ज्ञानरंजन और देव आनंद के बीच कहीं
शिरीष खरे
21 नवम्बर 2026
कल रात मैं फ़ेसबुक की रील पर ‘अपना दिल तो आवारा’ देख रहा था। यह गाना ‘सोलहवाँ साल’ फ़िल्म का है, देव आनंद का गाना। पर उस रील में देव आनंद नहीं थे। किसी नए लड़के ने उसे बहुत आधुनिक ढंग से गाया था, नई धुन में, नए अंदाज़ में, जिसमें न पुराना ज़माना बचा था, न वह चेहरा जिस पर यह गीत कभी फ़िल्माया गया था। फिर भी मेरा अँगूठा रुक गया, और उसके साथ मेरे लिए बाक़ी सब भी। उस नए लड़के के पीछे मैंने देव साहब को याद कर लिया, जैसे कोई ख़ाली कुर्सी देखकर भी उस पर बैठने वाले को पहचान ले। मैं गाना पूरा देखता रहा।
पर ठहरिए। मुझे तो आज ज्ञानरंजन की बात करनी थी। आज उनका नब्बेवाँ जन्मदिन है, उनकी तस्वीर इस पन्ने के ऊपर लगी है, और मैं देव आनंद के गाने पर अटका बैठा हूँ। मैं उनकी बात क्यों करने लगा? सच यह है कि मैं इन दोनों में से एक की बात दूसरे के बिना कर ही नहीं पाता, और यही बात मुझे आज तक समझ नहीं आई। मेरे भीतर दो जगहें हैं—जहाँ मैं ठहर जाता हूँ, एक पर्दे पर, एक पन्ने पर और उन दोनों का आपस में कोई मेल नहीं। इसलिए यह लेख ज्ञानरंजन के बारे में है, देव आनंद के बारे में भी और सबसे ज़्यादा उस आदमी के बारे में जो इन दोनों के सामने ठिठककर खड़ा है।
‘तीन देवियाँ’ मैंने बचपन में टीवी पर देखी थी, ब्लैक एंड व्हाइट, और तभी से देव आनंद मेरे भीतर बैठ गए। ज्ञानरंजन की ‘शेष होते हुए’ मैंने किशोरावस्था के आख़िरी दिनों में पढ़ी, जब तरुणाई दरवाज़े पर खड़ी थी और पहले ही पन्ने के बाद लगा कि मैं ऐसे वाक्यों के सामने खड़ा हूँ जिन्हें लिखने वाले को ठीक-ठीक पता है कि वह क्या कर रहा है। तब से मेरी एक आदत बन गई। कोई उनकी पंक्ति उद्धृत कर दे तो मैं ठिठक जाता हूँ और कई बार अचानक उनकी कोई कहानी, या उनका गद्य, उठा लेता हूँ और कुछ पन्ने पढ़ लेता हूँ। उसके बाद कई दिनों तक कोई दूसरा लेखक मेरे सामने टिकता ही नहीं।
ज्ञानरंजन ने कहानियाँ कम लिखीं, पर उनका दायरा बहुत बड़ा रहा। उनकी कहानियों में एक नौजवान का ग़ुस्सा है, जो मेज़ पर मुट्ठी नहीं पटकता, बस वाक्य के भीतर राख के नीचे कोयले की तरह बैठा रहता है और झुकने से इनकार करता है। उनकी भाषा ऐसी कि एक शब्द हटाओ तो पूरा वाक्य काँप जाए और जो नहीं कहा गया, वह कहे हुए से ज़्यादा देर तक गूँजता रहे। ‘पहल’ के संपादक के रूप में उन्होंने न जाने कितनी आवाज़ों को पन्ना दिया। मैं मानता हूँ कि उनके बिना हिंदी साहित्य अधूरा है। वह उस संसार के लेखक थे जो इलाहाबाद से होकर जबलपुर तक जाता है, जहाँ किताबें और बहसें रोज़ की हवा थीं और घर का माहौल ही बौद्धिक था। मेरी पैदाइश इन शहरों में नहीं हुई। मेरी हवा में कुछ और था।
और देव आनंद। उनकी दुनिया तो मेरी कल्पना से भी बाहर थी : अँग्रेज़ी में बोलती बैठकें, चमकती गाड़ियाँ, और आस-पास हमेशा कितनी ही लड़कियाँ। ‘तीन देवियाँ’ का नाम ही इसकी गवाही दे देता है। मेरे जीवन में इतनी लड़कियाँ कभी नहीं रहीं और ऐसे जीवन की कल्पना भी मैंने नहीं की। पर रोमांस तो सबके भीतर होता है, मेरे भीतर भी है। बस मेरे यहाँ वह पर्दे की तरह बाहर नहीं आता। वह भीतर पड़ा रहता है, पुराने संदूक़ में तहाकर रखी किसी चिट्ठी की तरह, जिसे खोलते नहीं, पर जिसकी जगह याद रहती है। और जब देव साहब का कोई गीत आता है, तो उस संदूक़ का ढक्कन अपने आप थोड़ा-सा सरक जाता है। उनके चलने में ही गीत था, और हार में भी उनकी रूमानियत मुस्कुराना जानती थी। एक के बाद एक फ़िल्म में वह उसी हल्केपन के साथ आते रहे, जैसे जीवन बोझ नहीं, एक रास्ता हो। मैं मानता हूँ कि उनके बिना हिंदी सिनेमा अधूरा है। दोनों ने लंबा जीवन जिया और उसे अपने काम से भर दिया।
इन दोनों की तुलना तो हो ही नहीं सकती और मैं करने भी नहीं बैठा हूँ। एक का रास्ता कसे हुए वाक्य से होकर जाता है, दूसरे का खुले आसमान के नीचे चलते क़दमों से। एक शब्दों में रुकता है, दूसरा रोशनी में बहता है। इनका आपस में कोई मेल नहीं और मेरे साथ तो और भी नहीं। मैं इन दोनों से दूर, किसी कोने में खड़ा हूँ, जैसे किसी प्लेटफ़ॉर्म के आख़िरी छोर पर कोई आदमी, जहाँ से रोशन गाड़ियाँ गुज़रती दिखती हैं। उनकी खिड़कियाँ, खाने की मेज़ें, किसी की हँसी। मैं उनमें चढ़ना नहीं चाहता। बस देखता हूँ और जब आख़िरी डिब्बा निकल जाता है, तो कुछ देर वहीं खड़ा रहता हूँ। फिर भी वहाँ से एक बात साफ़ दिखती है : ये दोनों मुझे एक ही ज़ोर से खींचते हैं, जबकि आपस में इनका कोई नाता मुझे दिखता नहीं था।
अजीब यह है कि दूरी जितनी बड़ी होती है, खिंचाव उतना गहरा। जो चीज़ हमारे अनुभव से बाहर होती है, वह अक्सर बेमानी लगती है। पर ज्ञानरंजन की कोई पंक्ति ऐसी दुनिया का ब्योरा देती है जिसमें मैंने कभी पाँव नहीं रखा, और मैं उसे ऐसे पहचानता हूँ जैसे उसी घर में बैठा था। देव साहब की दुनिया का एक भी दिन मैंने नहीं जिया, फिर भी जब वह मुड़कर देखते हैं तो लगता है, मुझे ही देखा। आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ होगा। कोई एक चेहरा, कोई एक गीत, कोई एक लेखक, जो न आपके जैसा है, न जिसकी तरह आप होना चाहते हैं और फिर भी जिसके सामने आप चुप हो जाते हैं। कोई पूछे कि क्यों, तो आप कुछ कह देते हैं और कहते ही समझ जाते हैं कि जो कहा, वह कारण नहीं था।
कभी-कभी सोचता हूँ कि शायद इसलिए कि जो इन दोनों में खींचता है, वह मेरे भीतर भी है। ग़ुस्सा भी, रूमानियत भी और मैं इन्हें बारी-बारी से सुलाता और जगाता रहता हूँ। पर यही कारण होता तो बात ख़त्म हो गई होती, क्योंकि ग़ुस्सा बहुत लोगों में है और रूमानियत बहुत-सी फ़िल्मों में और अँगूठा हर जगह नहीं रुकता।
एक बात मुझे बहुत बाद में पता चली। ज्ञानरंजन की एक कहानी में सुरैया का ज़िक्र आता है, वही सुरैया जो कभी देव आनंद की ज़िंदगी में थीं। जब मैंने इन दोनों को अपने भीतर अलग-अलग जगह दी थी, तब मुझे इसकी ख़बर नहीं थी। पता चला तो मैं कुछ देर चुप रहा। जो दो लोग मुझे इतने दूर लगते थे, उन्हें एक नाम ने कहीं छुआ था, मेरे पहुँचने से बहुत पहले। लगा, इसके पीछे कुछ बड़ा-सा है, जिसकी ओर मैं सीधे नहीं देख पाता।
अब वह बात, जिसके लिए यह सब लिखा जा रहा है। आम तौर पर आदमी जिनकी ओर खिंचता है, उन्हीं की तरह बनना चाहता है। सचिन का प्रशंसक गली में सचिन की तरह खड़ा होता है, उसी की तरह बल्ला उठाता है, उसी की तरह चौका मारने की कोशिश करता है। और जो ऐसा नहीं करता, वह अक्सर इसलिए नहीं करता कि जानता है, उन जैसा बन पाना बहुत कठिन है। यह सच भी है। ज्ञानरंजन की तरह लिख पाना, देव आनंद की तरह परदे पर चल पाना, बहुत कठिन है, इसमें किसी को शक नहीं। पर मेरा मामला यह नहीं है। मुझे कठिनाई का डर नहीं है, चाहना ही नहीं है। मैं उनकी तरह बनना ही नहीं चाहता। यह मेरे स्वभाव में है। मैं भीड़ में पीछे खड़ा रहता हूँ, बोलने से पहले देखता हूँ, जो चीज़ मुझे छू जाए उसके पास बार-बार लौटता हूँ, और जिसे अपना कहता हूँ, उसमें किसी की नक़ल बर्दाश्त नहीं करता, अपनी भी नहीं। जैसे कोई पहाड़ को देर तक देखता रहे, पर पहाड़ बन जाना न चाहे।
पूरे साहित्य में से किसी एक को चुनना पड़े तो मैं ज्ञानरंजन को चुनूँगा, और पूरे सिनेमा में से किसी एक को, तो देव आनंद को। इसमें एक पल नहीं लगेगा। पर मैं न उनकी तरह लिखूँगा, न उनकी तरह अभिनय करूँगा। अभिनय मैंने किया भी है, और छोड़ भी दिया, पर उसमें देव आनंद बनने की कोशिश कभी नहीं थी। लिखने में जिनसे सबसे ज़्यादा प्रभावित हूँ, उनमें ज्ञानरंजन पहले हैं, फिर भी जब भी लिखूँगा, अपनी तरह लिखूँगा। जिनसे सबसे ज़्यादा प्रभावित हूँ, उनके ढंग में नहीं जाना चाहता, और जिनके ढंग में नहीं जाना चाहता, उन्हीं के आगे सबसे ज़्यादा रुकता हूँ। यह क्यों है, मैं नहीं जानता।
आज उनके नब्बे बरस पूरे होते हैं, और मैं उनके सामने उसी तरह ठहरा खड़ा हूँ। उस रात जिस लड़के ने वह गीत गाया, उसने न देव साहब की नक़ल की, न उनकी आवाज़ की। उसने गाना अपनी आवाज़ में गाया, अपने ज़माने की धुन पर। और फिर भी वह गाना उन्हीं का रहा, इतना कि जब तक गीत चला, मैं पर्दे पर नहीं, याद में खड़ा रहा। शायद मैं भी वैसा ही कुछ करने निकला हूँ। गाना ज्ञानरंजन का, आवाज़ मेरी। मेरी पंक्तियों में वे नहीं होंगे, उनका ढंग नहीं होगा, फिर भी कभी-कभी कोई पाठक रुककर सोचेगा कि इनके पीछे कोई और भी खड़ा है, जैसे उस रात देव साहब खड़े थे, किसी रील के अँधेरे कोने में, जहाँ मैं अपना अँगूठा रोके खड़ा था।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट