रील रसाचार्य : मोटिवेशनल रील्स का पैराडॉक्स
रचित
22 नवम्बर 2026
इन दिनों रील्स देखते हुए कई मोटिवेशनल स्पीकर्स से गुज़रना हुआ। कविता की पंक्तियों से सजी, संगीत में डूबी क्लिप्स भी दिखीं; लेकिन कोई भी रील इतनी प्रेरक नहीं लगी कि मैं रील स्क्रॉल करना छोड़कर अपना काम करने लग जाऊँ। सोचता हूँ कि अगर एक मोटिवेशनल क्लिप के बाद दूसरी, फिर तीसरी क्लिप ही देखते रहे तो अपना काम कब करेंगे? रील्स देखकर मोटिवेट होकर एक और रील देखना इस मोटिवेशन से क्या बनेगा!
मैं ऐसे कई दोस्तों को जानता हूँ जो सालों से मोटिवेशनल किताबें पढ़ते हैं, वे एक किताब पढ़कर इतने मोटिवेट हो जाते हैं कि उसी लेखक की उसी तरह की दूसरी किताब पढ़ते हैं। उनका फ़ेवरिट लेखक रॉबिन शर्मा और उन्होंने जिन दिनों 'द फ़ाइव एएम क्लब' पढ़ी थी; उन दिनों वे भारत का राष्ट्रपति बनने के लिए ख़ुद को एकदम योग्य पाते थे, क्योंकि यह किताब एक बार अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के हाथ में देखी गई थी। अभी हाल ही में वे एक एमएलएम कंपनी के सेमिनार में आने के लिए मुझे मोटिवेट कर रहे थे।
यह भी एक के बाद दूसरी रील स्क्रॉल करना ही है। यह एक लूप है, जिससे निकलने में बहुत समय और ऊर्जा लगती है। इससे आपके जीवन में कुछ बदलता नहीं। किसी दूसरे की सुनाई किसी तीसरे की सफलता की काल्पनिक घटना में आप अपनी जीत महसूस कर लेते हैं और जीवन को बेहतर करने की असली मेहनत से नज़रें चुराते हुए एक के बाद दूसरे शॉर्टकट के चक्कर में पड़ते रहते हैं।
एक फ़िल्मी डायलॉग भी अक्सर उनकी ज़ुबान पर रहता है :
"एक शॉर्ट कट होता और एक छोटा शॉर्ट कट।"
उनका जीवन ऐसे ही कट रहा है।
मोटिवेशन या प्रेरणा की बात की जाए तो यह बेहद निजी चीज़ है, जो आपके भीतर से आती है। यह किसी वक्ता या किताब से नहीं मिल सकती। ये चीज़ें एक सीमा तक सहायक हो सकती हैं। इनसे स्किल और टाइम मैनेजमेंट सीखा जा सकता है। रॉबिन शर्मा की 'द मंक हू सोल्ड हिज़ फ़ेरारी' एक पढ़ने लायक़ किताब है, इसके बावजूद ये किताबें आपके जीवन में कोई मूल्य नहीं पैदा कर सकतीं। जैसे कविता का शिल्प सीखा जा सकता है, कवित्व नहीं। कवित्व आपके जीवन, व्यक्तित्व और अपनी दृष्टि से ही आया तो आ जाएगा; वरना नहीं। किसी एक क्षण में पूरे जीवन की दिशा बदल जाती है। कहते हैं न कि जागृति का एक क्षण पूरे जीवन पर भारी पड़ता है। वही एक क्षण असल प्रेरणा है। इसके लिए बाहरी साधन नहीं ईमानदार आंतरिक तैयारी ज़रूरी है।
अब ज़रा एक ऐसी प्रेरणा की भी बात कर लेते हैं जो सबसे आसान है, यह प्रेरणा विक्टिम माइंडसेट से आती है। जब आपको लगता है कि कहीं, किसी कारण आपके साथ ग़लत हो रहा है; तब आप कुछ बड़ा करने, कुछ बड़ा लिख डालने के लिए उबल पड़ते हैं। इस स्थिति में एक विलेन होता है, कभी कोई व्यक्ति, कभी परिस्थितियाँ। दिमाग़ को लगातार पीड़ित होने की ख़ुराक मिलती रहती है और प्रेरणा बनी रहती है। पर इसकी दिक़्क़त यह है कि जिस दिन विलेन नहीं रहा, उस दिन प्रेरणा भी नहीं रहेगी। तब लोग जाने-अनजाने एक विलेन के बाद दूसरा विलेन ढूँढ़ने या गढ़ने लगते हैं। यह प्रेरणा बहुत स्वार्थी और मूल में बदले की भावना पर टिकी होती है। यह सबसे सस्ती और सुलभ प्रेरणा है।
सबसे मुश्किल प्रेरणा वह है जो दुनिया की लगभग हर महान् कला के मूल में है और उसका मूल शब्द एक ही है : आभार।
यहाँ इन कवियों की काव्य-पंक्तियाँ सहज ही याद आती हैं :
जिसने मेरा घर जलाया
उसे इतना बड़ा घर
देना कि बाहर निकलने को चले
पर निकल न पाए
— नवीन सागर
पहले मेरा कफ़न पताका
बन फहरे जब क्रांति पुकारे,
पहले मेरा प्यार उठे जब
असमय मृत्यु प्रिया बन जाए!
ऐसा दे दो दर्द मुझे तुम
मेरा गीत दिया बन जाए!!
— नीरज
यहाँ आप अपनी व्यक्तिगत छवि और दुख से ऊपर उठकर पूरे परिदृश्य की चुनौतियाँ देखते हैं। यहाँ किसी से बदला नहीं लेना है और कुछ बदलना भी नहीं है। यहाँ बस बहुत ख़राब दृश्य को बहुत साफ़ दृष्टि और खुले मन से देख-समझ लेने की सलाहियत भर है।
अब मोटिवेशन पर आख़िरी बात। क्यों चाहिए मोटिवेशन! यह जानना बहुत ज़रूरी, क्योंकि बकौल जॉर्ज कार्लिन :
दुनिया में जितने भी युद्ध, हिंसा, बलात्कार, आगजनी इत्यादि हैं; ये सब हाइली मोटिवेटेड लोगों द्वारा की गई है।
मोटिवेशन अपने आप कोई कमाल की चीज़ नहीं है, जब तक उसके साथ कोई अच्छा उद्देश्य न जुड़ा हो। एक हत्यारे का मोटिवेट होना हत्या ही करवाएगा। शेक्सपियर का मैकबेथ राजा की हत्या को लेकर संशय में है, लेडी मैकबेथ उसे मोटिवेट करती है और हत्या हो जाती है। लेडी मैकबेथ का मोटिवेशन क्या है : मैकबेथ को राजा बनते देखना, उसके प्रति प्रेम, लेकिन उद्देश्य क्या है, राजा की हत्या...
सुवरण कलश सुरा भरी
साधु निंदहीं सोयी
एक मोटिवेशन के बाद दूसरे मोटिवेशन की तरफ़ भागना एडिक्शन है... यह आपको काहिल ही बनाएगा। मोटिवेशन नहीं, उद्देश्य तलाशिए... ऐसा उद्देश्य जिसके ख़िलाफ़ अगर पूरी दुनिया भी खड़ी हो जाए; तब भी आपको डिमोटिवेट न कर सके और उद्देश्य वहीं से मिलेगा, जहाँ से पूरे शरीर में ख़ून दौड़ता है।
विदा!
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
अन्य रील रसाचार्य यहाँ पढ़िए : रील रसाचार्य
संबंधित विषय
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट