Font by Mehr Nastaliq Web

कहानी : फ़र्ज़ करो...

पहला दिन

“ऐन कूदने से एकदम पहले, मतलब अभी मैं कूदता और भ्‍ममम सब ख़त्‍म...” वादू बताते हुए एक बच्‍चा चट्टान से गिरने को होता समय को दोहराने की कोशिश कर रहा था।

“और फिर तुम्‍हें याद आया...” दूबा पेट पकड़ कर हँसते हुए बोल रही थी।

“हाँ!” वादू एक बार कूद कर दोबारा कूदने को फिर चढ़ते हुए बोला।

“और तुम घर लौट आए?” दूबा अभी भी मुस्‍कुरा रही थी।

“हाँ-हाँ भई मैंने कहा अभी तो मुझे सारे फूलों के नाम ही याद नहीं, सच कहूँ दूबा तो वहाँ एक गुच्‍छेदार लाल रंग का फूल था, कई सारे थे वैसे तो पर मेरी नज़र उस पर अटक गई। वादू अपने डिरेक्‍टर स्‍व को कमान संभालते हुए बोला—समझ रही हो न मतलब मैं क्लिफ़ के किनारे पर खड़ा हूँ। नीचे विशाल समंदर, मैं कूदने ही वाला होता हूँ कि सीन चेंज उस फूल पर मेरी नज़र पड़ती है। मैं रुकता हूँ। देखता हूँ। उतरता हूँ, उस फूल को छूता हूँ। देखता रहता हूँ, मतलब दो-तीन मिनट तक बस देखता रहता हूँ।” वादू बताते हुए उस दृश्‍य को दोबारा जी रहा था, आँखें बंद। स्‍नायु कुछ सूँघ रहे हैं।

“अच्‍छा बहाना खोजा तुमने वादू, चलो कोई उबाऊ तो नही सोचा कम से कम कि मेरे बिना दुनिया का क्‍या होगा ब्‍लाह ब्‍लाह ब्‍लाह।”

वादू मुस्‍कुरा दिया, वापस दृश्‍य में लौट आया।

“रेट्रोस्‍पेशन एक महीन कपड़ा है दूबा मेरे हिसाब से वह केवल स्‍थूल भावनाओं को ही थामे रख सकता है, सूक्ष्‍म भावनाएँ उससे झर जाती है... और ये अनुपात बदलता रहता है ज़रूरी और आवश्‍यक यादें समय से बाध्‍य होती हैं उनका शरीर हमारी ही तरह परिवर्तन का बना होता है। तभी वे अपने रंग मौसमों के हिसाब से उतारती-चढ़ाती रहती हैं। अमूमन ये स्‍थूल भावनाएँ सुख की होती है। तभी याद हमें एक नॉस्‍टेल्जिक किस्‍म की उदासी से भर भी देती है कई बार।” वादू कुछ सोचने लगा। 

“इस फूल का नाम क्या है ये बैंगनी वाले का...” वादू ने पूछा, “सपने, सपनों पर तुम्‍हारा क्‍या सोचना है वादू? और क्‍या तुम मानते हो सपने सच होते हैं?” दूबा ने प्रश्‍न को जान के अनसुना करते हुए पूछा।

“मुझे सपने नहीं आते, मगर हाँ उनके सच होने में मैं मानता हूँ।” वादू बोलकर एक उखड़ी सड़क जो कि पहाड़ के ढहने से खडी हो गई थी उस पर चढ़ने आगे बढने लगा।
यहाँ देखो, यहाँ!!!

“यहाँ बैठोगी?” वादू सीमेंट की उसी ढही सड़क पर खडा था और सामने दिख रही एक पत्‍थर की छत्ती की ओर इशारा करके पूछ रहा था।

दूबा प्रफुल्लित थी, वह दिन ख़ास था। पिछली शाम से अगली सुबह तक एक ही दिन चल रहा था। किसी नींद ने आकर घंटी नहीं बजाई थी। दिन समय से बाध्‍य नहीं रहा था। 

“तुम मेरे सपने में आए थे।” दूबा ने सामने दिख रहे पहाड़ पर अपनी झिझक टाँगी और शर्म को पैरों की हलचल से सँभालते हुए बोली।

“अच्‍छा, तब तो तुम्‍हारा सपना सच हुआ कहलाया।” वादू ने अनुभवजन्य अठखेली करते हुए कहा।

“तुम्‍हारा कोई सपना सच हुआ है कभी वादू?” दूबा का स्‍वर देर तक सन्‍नाटे में अटका गूँजता रहा। अपना उत्तर तलाशते हुए दूसरे किसी दिन में पहुँच गया। पहाड़ पर धूप आई दिन वयस्‍क होने लगा।

दूसरा दिन

“चाय बनाते वक़्त कपड़े मत पहनना। मैं तुम्‍हें ऐसे ही चाय बनाते हुए देखना चाहता हूँ...” 

“मोज़े और चश्‍मे पहनी रहूँ?”

“हाँ, जल्‍दी बनाना। हम चाय पीते हुए नाचेंगे।”

“चाय बाद में बना ली जाएगी...” 

तीसरा दिन

“तुम्‍हें पता है; पहाड़ पर आकर पढ़ने को मेरा सपना नहीं था, मैं अपनी दीदी का सपना जी रहा हूँ... और आज अभी मैं अपने दोस्‍त विविध के सपने में हूँ। तुम्‍हें पता है वह चाहता था कि वो पहाड़ों पर कैंपिंग करे और तारों भरी रात के नीचे बैठा ऊँघता रहे मैंने ऐसा कभी नहीं चाहा था, लेकिन आलम देखो मैं हूँ इस समय में न चाहते हुए भी।” वादू एक साँस में कह गया।

वे इस वक़्त पहाड़ के सर पर बैठी झील किनारे कैपिंग कर रहे थे। खाना खा चुकने के बाद देर तक बतियाते रहे, प्रकृति अपने सबसे सहज और नैसर्गिक रुप में आस-पास तरह-तरह से मौजूद थी। दृश्‍य में ख़लल न डालते हुए वे भी उसी का हिस्‍सा लग रहे थे।

“ख़ुद के सपने न होने कि एक त्रासदी यह भी होती है कि हम दूसरों के सपनों में ढुलक जाते हैं।” दूबा ने आसमान की ओर इशारा करते हुए कहा।

“ये ट्रैक बहुत जीवनीय था।” वादू ने कहा।

“जीवनीय?” 

“हाँ, जीवनीय। पहाड़ पर चढ़ना थकाता है, ताकि सुस्‍ताना ज़रा स्‍प्रीचुअल लगे।”

“तुम इतना कभी नहीं चले ना?” दूबा का पहाड़ीपन उसकी दया में झलका।

“उहम्‍म्‍म...” वादू ने नहीं में सिर हिलाया।

“अच्‍छा तुम्‍हारे घर तरफ़ एक भी पहाड़ नहीं होता, न एक भी ढलान। मतलब सीधा होता है पूरा रास्‍ता, सपाट हैं?” 

“हाँ, एकदम सपाट मैदान ही मैदान। तुम कभी ट्रेन में नहीं बैठी ना?” 

“नई आरा, सपना है मेरा ट्रेन में बैठने का...” दूबा उत्‍साहित हो उठी।

“हम्‍म्‍म्‍म!” 

“तुम शांगढ़ गए हो?” 

“नहीं, कहाँ है?” 

“मेरे घर से पास ही है, दशहरे पर आओगे तो चलेंगे। मम्‍मी ने भी कभी नीचे के किसी इंसान को नहीं देखा।” दूबा कहते-कहते एक बच्‍ची में बदल गई।

“नीचे के इंसान को तुम लोग एलियन मानते हो क्‍या भई?”

“अरे, नहीं आरो! ऐसा नी हैई।”

“तुम्‍हें पता है पतले चीड़ के पेड़ों को हम काइली कहते हैं।” दूबा ने बात की दुनिया दूसरी ओर घुमा दी।

“ये तो बड़ी किमकारडाशियनविमूढ़ करने वाली बात है।” दोनों हँसने लगे।

वे दोनों बतियाते-बतियाते सो गए। अँधेरा रात बना और रात प्रौढ़ होते-होते एक नन्‍हीं सुबह में रुपांतरित होकर चिड़ियों के गले से किलकारने लगा, नींद खुल गई।

चौथा दिन

“डाली जो पेंटर था न उसने अपने अंतिम दिनों में तथाकथित रुप से मृत्यु के लिए कहा था ‘I don’t believe in my death’ सोचो कितनी बड़ी बात है...” वादू ने सिगरेट जलाते हुए कहा।

“क्‍या बड़ी बात है, साधारण-सा तो वाक्‍य है।” दूबा ने असहमति प्रकट करते हुए कहा।

“फिर तो शंकर का ‘अहम् ब्रह्मास्मि’ भी एक साधारण-सा वाक्‍य होगा तुम्‍हारे लिए...” वादू ने सिगरेट दूबा की ओर बढाते हुए कहा।

“...” दूबा सोचने लगी, आवाज़ की जगह धुआँ निकला।

“वास्‍तव में यह सिर्फ़ वाक्‍य ही है, किं‍तु इन वाक्‍यों में सत्‍य को बैठकर भरता है अनुभव। अगर तुमने इन वाक्‍यों के आस-पास का कुछ भी महसूस किया होगा तो तुम्‍हें ये वाक्‍य बड़े लगेंगे, सुंदर लगेंगे, शक्तिशाली लगेंगे। अनुभव की पगडंडी पर चलकर हम इन वाक्‍यों की सत्‍यता और सार्थकता तक पहुँच पाते हैं। ‘मैं ईश्‍वर हूँ’ यह उद्घोषणा बड़ी नहीं, बड़ा है उस वाक्‍य तक पहुँचने का वो रास्‍ता, वो अनुभव... और फिर यह भी है कि अनुभव की गुणवत्ता परवरिश, जीवनदर्शन, सामाजिक-आर्थिक परिप्रेक्ष्‍यों आदि से प्रभावित होती है इसीलिए समान चीज़ों का अनुभव भी सभी के लिए समान नहीं होता।” वादू ने सिगरेट माँगने हाथ बढ़ाया, “सुंदर है ना?” उसने रुककर पूछा जवाब में दूबा मुस्‍कुरा दी।

पाँचवाँ दिन

“वादू सुंदरता क्‍या होती है तुम्‍हारी नज़र में? वस्‍तुनिष्‍ठ या आत्‍मनिष्‍ठ? सुंदरता वस्‍तु में है या मेरी दृष्टि में? या सुंदरता बस जीवन और समय की जुड़वाँ सखी है जो दिखती नहीं, होती भर है। मैं कह सकती हूँ उसे साँस, ऑक्‍सीजन, चेतना या और कुछ। जोड़  सकती हूँ कविता के किसी प्रतीक से, एनालॉजी बना सकती हूँ। मगर नंगा जीवन क्‍या है? नंगी सुंदरता क्‍या है?” दूबा परेशानी में हाँफते हुए फ़ोन पर बोले जा रही थी। 

“तुम घर पर हो?” वादू ने पूछा।

“और कहाँ होऊँगी रात के दो बज रहे हैं...” दूबा का उत्तर आया।

“मैं आता हूँ तुम्‍हारे पास...” वादू जूते पहनने लगा।

“इतनी रात, तुम्‍हारे पास साधन है नहीं। पैदल आओगे इतना दूर?” दूबा को चिंता हुई।

“ये बात हमें बैठकर ही करनी चाहिए, आख़िर तुम्‍हें इतनी मौलिक जिज्ञासा जो हुई...” वादू बैग में सुबह का सामान रखने लगा। 

“वो तो ठीक है, तुम मेरी जिज्ञासा के लिए आ रहे हो इतनी रात में?” 

“मेरा तुम से मिलने का मन भी है।”

“मगर साधन गाड़ी-वाड़ी।” 

“आने के लिए साधन से ज़्यादा आने की इच्‍छा का होना आवश्‍यक है दूबा...” वादू ताला लगा कर घर से निकल गया।

“ठीक से आना...” दूबा की स्‍वाभाविक चिंता।

“हाँ-हाँ तुम्‍हारे रास्‍ते की रातरानी पर ज़्यादा नहीं रुकूँगा। चलो पहुँचकर फ़ोन करता हूँ, अभी ज़रा रास्‍ता देखने का मन है।” अँधेरे में जुगनू की भाँति अपने फ़ोन की टॉर्च की रोशनी की परिधि से घिरा वह रास्‍ते पर क़दम बजाता चला गया। उसने किसी कुत्ते की नींद में दख़ल नहीं दी लिहाज़ा उन्‍होंने भी एक सहज क्रिया विनिमय के रूप में इसे लिया।

छठवाँ दिन

‘अच्‍छा तुम्‍हें सबसे सुंदर क्‍या लगता है दूबा?” लाइब्रेरी के पीछे बैठे सुस्‍ताते हुए वादू ने पूछा...

“पेड़, आसमान और हरा रंग...” दूबा ने पर्याप्‍त समय लेकर सोचा फिर कहा।

“और तुम्‍हें?” 

“एक भूखे आदमी को खाना खाते हुए देखना मुझे सबसे सुंदर लगता है।” वादू ने कहा।

“ये उत्तर तुमने पहले से सोच रखा था क्‍या?” दूबा ने चालाकी भरे स्‍वर में कहा।

“अरे नहीं यार...” थोड़ा रुककर, सोचकर फिर जोड़ते हुए वादू ने कहा, “खाता हुआ व्‍यक्ति हमेशा दयनीय लगता है, भले ही वो कितना संपन्‍न भोजन ही क्‍यों न खा रहा हो फिर भी। मुझे तो उस पर इतनी दया आती है कि और किसी भाव के लिए जगह ही नहीं बचती।” 

दूबा टिफ़िन खोलकर खाने लगी पूछते हुए, “अच्‍छा अभी तुम्‍हें मुझ पर दया आ रही है?” ठहाका बात का पूर्ण विराम था।

सातवाँ दिन

सातवाँ दिन चाय के बागान में घट रहा था। साल के उत्तरार्ध की एक ठंडी पहाड़ी दोपहर थी। दूर तक फैला हुआ चाय के पौधों का हरा रंग और बादलों से झरती चाँदी पहाड़ों पर अटक कर एक अद्भुत कॉन्ट्रास्ट बना रही थी। समय अपनी स्‍वाभाविक आदत से उलट धीरे बह रहा था।

“आचार्य शंकर ने कहा है कि हम सब ईश्‍वर के सपने में हैं।” दूबा ने मौन भंग करते हुए कहा।

“मतलब ईश्‍वर भी नाइटमेयर के शिकार कहलाए शंकर के हिसाब से...” वादू ने कहा। 

एक ठहाका गूँजा फिर आस-पास के नीरवता से डर कर शांति में तब्‍दील हो गया।

“तुमने ‘ड्रीमकोर’ के बारे में सुना है दूबा?” वादू ने दूबा के कंधे पर अपना सिर रखते हुए पूछा।

“नहीं!” दूबा ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।

“ड्रीमकोर... ड्रीमकोर एक इंटरनेट एस्‍थेटिक है। इंटरनेट पर देखना और उसकी प्‍लेलिस्ट सुनना सोते वक़्त, तुम किसी और दुनिया में पहुँच जाओगी। न्‍यू एक्‍सपीरियंस एकदम। तुम पूछती हो न कि सिजोफ्रेनिया में कैसा लगता है, तुम्‍हें महसूस होगा।” 

“हम्‍म, ज़रूर भेजना। थोड़ा और बताओ इसके बारे में मज़ेदार लग रहा है।”

“नॉस्‍टेल्जिया जैसा कुछ। तुम्‍हें बचपन याद है? छोड़ो! कल्‍पना करो तुम रूई से बादल बना रही हो और उन्‍हें फूँककर आसमान में उड़ा रही हो। सोचो कि सितारों को तुम अपने ओवन में पका रही हो और रात के अँधेरे आसमान में चिपकाती जा रही हो या नदी से बहुत बड़ी स्ट्रा लगाकर पानी पी रही हो। रात का उजला अँधेरा है और तुम उसमें रिपटती चली जा रही हो। गुलाबी, आसमानी और अन्‍य हल्‍के रंगों की दुनिया में तुम हिलती-सी नज़र लिए अकेले चलती जा रही हो। हवाएँ...”

“और सिजोफ्रेनिया में कैसा होता है?” दूबा ने वादू को बीच में काटते हुए पूछा।

“वो छोड़ो किसी और दिन पर। ये बताओ वो कौन-सा फूल होता है पीले रंग का गोल-गोल-सा। छोटा ही होता है दूसरे रंगों का भी होता है, मगर पीला ज़्यादा होता है... वादू सोचने लगा।

“कनेर?” दूबा ने पूछा।

आठवाँ दिन

चारों तरफ धुंध और हरियाली... एक पहाड़ी गाँव झील के पास बहती नदी में उग आए ख़ूब बड़े पत्‍थर या चट्टान जैसी संरचना पर दोनों बैठे हैं। दूबा का सर वादू के कंधे पर है। आस-पास के लोगों की नज़रों से बच के वे बीच-बीच में एक दूसरे को चूमते हैं। धुंध उनका साथ देती है।

“दूबा तुम्‍हें नहीं लगता कि हम पिछले जन्‍मों में भी यहाँ आए होंगे और तब हम अब के सपने देखते होंगे और छोड़ो ये जन्‍मों का चक्‍कर भी। क्‍या तुम्‍हें नहीं लगता हम अभी इस समय भी हमारे ही सामने हों, बस देख न पा रहे हों और यही कारण है कि हमें यह विचार आया...” वादू कहता गया।

“हाँ वादू... तुम सही कह रहे हो... यह सोचना कितना सुखद है ना।” दूबा बोलने को उठी और फिर वादू के कंधे पर टिक गई।

“तुम प्‍यारी हो दूबा...” 

“वादू हम कुछ भी तो हो सकते थे ज़रा-सा हेर-फेर होता और हम पेड़ या चूहे या कैक्‍टस या बजरी या नदी या पहाड़ या केंचुआ या कुछ भी हो सकते थे। हम घास हो सकते थे या ये पत्‍थर हो सकते थे जिस पर हम बैठे हैं। तभी तो हम मिलते हैं इतना इन सभी से, देखो इस पत्ते पर भी रेखाएँ हैं और मेरे हाथ पर भी। पूरी पृथ्‍वी जुड़वाँ चीज़ों की बनी लगती है।

कितना सांयोगिक है न सब कुछ... दूबा उत्‍साहित बोलती जा रही थी।

“हाँ दूबा, हमारा आज साथ होना भी तो संयोग है। एक सुखद संयोग।” वादू ने मुस्‍कुराते हुए कहा।

“मैं इस संयोग का हिस्‍सा जीवन भर बनी रहना चाहती हूँ वादू...”

“यह प्रकृति से छेड़ख़ानी होगी और तब यह संयोग भी नहीं रहेगा, एक जड़-सा प्रयास बन जाएगा। प्रेम का स्‍वभाव मेरे नज़रिए में ऐसा नहीं होता।” वादू ने कहा।

नवाँ दिन

“नहीं नहीं, गोली खाने के बाद इसका असर बढ़ जाता है। उत्‍कंठा भी। अमूमन बस आवाज़ें आती हैं।”

“कैसी आवाज़ें?” 

“जैसे कोई स्‍त्री कपड़े धो रही हो बल्‍ले से और अपने बच्‍चे को पुकार रही हो।”

“तुम उनकी भाषा समझ पाते हो?”

“हाँ, नहीं तो स्थिति तो समझ आती ही है। भाषा भी आ जाती है कई बार समझ वैसे।”

“और हर बार यही होता है स्‍त्री का कपड़े धोना और बच्‍चे को पुकारना?”

“नहीं नहीं ये बदलता रहता है। कभी कोई बच्‍चा पलंग से गिर रहा होता है। कभी कोई पुरुष दूसरे पुरुष पर बिंदी लगा रहा होता है। कभी कोई रो रहा होता है। कभी कुछ गिरने की और किसी औरत के ज़ोर से चिल्‍लाने की आवाज़ आती है। कभी कुछ, कभी कुछ। हाँ, मगर यह सब एक कमरे के भीतर ही होता है हमेशा।”

“बाहर नहीं? अच्‍छा तुम उन आवाज़ों में ख़ुद को कहाँ पाते हो? मतलब उन लोगों को पता होता है कि तुम उन्‍हें सुन रहे हो?”

“वो अस्तित्‍व में हैं कि नहीं ये भी तो पता नहीं। मैंने उन्‍हें कभी देखा नहीं, न ही उनकी तरह दिखने वाले लोगों के बारे में सुना ही है। मेरा रोग बस मुझे इतनी ही शक्ति देता है कि मैं दृश्‍यों को सुन सकूँ और कभी-कभी आवाज़ों को देखता हुआ खुद को पा पाऊँ। वहाँ मौजूद न होते हुए भी।”

“बस आवाज़ आती है मतलब?”

“हाँ कह सकते हैं...”

“शक्‍ल नहीं दिखती?”

“बहुत साफ़ तो नहीं।”

“पहचान पाते हो?”

“कोशिश नहीं करता।”

“दवाई ली थी आज?”

“...”

“और वो क्‍या बता रहे थे तुम इस सबके अलावा कि दृश्‍य पिघलने लगते हैं, तुम जड़ हो जाते हो, यथार्थ और कल्‍पना का अंतर धुंधला होने लगता है।”

“मेरा अभी बात करने का मन नहीं, कुछ और बात करो। तुम्‍हारे घर की तरफ़ सबसे ज़्यादा कौन-से फूल होते हैं?”

दसवाँ दिन

दूबा का कमरा। रात के लगभग 3:40 का वक़्त। वादू किसी बात पर ट्रिगर हो चुका है, सामान्‍य नहीं है। दूबा इस दृश्‍य को पहली दफ़ा जी रही है, इसलिए पूर्णत: अनभिज्ञ है—जो कुछ हो रहा है उससे।

“पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़, पेड़ से मैं बँधा हूँ।”

“चुप हो जाओ, मुझे तुम से डर लग रहा है। तुम इतने बड़े कमरे में लेटे हो कहाँ, कौन-सा पेड़?” दूबा डर के मारे चिल्‍ला उठी... और मूर्च्‍छा टूट गई। वादू बदलकर सामान्‍य होने का अभिनय करने लगा, हँसकर स्थिति सामान्‍य करने की कोशिश, घूमता सिर, खोती चेतना, भारी पड़ता अवचेतन... मगर अभिनय ने सभी कुछ छुपा लिया ऐसा उसे लगा। रात किसी तरह निकाली गई।

ग्यारहवाँ दिन

छत पर वादू के कंधे से टिके हुए दूबा ने पूछा, “हम परिवर्तनशील क्‍यों हैं वादू? स्‍थायित्‍व कहीं नहीं, कहीं भी नहीं। हम हर चीज़ को हर समय एक जैसा महसूस करने में असमर्थ क्‍यों हैं? हर छोटी से छोटी चीज़ समय से बाध्‍य क्‍यों है?”

“तभी तो हमारे पास कला है दूबा। कला समय का टुकड़ा ही तो है, समय में होकर भी समय से परे।”

बारहवाँ दिन

“तुमने बास्कियाट की पेंटिंग्‍स देखी हैं?” वादू ने पूछा।

“नहीं क्‍यों?” दूबा ने कहा।

“मुझे लगता है कि मैं उन्‍हीं में से छिटक आया हूँ... मुझे वहीं लौट जाना चाहिए।”

दूबा चुप रही फिर बहुत देर बाद बोली, “मुझे लगता है कि जैसे तुम एडवर्ड मंक की ‘वैंपायर’ से निकले हो।”

“तुम्‍हें नहीं लगता मुझे वापस अपने चित्र में लौट जाना चाहिए?”  

दूबा ने यह वाक्‍य जानकर अनसुना करते हुए पूछा, “वो उस दिन जब हम ट्रैक पर गए थे, तब हमें कौन-से फूल मिले थे? अरे उनका जूस भी तो बनाया जाता है यार! एक ही मौसम में फूलते हैं बस।” 

“मेरे पास तस्‍वीरें हैं, देखोगी?” वादू ने कहा।

“हाँ-हाँ... शायद याद आ जाए।” 

तेरहवाँ दिन

प्रिय दूबा,

मुझे अपने चित्र की याद आती है, मैं लौट रहा हूँ। जीवन कितना कम यथार्थ है यार! मेरी कोशिश हमेशा मुझे निराश करती है। मैं जीवन को पाने भागता हूँ, मगर उसे पूरा नहीं पा पाने के कारण उदास हो जाता हूँ। अपने रोग में सुख भोगता हूँ, क्‍योंकि यह भान रहता है कि जो मैं देख रहा हूँ, वह सबकी नज़र में नहीं। इसीलिए वह यथार्थ भी नहीं। मुझे यथार्थ शब्‍द से चिढ़ है, कल्‍पना से तो और ज़्यादा। मुझे धारणाओं से नफ़रत है और न चाहते हुए भी मैं ख़ुद को उन्‍हीं से ग्रसित पाता हूँ। थकान है, टूटन है। मगर मेरा विश्‍वास मत करना मैं शब्‍दों का ठग हूँ, फ़किंग कॉनमैन। मैं गूँगा होना चाहता हूँ, भाषारहित, भाषाहीन। मुझे कुछ और नहीं कहना। मैं बस तुमसे अंतिम दो बातें कहना चाहता हूँ, पहली कि मैं एक निरा स्‍वार्थी व्‍यक्ति हूँ... जब तक मुझे तुमसे प्रेम चाहिए था मैंने प्रेम लिया और अब जब मैं दुख चाहता हूँ तो उसे भी तुम से ही पाना चाहता हूँ... और दूसरी कि संयोग अंतत: सांयोगिक ही होते हैं। मुझे एक सुबह के सपने से अधिक महत्त्व मत देना। मैं उसका पात्र नहीं। तुम्‍हें प्रेम, ख़ूब प्रेम, ख़ूब सारा प्रेम!

तुम्‍हारा विपरीत
वादू

दूबा ने अपने स्‍याही लगे काँपते-से हाथों को थामने का प्रयास किया, हवा उसे जड़ कर रही थी। काफ़ी देर एक दृश्‍य में अटके रहने के बाद वह उठी। खिड़की की तरफ़ बढ़ी, फिर जड़ हो गई। जब होश आया तो जाकर बिस्‍तर पर लेट गई। उसने दोबारा पत्र को देखा और चौंककर उठ बैठी—वादू की लिखाई उससे कितना मेल खाती थी एक पल को उसे लगा जैसे उसने ख़ुद ही वह पत्र लिखा हो। थकी-सी बैठी वह निश्‍चल किसी बुद्ध की प्रतिमा-सी लग रही थी। अब जब वह उठी तो बदली-सी लगी। जैसे अभी-अभी किसी सपने से आँख खुली हो। उसे याद आया उसने आज फिर दवाई नहीं ली। 

दिन बदलने की फ़िराक़ में था, मौसम न बदलने की बेजोड़ कोशिश मैं। सब वही था और वही भी नहीं। दूबा खिड़की से बाहर को फिर देखने पहुँची। पिछले दिनों की दिमाग़ में चलती कैसेट ने बहुत देर तक उसे वहीं थामे रखा। वह मुड़ी लंबी साँस लेकर अंदर आई। बिस्‍तर पर जाकर करवट लेकर लेट गई।

दिन बदल गया था। दूबा दृश्‍य को सुन रही थी, आवाज़ को देख रही थी। उसके दरवाज़े पर किसी ने दस्‍तक दी, वह उत्‍साहित होकर लगभग दौड़ते हुए दरवाज़ा खोलती है और सामने अपनी मकान-मालकिन को पाती है। एक औपचारिक मुस्‍कान तितली की तरह दोनों के होंठों पर कुछ क्षण को बैठकर उड़ जाती है। मकान-मालकिन दोबारा प्रयासित हँसी को अपने हाथ में लाए डिब्‍बे से छुपाती हैं। डिब्‍बा ऊपर उठाते हुए उत्‍साह से कहती हैं : 

“पीएगी दूबा बुरांश के फूलों का रस है। अभी ताज़ा ही है।”

दूबा के मुँह से निकल पड़ता है, “ओह हाँ, बुरांश!”

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक 

•••

तरुण की एक और कहानी यहाँ पढ़िए : स्वस्थित

 

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट