Font by Mehr Nastaliq Web

घाम-पानी : दिल्ली दर्शन : एक दोस्त और कुछ अधूरी यात्राएँ

वह कौन-सी तारीख़ रही होगी—याद नहीं! वह तारीख़ मेरी स्मृति से मिट चुकी है—जब हम अंतिम बार एक साथ दिल्ली दर्शन कर रहे थे। हम माने—मैं और डीयू के दिनों का मेरा दोस्त विशाल राजपूत। वह धामपुर का था। धामपुर, उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले का एक प्रमुख शहर है। आज जब ऑनलाइन चीनी ऑर्डर करता हूँ तो ‘धामपुर शुगर’ ब्रांड देखकर धामपुर शहर तस्वीर में आ जाता है और साथ ही स्मृति में मेरे दोस्त विशाल के साथ दिल्ली रहते, बसों में घूमते, जगह-जगह जाते हुए गुज़रे समय की तस्वीरें आज में तैरने लग जाती हैं।

दिल्ली साउथ कैंपस में हमारी पहली मुलाक़ात से लेकर सेकंड ईयर के पहले सेमेस्टर तक, एक साल के भीतर हमने बल भर दिल्ली देखी। मैं यक़ीन से कह सकता हूँ कि उसके साथ मैंने जितनी दिल्ली देखी-घूमी, उतना आज तक के इतने सालों में मिलाकर देखी-घूमी नहीं होगी। उन दिनों दिल्ली दर्शन की बसों को देखकर हम एक-दूसरे से हँसते हुए कहा करते थे कि एक दिन में कौन-सा दिल्ली दर्शन होता होगा, सही स्कैम है यार!

दिल्ली एक थका मारने वाला शहर है। यह केवल आज की बात नहीं है। जितनी भीड़ आज मेट्रो में मिलती है, उतनी ही भीड़ पंद्रह साल पहले नई-नई आईं लो फ़्लोर बसों में होती थी। दिल्ली देश के लगभग सभी महत्त्वपूर्ण शहरों से बड़ी है इसलिए इसको देखने के लिए जितनी आँखों की ज़रूरत है, उससे कहीं ज़्यादा पैरों की। यहाँ एक जगह से दूसरी जगह पहुँचना ही अपने आपमें एक यात्रा है। 

आप दिल्ली की कहानी जानना शुरू करते हैं—एक नाम सुनते हैं और उसकी अपनी अलग दिलचस्प कहानी निकल आती है। मैं 1998 में ठीक तरह से दिल्ली में आया, यह मेरे माता-पिता मुझे बताते हैं। लेकिन मेरी स्मृति में दिल्ली की ठीक-ठीक याद में कोई साल या कैलेंडर नहीं है, एक जगह है और एक बॉलीवुड गाना है। जगह : साकेत के एक मशहूर सिनेमा हॉल—जहाँ मैंने ‘ग्रीन माइल’ उस उम्र में देखी, जब सिनेमा क्या, सही से घर का पता नहीं मालूम था—के पास स्थित सरकारी स्कूल के कमरे में पहला दिन और वहाँ सबसे पहले और अकेला मैं। गाना : आमिर ख़ान का चिल्ला-चिल्लाकर गाया गया ‘देखो टू थाउज़ंड ज़माना आ गया...’

मैं दिल्ली को अलग-अलग समय पर देख पाया हूँ। 1997 से 2005 तक मैं दिल्ली के ऐसे हिस्से में रहा हूँ, जहाँ से मैं रोज़ क़ुतुब मीनार देखता था। जिस क़ुतुब मीनार देखने लोग दुनिया भर से आते हैं, जिसके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं, वह कभी मेरे लिए रोज़मर्रा के दृश्य का हिस्सा था। उस समय उम्र ने यह महसूस होने नहीं दिया कि यह कितना दुर्लभ है।

2011 में जब कॉलेज के लिए दिल्ली लौटा तो बहुत कुछ बदल गया/रहा था। विशाल के साथ दिल्ली घूमने का अनुभव बचपन के अनुभवों से बिल्कुल उलट था। वह मुझे उन जगहों पर ले जाता था, जहाँ जाने के बारे में मैं शायद सोचता भी नहीं। लखनऊ से घरवाले दिल्ली में होते अपराधों की ख़बरें सुनकर मुझे रोकते थे। उन्हें लगता था कि मैं कहीं किसी अपराध का शिकार न हो जाऊँ। विशाल उन डरों को बहुत गंभीरता से नहीं लेता था। उसने मुझे दिल्ली में घूमना सिखाया। ख़ान मार्केट, साउथ एक्स, सराय काले ख़ाँ, महरौली, सरोजिनी नगर, साउथ कैंपस, नार्थ कैंपस, लाल क़िला, दिल्ली-6—इन जगहों पर जाने के लिए हम कभी कोई तैयारी नहीं करते थे। हम बस निकल जाते थे। कभी कपड़े लेने के बहाने, कभी किसी किताब के कारण, कभी कुछ खाने, कभी किसी जगह का नाम सुनकर। कई बार यह भी तय नहीं होता था कि वहाँ जाकर करना क्या है...

बड़े होते हुए ख़ान मार्केट के बारे में ख़ूब सुनता रहा था। वहाँ स्थित फ़क़ीर चंद बुक स्टोर का अपना आकर्षण था। उन दिनों वहाँ सेल्फ़ीबाज़ों, कंटेंट-क्रिएटरों का जमावड़ा नहीं रहता था। पढ़ने-लिखने वाले नए लड़के-लड़कियाँ वहाँ जाने और देर तक रहने की इच्छा रखते थे। वैसे किताबों की दुकान में जाना और किताब ख़रीदकर निकल आना एक अलग उम्र की बात है, उस समय मन में बस किताबों के बीच कुछ देर खड़े रहने का मन करता था। रैक पर रखी किताबों के नाम पढ़ना, कभी न सुने-पहचाने लेखक की किताब को उठाकर उसके पन्ने पलटना और फिर बिना कुछ ख़रीदे बाहर आ जाना—उस समय ये सब अपने आपमें दिल्ली के साथ बन रहा रिश्ता था।

फ़क़ीर चंद बुक स्टोर की भी अपनी एक कहानी है। 1951 में ख़ान मार्केट की स्थापना विभाजन के बाद विस्थापित होकर आए लोगों के पुनर्वास के लिए हुई थी। बाज़ार का नाम ख़ान अब्दुल जब्बार ख़ान के नाम पर रखा गया था, वह ‘फ़्रंटियर गांधी’ के नाम से मशहूर ख़ान अब्दुल गफ़्फ़ार ख़ान के बड़े भाई थे। आज जिस बाज़ार को दुनिया के महँगे-एलीट बाज़ारों में गिना जाता है, उसकी शुरुआत उन लोगों के लिए हुई थी जिन्होंने अपना घर छोड़ा था और एक नए शहर में जीवन शुरू किया था। एक शहर किस तरह से लोगों का भाग्य लिखता-बदलता है, ख़ान मार्केट में यह ख़ूब महसूस होता है। आठ दशक पहले जो जगह दुख के घेरे की मानी जाती थी, वहाँ आज उस समय की स्मृति खोजने पर भी नहीं मिलती।

विशाल की एक आदत थी, जिसके लिए हम अक्सर दर्जनों बसों को छोड़ दिया करते थे। वह पुरानी डब्बेवाली DTC बसों को बहुत याद करता था। उसे वैसी बसों में सफ़र करने का अलग ही चस्का था। 2011 के बाद दिल्ली में वैसी बसें बहुत कम रह गई थी। सड़कों पर लो फ़्लोर बसों का क़ब्ज़ा बढ़ रहा था, लेकिन उन बसों में एक अलग तरह का दिल्लीपन था। ऊँचे पायदान, खिड़कियों से आती हवा, पीछे गेट पर चुपचाप खड़े होकर सफ़र कर सकने की आसानी और बस के भीतर का लगातार हिलता-डुलता संसार। सेफ़्टी फ़िचर से लैस बंद गेट वाली नीली, लाल और हरी लो फ़्लोर बसों के लिए मेरे मन में भी कभी उन ऊँची पुरानी बसों जितना प्रेम नहीं बन पाया। 

विशाल कई बार कहता था कि वह एक पूरा दिन बस में गुज़ारना चाहता है। हम दोनों स्टूडेंट थे और हमारे पास उन दिनों बस पास हुआ करता था। पास के साथ हमने कई बार घंटों-घंटों बस में सफ़र किया, लेकिन बस में एक पूरा दिन उसके जाने के बाद ही संभव हो पाया। मैंने विशाल की मृत्यु के बाद, एक रोज़ एक पूरा दिन बाहरी मुद्रिका बस में गुज़ारा। मैं धौला कुआँ पर बस में चढ़ा और बैठा रहा। यह बस आमतौर पर उत्तम नगर टर्मिनल से शुरू होकर पूरे बाहरी रिंग रोड का चक्कर लगाते हुए वापस उत्तम नगर लौटती थी। इन बसों से डिस-प्ले पर कोई नंबर नहीं लिखा होता था। इसमें घड़ी की दिशा में चलने वाली बसों के लिए OMS+ और विपरीत दिशा में चलने वाली बसों के लिए OMS- लिखा होता था। उस दिन मैंने बाहरी मुद्रिका से दिल्ली दर्शन किया। उत्तम नगर, जनकपुरी, पीरागढ़ी, मीरा बाग़, पीतमपुरा, मुक़रबा चौक, भलस्वा, बुराड़ी, मजनू का टीला, वज़ीराबाद, भजनपुरा, यमुना विहार, दिलशाद गार्डन, आनंद विहार बस अड्डा, लक्ष्मी नगर, अक्षरधाम, सराय काले खाँ, आश्रम, महारानी बाग़, लाजपत नगर, कालकाजी, संगम विहार, अंबेडकर नगर, साकेत, मुनिरका, आर.के. पुरम और वापस धौला कुआँ...

इस पूरी यात्रा में कहाँ उतरना है, यह तय नहीं था। पूरे सफ़र में कंडक्टर ने भी तीन-चार बार पूछा कि क्या हुआ, कहाँ जाना है? मैं उसे क्या बताता? अगर मैं उसे यह बताता कि दोस्त से किया वादा पूरा कर रहा हूँ तो क्या वह मेरी बात समझता या मुझे बेवक़ूफ़ मानता! शायद मैंने उस दिन दिल्ली को उस तरह देखा था, जिस तरह से विशाल उसे देखता था। बस में खिड़की वाली सीट पर निश्चित होकर बैठ, उतरने की चिंता से मुक्त होकर शहर को देखना एक अद्वितीय अनुभव है। सड़कें, फ़ुटपाथ की दुकानें, सड़कों पर घूमते-सोते-खाते-लड़ते लोग, फ़्लाईओवर, कॉलोनियाँ, बाज़ार, आम लोग, बस स्टॉप और उनके इंतज़ार में खड़े चेहरे— पूरी दिल्ली बस की खिड़की पर बह रही थी।

एक बार विशाल के कहने पर मैं उसके साथ पुराना क़िला गया। पुराना क़िला दिल्ली की उन जगहों में है, जहाँ इतिहास कम दिखता है, गतिविधियाँ ज़्यादा होती हैं। वहीं मैंने पहली बार कुछ ऐसे म्यूज़िक बैंड सुने, जो आज भी मेरे पसंदीदा हैं। Papon and The East Indian Company, पाकिस्तान का Strings, Advaita, Raghu Dixit Project और नेपाल का Albatross... उस समय शायद मुझे यह अंदाज़ा नहीं था कि ये नाम आगे चलकर मेरी संगीत-स्मृति का हमेशा के लिए हिस्सा बन जाएँगे। आज भी इन बैंड्स को सुनता हूँ तो पुराना क़िला में गुज़री वह शाम भीतर तारी हो जाती है।

इसी तरह हम एक बार सफ़दरजंग रेलवे स्टेशन गए—विवेकानंद स्पेशल ट्रेन देखने। यह ट्रेन स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन और विचारों पर आधारित चलती-फिरती प्रदर्शनी थी। उस समय तो नहीं, लेकिन आज जब सोचता हूँ कि दिल्ली में कब-कहाँ-क्या हो रहा है, उसे यह सब कैसे पता होता था! कितने ही समय जब मैं उसके साथ नहीं होता था तो वह मुझे कॉल करके कहता था कि वह दिल्ली में यहाँ आया है, आज यहाँ घूम रहा है। कहाँ हम जीवन में समय-आसानी चुनते हैं और उसके जैसे लोग यात्रा और जीवन-दृश्यों को चुनते हैं।

विशाल के जाने के बाद से आज तक मैंने ठीक से दिल्ली को नहीं देखा। यह बात सुनने में अजीब लग सकती है। मैं सालों तक यहीं रहा हूँ—लुटियन दिल्ली, पुरानी दिल्ली तमाम इलाक़ों से गुज़रता रहा, नौकरी की/कर रहा हूँ, लेकिन घूमने के लिए नहीं निकला। मैंने इसे हमेशा अपनी बदक़िस्मती की तरह देखा। कई बार तो यही सोचा कि इस शहर से दूर चला जाऊँ और गया भी। आज भी मन में यह ख़याल आता है कि दिल्ली जैसा शहर मेरे लिए नहीं है। वह शहर जिस शहर में कभी एक दोस्त के साथ हर दिन एक नई जगह खोजने का उत्साह था, वही शहर अधूरा-सा लगता है।

आज जब पीछे मुड़कर दिल्ली में की गई यात्राएँ की स्मृतियों में लौटता हूँ तो समझ आता है कि विशाल के साथ बिताया वह एक साल मेरे लिए दिल्ली दर्शन का साल था। मैंने उसके तय रास्ते से दिल्ली देखी। उसने मुझे कभी यह नहीं बताया कि दिल्ली में कौन-कौन से स्मारक हैं, किसका निर्माण किसने करवाया और कौन-सी जगह कितनी पुरानी है। उसने बस मुझे ख़ुद से बाहर निकाला। उसने मुझे यह भरोसा दिलाया कि हमें हमेशा नए रास्ते खोजने चाहिए, कभी-कभी बिना कारण भी कहीं निकल जाना चाहिए। शायद किसी शहर-जगह को जानने का पहला सबक़ ही यही है कि उसके बारे में पहले से सब कुछ जानने की ज़रूरत नहीं है।

दिल्ली में रहते हुए मैंने बिना इच्छा क़ुतुब मीनार रोज़ देखा, लेकिन उसे देखने की इच्छा शायद बहुत बाद में पैदा हुई। विशाल के साथ दिल्ली घूमा, लेकिन उसके जाने के बाद समझ आया कि यह घूमना मेरे जीवन के कितने बड़े हिस्से को अपने भीतर समेटे हुए है।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

अन्य घाम-पानी यहाँ पढ़िए : घाम-पानी

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट