21वाँ मेटा थिएटर फ़ेस्टिवल आज से दिल्ली में
हिन्दवी डेस्क
19 मार्च 2026
नई दिल्ली में रंगमंच प्रेमियों के लिए यह सप्ताह ख़ास होने जा रहा है। महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवॉर्ड्स [META] 2026 का 21वाँ संस्करण आज, 19 मार्च से दिल्ली में शुरू हो रहा है। कमानी ऑडिटोरियम में इसके उद्घाटन के साथ एक सप्ताह तक चलने वाला यह रंगोत्सव देशभर की चुनिंदा नाट्य प्रस्तुतियों, विविध भाषाओं और समकालीन विषयों के साथ दर्शकों को समृद्ध रंगानुभव देने के लिए तैयार है। 19 से 25 मार्च तक कमानी ऑडिटोरियम और श्रीराम सेंटर में कुल 10 नाटकों का मंचन किया जाएगा, जबकि 25 मार्च को भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन होगा।
महिंद्रा समूह द्वारा स्थापित और टीमवर्क आर्ट्स द्वारा प्रस्तुत यह फ़ेस्टिवल भारतीय रंगमंच की विविधता, संवेदनशीलता और प्रयोगधर्मिता का एक महत्त्वपूर्ण मंच माना जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेटा केवल नाट्य-प्रस्तुतियों का आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह भारतीय समाज, संस्कृति और बदलते समय के सवालों को मंच पर देखने-समझने का अवसर भी है। इस वर्ष प्रस्तुत होने वाले नाटक सामाजिक सरोकारों, पौराणिक आख्यानों के पुनर्पाठ, पहचान, लिंग, वर्ग और हाशिये के समुदायों की आवाज़ जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों को केंद्र में रखते हैं। मिथक, राजनीति, भक्ति, प्रतिरोध और अस्मिता जैसे आयामों की पड़ताल करती ये प्रस्तुतियाँ समकालीन भारतीय रंगमंच की व्यापकता का परिचय देती हैं।
इस बार फ़ेस्टिवल के लिए कुल 422 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। यह तथ्य इस बात का प्रमाण है कि देशभर में रंगकर्म की ऊर्जा लगातार बढ़ रही है और मेटा जैसे मंच कलाकारों तथा समूहों के लिए कितने महत्त्वपूर्ण हैं। चयनित नाट्य प्रस्तुतियाँ महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों से आई हैं। इनमें हिंदी, मलयालम, बांग्ला, मराठी, संस्कृत, अँग्रेज़ी और अन्य भाषाओं का प्रतिनिधित्व शामिल है। भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का यह मेल मेटा को राष्ट्रीय रंगमंच का सच्चा उत्सव बनाता है।
इस वर्ष की ज्यूरी में भारतीय रंगमंच की प्रतिष्ठित हस्तियाँ अमल अल्लाना, अनुराधा कपूर, राजित कपूर, सतीश आलेकर और इला अरुण शामिल हैं। महिंद्रा समूह के वाइस प्रेसिडेंट [कल्चरल आउटरीच] जय शाह ने कहा कि मेटा कला को सामाजिक संवाद और सांस्कृतिक सहभागिता का सशक्त माध्यम मानता है, और इस वर्ष के नाटक समकालीन भारतीय रंगमंच की समृद्धि को दर्शाते हैं। टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजॉय के. रॉय के अनुसार, इस वर्ष का चयन भारतीय रंगमंच की विविधता, गहराई और प्रयोगधर्मिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। फ़ेस्टिवल प्रोड्यूसर सूरज धींगरा ने इसे रिकॉर्ड प्रविष्टियों वाला वर्ष बताते हुए कहा कि मेटा 2026 दर्शकों के लिए एक समृद्ध और बहुआयामी रंगमंच अनुभव लेकर आएगा।
फ़ेस्टिवल का समापन 25 मार्च को मेटा अवॉर्ड्स नाइट 2026 के साथ होगा, जिसमें कुल 14 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे। इस अवसर का सबसे बड़ा आकर्षण दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और रंगकर्मी अमोल पालेकर को दिया जाने वाला लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड होगा। इसके अलावा 13 प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ मंच सज्जा, सर्वश्रेष्ठ लाइट डिज़ाइन, सर्वश्रेष्ठ साउंड एवं म्यूज़िक डिज़ाइन, सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिज़ाइन, मुख्य और सहायक भूमिकाओं में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता [पुरुष एवं स्त्री], सर्वश्रेष्ठ मौलिक पटकथा, सर्वश्रेष्ठ एन्सेम्बल तथा सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफर जैसे सम्मान शामिल हैं।
मेटा 2026 केवल एक फ़ेस्टिवल नहीं, बल्कि भारतीय रंगमंच की रचनात्मक जीवंतता का उत्सव है। नई दिल्ली में शुरू हो रहा यह आयोजन कला प्रेमियों, रंगकर्मियों और दर्शकों को एक साझा सांस्कृतिक अनुभव से जोड़ने जा रहा है। टिकट और विस्तृत जानकारी के लिए दर्शक मेटा की आधिकारिक वेबसाइट [www.metawards.com] पर जा सकते हैं।
मेटा 2026 : कार्यक्रम अनुसूची
• 19 मार्च 2026
अम्बा
निर्देशक : अतुल कुमार | निर्माण : डी फॉर ड्रामा
[मुंबई (महाराष्ट्र), हिंदी एवं बुंदेलखंडी]
समय : रात 8 बजे
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
• 20 मार्च 2026
धोमी किथा किथा धोमी
निर्देशक : ओ.टी. शाजहान | निर्माण : एथलीट कायिका नाडकवेधी
[पालक्काड (केरल), मलयालम]
समय : शाम 6 बजे
स्थान : श्रीराम सेंटर
• 20 मार्च 2026
चाँदनी रातें
निर्देशक : पूर्वा नरेश | निर्माण : आरंभ मुंबई प्रोडक्शंस
[मुंबई (महाराष्ट्र), हिंदी]
समय : रात 8 बजे
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
•21 मार्च 2026
कादंबरी
निर्देशक : मेघना रॉय चौधरी | निर्माण : पैराडाइम शिफ्ट आर्ट्स
[पुणे (महाराष्ट्र), हिंदी एवं बांग्ला]
समय : शाम 6 बजे
स्थान : श्रीराम सेंटर
• 21 मार्च 2026
द ओल्ड मैन एंड द सी : कथकली ऑफ़ मारो
निर्देशक : नीरज जी.एम. | निर्माण : केरल कलामंडलम डी.यू.
[त्रिशूर (केरल), मलयालम एवं संस्कृत]
समय : रात 8 बजे
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
• 22 मार्च 2026
समथिंग लाइक ट्रुथ
निर्देशक : पर्णा पेठे | निर्माण : सोशल मंच एवं पीस प्रोजेक्ट्स
[पुणे (महाराष्ट्र), हिंदी एवं अँग्रेज़ी]
समय : शाम 6 बजे
स्थान : श्रीराम सेंटर
• 22 मार्च 2026
जे जानलागुलोर आकाश छिलो
निर्देशक : सौरव पालोधी | निर्माण : ठाकुरपुकुर इच्छेमोटो
[कोलकाता (पश्चिम बंगाल), बांग्ला]
समय : रात 8 बजे
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
• 23 मार्च 2026
वाई [Y]
निर्देशक : रेमिथ रमेश | निर्माण : द इंटरलिंक थिएटर
[कोल्लम (केरल), गिबरिश]
समय : शाम 6 बजे
स्थान : श्रीराम सेंटर
• 23 मार्च 2026
करुणाष्टके
निर्देशक : प्रजक्त देशमुख | निर्माण : भद्रकाली प्रोडक्शन्स
[मुंबई (महाराष्ट्र), मराठी]
समय : रात 8 बजे
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
• 24 मार्च 2026
मिथ्यासुर
निर्देशक : अजीत सिंह पल्लावत | निर्माण : उजागर ड्रामेटिक एसोसिएशन
[मुंबई (महाराष्ट्र), हिंदी एवं हिंदुस्तानी]
समय : शाम 6 बजे
स्थान : श्रीराम सेंटर
• 25 मार्च 2026
मेटा अवॉर्ड्स नाइट
समय : शाम 7 बजे से
स्थान : कमानी ऑडिटोरियम
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट