Font by Mehr Nastaliq Web

दिल्ली में हो रहा है इशारा अंतरराष्ट्रीय कठपुतली थिएटर फ़ेस्टिवल

इशारा अंतरराष्ट्रीय कठपुतली थिएटर फ़ेस्टिवल का 22वाँ संस्करण 13 फ़रवरी से 22 फ़रवरी 2026 तक इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इन दिनों में दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं बेहतरीन कठपुतली प्रस्तुतियाँ देखने को मिलेंगी। यह फ़ेस्टिवल अलग-अलग संस्कृतियों के कलाकारों को एक साथ लाता है, जहाँ वे अपनी कहानियाँ और कला साझा करते हैं। दर्शकों के लिए यह एक ऐसा अनुभव होता है जो मनोरंजन के साथ-साथ नई दुनिया से भी परिचय कराता है। यह फ़ेस्टिवल टीमवर्क आर्ट्स द्वारा तैयार किया गया है और इशारा पपेट थिएटर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

असल में यह फ़ेस्टिवल कठपुतलियों के ज़रिए कहानी कहने का उत्सव है। हर प्रस्तुति अपने साथ एक नई कहानी और एक नई दुनिया लेकर आती है। यहाँ दूर-दराज़ से आई कठपुतलियाँ मंच पर जीवित-सी लगती हैं। इस साल इटली, कोरिया, भूटान, तुर्की और अल्बानिया के कलाकारों के साथ-साथ भारत के अपने जाने-माने कठपुतली कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को ध्यान में रखकर इन प्रस्तुतियों को चुना गया है, ताकि हर उम्र के दर्शक इसका आनंद ले सकें।

इशारा पपेट थिएटर ट्रस्ट के फ़ेस्टिवल डायरेक्टर और संस्थापक दादी डी. पुदुमजी ने कहा, “एक ही मंच पर 22 वर्षों से कठपुतलियों, संगीत और जुनून का यह उत्सव है, एक बार फिर सज चुका है। यहाँ संस्कृतियों के बीच एक जादुई यात्रा लिए—डोरियाँ, हाथ, परछाइयाँ और कल्पनाएँ मिलकर अविस्मरणीय स्मृतियाँ रचती हैं।”

टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और फ़ेस्टिवल के प्रोड्यूसर संजॉय के. रॉय ने कहा, “22 वर्ष केवल एक पड़ाव नहीं, बल्कि इशारा की दीर्घकालिक दृष्टि का प्रमाण है। जो पहल कठपुतली कला के उत्सव के रूप में शुरू हुई थी, वह आज एक सशक्त अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुकी है, जो अपनी परंपराओं में जड़ें जमाए रखते हुए इस कला रूप को निरंतर नए सिरे से गढ़ती है। वर्षों से इशारा ने कलाकारों की कई पीढ़ियों को समर्थन और प्रेरणा दी है, साथ ही संवाद, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया है। फ़ेस्टिवल की यह यात्रा कठपुतली को जीवित, प्रासंगिक और आज तथा आने वाले समय के दर्शकों के लिए अर्थपूर्ण बनाए रखने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

प्रमुख प्रस्तुतियाँ

डूंग डूंग अलर्ट (कोरिया | 13 फ़रवरी | 6 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए)

पारंपरिक कोरियाई लोककथाओं, वस्तुओं और छाया कठपुतली के माध्यम से बाल्यावस्था की चिंता जैसे विषयों को संबोधित करने वाली एक इंटरएक्टिव प्रस्तुति। प्रस्तुति : कल्चर आर्ट बेकरी एफ़एफ़वांग
निर्देशन : ह्वांग सियोकयोंग

वैरिएशंस (इटली | 14 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

मंच पर जन्मी डोरी कठपुतली ‘प्रोटो’, जिज्ञासा और आनंद के साथ दुनिया को खोजती है। सजीव संगीत और गतिशीलता से भरपूर यह प्रस्तुति दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती है।
प्रस्तुति : दी फ़िलिपो मेरियोनेट
निर्देशन : रेमो दी फ़िलिपो और रोडा लोपेज़

अल्बानियन वेडिंग
रेड राइडिंग हूड मीट्स प्रिंसेस डोनिका (अल्बानिया | 15 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

एक जीवंत संगीतमय प्रस्तुति, जिसमें रेड राइडिंग हूड की कथा को प्रिंसेस डोनिका की ऐतिहासिक शाही शादी की कहानी के साथ पिरोया गया है।
प्रस्तुति : तिराना पपेट थिएटर
निर्देशन : पाओलो कोमेंताले

एम आई लॉस्ट? (दिल्ली, भारत | 16 फ़रवरी | 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए)

एक सच्ची घटना से प्रेरित यह संवेदनशील प्रस्तुति ‘सफ़र’ नामक एक बालक की यात्रा को दर्शाती है, जो शहर में संघर्ष और आशा के बीच अपना रास्ता तलाशता है।
प्रस्तुति : पपेटशाला परफ़ॉर्मिंग आर्ट्स
निर्देशन : मोहम्मद शमीम और वी. आरती

द रेनबो फ़िश (चंडीगढ़, भारत | 17 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

दोस्ती, उदारता और करुणा का उत्सव मनाती एक जादुई जल-जगत की कहानी, जिसे आकर्षक कठपुतली और संगीत के साथ प्रस्तुत किया गया है।
प्रस्तुति: पपेट थिएटर चंडीगढ़ (पीएनए)
निर्देशन: सुभासिस नियोगी

संगय सिद्धार्थ (भूटान | 18 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

जातक कथाओं का काव्यात्मक पुनर्कथन, जिसमें परंपरा, तकनीक और संवेदनशील कहानी कहने की शैली का सुंदर संगम है।
प्रस्तुति : स्नो लेपर्ड थिएटर
निर्देशन : चार्मी छेड़ा

ड्रीमलूम (केरल, भारत | 19 फ़रवरी | 7 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए)

एक सशक्त मटीरियल-थिएटर प्रस्तुति, जिसमें फेंकी गई वस्तुओं को प्रतिरोध और आशा के प्रभावशाली बिंबों में बदला गया है।
प्रस्तुति : एमटीए द्वितीय वर्ष, स्कूल ऑफ़ ड्रामा एंड फ़ाइन आर्ट, त्रिशूर
निर्देशन : अनुरूपा रॉय

जैक एंड द बीनस्टॉक (दिल्ली, भारत | 20 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

क्लासिक परीकथा का एक संगीतमय भारतीय रूपांतरण, जो पीढ़ियों के बीच कल्पना और कहानी कहने की परंपरा का उत्सव मनाता है।
प्रस्तुति : पपेट स्टूडियो
निर्देशन : मनीष राम सचदेवा

द रॉक (तुर्की | 21 फ़रवरी | सभी आयु वर्ग के लिए)

दृश्यात्मक रूप से चंचल, संवाद-रहित प्रस्तुति, जो हास्य और कल्पनाशीलता के माध्यम से जीवन का एक महत्त्वपूर्ण संदेश देती है।
प्रस्तुति : उचानेलर कुकलाएवी (फ़्लाइंग हैंड्स पपेट थिएटर)
निर्देशन : थियोडोरा पोपोवा लाज़ोरोवा

अमृता शेर-गिल : अ लाइफ़ लिव्ड (दिल्ली, भारत | 22 फ़रवरी | 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए)

भारत की सबसे दूरदर्शी कलाकारों में से एक को समर्पित एक मार्मिक श्रद्धांजलि, जिसे कठपुतली, संगीत और कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
प्रस्तुति : इशारा पपेट थिएटर
डिज़ाइन और निर्देशन : दादी डी. पुदुमजी

टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध हैं : टिकट यहाँ से प्राप्त करें

अधिक जानकारी, कार्यक्रम और विवरण के लिए इशारा पपेट की आधिकारिक वेबसाइट देखें : इशारा पपेट

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट