Font by Mehr Nastaliq Web

चेयर पोएट्री इवनिंग्स : कोलकाता में सजेगी अंतरराष्ट्रीय कविता की महफ़िल

दुनिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय कविता महोत्सवों में से एक चेयर पोएट्री इवनिंग्स—कोलकाता का अंतरराष्ट्रीय कविता महोत्सव का नवाँ संस्करण 26 से 29 नवंबर 2026 तक कोलकाता में आयोजित होने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में 12 देशों और भारत के विभिन्न हिस्सों से प्रतिष्ठित कवि शामिल होंगे। इस दौरान 15 भाषाओं में कविता-पाठ होगा, जिसके माध्यम से श्रोता दुनिया की विविध साहित्यिक परंपराओं और समकालीन काव्य-स्वरों से परिचित हो सकेंगे।

गत नौ वर्षों में चेयर पोएट्री इवनिंग्स ने अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक आदान-प्रदान के एक महत्त्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी पहचान बनाई है। इस दौरान 35 से अधिक देशों के कवि महोत्सव में शामिल हो चुके हैं। यह आयोजन साहित्य और कलाओं के साथ कोलकाता के लंबे जुड़ाव को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ भाषाओं, संस्कृतियों और भौगोलिक सीमाओं के पार संवाद की संभावनाएँ भी विकसित कर रहा है।

इस वर्ष महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित और पुरस्कार प्राप्त कवियों की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। इनमें एलोज़िया ज़ुपान सोसिच, अमृता भट्टाचार्य, अंजेलिना पोलोंस्काया, अविनाश मिश्र, ब्रेन मज़ेटिक, कैरी सालर्नो, सी.पी. सुरेंद्रन, ग्योको ज़्द्रावेस्की, हिमालय जाना, किरुन कपूर, लिंडा एंडरसन, मार्टिना इवांस, मार्ता एलॉय चिकोस्का, महेश वर्मा, मेलानी लेब्लांक, मिंग दी, मोया डी फ़ेटर, नतालिया मालेक, नीलिम कुमार और प्रभात मिलिंद शामिल हैं।

महोत्सव की शुरुआत एक विशेष पूर्व-आयोजन कार्यक्रम से होगी। इसके अंतर्गत आईसीसीआर की जामिनी रॉय आर्ट गैलरी में चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही कोलकाता के कवियों द्वारा कविता-पाठ भी होगा। महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन आईसीसीआर के सत्यजीत रे सभागार में किया जाएगा। इसके बाद द सैमिल्टन होटल और कोलकाता के अन्य स्थलों पर कविता-पाठ, साहित्यिक संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित होगी।

उद्घाटन संध्या में सुमित गुहा, दीपमय दास, शुभोजॉय बरुआ, रिक मुखर्जी, अभिषेक चक्रवर्ती और श्यामल मित्र की विशेष लोक एवं फ्यूज़न संगीत प्रस्तुति भी होगी। यह प्रस्तुति संगीत की विविध परंपराओं और समकालीन कलात्मक अभिव्यक्तियों का संगम होगी।

महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में चेयर पोएट्री बुक्स द्वारा अनूदित दो नए कविता-संग्रहों का लोकार्पण भी शामिल है। इनमें पोलैंड की कवयित्री मार्ता एलॉय चिकोस्का का इमागो मुंडी और मैसेडोनिया के कवि ग्योको ज़्द्रावेस्की का द बॉडी रिमेम्बर्स एवरीथिंग शामिल हैं। दोनों पुस्तकों का औपचारिक लोकार्पण 28 नवंबर को क्लाउड टैवर्न में किया जाएगा। इनके माध्यम से पाठकों को समकालीन कविता के दो महत्त्वपूर्ण स्वरों को अनुवाद के ज़रिये जानने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त शुभ्रजीत दाश एक विशेष मेंटलिज़्म शो प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के दौरान प्रज्ञा दत्ता, रोहन बोस और उर्मी चौधरी भी विभिन्न संगीत कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।

महोत्सव का समापन इसके बहुप्रतीक्षित विशेष आयोजन पोएट्री ऑन द क्रूज़ के साथ होगा। हुगली नदी पर एक नौका में आयोजित इस कार्यक्रम में महोत्सव में शामिल कवि कविता-पाठ करेंगे। कोलकाता के ऐतिहासिक नदी-तट की पृष्ठभूमि में होने वाला यह आयोजन कविता, संस्कृति और शहर की विरासत के एक अनूठे संगम का अवसर प्रस्तुत करेगा।

चेयर लिटरेरी ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस वर्ष के महोत्सव को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं का सहयोग प्राप्त हुआ है। इनमें यूके की पोएट्री बुक सोसाइटी, डच फ़ाउंडेशन फ़ॉर लिटरेचर, बेल्जियम की फ़्लैंडर्स लिटरेचर, पोलिश इंस्टीट्यूट (नई दिल्ली), बुक इंस्टीट्यूट (पोलैंड), स्लोवेनियन बुक एजेंसी, हिमालयन राइटिंग रिट्रीट, द सैमिल्टन होटल और विवाडा क्रूज़ेज़ प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य संस्थाएँ शामिल हैं।

समकालीन दुनिया में कविता के महत्त्व पर बात करते हुए प्रतिष्ठित हिंदी कवि और महोत्सव के निदेशक तुषार धवल सिंह ने कहा : “दुनिया भर में हम मनुष्यों के जीवन को परस्पर विरोधी विचारधाराओं में बाँटकर देखने की प्रवृत्ति में वृद्धि देख रहे हैं। कविता हमारी सामूहिक कल्पनाशीलता को इस तरह सीमित किए जाने का प्रतिरोध करती है। वह हमें समाज द्वारा थोपे गए तमाम पहचानों और लेबलों से परे व्यक्ति को देखने तथा ऐसे अनुभवों से रूबरू होने का अवसर देती है, जो हमारे अपने अनुभवों से बिल्कुल अलग हो सकते हैं। ऐसे समय में, जब सार्वजनिक संवाद में आक्रामकता अक्सर हावी रहती है, किसी दूसरे मनुष्य को सुनने का महत्त्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। चेयर पोएट्री इवनिंग्स के माध्यम से हम एक ऐसी जगह बनाने की उम्मीद करते हैं, जहाँ भिन्नताएँ आपसी समझ के अवसरों में बदल सकें और कलात्मक अभिव्यक्ति हमें मानवीय अस्तित्व की जटिलता और गरिमा का स्मरण करा सके।”

महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और लगातार विभाजित होती दुनिया में साहित्य की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए कवि और महोत्सव के निदेशक सॉनेट मंडल ने कहा : “सीमाएँ यह तय कर सकती हैं कि हम कहाँ रहते हैं, लेकिन वे उन अनुभवों को सीमित नहीं कर सकतीं जो हमें मनुष्य बनाते हैं। दुनिया के किसी एक कोने में लिखी गई कविता हज़ारों मील दूर बैठे किसी व्यक्ति के मन को भी उसी आत्मीयता से छू सकती है, जबकि संभव है कि उन दोनों को एक-दूसरे की परिस्थितियों के बारे में कुछ भी पता न हो। अपरिचित जीवनों के बीच इस तरह संबंध स्थापित कर पाने की क्षमता कविता की सबसे बड़ी शक्तियों में से एक है। दुनिया के अनेक हिस्सों में जब संघर्ष गहराते जा रहे हैं; तब ऐसे मंचों को बचाए रखना और भी ज़रूरी हो गया है, जहाँ स्वतंत्र आवाज़ें बिना किसी भय के सुनी जा सकें। कोलकाता का बौद्धिक खुलेपन और कलात्मक सक्रियता का एक उल्लेखनीय इतिहास रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से हम उसी विरासत को आगे ले जाना चाहते हैं। हमारी उम्मीद है कि यहाँ साझा की जाने वाली कविताएँ लोगों को अपने जीवन की तात्कालिक चिंताओं से आगे देखने और उन व्यापक मानवीय अनुभवों को पहचानने के लिए प्रेरित करेंगी, जो हम सबको आपस में जोड़ते हैं।”

चेयर पोएट्री इवनिंग्स जुड़ी अन्य जानकारियों के लिए यहाँ देखिए : chairpoetryevenings.org

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

 

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट