आबिदा परवीन : इश्क़ की आवाज़
अनिश सिन्हा
29 नवम्बर 2026
फ़ारसी शायरी में एक पुरानी रवायत है। आशिक़ अपने महबूब को खोजते हुए कभी मयख़ाने पहुँचता है, कभी किसी वीराने में भटकता है, कभी दरवेशों की महफ़िल में बैठता है और कभी अपने ही दिल से पूछता है कि जिस शख़्स की तलाश में वह सारी उम्र गुज़ार रहा है, वह आख़िर रहता कहाँ है। इस तलाश में मजनूँ भी है, मंसूर भी, रूमी भी और बुल्ले शाह भी। इन सबके बीच एक आवाज़ है, जो इन कवियों के अलग-अलग समय, भाषाओं और आध्यात्मिक अनुभवों को एक साझा संगीतात्मक स्मृति में बदल देती है। आबिदा परवीन को सुनते हुए ऐसा लगता है, जैसे फ़ारसी की कोई पुरानी मसनवी, पंजाब की कोई काफ़ी और सिंध के किसी दरवेश का कलाम एक ही महफ़िल में अपनी जगह पा रहे हों। उनके गायन में इश्क़ की शब्दावली का अपना एक संसार है। यार, मौला, मुरशिद, फ़ना, बक़ा, हिज्र और विसाल जैसे शब्द अपनी पूरी साहित्यिक और दार्शनिक विरासत के साथ उपस्थित होते हैं। उनकी आवाज़ में इन शब्दों का उच्चारण सुनना भी एक अनुभव है, क्योंकि हर शब्द के पीछे सदियों की कविता, दर्शन और मनुष्य की आत्मिक आकांक्षा मौजूद है।
20 फ़रवरी 1954 को सिंध के लरकाना में जन्मीं आबिदा परवीन को संगीत की पहली शिक्षा अपने पिता उस्ताद ग़ुलाम हैदर से मिली। आगे चलकर उन्होंने शाम चौरासी घराने के उस्ताद सलामत अली ख़ाँ से भी तालीम हासिल की। वर्ष 1973 में रेडियो पाकिस्तान, हैदराबाद से उनका व्यावसायिक संगीत-सफ़र शुरू हुआ। उनके संगीत की जड़ें सिंध की सूफ़ी परंपरा में हैं, जहाँ शाह अब्दुल लतीफ़ भिटाई, सचल सरमस्त और दूसरे सूफ़ी कवियों का साहित्य लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। आबिदा ने सिंधी, सराइकी, पंजाबी, उर्दू और फ़ारसी में गायन किया है। उनकी विशेष पहचान काफ़ी गायन से बनी। काफ़ी की परंपरा में कविता का संबंध संगीत, लोकस्मृति और आध्यात्मिक अनुभूति से बहुत गहरा है। इसमें प्रेमी और महबूब के संबंध को कई स्तरों पर पढ़ा जा सकता है। कभी महबूब किसी मनुष्य का चेहरा है, कभी वह मुरशिद है और कभी परम सत्ता का ऐसा बिंब है, जिसकी उपस्थिति संसार के प्रत्येक रूप में अनुभव की जा सकती है। आबिदा की गायकी इसी बहुस्तरीय काव्य-परंपरा को अपने भीतर समेटती है।
उनकी गायकी को समझने के लिए वर्ष 2010 के कोक स्टूडियो के तीसरे सीज़न की तीन प्रस्तुतियों को विशेष रूप से सुनना चाहिए। ‘रमूज़-ए-इश्क़’, ‘निगाह-ए-दरवेशाँ’ और ‘सोज़-ए-इश्क़’ एक ही कलाकार की तीन प्रस्तुतियाँ होते हुए भी प्रेम के तीन अलग-अलग अनुभवों को सामने लाती हैं। ‘रमूज़-ए-इश्क़’ में इश्क़ की गूढ़ता और उसके रहस्य हैं, ‘निगाह-ए-दरवेशाँ’ में संसार को देखने की सूफ़ियाना दृष्टि है और ‘सोज़-ए-इश्क़’ में प्रेम की वह आत्मिक तपिश है, जो मनुष्य को अपने प्रिय के प्रति पूरी तरह समर्पित कर देती है। इन रचनाओं की एक विशेषता इनके साहित्यिक स्रोत भी हैं। इनके भीतर बेदम शाह वारसी, सुल्तान बाहू, बुल्ले शाह और दूसरे कवियों की काव्य-परंपराओं के स्वर सुनाई देते हैं। कोक स्टूडियो के संगीत संयोजन में रोहैल हयात ने इन रचनाओं को ऐसा विस्तार दिया, जिसमें आधुनिक वाद्ययंत्रों के बीच आबिदा की आवाज़ और मूल कलाम की लय को पर्याप्त स्थान मिलता है।
रमूज़-ए-इश्क़ में आबिदा जिस कलाम को स्वर देती हैं, उसकी शुरुआती पंक्तियाँ हैं : “मैं हूँ मशहूर इश्क़बाज़ी में, ख़ासा दर्द-ओ-ग़म मजाज़ी में।”
यहाँ इश्क़बाज़ी का अर्थ प्रेम के किसी सामान्य प्रसंग से कहीं अधिक विस्तृत है। आशिक़ अपने इश्क़ को अपनी पहचान के रूप में स्वीकार करता है। उसके हिस्से में दर्द और ग़म आए हैं, पर इसी अनुभव ने उसके अस्तित्व को एक विशिष्ट अर्थ दिया है। इस कलाम में शिबली और मंसूर का उल्लेख आता है। दोनों सूफ़ी इतिहास के ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनकी आध्यात्मिक साधना और प्रेमानुभूति ने परंपरागत धार्मिक विमर्श के भीतर गहरे प्रश्न पैदा किए। विशेषकर मंसूर अल-हल्लाज का अनलहक़ सूफ़ी दर्शन में आत्मा और परम सत्य के संबंध की चर्चा करते समय बार-बार सामने आता है। कलाम में एक और अत्यंत सुंदर भाव है : “मकतब-ए-इश्क़ का दस्तूर निराला देखा, उसको छुट्टी न मिली जिसने सबक़ याद किया।”
मकतब अर्थात् पाठशाला। इश्क़ की इस पाठशाला में सीखने की प्रक्रिया कभी पूरी नहीं होती। आशिक़ जितना सीखता है, उसके सामने उतने ही नए अर्थ खुलते हैं। प्रेम यहाँ एक ऐसी तालीम है, जिसका पाठ मनुष्य अपने पूरे जीवन में पढ़ता रहता है। आबिदा जब इस पंक्ति को बार-बार गाती हैं, तब उसके भीतर निहित भाव और गहरा होता जाता है। इस प्रस्तुति में मौला का संबोधन भी विशेष महत्त्व रखता है। वह किसी दूर बैठे ईश्वर को दी गई औपचारिक पुकार नहीं, बल्कि एक ऐसे प्रेमी का संबोधन है, जिसके लिए अपने महबूब की तलाश ही जीवन का सबसे बड़ा प्रयोजन बन गई है। इस कलाम को बेदम शाह वारसी से संबद्ध किया जाता है और इसकी प्रस्तुति में सूफ़ी कविता के दूसरे काव्यांशों का भी समावेश दिखाई देता है।
निगाह-ए-दरवेशाँ में सूफ़ी साहित्य की एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण अवधारणा सामने आती है, जो है ईश्वर की तलाश और उसे देखने की दृष्टि। इस प्रस्तुति में सुल्तान बाहू, बुल्ले शाह और सीमाब अकबराबादी से संबद्ध कलाम के अंश मिलते हैं। इसकी एक पंक्ति है : “ना ख़ुदा मसीते लभदा, ना ख़ुदा विच काबे।”
अर्थात् ख़ुदा महज़ मस्जिद में नहीं मिलते, उनकी तलाश को काबे की भौतिक सीमा में भी पूरा नहीं किया जा सकता। आगे कुरआन, किताबों और नमाज़ के उल्लेख के माध्यम से कविता मनुष्य को अपने विश्वास की वास्तविक अनुभूति पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है। इसी कलाम में एक और पंक्ति आती है : “सानूँ इश्क़ लगा है प्यार दा, सानूँ प्यार दा दिलदार दा।”
यहाँ पंजाबी भाषा की सहजता अपने भीतर एक गहरी सूफ़ियाना अनुभूति समेटे हुए है। इश्क़ का लगना एक ऐसी अवस्था है, जिसमें मनुष्य अपने महबूब के प्रति अपनी संपूर्ण चेतना समर्पित कर देता है। इस रचना में बुल्ले शाह की वह प्रसिद्ध दृष्टि भी याद आती है, जिसमें बाहरी धार्मिक आचरण की तुलना मनुष्य के वास्तविक आचरण और प्रेम से की जाती है। उनका प्रसिद्ध कलाम ‘चल वे मियाँ बुल्ल्हेया, चल यार मना ले’ इसी विचार को आगे बढ़ाता है। आबिदा की आवाज़ में इन पंक्तियों का प्रभाव विशेष रूप से गहरा हो जाता है। वह पंजाबी के शब्दों को उनकी अपनी ध्वनि और लय के साथ प्रस्तुत करती हैं, इसीलिए भाषा से अपरिचित श्रोता भी इस प्रस्तुति के भावात्मक संसार में प्रवेश कर सकता है।
सोज़-ए-इश्क़ में बुल्ले शाह की काफ़ी का एक अत्यंत सुंदर रूप सामने आता है। इसकी सबसे उल्लेखनीय पंक्तियों में से हैं : “जब मैं था तब हरि नहीं, अब हरि हैं मैं नाहिं। सब अँधियारा मिट गया, दीपक देखा माहिं।”
इन पंक्तियों में कबीर की काव्य-परंपरा की स्पष्ट स्मृति सुनाई देती है। इसके साथ इसी प्रस्तुति में आने वाली पंक्तियाँ हैं : “मेरे घर आया पिया हमरा, वाह-वाह वहदत कीना शोर।”
और फिर : “मैं हूँ पुतली काठ की, डोर पिया के हाथ। नाचत हूँ मैं प्रेम से, जैसो पिया नचात।”
यहाँ पुतली और डोर का रूपक अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। प्रेमी अपने प्रिय की इच्छा के सामने ख़ुद को एक ऐसी कठपुतली के रूप में देखता है, जिसकी गति का संबंध उसके अपने नियंत्रण से आगे निकल चुका है। वह जिस दिशा में ले जाए, प्रेमी उसी दिशा में चल पड़ता है। इस काव्यात्मक कल्पना में सूफ़ी फ़ना और भारतीय भक्ति परंपरा के आत्मसमर्पण के बीच एक सुंदर संवाद दिखाई देता है।
आबिदा के प्रसिद्ध कलाम ‘यार को हमने जा-ब-जा देखा’ की चर्चा भी इस पूरे साहित्यिक संसार को समझने के लिए आवश्यक है। यह हज़रत शाह नियाज़ अहमद बरेलवी की रचना है। इसके कुछ शेर देखिए :
“यार को हमने जा-ब-जा देखा, कहीं ज़ाहिर कहीं छुपा देखा।
कहीं मुमकिन हुआ कहीं वाजिब, कहीं फ़ानी कहीं बक़ा देखा।
कहीं है बादशाह-ए-तख़्त-नशीं, कहीं कासा लिए गदा देखा।”
इस कलाम में मुमकिन और वाजिब, फ़ानी और बक़ा जैसे दार्शनिक शब्द प्रेम की भाषा में प्रयुक्त हुए हैं। अस्तित्व की संभावना, अनिवार्यता, नश्वरता और शाश्वतता जैसे प्रश्न यहाँ महबूब की सर्वव्यापकता से जुड़ते हैं। कभी वह बादशाह है, कभी भिक्षा का कटोरा लिए एक ग़रीब फ़क़ीर। कभी वह फूल के रूप में खिलता है, कभी बुलबुल बनकर चहचहाता है। शाह नियाज़ का एक और शेर इस कविता को और गहरी दार्शनिक भूमि प्रदान करता है : “शम्अ' होकर के और परवाना, आप को आप में जला देखा।”
प्रेमी और महबूब के बीच की दूरी यहाँ एक विलक्षण काव्यात्मक बिंब में सिमट जाती है। शम्अ और परवाना दोनों उसी प्रेम की प्रक्रिया में उपस्थित हैं, जिसमें जलना, समर्पण और अपने अस्तित्व को किसी दूसरे के लिए अर्पित कर देना शामिल है। इस कलाम का अंतिम शेर आशिक़ नियाज़ की छवि प्रस्तुत करता है, जिसकी छाती विरह से व्याकुल और दिल प्रेम की अग्नि में जल रहा है। आबिदा की प्रस्तुति में इस कविता का फ़ारसी और उर्दू संसार विशेष रूप से आकर्षक है। उनके स्वर में शाह नियाज़ के शब्द एक ऐसे आध्यात्मिक विस्तार तक पहुँचते हैं, जहाँ फूल, बुलबुल, शम्अ, परवाना, बादशाह और फ़क़ीर एक ही महबूब की अलग-अलग छवियाँ बन जाते हैं।
आबिदा परवीन की गायकी का एक दूसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष उनका संगीतात्मक अनुशासन है। उनकी तानों, आलाप, सुरों के विस्तार और शब्दों के उच्चारण पर ध्यान दिया जाए, तो स्पष्ट होता है कि उनके गायन के पीछे लंबी शास्त्रीय तालीम और काफ़ी की लोकपरंपरा का गहरा अभ्यास है। वह किसी शब्द को गाते हुए उसके अर्थ के साथ उसकी ध्वनि को भी विकसित करती हैं। यही कारण है कि उनकी प्रस्तुति में एक ही पंक्ति कई बार लौटती है और हर बार उसका भाव कुछ अलग दिखाई देता है। उनकी मंचीय उपस्थिति भी अध्ययन का विषय है। उनका अज्रक, कुर्ता और शलवार सिंध की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े हैं। उनकी गायकी ने दक्षिण एशिया की उस सार्वजनिक संगीत-परंपरा में स्त्री की उपस्थिति को विशेष प्रतिष्ठा दी है, जहाँ सूफ़ी संगीत की मुख्यधारा में पुरुष गायकों का प्रभुत्व रहा है। उनकी कला को केवल संगीत के स्तर पर देखने से उसके सांस्कृतिक और साहित्यिक विस्तार का पूरा अनुमान नहीं लगाया जा सकता।
आबिदा परवीन को सुनते हुए अंततः मैं बार-बार उसी पुराने साहित्यिक सवाल पर लौटता हूँ कि मनुष्य अपने जीवन में प्रेम की इतनी बड़ी जगह क्यों बनाता है? शायद इसलिए कि प्रेम उसे अपने अस्तित्व से बाहर किसी दूसरे के अनुभव तक पहुँचने की क्षमता देता है। फ़ारसी के शायर जब मयख़ाने की बात करते हैं, बुल्ले शाह जब नाचते हुए अपने महबूब को पुकारते हैं, कबीर जब अपने भीतर दीपक देखते हैं और शाह नियाज़ जब यार को हर जगह उपस्थित पाते हैं, तब इन सबके पीछे मनुष्य की एक ऐसी आकांक्षा काम कर रही होती है, जो अपने समय से कहीं अधिक बड़ी है। आबिदा की आवाज़ इस आकांक्षा को हमारे सामने फिर से जीवित करती है। उनके गायन में सदियों पुरानी कविता आज भी अपने अर्थ की तलाश कर रही होती है। मुझे उनकी आवाज़ में सबसे अधिक आकर्षित करने वाली बात यही लगती है कि उसे सुनते हुए प्रेम की भाषा का विस्तार लगातार होता जाता है। किसी एक महबूब से शुरू हुई पुकार कब पूरी कायनात को संबोधित करने लगती है, इसका पता ही नहीं चलता। शायद इसी वजह से आबिदा परवीन को सुनना एक कलाकार को सुनने के साथ-साथ दक्षिण एशिया की उस विशाल साहित्यिक परंपरा के निकट जाना भी है, जिसमें मनुष्य ने अपने सबसे गहरे प्रेम, अपनी सबसे लंबी प्रतीक्षा और अपने सबसे कठिन आत्मिक प्रश्नों को कविता और संगीत में सुरक्षित रखा है।
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट