समीक्षा : आँख से बहते आँसुओं को हमेशा हथेलियों से ही पोंछना चाहिए
पवन करण
09 नवम्बर 2026
मैं वह चोर हूँ जिसके हाथों बेवजह सुदीप्त मारा गया। आप भी जानते हैं। मेरा सुदीप्त को मारने का कोई इरादा नहीं था। मैं तो बस सुदीप्त के घर में चोरी करने के इरादे से घुसा था। मेरे हाथ में जो हथियार था, वह भी बस मेरी आत्मरक्षा के लिए था। वह भी मैंने हिंदी के बहुतायत में पढ़े जासूसी उपन्यासों को पढ़कर इस निश्चय के साथ रखना प्रारंभ किया कि चाहे जो हो जाए, इससे कभी किसी की न तो जान लेनी है और न ही उसे गंभीर रूप से घायल करना है। बस इसका भय दिखाकर ख़ुद को पकड़ में आने से बचाकर भागना है। हिंदी उपन्यासों ने मुझे समझदार ही नहीं बनाया, संवेदनशील भी बनाया।
फ़िल्मों में भावनात्मक दृश्यों पर मैं चुपचाप और ठीक उसी तरह रोता, जैसे मैं चोरी करने के लिए चुपचाप घरों में घुसता। मगर उस रात तेज़ी से अचानक ही अकारण बात यहाँ तक पहुँच गई कि मेरे हाथ का हथियार सुदीप्त के पेट में जा धँसा और उसकी मृत्यु हो गई। सुदीप्त की हत्या उस रात से मेरे पीछे पड़ी है। बिना चीख़े ज़मीन पर गिरकर मरते सुदीप्त की आँखें मेरा पीछा नहीं छोड़ रही हैं। मैं रोज़ पुलिस के सामने पहुँचकर सुदीप्त की हत्या अपने हाथों होना क़ुबूल करने की कल्पना करता हूँ। हो सकता है किसी दिन सुदीप्त की हत्या से उपजी उलझन का बोझ मुझ पर इतना बढ़ जाए कि मैं इसे ख़ुद स्वीकार लूँ। जो मुझे इसकी वजह से मिलने वाले उस दंड तक पहुँचा दे और मुझे लगातार खाते जाते इस असमंजस से हमेशा के लिए छुटकारा दिला दे। सोचता हूँ संसार में हुईं कितनी ही हत्याओं के राज़ मात्र इस वजह से ही बाहर आ पाते होंगे कि जिनसे हत्याएँ हुईं, वे इसके बारे में किसी को बताकर ख़ुद पर रखा भार कम करना चाहते होंगे। पर फ़िलहाल मेरे अलावा ये बात बस आप, जो इस उपन्यास के पाठक हैं, और उदयन वाजपेयी, जो इसके लेखक हैं, जानते हैं कि मैं हत्यारा नहीं, बस एक चोर हूँ। वह कहते भी हैं कि लेखन में रूह के रसायन को बदलने की ताक़त होती है। मैं इसे ‘लेखन’ से ‘पढ़न’ तक आगे ले जाना चाहता हूँ।
मगर देखिए कि ‘क़यास’ के लेखक उदयन वाजपेयी ने भी सुदीप्त की हत्या के बाद मुझे ठीक उसी तरह छोड़ दिया, जैसे किसी यात्रा में दो यात्री मिलते हैं। एक-दूसरे से बात करते हुए सफ़र करते हैं और यात्रा में एक-दूसरे से अलग होने के बाद एक-दूसरे को भूल जाते हैं। मेरे और मेरी मनोदशा के बारे में अच्छी तरह से जानने के बाद भी उन्होंने मेरी कोई ख़बर नहीं ली। वह तो यह तक नहीं देख सके कि सुदीप्त के बाद हुए पहले शो में, जिसमें नुआ के द्वारा सुदीप्त के कथन पढ़े गए, वहाँ मैं भी मौजूद था और आश्चर्य यह कि वे भी मुझे पहचान नहीं सके। वे मुझे स्नेहा के हाथों से लेकर चाय पीता भी नहीं देख सके।
उनकी निगाह बस अलीम और उसके रोचक मित्र पर ही टिकी रही, जिन्हें दूसरी घंटी बजने पर अपनी चाय छोड़कर उस अँधेरे हॉल के भीतर भागना पड़ा, जिसमें पीछे की पंक्ति की कुर्सियों में मैं भी बैठा था। मैं और सुशीला दोनों एक ही पंक्ति में थे और अपनी हथेलियों से चुपचाप अपनी आँखों से बहते आँसू पोंछ रहे थे। आँख से बहते आँसुओं को हमेशा हथेलियों से ही पोंछना चाहिए। वे हथेलियों से पोंछे जाने के लिए ही बहते हैं। उस समय भी मुझे लगा कि मंच पर उस रोशनी के घेरे में बैठकर सबको बता दूँ कि सुदीप्त की हत्या मेरे हाथों हुई है। यह भी कि वह बस मेरे हाथों हुई है। मैं उसे करना नहीं चाहता था।
ये भी मैंने उपन्यासों में पढ़ा कि हत्यारा हत्या करने के पश्चात् एक बार उस स्थान पर ज़रूर जाता है, जहाँ उसने किसी की हत्या की होती है। पता नहीं यह बात कितनी सच है। मगर अब मैं बस एक चोर ही नहीं बचा था। एक हत्यारा भी था। तो कुछ दिन बाद मेरी बेचैनी ने मुझे सुदीप्त के घर के पास यह देखने पहुँचा दिया कि आख़िर वहाँ चल क्या रहा है। मेरी आँखों में उस रात ज़मीन पर गिरकर दम तोड़ते सुदीप्त के साथ-साथ बिस्तर पर सोती उसकी बेटी का चेहरा भी बसा था। फिर मैं अक्सर कुछ समय के लिए ही सुदीप्त के घर के आस-पास जाकर रुकने लगा। कुछ दूर पर बने उस टपरे पर बैठकर, जहाँ से सुदीप्त के घर की कुछ गतिविधि दिखाई दे जाती, चाय पी लेता। मैंने अख़बार पढ़कर अपने स्थान पर निर्दोष लखना का पुलिस की गिरफ़्त में आना और अपने विश्वास पर मृदुला का उसे बाहर ला पाना जाना। जिसने मुझे उस बेचैनी भरी तड़प से कि “मैं हत्या करना नहीं चाहता था, हत्या मुझसे हो गई है” और भी ज़्यादा भर दिया। मैं सुदीप्त की हत्या के संबंध में उपज रहे क़यासों को ख़त्म कर सब साफ़ कर सकता था। मगर कर नहीं रहा था या कर नहीं पा रहा था।
इसी बोध के चलते कुछ ठहरकर मैं उस शांत वाचनालय भी जा पहुँचा, जहाँ सुदीप्त वाचनालय-प्रमुख था और संवेदनशील अलीम उसका ‘बौद्धिक-सहायक’ और ‘पुस्तक-सारथी’। मुझे वहाँ सुदीप्त ही सुदीप्त नज़र आया। सुदीप्त की वह कुर्सी, वाचनालय संचालन के साथ-साथ जिस पर बैठकर वह वंदना से देर तक लंबी-लंबी बातें करता था। शो के लिए उसकी सहमति से पुस्तकों से अंश निकालकर उन्हें संपादित और क्रमबद्ध करता था। मैंने देखा, उस कुर्सी के ऐन बग़ल में सुदीप्त की ही तरह वहाँ ‘अलीम’ बैठा था, जिसे उसके अब्बा बेहतर नौकरी तलाशने बाहर भेजना चाहते थे, मगर सुदीप्त के दुनिया से जाने के बाद जिसने इस वाचनालय को ही अपना भविष्य देने का फ़ैसला कर लिया था। मुझे यह वाचनालय की ख़ातिर सुदीप्त का अपने रहते, अपने हाथों अलीम के रूप में दूसरा सुदीप्त तैयार कर लेने जैसा लगा। मुझे लगा जैसे वाचनालय की दीवारों, खिड़कियों, रोशनदानों, दरवाज़ों ने ही नहीं, वाचनालय की उदास किताबों तक ने भी अलीम को ही सुदीप्त के रूप में स्वीकारना प्रारंभ कर दिया है।
इस दौरान मैंने सुदीप्त की वंदना से नज़दीकी (जिसके बारे में जानकर मैं जिसे दोनों के बीच पनपी रागात्मक-बौद्धिक नज़दीकी से अधिक कुछ नहीं कह सका) के बारे में बहुत सुना। मगर मैंने देखा कि उदयन वाजपेयी ने भी इस असाधारण और अव्यक्त लगाव के बारे में बस स्पष्ट-अस्पष्ट, कुछ-कुछ साफ़ अथवा हल्का धुँधला-सा ही संकेत दिया है। मुझे लगता है जो उन्होंने ठीक किया है। उदयन वाजपेयी के अनुसार सुदीप्त और वंदना के बीच जो अव्यक्त है, वही परिभाषित है। जिसके आधार पर मैं अपने अनुमान को ठीक मान सकता हूँ। मुझे लगता है उनके बीच जितना नहीं था, उससे अधिक वह कश्मीर से लाकर केसर बेचते ‘किशोर कोठारी’, चाक़ू से काटकर रख देने लायक़ ज़ुबान को अधिक और दिमाग़ को कम चलाते ‘बुद्धू’ के ज़ेहन में था। फिर यह भी कि यदि उनके बीच वह था भी, जो कहीं पकड़ में नहीं आता है और जिसका होना स्वाभाविक है। था तो था। उसके होने को रोका भी नहीं जा सकता। बस बर्दाश्त किया जा सकता है। फिर उसकी ऐसी स्वीकार्यता, जो आपके धैर्य और समझदारी में कहीं गहरी बसती है। मगर यह कमाल तो है कि वह था तो बना रहा और न किसी को दिखाई दिया, न पकड़ में आया। क्या सुदीप्त और वंदना भी उसे अपने बीच देख और पहचान सके या वे उसकी अनदेखी ही करते रह गए और इस बीच मैं चोरी करने सुदीप्त के घर में जा घुसा। संभव है यदि मैं चोरी करने नहीं घुसा होता और मेरे हाथ का चाक़ू न चला होता तो सुदीप्त और वंदना के बीच का अव्यक्त, व्यक्त होता।
वंदना अपनी उस प्रतिभा की शिकार बनी जिसने सुदीप्त के संपर्क में आने के पश्चात् विस्तार पाया। उसकी समझ का संकुचन टूटा। किसी स्त्री द्वारा सामाजिक मान्यताओं और धारणाओं के इसी अतिक्रमण से सब डरते थे। साँवली उदाहरण के रूप में सबके सामने थी। एक स्त्री का शिक्षा हासिल कर नौकरी पा लेना। घर-परिवार की पसंद के विरुद्ध जाकर अपनी पसंद के पुरुष से प्रेम कर लेना। कितनी ही आगे बढ़ने की योग्यता रखतीं स्त्रियों के पैरों में बेड़ी बनकर पड़ जाता है। घर जेल में बदल जाता है। वंदना के साथ भी यही हुआ, मैंने सुना। संदेह की दीवार खड़ी कर ‘स्नेहा’ से उसका मिलना रोक दिया गया। मगर इस सबके विरुद्ध अनाक्रामक रही वंदना ने जिस धीरज से काम लिया, अंततः उसे वंदना को और अधिक संयमी और गंभीर-गुणी स्त्री में बदलना ही था। वह बदली भी। सुदीप्त के जाने के बाद जिस तरह उसने मृदुला के मन में बनी अपनी पूर्व छवि को बदला, वह उदयन वाजपेयी के बिंब-विधान में कहें तो ज़मीन पर गिरते धूप के चकत्तों, आवाज़ के धागों और हवा की परतों जैसा था।
मेरे पढ़े जासूसी उपन्यासों में मुझे ऐसे सुंदर बिंब क्यों नहीं मिले। मेरी भाषा पर आप संदेह कर सकते हैं कि चोर की भाषा, जो अब अप्रत्याशित हत्यारा भी है, इतनी सुघड़ कैसे हो सकती है। क्या बिंबों और रूपकों में धूप, हवा और आवाज़ की चोरी, चोरी नहीं। लेखक के रूप में आप जो कर रहे हैं। धूप, हवा और पानी को इसका पता है कि उनको किसी ने चुरा लिया है। लेखक भी एक बड़ा चोर होता है। मगर वह ख़ुद को चोर कहे जाने और मिलने वाली सज़ा से स्वयं को बचा लेता है।
वंदना के आने के बाद सुदीप्त को समझने में भटकती मृदुला को मैंने कई बार आते-जाते देखा। उसकी बेचैनी वह बेचैनी थी ही नहीं, जो ऐसे प्रसंगों में आम स्त्रियों में पाई जाती। शायद वह सब जानना और देखना चाहती थी। मगर उसे न कुछ देखने को मिल रहा था, न जानने को। यह एक कमाल की संवेदनशील परिस्थिति थी। मृदुला जिसके बारे में कुछ सोच भी पाती कि सुदीप्त चला गया। उसके हाथ लगी वंदना, जो अब उसकी और ‘नुआ’ की थी। वह वंदना जिसके फिर से घर से बाहर निकलने की अंतिम आदेशात्मक ज़िद सुशीला ने यह कहकर की कि आख़िर आप किसी स्त्री को घर में इस तरह कैसे बंधक बना सकते हैं। सुशीलाएँ हों तो कितनी ही वंदनाएँ घरों की क़ैद से बाहर आ सकें। शायद सुशीला ने वंदना नामक आईने में ख़ुद को देखा। सुदीप्त के बाद हुए पहले शो में एक ही पंक्ति में दूर सीटों पर बैठकर हमने, जिसमें सुदीप्त के कथनों का पाठ करती नुआ को सुना।
किशोर... वंदना... स्नेहा... नुआ... मृदुला... विद्दू... सुशीला... लखना... साँवली... मुझे कोई नहीं जानता। मुझे उदयन वाजपेयी और इस उपन्यास के पाठक जानते हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूँ कि देखता हूँ मैं कब तक अपने भीतर इस अंतर्द्वंद्व को सँभाल पाता हूँ। किसी दिन मैं इसे उजागर कर सका तो उसके बाद मैं कहाँ होऊँगा और मेरा क्या होगा, ये आप सभी जानते हैं। मगर उससे पहले मेरी दो इच्छाएँ हैं।
एक तो यह कि मैं चाहता हूँ बेटी नुआ मेरी गोद में आकर बैठे और उसकी चोटी में बँधा रिबन मेरी ठोड़ी को छुए।
दूसरा, मैं आख़िरी चोरी वंदना के घर में करना चाहता हूँ और उस कंघी को चुराना चाहता हूँ, जो घर की छत से झाँककर देखती वंदना के बालों से खिसककर नीचे दरवाज़े पर खड़े सुदीप्त के हाथों में जाकर गिरी थी।
~
समीक्षित पुस्तक आप यहाँ से प्राप्त कर सकते हैं : ‘क़यास’
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट