमें एक अपवाद ज़रूर थे—विश्वंभर ‘मानव’। मानव जी ‘साहित्य संदेश’ आगरा की मार्फ़त साहित्य में अधिक से अधिक परीक्षोपयोगी समीक्षक ही थे। परंतु उनकी राशि निश्चित ही वृश्चिक रही होगी। इसलिए वह नियमित नहाए-धोए, बिलक्रीम से बाल चिपकाए, पैंट-क़मीज़ में ठीक छह बजे कॉफ़ी हाउस में पीछे की सीट पर बैठे दिख जाते; जैसे घात लगाए बैठे हों, कि आप आएँ और वह अपने डंक का प्रयोग करें। मानव जी अद्भुत रूप से अजूबा थे। साहित्यकारों में शायद ही कोई जीवित नाम होगा जिसे वह पसंद करते रहे हों। आपके साहित्य पर बिना झिझके, वह चुभता-सा कमेंट न करें; यह संभव ही न था। लोगों को शत्रु बनाने की कला में उन्हें सिद्धि प्राप्त थी।

‘ज्ञानरंजन के बहाने’ [नई किताब, प्रथम संस्करण : 2012] में नीलाभ ने प्रभात का ख़ाका कुछ यों खींचा है :

...तभी अचानक कॉफ़ी हाउस में मेरा परिचय हिंदी के आलोचक विश्वंभर ‘मानव’ के बेटे और दूधनाथ के रक़ीब प्रभातरंजन से हुआ। प्रभात शायद दसवीं पास था या जैसा कि अब लक्ष्मीधर मालवीय ने लिखा है, दसवीं पास भी नहीं था। कौन जाने! साहित्य में डिग्रियाँ कौन देखता है। लेकिन उसने दुनिया-जहान का साहित्य पढ़ रखा था और एज़रा पाउंड, रैम्बो और इब्ने सफ़ी का बयकवक़्त मुरीद था, रैम्बो और बॉदलेयर सरीखी बोहेमियन ज़िंदगी जीना चाहता था, कई क़िस्म के नशे करता था। ज्योतिष में अच्छी-ख़ासी पकड़ रखने का दावा करता था, बहुत ही मार्मिक, गहरी, संवेदना से भरी कविताएँ लिखता था और बड़ी ऊँचाई से दुनिया को देखता था। बहुत जल्द ही प्रभात और मैं हम-निवाला तो नहीं, हम-प्याला हो गए, प्याला चाहे चाय का हो या कॉफ़ी या फिर रम का। जहाँ दूधनाथ और सुरेंद्रपाल मुझसे उमर में बहुत बड़े थे और बुद्धिसेन की अपनी सीमाएँ थीं, वहीं प्रभात आयु में भी और साहित्यिक रुचि में भी मेरे बहुत नज़दीक था। एज़रा पाउंड और फ़्रेंच डिकेडेंट कवि मेरी भी पसंद थे। सो, हमारी ख़ूब छनने लगी और प्रभात ही के ज़रिये मेरा परिचय देवकुमार और ज्ञान[रंजन] से हुआ। देवकुमार भी कवि थे और दूधनाथ और प्रभात की मंडली के एक सितारे। लेकिन अनेक कारणों से यह मंडली छिन्न-भिन्न हो गई थी। देवकुमार कविता और पुराने जीवन से धीरे-धीरे नाता तोड़कर कुछ ज़रिया-ए-रोज़ो-शब की फ़िक्र में थे जो अंततः उन्हें ‘माया,’ ‘मनोहर कहानियाँ’ और ‘मनोरमा’ के संपादन विभाग में ग़र्क़ हो जाने की जानिब ले गई। प्रभात ने पहले ज्ञान को खोजा और फिर मुझे और फिर हम दोनों को मिलाया।

हिंदी साहित्य में अभिशप्त व्यक्तित्वों का एक अभेद्य सिलसिला है। यह सिलसिला उस भारतीय और विश्व साहित्य से भी जुड़ता ही है; जहाँ बोहेमियन, अराजक और आत्महंता होना अब भी एक मूल्य की तरह प्रतिष्ठित है। इस मूल्य की छाया में बहुत सारे जीनियस गुम हो जाते हैं, बहुत सारे गुमनाम रहे आते हैं और बहुत सारे रोज़-रोज़ या अक्सर याद आते हैं। 

प्रभात के विक्षिप्त हो जाने पर मलयज की डायरी [31 दिसंबर 1974] में ये वाक्य मिलते हैं :

प्रभात से मुलाक़ात।

सुना है उसे शॉक दिया जा रहा है। हर चार-पाँच महीने के बाद। अभी दो-तीन दिन ही हुए यह उपचार कराके लौटा है। टूटा-टूटा-सा, खोया-खोया-सा। दयनीय। चेहरा काला पड़ गया है। आँखों पर चश्मा। रुक-रुककर सोच-सोचकर कोई एक बात पूछता—कोई एक प्रश्न और उत्तर पा जाने के बाद खो-सा जाता।

उसे यह याद है कि हम रामबाग़ स्टेशन घूमने जाया करते थे। उसके पास मुझसे बातें करने को कुछ था, शायद बहुत कुछ, पर उसे जैसे दिमाग़ की ऊपरी सतह पर लाना पड़ता था—प्रयत्नपूर्वक। उसने सिविल लाइंस की सड़कों पर घूमते-घूमते एक प्रश्न पूछा था, “क्या आपने मेरी इधर की कविताएँ देखी हैं?” मैंने कहा था, “हाँ।” और कुछ नहीं।

उस दिन शिवपुरी भी साथ थे। प्रभात ने कहा था कि मलयज जी आपकी नौकरी लग गई और आपने चाय पी भी नहीं पिलाई। मैं उसे प्लाज़ा के पास एक ढाबेनुमा रेस्तराँ में ले गया। रेस्तराँ में घुसने के पहले मैंने देखा, वह एक भिखारी बच्चे की फैली हथेली पकड़कर उसकी रेखाएँ देख रहा था। एक पल को फिर वह कहीं चला गया। दो मिनट बाद एक पुड़िया में थोड़े-से आलू-चिप्स लेकर आया। गोया इस छोटी-मोटी चाय-गोष्ठी में यह उसका कॉन्ट्रिब्यूशन था...

भुवनेश्वर और स्वदेश दीपक की तरह ही आज प्रभात के बारे में भी कोई नहीं जानता कि वह कब, कहाँ, कैसे मरे! प्रियंवद कहते हैं कि निश्चित रूप से आज प्रभात के बारे में बताने वाला कोई नहीं है। लक्ष्मीधर मालवीय जब भी इलाहाबाद आते थे, प्रभात से मिलते थे। 9 जून 1998 के एक पत्र में उन्होंने ज्ञानरंजन को लिखा है कि उन्हें प्रभात की याद अक्सर आती थी। वह सन् 95 में इलाहाबाद गए तो उन्हें खोजते हुए ककरहा घाट तक गए। वहाँ रहने वाले सुनील टैंपो चालक से पता चला कि श्मशान की बारादरी में डेढ़ साल तक पड़े रहने के बाद प्रभात की मृत्यु हो गई। सुनील के चाचा की लकड़ी की टाल थी। सुनील ने ही उन्हें फूँका था।

प्रभात के कविता-संग्रह ‘सूनी घाटी का गीत’ के बाद की कविताएँ प्राप्त नहीं होती हैं, जैसा कि अब तक ज्ञात ही है कि ये कविताएँ कवि की किशोरवय की हैं। इस संग्रह के बाद की कविताएँ जिनका ज़िक्र मलयज की डायरी में आता है, कहीं से भी प्राप्त नहीं होतीं। इस सबके बावजूद ‘सूनी घाटी का गीत’ नई कविता के ज्ञात-अज्ञात इतिहास में एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण संग्रह है। इसमें प्रकृति, प्रेम, स्मृति, परंपरा, इतिहास और आधुनिक जीवन की जटिलताएँ एक व्यापक संवेदनात्मक धरातल पर उपस्थित होती हैं। सूनापन और गीत यहाँ एक सह-अस्तित्व में आकर एक विडंबना को आकार देते हैं। यहाँ एक पारंपरिक सौंदर्यबोध नज़र आता है और वयानुकुल अनिवार्य भावुकता।

प्रभात की प्रेम-कविताओं में आकर्षण, प्रतीक्षा, स्मृति और अनुपस्थिति के अनेक रूप दिखाई देते हैं। प्रेम यहाँ केवल प्राप्ति का उत्सव नहीं, बल्कि मनुष्य की अपूर्णता और संबंधों की जटिलता का अनुभव भी है। स्त्री की उपस्थिति के संदर्भ में भी इस संग्रह का संवेदन उल्लेखनीय है, हालाँकि उसकी स्वतंत्र चेतना को अभिव्यक्त करने के मामले में कवि की दृष्टि हमेशा पारंपरिक संबंधपरक कल्पना से मुक्त नहीं हो पाती।

प्रभात की कविता-सृष्टि में गीतात्मकता, मुक्त छंद, संवाद और पुनरावृत्ति के वे काव्य-प्रयोग बहुत आरंभ में ही प्राप्त होते हैं; जिनसे भविष्य की हिंदी कविता बाद में परिचित होती है। इस अर्थ में ‘सूनी घाटी का गीत’ हिंदी कविता के उस संक्रमणशील दौर की रचनात्मक प्रवृत्तियों को समझने में उपयोगी है, जब परंपरागत गीतात्मकता और आधुनिक संवेदना के बीच नए संबंध निर्मित हो रहे थे। इसके साथ-साथ इस संग्रह की सबसे बड़ी उपलब्धि इसकी प्रश्नाकुल मानवीय चेतना है। यह संग्रह केवल प्रकृति और प्रेम का आख्यान नहीं; बल्कि उस मनुष्य की तलाश भी है जो अपने समय की विडंबनाओं के बीच आत्मीयता, स्मृति और जीवन का अर्थ बचाए रखना चाहता है।

•••

• ‘सूनी घाटी का गीत’ में दर्ज कवि-वक्तव्य यहाँ पढ़िए : प्रभातरंजन का गद्य
• ‘सूनी घाटी का गीत’ संग्रह की सारी कविताएँ यहाँ पढ़िए : प्रभातरंजन का कविता-संसार

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट