Font by Mehr Nastaliq Web

कहानी : ब्रेकअप लेटर

इक्कीसवीं सदी, पहले दशक का संधिकाल। इंटरनेट अभी इस क़स्बे में अजूबे की तरह गुपचुप अपने क़दम पसार रहा था। यह घरों में नहीं, बल्कि प्लाईवुड के बने डेस्कों के केबिनों वाले साइबर कैफ़े में, प्रति घंटे दस रुपये के हिसाब से बिकता था। इसी बीच रॉबिन भी दसवीं की वैतरणी पार कर चुका था। पढ़ाई-लिखाई के मामले में आठवीं कक्षा तक वह एक ऐसा ब्लैक-होल था, जहाँ ज्ञान का कोई भी प्रकाश जाते ही विलीन हो जाता। गणित में शून्य बट्टे सन्नाटा का ज्ञाता... और अँग्रेज़ी तो ख़ैर उसके लिए किसी पारलौकिक दुनिया की भाषा थी ही, अपनी मातृभाषा हिंदी में भी रट्टा लगाने में उसकी साँस इस क़दर फूलती थी कि कबीर और तुलसी भी स्वर्ग से उसे देखकर माथा पीट लेते होंगे। लड़के की इस अकाल-बुद्धि और भविष्य के अँधकार को देखकर उसके त्रस्त पिता ने उसे क़स्बे के एक ख़्यातिप्राप्त ट्यूशन में दाख़िला करवा दिया।

अब इसे ट्यूशन वाले मास्टर जी की सपासप पड़ती छड़ी का ख़ौफ़ कहिए, पिता के तानों का असर या फिर रॉबिन के भीतर अचानक जागा कोई सोया हुआ स्वाभिमान, दसवीं आते-आते इस लड़के ने गणित में ऐसा चमत्कार किया कि पूरे क़स्बे के समीकरण ही पलट गए। रिज़ल्ट आने से ठीक पहले, पिताश्री ने जज़्बात की रौ में बहकर एक ऐसा वादा कर डाला था... जो आमतौर पर मध्यवर्गीय बाप कभी पूरा नहीं करते... और हुआ भी वही। उन्होंने भारी गले से कहा था, “देख बेटा, तू अगर फ़र्स्ट डिवीज़न से भी पास हो गया न, तो तेरा बाप तुझे लैपटॉप दिलवाएगा!” लौंडे ने गणित में क़स्बे को टॉप कर डाला! जो रॉबिन अपनी कक्षा की मेरिट लिस्ट में पंद्रहवें पायदान पर भी बमुश्किल, कृपांक पाकर लटकता था, वह सीधे तीसरे स्थान पर आ विराजा।

तब लैपटॉप किसी यूएफ़ओ या तिलिस्मी चिड़िया से कम नहीं था। लेकिन जब रॉबिन ने अस्सी प्रतिशत से ऊपर का पहाड़ा पढ़ा, तो पिता का सीना गर्व से चौड़ा ज़रूर हुआ... पर लैपटॉप का वह वादा उसी चौड़े सीने के किसी कोने में दुबककर रह गया। पिता की अपनी व्यावहारिक सीमाएँ होती हैं। तर्क गढ़े गए कि, ‘लैपटॉप तो इंजीनियरों के लिए होता है, उसका अभी से क्या काम’, ‘अभी से आँखों में चश्मा लग जाएगा... ब्ला... ब्ला...’ और सबसे बड़ा ब्रह्मास्त्र कि, ‘लड़का हाथ से निकल जाएगा!’

नतीजतन, उसे ईनाम के नाम पर लैपटॉप तो नहीं मिला, हाँ! बाप का दिल थोड़ा पसीजा था और अपनी झूठी शान बचाने के लिए उन्होंने उसे एक कीपैड वाला फ़ोन ज़रूर दिला दिया।

पर, यह कोई ऐसा-वैसा फ़ोन नहीं था। उस छोटी-सी स्क्रीन वाले कीपैड फ़ोन में ‘जीपीआरएस’ वाला इंटरनेट चलता था! उस दौर में जेब में इंटरनेट वाला फ़ोन होने का मतलब था कि आप क़स्बे के अघोषित नवाब हैं। स्क्रीन के कोने में चमकता वह छोटा-सा ‘ई’ या ‘जी’ का निशान, आय हाय... यह महज़ एक नेटवर्क नहीं था, वह एक जादुई पोर्टल था, एक ऐसी मल्टीवर्स की टाइमलाइन... जो रॉबिन को क़स्बे की संकरी गलियों से निकालकर सीधे उस ग्लोबल मायाजाल में प्रकट करवा देता, जहाँ कीपैड की टिक-टिक से प्रेम और टूटे दिलों की नई इबारतें लिखी जानी थीं।

रॉबिन का एक जिगरी यार हुआ करता था, शंकर। इस भस्मासुरी शक्ति का इस्तेमाल कैसे करना है, इसका ज्ञान उसे अपने परम मित्र शंकर से मिलता रहा। स्कूल के रजिस्टर में शंकर का रोल नंबर भले ही रॉबिन के ठीक बाद आता था, लेकिन क़स्बाई कूलनेस के मामले में वह रॉबिन से पूरे दशक आगे था। इसी बीच शंकर ने अपने दिल्ली वाले भाई-बहनों से ऑर्कुट, जीमेल और फ़ेसबुक की हवा चुरा ली थी। क़स्बे के उसी इकलौते साइबर कैफ़े के केबिन में बैठकर, घंटे भर का चढ़ावा चढ़ाकर शंकर ने रॉबिन समेत अपने आठ-दस जिगरी दोस्तों की फ़ेसबुक पर अपनी हाज़िरी दर्ज करा ली। मज़े की बात तो यह थी, जिन लड़कों को ठीक से अपनी पैंट की बेल्ट सँभालनी नहीं आती थी, वे फ़ेसबुक की नीली दुनिया में कोई ‘इमो बॉय’, कोई ‘रॉकस्टार’ और कोई ‘जॉन सीना’ बन बैठे थे। साथ के लड़कों की उबाऊ ज़िंदगी में रस घोलने के लिए शंकर ने ‘प्रिंसेस प्रिया’ और ‘क्यूट एंजेल’ जैसी फ़ेक आईडी भी बना डाली थीं। इन छद्म कन्याओं के भेष में वह सबके साथ मज़े लेता, ख़ुद ही अपने अन्य दोस्तों को फ़्रेंड रिक्वेस्ट भेजता, उनसे मीठी-मीठी बातें करता और फिर ट्यूशन के बाहर खड़े होकर उनके मज़े भी लेता। उस समय इन छँटे हुए मजनुओं के समूह में फ़ोन मुश्किल से तीन-चार लोगों के पास ही हुआ करता था। मैसेजिंग का भी कोई ख़ास सलीका नहीं था। सबके सब फ़ेसबुक की सार्वजनिक ‘वॉल’ पर ही अपनी पंचायत लगाते।

“हेलो”, “गुड मॉर्निंग, दोस्तो”, “गुड नाइट, गाइज़”, “आज क्या हो रहा है बे?”

ऐसी नितांत निजी और फ़ालतू बातें पूरे विश्व के दर्शनार्थ वॉल पर चिपका दी जाती थीं। इसी फ़ेसबुकिया क्रांति के बीच इन लड़कों के भीतर एक अजीब-सी इंटरनेशनल हवा घुस गई थी। गली में टेनिस से खेलने वाले ये लड़के अब स्कूल का म्यूज़िक बैंड बनाने के ख़याली पुलाव पकाते। उनके फ़ोन में उदित नारायण की जगह एकॉन, माइली सायरस, जस्टिन बीबर, शकीरा और एमिनेम विराजमान हो गए। एमिनेम का रैप सुनते हुए भले ही बोल पल्ले न पड़ें, लेकिन जो म्यूज़िक बजता, वह उनके भीतर के सोए हुए विद्रोह को जगा देता था।

ग्यारहवीं कक्षा में आते-आते इन सभी रणबांकुरों ने देखा-देखी विज्ञान ले लिया। क़स्बे के सबसे शांत मास्साब की कोचिंग में सुबह पाँच बजे फ़िज़िक्स की क्लास लगा करती थी। जाड़े के उन दिनों में, जब मुर्गे भी रज़ाई से बाहर निकलने में काँपते थे, ये लड़के सुबह चार बजे उठकर साइकिल भगाते हुए ट्यूशन पहुँचते। वहीं गर्ल्स इंटर कॉलेज से भी लड़कियाँ पढ़ने आती थीं। इसी ट्यूशन क्लास की ठंडी, ओस और कोहरे से ढकी सुबहों में क़स्बाई प्रेम ने अपनी पहली अँगड़ाई ली।

एक टीनएजर के लिए ‘प्रेम’ नाम की चिड़िया क्या बला है, इसका पता भला किसे रहता है? सच पूछिए तो किशोर वय में प्रेम की समझ भीतर की किसी आध्यात्मिक अनुभूति से नहीं फूटती, बल्कि यह नितांत एक आउटसोर्स्ड प्रोजेक्ट रहता आया है। इसका सारा कच्चा माल बाहर से ही आता है। जैसे कि वह किस कक्षा के प्राणी हैं, उसके अगल-बग़ल बैठने वाले लौंडे प्रेम की क्या अश्लील या रूमानी व्याख्या करते हैं, ट्यूशन में पीछे की बेंच पर बैठकर गिटकिरी मारने वालों का उस पर कैसा असर है? किन फ़ीमेल क्लासमेट्स ने उसके हाथ में राखी कभी नहीं बाँधी... यही सब तो तय करता है कि उस लड़के के प्रेम का मेटाफ़िज़िक्स क्या होगा! और तो और, वह फ़िल्में कौन-सी देख रहा है? क्या वह अभी भी ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएँगे’ वाले हैं या इमरान हाशमी के ‘आशिक बनाया आपने’ वाले माहौल में गोते खा रहा है? उसके कानों में कैसे गानों के कैसेट या एमपी-थ्री बज रहे हैं? और सबसे अहम, उसके परिवार में स्त्रियों की, या स्त्रियों के प्रति प्रेम की क्या सामाजिक हैसियत है? जब पहली बार उस हार्मोनल उफ़ान को वह ‘सच्चा प्यार’ मान बैठता है, तो उसके भीतर कितनी वीरता, कितना धैर्य और कितनी लंपटता एक साथ कुलाँचे मार रही होती है! यह सब एक किशोर के ज़ेहन में प्रेम की एक ऐसी भयंकर कॉकटेल बनाते हैं, जिसका नशा और हैंगओवर, दोनों ही जानलेवा होते हैं।

एक सुबह शंकर ने रहस्यमयी अंदाज़ में रॉबिन को बताया कि उसे गर्ल्स कॉलेज की एक लड़की, नीलम, से ‘सच्चा इश्क़’ हो गया है। और तो और, शंकर वह इकलौता सिकंदर साबित हुआ जिसने नीलम से अपना फ़ोन नंबर एक्सचेंज कर लिया था। उस दौर में किसी लड़की से नंबर एक्सचेंज कर लेना किसी अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा पकड़ने जैसी फ़तह थी। इस वॉट्सऐप, टिंडर और इंस्टा-रील्स वाले दौर जैसा नहीं, जहाँ पलक झपकते ‘स्वाइप राइट’ हो जाता है। उस युग की तड़प और उस दस अंकों वाले मोबाइल नंबर की पवित्रता का अंदाज़ा नहीं लगा सकते। उस नंबर को बाक़ायदा हाथों-पन्नों में लिख-लिखकर याद किया जाता था, वह ज़ेहन में छप जाता, किसी अंग की तरह उसे निकाल और भूल पाना नामुमकिन-सा हो जाता। जैसे ही शंकर की इस दिग्विजयी सफलता की ख़बर दोस्तों के गुट में फैली, वह रातों-रात क़स्बे का अधिकृत मजनूँ, राँझा और रोमियो सब एक साथ बन गया। उसकी चाल में एक अजीब-सा लचकदार गुरूर आ गया। रॉबिन चूँकि उसका यार-ए-ग़ार था, परम सखा था और ट्यूशन भी उसके साथ ही जाता था, इसलिए शंकर अपनी इस नवोदित प्रेमलीला का हर एक पन्ना, हर एक मादक विवरण रॉबिन के सामने पूरी तफ़सील से बाँचता। वह बताता कि कैसे कल ट्यूशन के बाद उन्होंने छिपकर एक रुपये वाली एक्लेयर चॉकलेट आधी-आधी खाई और कैसे सीढ़ियों से उतरते वक़्त ‘ग़लती से’ उनके हाथ टकरा गए थे, जिसे शंकर ने ‘पहली बार गले लगना’ घोषित कर दिया था।

शंकर रातों-रात पूरे ग्रुप का लव-गुरु बन गया। शंकर की रूमानी लंतरानियों ने रॉबिन के भीतर भी सोए हुए आशिक़ को जगा दिया। उसे लगने लगा कि बिना ‘हीर’ के, बिना प्रेम के यह जीवन, यह ज्ञान सब व्यर्थ है।

शंकर ने भी रॉबिन को कुरेदा, “अबे, तुझे नीलम की सहेली वो पसंद है न, जो रोज़ उसके साथ ही आती है, मैंने देखा था तू उसे कैसे देखता है?”

रॉबिन के तो जैसे मुँह की मुराद छिन गई। उसने शर्माते हुए, अपने जूते के अँगूठे से ज़मीन की मिट्टी कुरेदते हुए हामी भर दी। उस कन्या का नाम था, रागिनी।

फिर क्या था! शंकर यही चाहता था, उसे सुबह का साथी चाहिए था। शंकर ने अपना रुतबा और प्रभाव इस्तेमाल किया। उसने अपनी प्रेमिका नीलम के दरबार में रॉबिन की अर्ज़ी लगाई। नीलम ने वह संदेश रागिनी तक पहुँचाया। अब पता नहीं उन दोनों सहेलियों के बीच टिफ़िन खाते समय क्या फुसफुसाहट हुई होगी, लेकिन जैसा हार्मोनल उछाल शंकर की बातें सुनकर रॉबिन के मन में होता था, ठीक वैसा ही शायद नीलम की बातें सुनकर रागिनी के मन में भी होने लगा था। कुछ ही दिनों के भीतर, शंकर के ज़रिए रागिनी का जादुई दस अंकों वाला मोबाइल नंबर रॉबिन के फ़ोन में सेव हो गया। अगर नंबर एक्सचेंज हो गया, तो समझ लीजिए कि प्रेम प्रस्ताव पर मुहर लग गई! अब किसी औपचारिक इज़हार की कोई आवश्यकता नहीं बची थी।

सर्दियों के वे हाड़ कंपाने वाले दिन। क़स्बे के एक कोने से रागिनी और नीलम आती थीं, दूसरे से रॉबिन और शंकर। दोनों जोड़े क्लास शुरू होने से एक घंटे पहले, सुबह चार बजे के अँधेरे कोहरे में ही ट्यूशन पहुँच जाते। ट्यूशन के बाहर की घुमावदार गैलरी के दो अँधेरे कोनों ने इन दोनों युगलों को पनाह दे रखी थी। दुनिया के लिए वे कोहरे में छिपे कोने थे, लेकिन इनके लिए वे जन्नत के लाउंज थे। दिन के चौबीस घंटों में उनके पास मिलने का यही बीस-पच्चीस मिनट का गोल्डन ऑवर होता था। वे एक-दूसरे के सपनों की बातें करते, कभी अँग्रेज़ी गानों पर थिरकने की कोशिश करते, तो कभी घर से छिपाकर लाए गिफ़्ट्स, चॉकलेट्स एक-दूसरे को देते।

टीनएज का यह प्रेम नई-नई खोजों के बीच झूल रहा था। एक दिन शंकर ने रॉबिन को स्कूल में कंप्यूटर क्लास की गुमटी के पीछे ले जाकर गर्व से बताया कि उसने और नीलम ने ‘फ़्रेंच किस’ की। रॉबिन उत्साहित हुआ। जब उसने अपने फ़ोन में गूगल पर जीभ से जीभ की कुश्ती पढ़ी, तो घबरा गया। लेकिन गुरु शंकर ने देसी नुस्खा सुझाया, “देख भाई, पहली बार में अजीब लगता है। तू ऐसा करना, एक पाँच रुपये वाली ‘डेयरी मिल्क’ मुँह में रख लेना और फिर ट्राय करना। तब थोड़ा मीठा लगेगा और नॉर्मल फ़ील होगा।”

हुआ भी ऐसा ही। यह आइडिया काम कर गया। इन बचकाने, डरे-सहमे चुम्बनों को सहेजने का रॉबिन का अपना एक तकनीकी तरीक़ा था। आज जैसे स्नैपचैट के फ़ोटोज़ क्लाउड पर सेव करने पड़ते हैं, वैसे ही रॉबिन का अपना एक अलग तरह का ‘क्लाउड स्टोरेज’ था, उसका मोटा, स्पाइरल-बाइंडिंग वाला भौतिक विज्ञान का रजिस्टर।

अँधेरे कोने से निकलकर जब वे फ़िज़िक्स की क्लास में बैठते, तो मास्साब बोर्ड पर जो टॉपिक पढ़ा रहे होते, रॉबिन उस पन्ने के एकदम दाहिने कोने में लाल पेन से बहुत ही बारीक, उस दिन की तारीख़ पर ‘हार्ट इमोजी’ बना देता। दुनिया के लिए पेज बयालीस पर लिखी बारह नवंबर, टॉपिक ‘गॉस का नियम’ था, लेकिन रॉबिन के लिए वह तारीख़ एक कोड थी। उसका मतलब था, इस सर्द सुबह में रागिनी की ठंडी नाक रॉबिन के गाल से टकराई थी। पेज नंबर अड़सठ पर, टॉपिक ‘वेव ऑप्टिक्स’ के बगल में लिखी चार जनवरी का मतलब था... इस दिन रागिनी ने रॉबिन के होंठों को पहली बार ख़ुद आगे बढ़कर चूमा था।

फ़िज़िक्स का वह पूरा रजिस्टर, जो बोर्ड परीक्षा में पास होने का इकलौता पासपोर्ट तो था ही, साथ ही रॉबिन के लिए चुम्बनों की इकलौती ‘लॉग-बुक’ भी था। यूँ कह लो कि वह रजिस्टर फ़िज़िक्स का नहीं, उनके चुम्बनों का गुप्त बहीखाता था। रागिनी भी जब कभी वह रजिस्टर देखती, तो उन तारीख़ों को देखकर एक मीठी-सी मुस्कान चेहरे पर उछाल देती।

कुछ ही महीनों बाद, बिना किसी पूर्व सूचना के शंकर अचानक चुप रहने लगा। उसकी बोलती बंद हो गई। वह एक झटके में रोमियो से देवदास में तब्दील हो गया, वह अपने आप में गुमसुम हो गया। पता चला कि नीलम से उसका ब्रेकअप हो गया है। कारण क्या था, यह शंकर ने कभी किसी को नहीं बताया। बस इतना कहा कि, “कुछ चीज़ें हमारे हाथ में नहीं होतीं।”

वह शंकर का पहला गहरा प्रेम था शायद। जितना समय उस प्रेम की इमारत खड़ी होने में नहीं लगा था, उससे कहीं ज़्यादा समय उसके मलबे से उठने वाली धूल और दर्द से उबरने में लग रहा था।

क़स्बे की इन हवाओं में यह रुमानियत शायद ज़्यादा दिन नहीं टिक पाई। इसका सीधा और विनाशकारी असर शंकर की पढ़ाई पर पड़ा। ग्यारहवीं का साल रोते-गाते गुज़रा। शंकर के इस संन्यास का संक्रामक प्रभाव रॉबिन पर भी पड़ा। बारहवीं के प्री-बोर्ड आ गए। रागिनी बायोलॉजी की छात्रा थी और रॉबिन पीसीएम का। लेकिन दसवीं तक रॉबिन की बायो अच्छी थी, तो प्री-बोर्ड के वक़्त वह मजनूँ अपनी लैला को उसी अँधेरे कोने में अपनी टूटी-फूटी समझ से बायोलॉजी और फ़िज़िक्स पढ़ाने लगता।

एक सुबह, ट्यूशन के उसी अँधेरे कोने में रागिनी उदास थी। उसने रॉबिन से नज़रें नहीं मिलाईं। एक मरोड़ा-तोड़ा पन्ना रॉबिन के हाथ में थमाया और बिना कुछ कहे भागते हुए गैलरी से निकल गई। रॉबिन ने काँपते हाथों से वह पन्ना खोला। रागिनी ने अपनी नीली स्याही वाली सुंदर लिखावट में लिखा था :

“मेरे प्यारे रॉबिन,
काग़ज़ पर ये शब्द लिखते हुए मेरे हाथ काँप रहे हैं। तुम्हारे सामने आकर तुम्हारी आँखों में देखने की मेरी हिम्मत नहीं पड़ी, इसलिए यह ख़त लिख रही हूँ। शायद तुम्हें पढ़ते हुए इसमें मेरे गिरे हुए आँसुओं की सिलवटें भी मिलें। बाक़ी तुमको जो भी समझना है, वह समझ लेना ठीक ही होगा... मैं जानती हूँ मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूँ और तुम भी मुझसे बेइंतहा प्रेम करते हो... लेकिन... लेकिन हमारी शादी कभी नहीं हो सकती, रॉबिन।

मुझे तुम्हारे साथ बैठना, बातें करना, फ़ोन पर बेकार-सी बातें करना, सब अच्छा लगता है। वो सुबह की सर्द हवाएँ, कोहरे में छिपा हमारा वह कोना, तुम्हारा मेरे लिए काँपते हुए इंतज़ार करना और फ़ोन पर रात-रात भर वो बेकार-सी बातें करना... वह सब मेरे जीवन के सबसे अनमोल पल हैं। मैं सच में चाहती थी कि बारहवीं के बाद और उसके बाद की पूरी ज़िंदगी हम ऐसे ही एक-दूसरे के साथ रहें। मेरी दुनिया सिर्फ़ तुम तक ही थी। लेकिन रॉबिन, सवेरा होते ही जैसे कोहरा छँट जाता है, वैसे ही अब मेरी आँखों से सपने छँट गए हैं। मुझे पता है कि अगर आगे बात बढ़ेगी, तो मेरे घरवाले सबसे पहले तुम्हारी जाति पूछेंगे...

यही समाज की कड़वी सच्चाई है, जिसे हमारा प्यार कभी नहीं हरा सकता। वे किसी भी क़ीमत पर नहीं मानेंगे। तुम अपने भोलेपन में कहोगे कि हम समझा लेंगे, हम दुनिया से लड़ लेंगे। मैं भी दिल से चाहती हूँ कि काश ऐसा हो पाता, लेकिन मैं अपने घरवालों को जानती हूँ। मुझमें इतनी हिम्मत नहीं है कि मैं उनके सामने खड़ी हो सकूँ। मैं एक कायर लड़की हूँ, जो समाज के डर से अपने ही प्यार का गला घोंट रही है। इसलिए आज मैं पत्थरदिल होकर यह फ़ैसला ले रही हूँ। मैं शहर जा रही हूँ और मैं तुमको हमेशा के लिए भूल जाऊँगी। तुम्हें भी मुझे भूलना ही होगा, रॉबिन।

यह सच बहुत कड़वा है, लेकिन तुम्हें भुलाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करूँगी। मैं शहर जाकर एक नया बॉयफ़्रेंड बनाऊँगी और मेरी ख़ातिर तुम भी अपने लिए कोई नई गर्लफ्रेंड बना लेना। हाँ... रॉबिन, हमें यही करना होगा। मैं किसी और का हाथ पकड़ूँगी, किसी और के साथ हँसूँगी-रोऊँगी, ताकि मेरे ज़ेहन से तुम्हारा नाम, तुम्हारी बातें और तुम्हारी वह छुअन हमेशा के लिए मिट सके। तुम भी किसी और के साथ अपनी दुनिया बनाना। ख़ुद को मुझसे दूर करने की हर वह कोशिश करना, जो मैं करूँगी। मुझे अपने दिल से ऐसे निकाल फेंकना जैसे मैं कभी थी ही नहीं। मेरे नाम से नफ़रत करना, क्योंकि अब हमारे लिए यही ठीक है और यही एकमात्र सच है। तुम्हें मुझसे बहुत अच्छी लड़की मिल जाएगी, रॉबिन। कोई ऐसी जो निडर हो, जो समाज से लड़ सके और जिसके नाम के पीछे लगा उपनाम तुम्हारे परिवार के लिए कलंक न हो। मैं तुम्हारी हिम्मत और तुम्हारे इस प्यार के लायक़ नहीं हूँ।

मैं तुम्हें इस तरह बीच राह में छोड़ना नहीं चाहती हूँ, लेकिन मुझे बहुत डर लगता है। अगर कभी तुम्हें लगे कि मैंने तुम्हारे प्यार को धोखा दिया है, तो मुझे माफ़ कर देना। मेरा यक़ीन करो, मैंने ऐसा जान-बूझकर नहीं किया है।

तुम मेरे जाने के बाद ख़ुद को बर्बाद मत करना। तुम बस अपनी पढ़ाई करना और ख़ूब अच्छे नंबर लाना। और हाँ... आगे ज़िंदगी में किसी और को मेरी तरह बायोलॉजी पढ़ाने की कोशिश बिल्कुल मत करना, तुम्हें वैसे भी ठीक से नहीं आती।

हमेशा के लिए तुमसे दूर जाती हुई,

तुम्हारी रागिनी”

जब आसमान खिसकता है, तो पैरों के तलुओं से ज़मीन भी ग़ायब होती है... और असल ज़िंदगी में इस ट्रांज़िशन के लिए कोई बैकग्राउंड म्यूज़िक नहीं बजता। बस एक सुन्न कर देने वाला सन्नाटा छा जाता है, जो कानों के परदे फाड़ देता है। रॉबिन नितांत, विशुद्ध रूप से भौंचक्का रह गया था। उसकी आँखें फटी की फटी रह गई थीं। यह उसके टीनएज ‘सॉफ़्टवेयर’ में आया एक ऐसा ‘एरर 404’ था, जिसे रीस्टार्ट करने का कोई बटन उस कीपैड फ़ोन में नहीं था। वह ट्यूशन की उसी ठंडी सीढ़ी पर धम्म से बैठ गया।

पत्र में लिखा वह ढाई आखर का शब्द, ‘जाति’, उसके दिमाग़ में किसी हथौड़े की तरह बज रहा था। यह एक ऐसा कठोर यथार्थ था, जिससे वह अब तक अपनी धुन में अनजान बना हुआ था। रॉबिन जिस परिवेश में पला-बढ़ा था, वहाँ मध्यवर्गीय संघर्ष था, पैसे की तंगी थी, लेकिन उसे कभी किसी ने, कभी किसी मंच पर सीधे तौर पर यह नहीं बताया था कि, “तू अस्पृश्य है बेटा!”

यह कैसी भयंकर विडंबना थी! ख़ुद को ग्लोबल विलेज का नागरिक मानने वाला यह लड़का हक़ीक़त में आज भी उसी पितृसत्ता के गोबर के बीच क़ैद था। रॉबिन को समझ नहीं आ रहा था कि जो समाज इतनी तेज़ी से इंटरनेट का नेटवर्क पकड़ रहा है, वह इंसानों के मामले में अभी भी पाँच सौ साल पुराने नेटवर्क पर क्यों अटका हुआ है? उसका दिमाग़ एक लूप में फँस गया था, जहाँ बस पत्र का एक-एक शब्द उसकी आँखों से ढुलक रहा था।

उसने काँपते हाथों से बैग की चेन खोली और वही स्पाइरल-बाइंडिंग वाला फ़िज़िक्स का रजिस्टर बाहर निकाला। पेज नंबर तैंतालीस... ‘कंज़र्वेशन ऑफ़ एनर्जी’। जिस रजिस्टर को वह छाती से लगाकर सोता था, वह उसके चुम्बनों की क़ब्रगाह था। नज़रें दाहिने कोने पर गईं, जहाँ लाल पेन से लिखा था, ‘3 फ़रवरी, 2012’...

कल तक जो तारीख़ चमेली की ख़ुशबू और रागिनी के होंठों की मिठास से महकती थी, आज वह किसी क़ब्र पर खुदे हुए ठंडे, बेजान शिलालेख की तरह लग रही थी। उसने उस पर उँगली फेरी, कोई ख़ुशबू नहीं आई, बस एक कोरा पन्ना था और उस पर भौतिक नियमों की पसरी हुई स्याह लाश।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक 

•••

हिमांशु विश्वकर्मा की एक और कहानी यहाँ पढ़िए : बावर की वनकन्या

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट