रोज़-रोज़ मुक्तिबोध
शायक आलोक
13 नवम्बर 2026
देर रात की ‘तलब-उद्विग्नता’ में उस एक चीज़ की तलाश में एक रोज़—दो परित्यक्त दीवारों वाले उस साझा कमरे में। वही कमरा जहाँ दो पुरुष आत्माएँ—उनमें एक ‘अब-तक-होमोफ़ोबिक’, अपने-अपने हिस्से की दीवार में क़ैद रहती हैं। उनके पास दिल बहलाने को उनके शब्द होते हैं। वे अपने-अपने हिस्से में अपने-अपने शब्दों से खेलते रहते हैं, जब अकेले खेलते-खेलते ऊब जाते हैं तो कुछ शब्द एक दूसरे की ओर उछाल देते हैं—वहाँ जहाँ एक दिन किसी गहरी हुई ऊब में दोनों ने उछाल दिए कुछ शब्द, जब एक बेटी जैसी कविता बनी।
उस कमरे में उस रात गहरी चली खोज में ताखे से झाँकती दिख पड़ती है एक बीड़ी और मैं साथी को आवाज़ लगाता हूँ कि आ गए हैं मुक्तिबोध। हम स्तुति-पाठ करते हैं—‘हम घुटने पर नशा-देवता [मुक्तिबोध ने नाश-देवता लिखा है] बैठ तुझे करते हैं वंदन—तेरे अग्निकणों से जीवन...’
मेरे बुर्जुआ अस्तित्व को बिना मुक्तिबोध कविता में मुक्ति कहाँ मिलनी है! दबाव में ही लिखता हूँ कि यह जो शीत में खड़ा है किसान और यह जो बीड़ी फूँकता लेटा हुआ है मुक्तिबोध [कवि], उसे कविता में रोटी कैसे मिले? अबोध की उमंग में फिर अपने खाँसने को प्रतिरोध और कविता कहना और हँसना ख़ुद पर कि अँधेरे कमरे की दीवार पर कुछ शब्द खोंस वह कवि हो रहा है।
अमावस है। मध्यमा सह अनामिका के बीच मैंने एक मोमबत्ती रखी है और तस्वीर का शीर्षक रख दिया है—अँधेरे में। प्रतीक्षारत हूँ। पाठक-प्रतिक्रिया का ‘अद्भुत’ अब बस मुझे डुबोएगा कि ‘चैलेंज’ कर दूँगा—प्रथम प्रतीति यही कि मैं कवि मुक्तिबोध के प्रति प्रेमपूर्ण कृतज्ञता रखता हूँ और यह श्रद्धा का उपक्रम है। पृष्ठभूमि लेकिन यह कि वस्तुतः मैं आत्मा से कवि हूँ [जैसा प्रिय मित्र कवयित्री ने कहा और फिर डेढ़ दर्जन अन्य कवियों को यही कहा] और फ़ोटोग्राफ़ी मेरा कला-पूर्वग्रह है। बिजली का जाना, अँधेरे का उगना, चराग़ जलना, ‘आर्ट’ का उभरना, हाथ का हस्तक्षेप—ये गतिविधियाँ हैं।
मुक्तिबोध का आना तो उसके बाद की घटना है।
~
हरिजन गलियों में
लटकी है पेड़ पर
कुहासे के भूतों की साँवली चूनरी—
चूनरी में अटकी है कंजी आँख गंजे-सिर
टेढ़े-मुँह चाँद की।
मैंने तस्वीर खेंची है और बलपूर्वक कहता हूँ कि सुनो-देखो महानगर में किसी ने चाँद का मुँह तोड़ दिया है।
~
प्रेयसी ने नीली साड़ी पहनी है। शमशेर और सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की काम की पंक्तियाँ अभी ही काम आएँगी। लेकिन संगीत मैंने बीथोवेन का बजा रखा है जो उन्होंने एलिस के लिए रचा है, कविता मैं मुक्तिबोध की पढ़ रहा हूँ :
मुझको तो बेचैन बिजली की नीली
ज्वलंत बाँहों में बाँहों को उलझा
करनी है उतनी ही प्रदीप्त लीला
आकाश भर में साथ-साथ उसके घूमना है मुझको
मेरे पास न रंग है बिजली का गौर कि
भीमाकार हूँ मेघ मैं काला
परंतु, मुझमें है गंभीर आवेश।
हम [मैं-वह] कविता नहीं समझते, हम शब्दों पर ठिठकेंगे, अंतिम शब्द पर ठहरेंगे, निढाल ढल जाएँगे।
~
नया-नया कवि हुआ युवक अभिजात हिंदी स्वर में मान्य करता है कि आप किशोरी अमोनकर को नहीं सुनते तो मुक्तिबोध को नहीं समझ सकते। मैं हँसता हूँ, फिर खाँसता हूँ, फिर ‘खाँहँसने’ लगता हूँ।
~
बोध-अबोध की आवारगी में कह दूँगा एक दिन कि मुक्तिबोध का कविता को स्थायी योगदान यह रहा है कि तमाम ‘टूटी हुई, बिखरी हुई’ पंक्तियों के एक सुदीर्घ संग्रहण को कविता कहे जाने पर कोई आपत्ति समाप्त हो गई है। शमशेर फिर भी बचे रहेंगे।
~
कविता में इतर शरारत के लिए एक दिन मुआफ़ी माँग लूँगा महाकवि से।
[कौआ का मुँह काला है]
काग एक निरीव अंधकार विनत
प्रफुल्लित-अति ओज से
समयापूर्व गा रहा साँवला
उद्भ्रांत शब्दों के नए आवर्त में
दिशा;
सदिश पूर्व भान लिए हुए मत्त
चिरसत्त अति!
अतिप्रिय मुझे घुघ्घुओं व
चमगादड़ों
पिशाचों बेतालों से झुकी घनी डाली के
शीर्षकोण पर विक्षोभित अधीर
एक काग बैठा
ऐंठा
मेरे हाथ औज़ार
सहस्रशिराओं-धमनियों का बल
दुनिया एक मशीन की धौंकनी
चमकते हैं अँधेरे में हाथ
यही हाथ
सात सात साथ साथ
करेंगे पूर्वसंकेत
एक अंत का मिलता जुलता शब्द अनिकेत
हह ध्वनि संग उठ भोररात्रि
सियाह में उड़ा देंगे साँवले को!!
जिन किन साँकलों को खटखटा
नीलाभ रक्त मनों में बसे
निस्तब्ध मध्यभोर के सुनसान अँधियाले तल में
देदीप्य चेतपूर्व चेतना का घड़ा
या अथवा
रख दूँगा उपमान प्रतीक रूपक संग
वहीं चीख़ते भयानक दीखते साँवरे कंकड़
स्याह उठा उसे पाषाण-नलिका आदिम मुख से
सहसा
अरे! अरे! बोध रचेगा
मैं अतिउद्विग्न
द्युति-काग रिक्त शेष बचेगा...
[अचानक ट्रैक बदलते हुए]
क्षमायाचना सहित, महाकवि
आग्रह मेरा
रोज़मर्रा के विलक्षण सपाट में
कि
किसी कविता में कौआ आ जाए तो
उसे उड़ाने
मार भगाने के बजाय
बोधकथा का घड़ा और कंकड़ रख दें।
~
आज सुबह से वह कवि मेरी चेतना के किसी अनिर्धारित हिस्से में ठहरा हुआ है। उसका नाम स्मृति में उभरते ही कुछ दृश्य अपनी कालानुक्रमिकता खो देते हैं। कुछ पंक्तियाँ, कुछ चेहरे, कुछ ऐसी आवाज़ें जिनका कोई प्रत्यक्ष संबंध उस कवि से नहीं, फिर भी वे उसके आसपास एक निजी कॉन्स्टेलेशन बनाती रहती हैं। मैं उसके बारे में लिखना चाहता हूँ। मेज़ पर किताब खुली है। पेंसिल का छिला हुआ सिरा काग़ज़ को छूता है। चाय में अब वह ऊष्मा नहीं रही जो कुछ देर पहले थी। इस लघु घरेलू अरेंजमेंट में एक अनुपस्थित मनुष्य की उपस्थिति का इतना विस्तार कहाँ से आ गया है? उसकी कविता पढ़ते हुए बार-बार एक अजीब-सी एपिस्टेमोलॉजिकल डिस्क्वायट्यूड पैदा होती है, जैसे शब्दों के पीछे कोई दूसरा सब-टेक्स्ट लगातार अपनी जगह बदल रहा हो। मैं एक पंक्ति पढ़ता हूँ, फिर लौटता हूँ, फिर उसके पहले के शब्दों में किसी छूटे हुए संकेत की तलाश करता हूँ। क्या वह अपने समय का साक्षी भर है अथवा अपने समकाल की नैतिक और ऐतिहासिक विडंबनाओं का कोई अनिच्छुक सहभागी भी? उसके भीतर जो कुछ घटित हुआ, क्या वह उसकी निजी ट्रेजेडी थी या ट्रांसपर्सनल अनकॉन्शस का कोई ऐसा दबाव, जिसने एक व्यक्ति की भाषा में अपना गुप्त ठिकाना बना लिया था? उसे कम जानता हूँ। उतना भर जानता हूँ जितना उसे पढ़ा है। शेष सब कन्जेक्चर है। मैं उसके लिए अपना चेहरा गढ़ लेता हूँ, उसकी थकान का अनुमान लगाता हूँ, उसके अकेलेपन के लिए किसी परिचित कमरे की तलाश करता हूँ। यह कैसा लिटरेरी अप्रोप्रिएशन है! किसी दूसरे की जीवनी को अपनी कल्पना की जागीर बना लेना। मेरे पाठक का प्रच्छन्न अपराध यह है कि वह उसकी निजता में प्रवेश करते हुए अपने प्रवेश को बोध कहना चाहता है। मैं लिखने के लिए एक वाक्य चुनता हूँ। फिर उसे काट देता हूँ। उसके स्थान पर दूसरा वाक्य आता है, जिसमें कवि कम और मेरी अपनी महत्त्वाकांक्षा अधिक उपस्थित है। इस क्षण एक असुविधाजनक प्रश्न उठता है—क्या मैं वास्तव में उस तक पहुँचना चाहता हूँ, या उसके बहाने अपनी ही बौद्धिक सब्जेक्टिविटी का कोई नया संस्करण तैयार कर रहा हूँ?
बाहर फिर शाम उतर रही है। किताब फिर अभी खुली है। मैं फिर उसके होने और अपनी कल्पना के बीच की उस महीन सरहद को पहचानने की कोशिश कर रहा हूँ, जहाँ बायोग्राफ़ी समाप्त होती है और पोएटिक इमेजिनरी अपना अनधिकृत नागरिकता-पत्र बनवाने लगती है।
~
अच्छी बात नहीं है पिताओं के बारे में सोचना/अपनी कलई खुल जाती है... बात अज्ञेय की है। बात पिता के बारे में है। अपनी कलई खुलते रहे, तो मुक्तिबोध के बारे में सोचता रहता हूँ। पढ़ता रहता हूँ मुक्तिबोध को—
इस तिराहे पर खड़े होकर, मुझे उस व्यक्ति की ज़रूरत महसूस हुई। वह मेरा परिचित था। आख़िर, जब मैं इस कोने में अकेला खड़ा हूँ तो वह मुझसे बातचीत तो कर ही सकता था। मुझे लगता था कि जब तक मैं अपनी बकवास पूरी नहीं कर लूँगा, मुझे चैन न मिलेगी।
मैं पान चबा रहा था। सुर्ख़रू था। ऐसे मौक़े पर मनुष्य स्वभावतः बुद्धिमान हो जाता है। उसमें आत्म-विश्वास की तेजस्विता रहती है—वह क्षण-स्थायी ही क्यों न हो। वह आशावादी होता है। वह नसीहत दे सकता है। वह दूर-दृष्टा होता है, चाहे तो पैगम्बर हो सकता है, चाहे तो वह रोमांटिक प्रेमी बन सकता है। वाह-वाह! सुर्ख़रूपन, तेरा क्या कहना! बिना श्रम के जो प्राप्ति होती है, उपलब्धि होती है, वही तू है!
पल-भर में संकोच की गटर-गंगा में डूब गया। मैं रिअली [सचमुच] फ़र्स्ट क्लास कपड़े पहने था। बेहतरीन सूट। मैं गया था शहर के ऊँचे दरजे के कुछ लोगों से मिलने। वहाँ या तो महँगी क़िस्म के खादी के कपड़े चलते थे या ये कपड़े। आजकल मैं आधा बेकार हूँ। अपने ही घर में शरणार्थी हूँ। लिहाज़ा, कुछ ‘बड़े’ आदमियों के यहाँ जाकर, एक असिस्टेंट डायरेक्टर के पद [वह जगह अभी ख़ाली नहीं हुई थी, लेकिन सुना था कि होने वाली थी] के लिए कोशिश कर रहा था।
और ज्यों ही आप ऐसे कपड़े पहन लेते हैं, अपने धुले-पुँछेपन को स्वास्थ्य की संवेदना मानते हुए [थोड़ी देर के लिए ही क्यों न सही] अपने को ‘बाश्शा’ अनुभव करते हैं! गौरव और गरिमा की यह संवेदना!! तेरा नाम सत्य है, तेरा नाम शिव है, तेरा नाम है सौंदर्य!
लेकिन शहर के उस फ़ैशनेबल मुहल्ले के अपने आत्मीयों से लौटकर मुझे आकस्मिक यह भावना हुई कि मैं अकेला हूँ, कि अपनी असली श्रेणी के साथी के साथ बैठकर ही मैं अपने आनंद का वितरण और उपभोग कर सकूँगा। और इसी अंतःप्रवृत्ति के अंतःस्फूर्त धक्के के फलस्वरूप मैं ऑफिस से लौटते हुए उस व्यक्ति को आमंत्रण दे बैठा!
लेकिन ज्यों ही मैं उसके साथ चाय पीने लगा, हम दोनों के बीच एक जहरीली चुप्पी की रेख दूरी का माप-दण्ड बनने की कोशिश करने लगी। मैंने उदारता की पराकाष्ठा करते हुए उसके लिए एक कप चाय और मँगवा दी!
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
शायक आलोक को और पढ़िए : शनिवारेर चिट्ठी
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट