Font by Mehr Nastaliq Web

अनफ़्रेम्ड : सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’ : एक माँ की यादों में दर्ज बेटे का बचपन और अकेलापन

सोनिया गांधी अपनी आत्मकथा में लिखती हैं, “बच्चों के बड़े होने का वह एक मुश्किल दौर था। कुछ घटनाएँ ऐसी थीं, जिनका सीधा असर उन पर पड़ रहा था, लेकिन इसके अलावा देश में मची राजनीतिक उथल-पुथल, चारों ओर फैला तनाव और यहाँ तक कि घर के भीतर का माहौल भी उन्हें प्रभावित कर रहा था।” किताब में कई जगह पर दर्ज सोनिया की इन यादों में मिली-जुली भावनाएँ सामने आती हैं। दुःख की हल्की छाया, असुरक्षा का बोध, मगर इस सबके साथ कहीं सब कुछ बेहतर होने की उम्मीद, जो भले निराशा के बादलों में ढकी हो, मगर उसकी उजास का एहसास बराबर होता रहता है। सुर्ख़ियों में रहने वाले लोग, लाखों लोगों की निगाहों में बींधे जाते रहने वाले लोग भी अपने एकांत में एक साधारण मनुष्य की तरह रहना चाहते हैं, जीना चाहते हैं और साँस लेना चाहते हैं।

‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ़ लव’ का एक सुंदर पक्ष यही है, जहां निराशाओं के बीच प्रेम और विश्वास का बना रहना सामने आता है। उन जगहों में ख़ास तौर पर जब वह अपने बच्चों राहुल और प्रियंका को एक माँ की तरह देखती हैं; बिल्कुल उसी तरह की छोटी-छोटी चिंताओं, उत्सुकता और उम्मीदों के साथ।

किताब का वह प्रसंग ख़ास तौर पर बहुत आत्मीय है; जहाँ सोनिया अपने परिवार—राजीव, राहुल और प्रियंका—के साथ शिमला में बिताई गई छुट्टियों का ज़िक्र करती हैं। इन छुट्टियों में इंदिरा गांधी भी उनके साथ होती थीं। वह वहाँ ब्रिटिश काल के बने एक पुराने मकान में ठहरे थे, जिसके चारों ओर अख़रोट और देवदार के घने जंगल फैले हुए थे। मकान से लगा हुआ एक सुंदर बग़ीचा था, जिसमें फूल और लताएँ खिली रहती थीं। यह वह जगह थी, जहाँ नेहरू परिवार की तीन पीढ़ियाँ छुट्टियाँ बिता चुकी थीं। सोनिया गांधी ने बहुत रोचक ढंग से ज़िक्र किया है कि कैसे इंदिरा और राजीव इस घर में आते थे तो उनकी पुरानी यादें ताज़ा हो जाती थीं। कभी इंदिरा गेस्ट हाउस के सारे कमरों का चक्कर लगाती थीं तो कभी राजीव उस कमरे को दिखाते थे, जहाँ वह और संजय गांधी रहा करते थे। यही वक़्त था जब इंदिरा गांधी को राहुल के साथ समय बिताने और खेलने का मौक़ा मिलता था। वह राहुल को गोद में लेकर बग़ीचे में टलहती थीं और उनका परिचय फूलों और चिड़ियों से कराती थीं। एक प्रसंग है कि इंदिरा गांधी राहुल के बालों में तेल भी लगाती थीं, जिसे देखकर सोनिया को लगता था कि कहीं राहुल के घुँघराले बाल तेल में चिपटकर सीधे न हो जाएँ। वह लिखती हैं, “मैंने मज़ाक़ में उनसे शिकायत की कि अगर उसके घुँघराले बाल हमेशा के लिए सीधे हो गए, तो इसकी ज़िम्मेदारी उन्हीं की होगी। शुक्र है कि कुछ बार बाल धोने के बाद उसके बाल फिर पहले की तरह घुँघराले हो गए।”

मगर आगे आने वाले प्रसंगों के ज़रिए धीरे-धीरे यह समझ में आता है कि परिवार की यह ख़ुशियाँ घर की दीवारों के बीच ही सिमटी हुई थीं। कहीं न कहीं राहुल को अपनी पारिवारिक विरासत में एक अकेलापन भी उत्तराधिकार में मिला था। आगे उनके जन्मदिन का एक प्रसंग आता है, जिससे यह बात और उभरकर सामने आती है। सोनिया राहुल के सातवें जन्मदिन पर एक छोटी-सी बर्थ-डे पार्टी रखना चाहती थीं। राहुल ने माँ को अपने दोस्तों की एक लिस्ट थमा दी थी,जिन्हें वह बुलाना चाहते थे। सोनिया लिखती हैं, “आजकल की भव्य और अलग-अलग थीम वाली जन्मदिन पार्टियों के मुक़ाबले, उस समय ऐसे आयोजन बहुत सादे होते थे। थोड़ी-सी सजावट, घर पर बना केक, कुछ खाने-पीने की चीज़ें और आलू के चिप्स, जो बच्चों और बड़ों, दोनों को पसंद होते हैं।”

परिवार के लोगों ने ख़ुद ही घर को सजाया। इंदिरा गांधी के पास बंगाल के मिट्टी से बने खिलौनों का संग्रह था, जिसे सँभालकर रखा गया था। ये बिल्कुल असली लगने वाली छिपकलियाँ और कीड़े-मकौड़े थे। बच्चों को चौंकाने के लिए इन्हें सजाने की बात भी हुई। दोस्तों के आने का इंतिज़ार करते हुए राहुल और प्रियंका बार-बार घर में दौड़ लगा रहे थे, मगर काफ़ी देर बाद सिर्फ़ राहुल के एक ही दोस्त सिद्धार्थ वहाँ पहुँचा। सोनिया को लगा कि निमंत्रण में कोई कन्फ़्यूज़न हो गया, लिहाज़ा उन्होंने एक-एक करके बच्चों के माता-पिता को फ़ोन करना शुरू किया। लेकिन हर तरफ़ से जब कुछ टालमटोल या अस्पष्ट जवाब मिले तो उन्हें समझ में आ गया कि कोई और बच्चा आने वाला नहीं है। सोनिया इस घटना का ज़िक्र करते हुए लिखती हैं, “हाँ, अब हालात बदल चुके थे। सात साल के एक बच्चे और उसके सहपाठियों के बीच का सहज दोस्ताना रिश्ता भी राजनीति की भेंट चढ़ गया था। हम साफ़ देख सकते थे कि राहुल कितना आहत और उदास था। उसकी दादी और हम सब उसे ख़ुश करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसके चेहरे की उदासी कम नहीं हो रही थी। राजनीति की दुनिया में मानवीय रिश्ते कितने अस्थिर और मौक़ापरस्त हो सकते हैं, इसका यह उसके लिए शुरुआती और बेहद तकलीफ़देह अनुभव था।”

किताब में एक दिल को छूने वाला प्रसंग है, जब सोनिया राहुल के प्रति अपने सख़्त अनुशासन के लिए शर्मिंदा होती हैं। वह बताती हैं कि किस तरह से राजीव बच्चों को लेकर बहुत अनुशासनप्रिय थे। जैसे खाने की थाली में कुछ बचना नहीं चाहिए। मगर राहुल की दादी चुपके से उनकी थाली से कोई ऐसी खाने की चीज़ हटा देती थीं, जिन्हें राहुल नहीं खाना चाहते थे। बच्चों को अच्छे व्यवहार के लिए रोज़ नंबर मिलते थे, यह राजीव गांधी का आइडिया था; जो सोनिया को पसंद नहीं था, मगर उनका मन रखने के लिए वह ऐसा करती थीं। अक्सर राहुल को प्रियंका के मुक़ाबले कम नंबर मिलते थे, ऐसा होने पर सोनिया समझाती थीं कि इस बात से परेशान नहीं होना चाहिए, यह सिर्फ़ इसलिए है ताकि तुम और अच्छा काम कर सको।

सोनिया ने लिखा है कि ख़ुद वह भी राहुल के होमवर्क के मामले में कई बार ज़रूरत से ज़्यादा सख़्ती बरतती थीं। वह राहुल की स्कूल डायरी नियमित रूप से देखती थीं, जिसमें उन्हें ब्लैकबोर्ड से देखकर अपना होमवर्क लिखना होता था। मगर अक्सर जब वह राहुल की डायरी खोलती थीं, तो उसमें मुश्किल से दो-तीन पंक्तियानं लिखी मिलतीं और बाक़ी सारा काम अधूरा पड़ा रहता। यह देखकर उन्हें ग़ुस्सा आ जाता और वह राहुल को ख़ूब डाँटती थीं। राहुल चुपचाप सोनिया के सामने खड़े रहते, लेकिन उनकी बातों का ठीक से जवाब नहीं दे पाते थे। एक दिन राजीव अपने पायलट की आँखों का रुटीन चेकअप कराने जा रहे थे, संयोग से उस दिन राहुल को भी अपने साथ ले गए। वहीं होमवर्क डायरी का राज़ खुला। पता चला कि राहुल को दूर की चीज़ें साफ़ दिखाई नहीं देती थीं। वह ब्लैकबोर्ड पर लिखा हुआ पढ़ ही नहीं पाता था और इसी वजह से अपनी डायरी में पूरा होमवर्क नहीं लिख पाता था! सोनिया लिखती हैं, “यह जानकर मुझे बेहद शर्मिंदगी हुई। राहुल के साथ इतनी अधीरता और सख़्ती से पेश आने के लिए मैं ख़ुद को माफ़ नहीं कर पा रही थी।”

वक़्त बीता और यही छोटे बच्चे एक दिन बड़े हो गए। मगर विरासत में मिले दुःख हाथ थामे साथ-साथ जैसे लगातार चलते रहे हों। दो बडे़ हादसों के बाद सोनिया को राहुल की सुरक्षा की लगातार चिंता रहती थी। वह चाहती थीं कि राहुल अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए अमेरिका लौट जाए। लेकिन राहुल की सुरक्षा को लेकर एक समस्या खड़ी हो गई; जिस हार्वर्ड विश्वविद्यालय में उन्होंने अपना पहला साल पूरा किया था, वहाँ कैंपस के भीतर हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों को रहने की अनुमति नहीं थी। विश्वविद्यालय प्रशासन को दूसरे विद्यार्थियों की सुरक्षा की भी चिंता थी कि कहीं कोई अप्रिय घटना होने पर उन्हें भी ख़तरा न हो। लिहाज़ा राहुल को अमेरिका के किसी दूसरे हिस्से में स्थित विश्वविद्यालय में दाख़िला लेना पड़ा, जहाँ उन्हें पहचान लिए जाने की आशंका कम हो। उनको अपनी पहचान भी एक नए नाम के साथ रखनी थी। चिंता की वजह से सोनिया अक्सर उन्हें फ़ोन करके हाल-चाल लेती रहती थीं तो उन्हें एक ही जवाब मिलता था, “माँ, चिंता मत करो, मैं ठीक हूँ।”

सोनिया आत्मकथा में लिखती हैं, “लेकिन मैं सोचती रहती कि वह ठीक कैसे हो सकता है? वह वहाँ बिल्कुल अकेला था। अपने मन का दुख किसी से बाँटने वाला भी कोई नहीं था। अपने प्यारे पिता को खोने का जो असहनीय दर्द वह भीतर लिए घूम रहा था, उसे किसी के सामने व्यक्त करने का भी उसके पास कोई रास्ता नहीं था।” इसके बाद आत्मकथा में एक और अनूठा प्रसंग आता है, जहाँ राहुल की लिखी एक चिट्ठी का ज़िक्र है। राहुल की बातचीत एक पाकिस्तानी टैक्सी ड्राइवर के साथ हो रही थी। बात चलते-चलते हिंदुस्तान-पाकिस्तान की राजनीति पर तक पहुँच गई। उस ड्राइवर ने राजीव और उनकी असमय मृत्यु के बारे में बात करते हुए कहा था, “उनकी नसों में तो उनके देश का ख़ून बहता था।” राहुल ने लिखा, “मैं लगभग रो ही पड़ा था। मेरा मन हुआ कि उसे बता दूँ कि मैं पापा का बेटा हूँ। लेकिन उसे यह बताने से ख़ुद को रोकने के लिए मुझे कितनी मशक़्क़त करनी पड़ी, यह मैं ही जानता हूँ...”

राहुल से जुड़े इस छोटे-से प्रसंग में पहचान और शोक का द्वंद्व दिखाई देता है। वह अपने पिता की स्मृति को दुनिया के सामने स्वीकार करना चाहते हैं; जैसा कि शायद दुनिया का हर बच्चा करना चाहेगा, मगर सुरक्षा और राजनीतिक हालात उन्हें ऐसा करने से रोक देते हैं। इस आत्मकथा को पढ़ते हुए एक ऐसे परिवार की कहानी सामने आती है; जहाँ इतिहास बहुत बड़ा था, लेकिन निजी जीवन के लिए जगह छोटी होती जा रही थी।

‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ़ लव’ बच्चों के अकेलेपन के साथ-साथ एक माँ की ईमानदार आत्मस्वीकारोक्ति भी है। सोनिया यह स्वीकार करती हैं कि हर समय कुछ बुरा हो जाने की आशंका में जीते हुए उन्होंने अपनी चिंता और बेचैनी बच्चों तक भी पहुँचा दी थी। उनको लगता था कि राहुल के मन पर अपनी दादी की मृत्यु का बहुत गहरा असर पड़ा है; लिहाज़ा वह उनको और दुखी नहीं करना चाहती थीं, इसलिए अनजाने में ही वह अपनी चिंताएँ प्रियंका से साझा करने लगीं। बाद में राहुल से बातचीत में उनको समझ में आया कि राहुल हर बात को ऑब्जर्व कर रहे थे, हर बात को समझ रहे थे; उनको बस इस बात का दुख था कि उन्हें इन सबसे अलग रखा जा रहा है।

रिल्के ने लिखा था, “लेट एवरीथिंग हैपेन टु यू। ब्यूटी एंड टेरर। जस्ट कीप गोइंग। नो फ़ीलिंग इज़ फ़ाइनल।” तो तमाम दुखों और असुरक्षाओं के बीच इस परिवार ने सामान्य जीवन की छोटी-छोटी ख़ुशियों को बचाए रखने की कोशिश की। बच्चों के साथ खेलना, उनके साथ वक़्त बिताना, सोनिया का पुराने दोस्तों को घर बुलाना और घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखने की कोशिश—ये सब उनके लिए किसी भावनात्मक संबल से कम नहीं थे। परिवार की साझा स्मृतियाँ, इंदिरा की यादें और आपसी संवाद भी उन्हें जोड़े रखते थे। राहुल पत्रों के ज़रिए बहन और माँ के साथ अपनी भावनाएँ साझा करते थे। सोनिया ने कला-संरक्षण का काम सँभाला और पुराने मित्रों के बीच लौटीं। परिवार ने टूटन के बीच भी अपने लिए जीवन से जुड़े रहने के कुछ रास्ते तलाशे।

आत्मकथा के शुरुआती हिस्से में एक प्रसंग है। इंदिरा गांधी के पास मोतीलाल नेहरू, कमला नेहरू और पिता जवाहरलाल नेहरू की अस्थियों के कुछ अंश सुरक्षित थे। इंदिरा ने इन अस्थियों को प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में विसर्जित करने का फ़ैसला लिया। सोनिया भी राजीव और संजय के साथ इस पारिवारिक अनुष्ठान में शामिल होती हैं। वह लिखती हैं, “पुरोहित के इशारे पर हम तीनों ने बारी-बारी से अस्थियों को जल में प्रवाहित किया। उस समय मेरे भीतर एक अजीब-सी अनुभूति हुई, कुछ ऐसी जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। डिब्बे से अस्थियाँ निकालकर जल में प्रवाहित करते हुए मेरे रोंगटे खड़े हो गए। हवा के झोंके ने उन्हें अपने साथ उड़ा लिया। वे कुछ देर हवा में बिखरती रहीं और फिर धीरे-धीरे नदी में समा गईं। उस क्षण मैं सोच रही थी कि कैसी नियति मुझे इतनी दूर, एक अनजान देश से, अलग लोगों और बिल्कुल भिन्न परिस्थितियों से यहाँ तक ले आई थी; जहाँ मैं इस पवित्र और बेहद निजी संस्कार का हिस्सा बन रही थी।”

वह लिखती हैं कि बाद में जब मैंने नेहरू जी की वसीयत में लिखी इन पंक्तियों को पढ़ा, तो उस अनुभव का अर्थ मेरे लिए और भी गहरा हो गया। नेहरू लिखते हैं, “इसके साथ उनकी नस्लों की स्मृतियाँ, उनकी आशाएँ और आशंकाएँ, उनके विजय के गीत, उनकी जीत और हार की कहानियाँ जुड़ी हुई हैं... गंगा मेरे लिए भारत के अतीत का प्रतीक और उसकी स्मृति रही है, जो वर्तमान में प्रवेश करती हुई भविष्य के विशाल महासागर की ओर निरंतर बहती चली जाती है।”

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अन्य अनफ़्रेम्ड यहाँ पढ़िए : अनफ़्रेम्ड

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट