कहानी : हॉलैंड हॉल हॉस्टल : यादें जो मिटती नहीं
ध्रुव हर्ष
12 नवम्बर 2026
लोग कहते हैं कि जो प्रेम पहली मर्तबा होता है, वही सच्चा होता है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है, बस परिभाषाएँ बदल जाती हैं। पहली बार प्रेम होता है, इसलिए इंसान कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं होता, क्योंकि तब हम सिर्फ़ सुनते हैं। हृदय जो भी कहे, हम ख़यालों की एक ऐसी दुनिया बुन रहे होते हैं जो बाहर से बहुत मखमली जान पड़ती है। जब तक हम उसके स्वभाव से परिचित नहीं होते, तब तक सब कुछ ‘अरेबियन नाइट्स’ और ‘सिंड्रेला’ के जादुई यथार्थ से ली हुई कहानियों की तरह ख़ूबसूरत दिखती है, लेकिन जैसे ही हम वक़्त की उँगली थामकर आगे बढ़ते हैं, तो देखते हैं कि प्रेम और यथार्थ के बीच साम्य स्थापित करते-करते पूरी उम्र निकल गई। अम्मा यार, कभी-कभी लगता है कि प्रेम इस लोक के लिए है ही नहीं! यहाँ बहुत विरले ही प्रेम कर पाते हैं, नहीं तो हर गली-कूचे में लैला-मजनू, शीरीं-फ़रहाद, हीर-रांझा, रोमियो-जूलियट इफ़रात में मिल जाते। आज भी आप देखो, इमरोज़ और अमृता जैसे कितने ही प्रेमी बचे हैं, तभी तो प्रेम पर अमीर ख़ुसरो कहते हैं…
“ख़ुसरो दरिया प्रेम का, उल्टी वा की धार। जो उतरा सो डूब गया, जो डूबा सो पार।”
इसलिए बतौर कहानीकार मैं प्रेम को दर्शन की कसौटी पर रखने की ज़हमत नहीं लेता, नहीं तो बाद में जब चश्मे पर धूल पड़ती है, तो मायने बदल जाते हैं। फिर अनुभव हमें जस का तस जीना सिखा देता है। न चाहते हुए भी हमें प्रैक्टिकल होना पड़ता है, जो कि एक सामाजिक परिपाटी है, जिससे हमारे अस्तित्व का प्रश्न जुड़ा होता है। आख़िरकार भूख तो हम सबको होती है, फिर रोटी और सपनों को अलग कैसे किया जा सकता है? मैं कहता हूँ कि इंक़लाब उन्हीं के लिए है जो इश्क़ करना जानते हैं। जीवन में ये जिजीविषा न हो तो ज़रा सोचिए, रोमांस किन दरारों से झाँकेगा। रोमांस और सपने आँख-मिचौली खेलते हुए जब एक-दूसरे को स्पर्श करते हैं और उनकी आँखों से पट्टी हटती है, तो जीवन में रोमांस कम और विपरीत सेक्स के प्रति आकर्षण ज़्यादा होता है। ऐसी अवस्था में हमारे लिए प्रेम महज़ शब्द भर बचता है, फिर यह हम पर है कि इसे कैसे गढ़ते हैं। देह के पार प्रेम नहीं है और अगर हमारी मानें तो देह में भी प्रेम नहीं है, शायद इन सबके परे है जिसकी कोई थाह नहीं है।
“…अपने कथ्य में दार्शनिक हो पाना, या यथार्थ को दर्शन के चश्मे से देखना, वह भी तब जब मेरी चेतना मुझसे सवाल कर रही हो, उस क्षण जब मन उचाट हो, कहने का मन कर रहा हो कि मुझे अकेला छोड़ दो। जवाब मिल पाना मुश्किल है, प्रेम इंसान को मूर्ख बना देता है, बहनचोद।” ये द्वंद्व एक अफ़सानानिगार और उसके किरदार के बीच का है। हम तो दृष्टा हैं।” मैंने अपने किरदार से कहा। किरदार ने तिलमिलाकर कहा, “यार तुम कहानीकार लोग अपने आपको ख़ुदा समझते हो क्या… जो भी जी में आए बकते हो, कुछ भी लिखते हो, पढ़ने में कुछ और, जीने में कुछ और। चिढ़ है मुझे ऐसे लेखकों से जो अपने कथन में ईमानदार नहीं हैं। ऐसे तो तुम लोग बड़ा आदर्श गढ़ते हो, ख़ुद अपनी कही हुई बातों का कितना अनुसरण करते हो। फ़क योरसेल्फ। ब्लडी इंटेलेक्चुअल्स।”
कमबख़्त सुबह-सुबह मैं ये सब क्यों सोच रहा था, जबकि अभी सुबह ने नींद को ठीक से विदा भी नहीं कहा था। पिछली रात बड़ी अधकच्ची नींद आई। आगे सोने का मन भी नहीं कर रहा था। जब आँख खुली तो देखा मैं टॉयलेट में था। टॉयलेट एक ऐसी जगह है जहाँ बहुत सारे क्रिएटिव ब्लॉक्स टूट जाते हैं। ख़ैर, वो एक अलग विषय है कि सामने कॉपी-कलम आते ही सारी क्रिएटिविटी की ऐसी की तैसी। अभी जिस टॉयलेट की बात मैं करने जा रहा हूँ, वो बड़े अनूठे किस्म का टॉयलेट था। ये जगह हॉस्टल के बच्चों के लिए टॉयलेट कम, ख़्वाबगाह ज़्यादा थी। न जाने कितने सपने वहाँ बने और टूटे होंगे, न जाने कितनों ने वहाँ अपने प्रेम का मर्सिया लिखा होगा। होली के वक़्त हर किसी के लिए कुछ न कुछ यहाँ की दीवारों पर बड़ा दिलचस्प लिखा हुआ मिलता था। कुछ सीनियर्स, जिनका सेक्सुअल ओरिएंटेशन थोड़ा दाएँ-बाएँ होता था, उनके लिए उस समय के आइटम सॉन्ग के नाम पर उनके किरदार होते थे, जैसे—“मुन्नी बदनाम हुई, डार्लिंग तेरे लिए” या “शीला की जवानी…” आदि, न जाने ऐसे और कितने जुमले। कुछ तो बात थी ‘हॉलैंड हॉल हॉस्टल’ के उस टॉयलेट में, पानी की टप-टप करती आवाज़, जो कि शायद ऊपर रखी टंकी से रिस-रिसकर आ रही थी। बंगाली फ़िल्मकार सत्यजीत राय की फ़िल्म ‘पाथेर पांचाली’ के पात्र अप्पू और अपने किरदार अप्रतिम में मैं काफ़ी समानता पा रहा था, आख़िरकार वो भी तो क्रिएटिव था। मेरा मानना है कि हर मेडिटेटिव स्टेट रचनात्मक होती है। इसलिए जब ‘एपिटोम ऑफ़ क्रिएटिविटी’ की बात होती है, तो बुद्ध का नाम ही ज़ेहन में आता है। टूटे-फूटे जर्जर जगहों की अपनी एक विशेषता होती है। आख़िरकार परिस्थितियों से लड़कर हमें जीना आ ही जाता है।
“ओह, अब यह कौन-सी आफ़त आन पड़ी…!” अप्रतिम ने सीलिंग की तरफ़ लिपटे हुए दो छिपकलियों को देखकर कहा। “इन्हें यहीं आना था… हिस्स्स्स… हिस्स्स्स।”
टॉयलेट के ठीक ऊपर जहाँ अप्रतिम बैठा था, दो नर-मादा छिपकलियाँ सहवास में लिपटी हुई थीं।
प्रकृति का यह भी बड़ा अनूठा खेल था, सुंदरता हर जगह दिख ही जाती है, बशर्ते दृष्टि होनी चाहिए। छत कैनवास की तरह दिख रही है, अद्वितीय! और इन जीवों में प्रेम एस्थेटिक्स की पराकाष्ठा, जहाँ हर रंग आपस में घुल जाने को आतुर थे!
“काश मैं छिपकली होता तो उस मादा की जगह होता,” अप्रतिम ने कहा।
अप्रतिम ने नग्नता को न्यूडिटी और पोर्नोग्राफ़ी के खाँचे से अलग रखा था। वो कहता था, “इंटिमेसी की कल्पना मेरे लिए माइकल एंजेलो की पेंटिंग का मूर्त रूप है, या हिंदुस्तानी संस्कृति में प्रेम की बात करें तो खजुराहो के स्कल्पचर का यथार्थ। अगर दो एडल्ट्स इसके मर्म को समझते हुए बात करें तो मुझे नहीं लगता कि लोगों को परहेज़ करना चाहिए। वैसे भी जीवन और पेंटिंग में आत्मा और देह जैसा संबंध होता है। हमारे कर्मों से हमारी आत्मा मलिन नहीं होती, बल्कि हमारी देह की स्मृतियाँ पाप और पुण्य के द्वंद्व में फँस जाती हैं।”
अप्रतिम ये सब सोच ही रहा था कि तब तक दोनों छिपकलियाँ पट्ट से उसके ऊपर आ गिरीं। वह तमतमाकर बिना फ़ारिग़ हुए उठ खड़ा हुआ। ऊपर से नीचे तक पसीना-पसीना। उसकी साँसों की गति अचानक बढ़ गई थी। दोनों छिपकलियाँ ज़मीन पर औंधे मुँह एकदम से चित्त पड़ी थीं। उसे लगा, शायद उसके देखने की वजह से ऐसा हुआ है। ऐसी अवस्था में किसी जीव को देखना या उनके मनोरंजन में ख़लल डालना पाप है। यह उनका अपना निजी मामला है, फिर भी हम अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आते। हम मानवों की फ़ितरत ही ऐसी होती है, जहाँ मौक़ा मिला वहीं सेंध मार दी। ये सब कहकर वह अपने आपको कोसने लगा। अप्रतिम को रामायण का वह प्रसंग याद आने लगा जब महर्षि वाल्मीकि ने आखेटक को शाप दिया था। उन्होंने देखा कि एक आखेटक ने क्रौंच-क्रौंची के जोड़े को ऐसी अवस्था में मारा था जब वे दोनों प्रेम-क्रीड़ा में लिप्त थे। महाभारत में राजा पांडु ने भी यही किया था।
“मैंने भी शायद ग़लत किया, मुझे नहीं देखना चाहिए था। आँखों से देखना भी तो आखेट ही करना है। हे भगवान! सेक्स ऐसी चीज़ ही है, फिर मैं क्या करूँ, हो सके तो माफ़ कर दीजिए मुझे! मेरी कोई ग़लती नहीं है। सारी की सारी ग़लतियाँ मेरे हॉस्टल वार्डन की हैं। ऐसा खेल दिखाने के लिए वही ज़िम्मेदार है। क्या करूँ, मैं अपनी आँख तो बंद नहीं कर सकता।”
धीरे-धीरे दोनों छिपकलियाँ रेंगते हुए दरवाज़े से बाहर चली गईं। अभी उसे टॉयलेट में बैठे दो मिनट भी नहीं हुए थे, तभी एक मरियल कुत्ता आकर टिन के दरवाज़े के नीचे से झाँकने लगा। दरवाज़े और फ़र्श के बीच लगभग दो फ़ीट से ज़्यादा गैप था, जिससे कोई भी जीव आसानी से अंदर-बाहर आ और जा सकता था…!
“धत् तेरी की। हद है, यार। शांति से हग भी नहीं सकता।” अप्रतिम ने इरिटेट होकर कहा।
फिर उसे ख़याल आया, “कुत्ते के वेश में कोई ऋषि-महात्मा तो नहीं आ धमके।” अप्रतिम के कुछ एक-दो यार-दोस्त थे जो अपने आपको कलयुग का दुर्वासा कहते थे। उन दोस्तों का एकसूत्रीय काम, रास्ता चलते हुए जो व्यक्ति समझ में न आए, उन पर अपनी कुदृष्टि डालना या शाप देना। उनमें से एक कृष्ण मार्गी शाखा से था, दूसरा राम मार्गी। वे दोनों ऐसे लोग थे जिन्होंने किसी के लिए कभी कसम खाकर भी अच्छा नहीं बोला होगा। इस कुत्ते का उसके पास आना उसे ऐसा लग रहा है जैसे उन्हीं दोनों मित्रों में से कोई एक अपना वेश बदलकर आ गया हो। फिर उसकी तहक़ीक़ात की कल्पना ने और उड़ान भरी और ऐसे कुछ और दृष्टांतों को हिंदुस्तान से इतर अन्य महाद्वीपों के मिथकों और लोककथाओं में ढूँढ़ने लगा। अब उसे ग्रीक मिथक का पात्र टायरेसियस याद आने लगा जिसने प्रेम-क्रीड़ा में लिपटे हुए दो नर-मादा साँपों को एक-दूसरे से छुड़ाकर अलग कर दिया था। बाद में पता चला वे दोनों इंसान थे जो साँप बनकर सहवास कर रहे थे। प्रेम में ख़लल की वजह से उन्होंने टायरेसियस को शाप दे दिया था। अब तक अप्रतिम लगभग शौच से फ़ारिग़ हो चुका था। उसने जब शौच के लिए टैप खोला तो देखा उसमें पानी नहीं आ रहा था। ख़ैर, ये हॉस्टल के लिए कोई नई घटना नहीं थी, बल्कि हर दूसरे-तीसरे दिन ऐसा होता था। छात्रों को बेशर्मी में जीने की आदत पड़ चुकी थी। इस बात को लेकर अप्रतिम बड़े पशोपेश में था।
“अब क्या करूँ? इतनी सुबह-सुबह किसी के पैरों की आहट भी तो नहीं आ रही है कि बोल दूँ जाकर मेरे पार्टनर आशीष को बता दे। ख़ैर, वो मुझसे बड़ा आलसी है, पानी लाना तो दूर अगर यहाँ छत भी गिर जाए तो देखने नहीं आएगा। वो इतना आत्मनिर्भर है कि मेरी जगह होता तो बिना पिछवाड़ा धुले ही पतलून चढ़ा लेता।”
उस दिन अप्रतिम ने न जाने कितनी गालियाँ अपने हॉस्टल के अधीक्षक को दी होंगी। अंततः अप्रतिम को किसी के कदमों की आहट सुनाई दी।
“कौन है?” अप्रतिम ने आवाज़ लगाई।
“जी सर... मैं कुलदीप। क्या हुआ सर?” उसने पूछा।
अप्रतिम ने कहा, “अंदर पानी नहीं आ रहा है, यार... देखो ज़रा बाहर आ रहा है क्या?”
“लेकर आता हूँ सर, एक मिनट,” कुलदीप ने कहा।
जब मनुष्य अकेला होता है तो वह मूक अभिनय करता है। इतनी जद्दोजहद के बाद अप्रतिम अपने कमरे में वापस आया। वह कुर्सी लेकर खिड़की की तरफ़ जा बैठा। उसने मेज़ पर रखे मार्लबोरो सिगरेट की डिब्बी से एक सिगरेट निकालकर सुलगाई और खिड़की पर चढ़ी लताओं की जानिब देखने लगा। लोग कहते हैं, साहित्य, कला और संगीत से प्रकृति का पोषण होता है। अप्रतिम का कमरा साहित्य और दर्शन की किताबों से भरा हुआ था। शेल्फ़ के बगल में स्टैंड पर सितार रखा हुआ था जिसे वह कभी-कभार शौक़िया बजाया करता था। ड्रैमेटिक्स में होने की वजह से उसके कमरे में अलग-अलग नाटकों से संबंधित बहुत सारी सामग्रियाँ और कॉस्ट्यूम्स रखे हुए थे। दीवार पर सुंदर कविताओं का कोलाज था, जिस पर एक तरफ़ नेरूदा, पाश, ब्रेख़्त और सिल्विया प्लाथ की कविताएँ चिपकी हुई थीं और दूसरी तरफ़ चैपलिन की ख़ूबसूरत पंक्ति “यू नीड पॉवर ओनली व्हेन यू वांट टू डू समथिंग हार्मफ़ुल, अदरवाइज़ लव इज़ इनफ़ टू गेट थिंग्स डन” लिखी हुई थी। शेल्फ़ के पास बुद्ध का एक मिनिएचर रखा हुआ था। उसके ठीक बगल में एक ख़ूबसूरत लड़की का स्कल्पचर था जो हाल ही में हुए नाटक ‘सिगरेट एंड शेक्सपियर’ में एक्ट्रेस के मना कर देने पर उसकी जगह इस्तेमाल हुआ था, जिसे अप्रतिम ने अपने कला निर्देशक से बनवाया था। ये मैं तब की बात कर रहा हूँ जब नाटकों में स्त्री पात्रों के लिए इलाहाबाद में अभिनेत्रियों का मिलना दुरूह था, वो भी जब नाटक का निर्देशक कोई हॉस्टल का लड़का हो। इस बात से तंग आकर अँग्रेज़ी के प्रोफ़ेसर पृथ्वीराज वर्मा ने एन झा हॉस्टल के अपने प्रोडक्शन में लड़कियों का किरदार भी लड़कों से करवाने लगे थे, जिसकी वजह से एन झा हॉस्टल के तमाम लड़के अच्छे-ख़ासे इफ़ेमिनेट हो गए थे।
‘हॉलैंड हॉल’ हॉस्टल इंडो-गॉथिक शैली में बना हुआ हॉस्टल है, जिसकी नींव विश्वविद्यालय में अँग्रेज़ी विभाग के प्रोफ़ेसर रहे सर विलियम हॉलैंड ने रखी थी, जो आगे चलकर उन्हीं के नाम से जाना जाने लगा। शुरू में लोग कहते हैं कि यहाँ कक्षाएँ चलती थीं और ये हॉस्टल विलियम हॉलैंड यूनिवर्सिटी कॉलेज हुआ करता था। इस हॉस्टल के प्रत्येक कमरे के बाहर उन लोगों के नाम अंकित हैं जिन्होंने हॉस्टल के निर्माण में उस समय आर्थिक मदद की थी। चूँकि इलाहाबाद एक प्रोविंशियल टाउन रहा है, इसलिए आपको इस शैली के भवन बहुतायत में मिल जाएँगे, जैसे सिविल लाइंस में पत्थर का गिरजाघर, हाईकोर्ट, चंद्रशेखर आज़ाद पार्क (अल्फ़्रेड पार्क) में बनी राजकीय लाइब्रेरी, इलाहाबाद विश्वविद्यालय सरीखे कई उदाहरण हैं जो इंडो-सरसेनिक शैली में निर्मित हैं। मशहूर कवि और निबंधकार अरविंद कृष्ण मेहरोत्रा की किताब ‘द लास्ट बंगला’ में इलाहाबाद शहर के तमाम ऐसे बंगलों और व्यक्तियों का ज़िक्र है जिनके नाम से ये शहर आज भी रौशन है। अप्रतिम ने पेपरवेट हटाकर मेज़ पर रखे अँग्रेज़ी अख़बार को हाथ में लिया और बाहर जाकर बरामदे में रखी कुर्सी पर बैठ गया। बैठते ही उसकी निगाह अख़बार की हेडलाइन पर पड़ी, जिस पर लिखा हुआ था, “इलाहाबाद इज़ गोइंग टू बी ए स्मार्ट सिटी।”
हेडलाइन पढ़कर अप्रतिम ने खीझ खाते हुए अख़बार को पलटकर सामने पड़ी कुर्सी पर रख दिया और हॉस्टल में सुबह की चहलक़दमी देखने लगा। दूर इकट्ठे कूड़ेदान से आसमान की तरफ़ उठता हुआ धुआँ। कुछ लड़के अपने कमरे से निकलकर बरामदे में खड़े होकर दातून कर रहे हैं। ऑक्सफ़ोर्ड कोर्ट के बाहर इक्के-दुक्के लोग ज़ीरो पीरियड और कोचिंग के लिए हाथ में नोट्स दबाए हुए खड़ंजे से होकर गेट की तरफ़ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। माली सूखी क्यारियों में बचे-खुचे पौधों को सींच रहा है। हॉलैंड हॉल हॉस्टल पाँच अलग क्वार्टर्स में बँटा हुआ था। मुख्य द्वार से एंट्री करके दाहिनी तरफ़ ‘ऑक्सफ़ोर्ड कोर्ट’ था, जिसमें अप्रतिम रहता था। ऑक्सफ़ोर्ड कोर्ट के सामने और गेट के बाईं तरफ़ ‘प्रिंसिपल बंगला’ और सीधे जाकर ‘मेस बिल्डिंग’, बाईं तरफ़ ‘रिसर्च ब्लॉक’ और उसके सामने जीर्ण-शीर्ण पड़ा तरणताल था। मेस बिल्डिंग के पीछे ‘सर्वेंट क्वार्टर्स’ और दाहिनी तरफ़ थोड़ा आगे बढ़ने पर ‘कैंब्रिज कोर्ट’ और उसके ठीक सामने क्रिकेट का एक विशाल मैदान और उससे सटा हुआ ‘माही कैफ़े’ था। मेस बिल्डिंग के ऊपर एक पुस्तकालय हुआ करता था, जहाँ अक्सर जनवादी और प्रगतिशील मंचों से संबंधित साहित्यिक कार्यक्रम होते रहते थे।
हॉलैंड हॉल हॉस्टल की मेस बिल्डिंग ऐसी जगह थी जहाँ उस दौर का विरले ही हिंदी या उर्दू का कोई लेखक या अदीब बचा होगा जिसने शिरकत न की हो। यहाँ जनवादी लेखक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता और नए कवियों तथा लेखकों का हौसला-अफ़ज़ाई करने वाले मार्क्सवादी चिंतक प्रदीप सिंह के नेतृत्व में लगभग हर हफ़्ते कविताओं और कहानियों के पाठ की चर्चा-परिचर्चा होती रहती थी। प्रदीप सिंह के कहने पर अप्रतिम ने ‘जनवादी लेखक संघ’ की सदस्यता ले ली और शहर की लगभग हर साहित्यिक गतिविधि में ऐक्टिव रहने लगा। यहीं उसने कथाकार दूधनाथ सिंह, शेखर जोशी, अमरकांत, मार्कण्डेय सिंह जैसे और न जाने कितने दिग्गज लेखकों को पहली बार देखा। ये इलाहाबाद शहर के कुछ ऐसे नाम हैं जिन्होंने हिंदी साहित्य में कथा-लेखन को एक नया आयाम दिया है। हॉस्टल में आने से पहले अप्रतिम के लिए ये हॉस्टल महज़ ईंट और गारे से बनी लाल रंग की एक इमारत थी जहाँ उसे कुछ साल बिताने थे। अप्रतिम के लिए आदर्शस्वरूप मिसाल के तौर पर किसी दौर में हज़ारों की संख्या में चयनित हुए आईएएस और पीसीएस की एक फ़ेहरिस्त थी जो हिंदुस्तान के तमाम राज्यों में पब्लिक सर्विस के लिए तैनात थे। हालाँकि यहाँ आने के बाद अप्रतिम को पहली बार पता चला कि मशहूर लेखक भगवती चरण वर्मा, हरिवंशराय बच्चन, प्रेमचंद और न जाने कितने लेखक तथा कलाकार किसी ज़माने में इसके अंतेवासी थे। उसके लिए ये प्रेरणा किसी कल्पना को स्पर्श कर लेने जैसी थी। ख़ैर, अप्रतिम जिस दौर में हॉस्टल में दाख़िल हुआ था, उस समय कल्पना से इतर बहुत कम चीज़ें ऐसी थीं जिस पर यक़ीन किया जा सकता था। एक तरफ़ हॉस्टल का स्वर्णिम अतीत था, जो वर्तमान में ढहता हुआ दिखाई दे रहा था, जिसे अप्रतिम जैसे मुट्ठी भर लड़के समझने के जतन में लगे हुए थे। यहाँ रह रहे आज के बच्चों के पास अपने अतीत को लेकर आधा-अधूरा ज्ञान और बड़बोलेपन के अलावा कुछ नहीं था। कुछ छात्रों को देखने और उनसे बात करने से हॉस्टल की मनोदशा का सटीक चित्रण मिलता था। पठन-पाठन और रहन-सहन में इतनी गिरावट आई थी कि लगता था जैसे वर्तमान अतीत का अट्टहास कर रहा हो। अप्रतिम के खीझ खाने की सबसे बड़ी वजह आज इस हॉस्टल की बदहाली थी, तभी वह बरामदे में बैठकर शून्य में हॉस्टल के अतीत को झाँकने की कोशिश कर रहा था। उसके चेहरे पर ना-उम्मीदी के बादल साफ़ देखे जा सकते थे। उसने अपने बदन पर हल्के पीले रंग की टीशर्ट और नीचे शॉर्ट्स पहन रखी थी। चेहरे पर लंबी दाढ़ी और सिर पर बिखरे बाल थे। उसकी आँखें शांत पड़ी झील की तरह ख़ूबसूरत चिंतन में डूबे दार्शनिक की तरह दिख रही थीं। भीतर बहुत उथल-पुथल थी, लेकिन उसका चित्त बहुत शांत था। कहीं न कहीं उसका स्वभाव ही ऐसा था जहाँ कोलाहल और शांति का एक अच्छा तालमेल देखा जा सकता था। वह एकटक सूखी क्यारियों में लगे गुलाब के फूलों को निहार रहा था। अगल-बगल से गुज़रते लड़के उसे सुबह का अभिवादन कर रहे थे।
“प्रणाम सर, बहुत जल्दी उठ गए।” एक लड़के ने बगल से गुज़रते हुए कहा। अभिवादन के ये दोनों शब्द छात्रावासों में ज़माने से प्रचलित थे।
अप्रतिम ने कहा, “हाँ यार कमल, नींद जल्दी खुल गई। अरे, मेरी छोड़ो तुम सुबह-सुबह कहाँ जा रहे हो?”
कमल ने कहा, “चौबे को ताराचंद हॉस्टल के कुछ लड़के उठा ले गए हैं, लोगों को इकट्ठा करने जा रहे हैं, सर।”
अप्रतिम ने कहा, “ब्लॉक सर्वेंट से बोलकर घंटी बजवा दो... सारे के सारे लड़के एक मिनट में इकट्ठे हो जाएँगे।” ये हॉस्टल में लड़कों को इकट्ठा करने का एक पुराना पैंतरा था। जिसे हम बच्चे आपातकाल की घंटी कहते थे।
“चौबे ने अब क्या किया, बहनचोद?” अप्रतिम ने जिज्ञासावश पूछा।
“किसी की गर्लफ्रेंड को छेड़ दिया था।” कमल ने हाथ हिलाते हुए जवाब दिया।
अप्रतिम ने कहा, “…और उसका पार्टनर... बिट्टू?”
“घर भाग गया भोसड़ी का... ऐसे मौक़े पर बिट्टू कहाँ रुकता है, सर।” कमल ने जवाब दिया।
चौबे और बाबू कमरा नंबर छब्बीस के अंतेवासी थे। अप्रतिम ने ‘हॉलैंड हॉल हॉस्टल’ के ऐसे कई क़िस्से मुझसे साझा किए थे। वह मुझसे कहता था, एक फ़िल्म इस हॉस्टल पर भी बना डालिए, कुछ ‘गैंग्स ऑफ़ हॉलैंड हॉल’ टाइप। आपको पूरा मसाला मिलेगा या अनुराग कश्यप से बोलिए, वह तो इटालियन फ़िल्मकार वितोरियो दे सिका की फ़िल्म तकनीक से प्रभावित भी हैं। ज़्यादा बजट भी नहीं चाहिए और न ही कोई नामचीन कलाकार। सस्ते में फ़िल्म बन जाएगी। बाकी बम बनाने से लेकर कट्टा, पिस्तौल और रिवॉल्वर जो भी कहा जाएगा, वो चला देंगे यहाँ के लौंडे। छेड़खानी, राहजनी, छिनैती वाले शॉट्स तो एक ही टेक में फ़ाइनल हो जाएँगे। गुरिल्ला शूट में जूनियर आर्टिस्ट भी नहीं ढूँढ़ने पड़ेंगे, बाकी सही समय और लोकेशन इन लोगों से मिल जाएँगे।
सुबह आँख खुलते ही ज़्यादा किसी से कुछ बोलने और कहने का मन नहीं करता, भले ही चाहे वह अपना कितना ही अज़ीज़ क्यों न हो। पिछले दिनों जब से रैगिंग ख़त्म हुई, अप्रतिम की हॉस्टल की अन्य गतिविधियों में दिलचस्पी कम हो गई थी। अब हॉस्टल में किसी को किसी से ज़्यादा मतलब नहीं रह गया था। सभी एक-दूसरे से अनजान थे। फ़ॉर्मल इंट्रोडक्शन तक होना भी बंद हो गया था। सीनियर्स डरने लगे थे कि कोई नया विद्यार्थी एंटी रैगिंग सेल को फ़ोन न कर दे और लेने के देने पड़ जाएँ। इसलिए ज़्यादा फ़र्क़ भी नहीं पड़ता था कि कौन आया, कौन गया। बस कुछ ही लड़के थे जिन्हें वह नाम से जानता था। अप्रतिम के बगल में सत्ताईस नंबर कमरे में उसके परिचित राधेश्याम सिंह रहते थे, बड़े भले आदमी थे, सुख-दुःख में अप्रतिम का उनके अलावा और कोई नहीं था जिससे वह खुलकर बात कर सके। जब भी उसका मन उचाट होता, वह उनके पास जाकर घंटों बैठता। उन्होंने ज़िंदगी में कभी किसी यार-दोस्त को किसी भी बात के लिए न नहीं कहा होगा, नतीजतन उनके कमरे पर परीक्षा के समय भी लोगों की जमात लगी रहती थी। इन सब चीज़ों से वह बहुत डिस्टर्ब होते थे, लेकिन कभी ज़ाहिर नहीं करते थे। उनकी इस ख़ासियत की वजह से हॉस्टल का हर लड़का उन्हें बहुत पसंद करता था। राधेश्याम अपने गाँव से पढ़ने जब पहली बार इलाहाबाद आए थे, तो उनके पिता ने उनके साथ एक आदमी भेजा था जो कि उनका ख़याल रख सके। जिसे बाद में अधीक्षक त्रिपुरारी सिंह के कहने पर घर भेजना पड़ा, हालाँकि यह तभी संभव हो पाया जब अधीक्षक महोदय ने राधेश्याम के परिवार को बाक़ायदा लिखकर यक़ीन दिलाया कि हर ब्लॉक में एक सर्वेंट होता है, जो सभी बच्चों का ख़याल रखता है।
अप्रतिम का मानना था कि लंबे अरसे तक एक जगह रहने से ज़िंदगी उबाऊ हो जाती है। उसे अकेलेपन से तकलीफ़ थी और आलसी और अकर्मण्य लोगों से चिढ़। वह विरले ही स्मॉल टॉक्स करता था। मसलन, वह अपने जैसे लोगों की कंपनी तलाशता रहता, जिनसे वह खुलकर देश-दुनिया की बात कर सके। उसे साहित्य, सिनेमा और दर्शन में गहरी रुचि थी, लेकिन ऐसे लोगों की संख्या हॉस्टल और यूनिवर्सिटी परिसर में बहुत कम थी। जब वह कमरे में अकेला होता, तो सीलिंग की तरफ़ देखता रहता। खपरैल की बनी जर्जर पुरानी छत, जिसमें हर वक़्त चूहों और छिपकलियों की गश्त लगी रहती थी। छिपकलियों और चूहों तक तो बात ठीक थी, लेकिन पिछले कुछ सालों से बिच्छू और नागराज भी कभी-कभी प्रकट हो जाते थे। यानी अनौपचारिक रूप से यह जगह मरम्मत न होने की वजह से खंडहर में तब्दील हो चुकी थी। जीव-जंतु इस बात को कब का समझ चुके थे, लेकिन हम मनुष्य होते बड़े हठी हैं, जब तक दो-चार हादसे न हो जाएँ, हम कहीं नहीं जाने वाले। हॉस्टल की छतों में लगे हर एक खपरे पर इलाहाबाद का मोनोग्राम बना हुआ था। अप्रतिम की मनःस्थिति और हॉस्टल की जर्जर दशा में काफ़ी समानता थी। शाम में जब अँधेरा पसरता था, तो इलाहाबाद शहर के बीचोबीच होते हुए भी ये हॉस्टल किसी वीरान खंडहर की तरह लगता था। पूरे हॉस्टल में सौ वाट के गिने-चुने चार-छह बल्ब रहे होंगे, जिससे महज़ इतनी रोशनी होती थी कि बच्चे अपने रूम तक जाने का रास्ता ढूँढ़ लें।
सर विलियम हॉलैंड के शिक्षा के सपनों का यह महल, जो लगभग कई हेक्टेयर में था, आज चरागाहों में तब्दील हो चुका था। यदि आज प्रोफ़ेसर विलियम के नाती-परनातियों को इसकी बदहाली की भनक लग जाए, तो शायद वे अपने परदादा के इस हॉस्टल से संबंधित होने के दावे को ही ख़ारिज कर देंगे। रिसर्च ब्लॉक के सामने बने स्विमिंग पूल के विषय में भी बहुत सारी कहानियाँ प्रचलित थीं, जिसमें से एक कहानी किसी दिलचस्प मिथ की तरह चर्चित थी। सीनियर्स बताते थे कि काफ़ी पहले उसको बंद करा दिया गया था। आज देखने पर मोहनजोदड़ो के स्नानागार की तरह बस साक्ष्य मिलता है। इस स्विमिंग पूल के भी अपने क़िस्से थे। सीनियर्स एक और कहानी बताते थे किसी पीटर के विषय में। कोई पुराना श्वेत विद्यार्थी था, आयरिश या ब्रिटिश, जो नहाते समय उसी स्विमिंग पूल में डूबकर मर गया था। पीटर अँग्रेज़ी डिपार्टमेंट से एम.ए. कर रहा था और आई.सी.एस. करना चाहता था, हालाँकि उसका ये सपना पूरा नहीं हो सका। लोग उसकी मौत के पीछे कुछ साज़िश भी बताते हैं, हालाँकि इसके बारे में ठीक से कुछ कह पाना बहुत मुश्किल है। लेकिन लोग ऐसा बताते थे कि पीटर को मुक्ति नहीं मिली है, इसलिए उसकी आत्मा आज भी हॉस्टल में घूमा करती है। उसे पढ़ने का बड़ा शौक़ था। अप्रतिम को पीटर से बहुत सहानुभूति थी। उसका मानना था कि पीटर को आज भी पढ़ने की तलब लगती होगी, उसे कोई दिक़्क़त न हो, इसलिए अप्रतिम अपनी किताबें खुली और टेबल लैंप बिना स्विच ऑफ़ किए अक्सर छोड़ दिया करता था। इस हॉस्टल को बने लगभग डेढ़ सौ साल से ऊपर हो गए थे। ऐसे न मालूम कितने क़िस्से और कहानियाँ इसके अतीत में दफ़्न होंगे।
सन् 1887 ई. में निर्मित इस हॉस्टल ने ग़ुलाम भारत को आज़ादी के लिए कराहते हुए सुना था। किसी ज़माने में यहाँ क्रांतिकारियों का जमावड़ा लगा रहता था। अभी हाल में मिले कुछ दस्तावेज़ों से ज्ञात हुआ कि सरदार भगत सिंह और उनके अन्य क्रांतिकारी साथियों के लिए ये हॉस्टल सबसे मुफ़ीद जगह होती थी, जब वे अपनी रणनीति को लेकर इलाहाबाद में होते थे। हॉलैंड हॉल हॉस्टल से कुछ दूरी पर हिंदू हॉस्टल था, जिसमें क्रांतिकारी लेखक शिव वर्मा रहते थे। वो भी भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद के अनन्य क़रीबियों में हुआ करते थे। हिंदू हॉस्टल के सामने अल्फ़्रेड पार्क है, जहाँ महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद को शहादत मिली थी। ख़ैर, तब से एक अरसा गुज़र गया। इंडिया हिंदुस्तान नहीं हो पाया। कुछ इलाहाबाद के अँग्रेज़ीदाँ आज भी इस जगह को अल्फ़्रेड पार्क ही कहते हैं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इन छात्रावासों में आज़ाद भारत के सपनों की महक आज भी ज़िंदा है, मायने ये रखता है आप कितना महसूस करते हैं। आपको लग रहा होगा कि अप्रतिम के मन में इन सब बातों को लेकर ये कैसी उधेड़बुन चल रही थी। वह बरामदे में बैठकर भला ये सब क्यों सोच रहा था, तो शायद इसका उत्तर उसके पास भी नहीं था। उसे भी नहीं समझ में आ रहा था कि वह वहाँ बरामदे में अनायास बैठकर ये सब क्यों सोच रहा था? उसे डर था कि ये कहानियाँ कहीं अतीत की खोह में न दब जाएँ। वह इन कहानियों को संजोना चाहता था। उसे लगता था कि इन कहानियों को अगर वह नहीं सुनाएगा, तो कौन सुनाएगा। ये उसकी अपनी कहानियाँ थीं, जिसने उसका चुनाव किया था। आख़िरकार हर एक लम्हा अपना मुक़द्दर ढूँढ़ ही लेता है, जहाँ प्रश्न अपनी ज़िंदगी हो, वहाँ बात सीधे कहते हुए नहीं बनती। एक ख़ाका बनाना पड़ता है। महान् जर्मन भाषाविद् और दार्शनिक फ़र्डिनेंड डी सॉस्यूर के ‘संरचनावाद’ सिद्धांत की मानें तो जब किसी पात्र को समझने की बात आती है, तो सामाजिक-राजनैतिक ढाँचे को बग़ैर समझे उस व्यक्ति की मनःस्थिति को समझ पाना काफ़ी जटिल होता है। हम किसी के मनोविज्ञान को इसलिए समझ पाते हैं क्योंकि वह समाज का अंग है; उसका परिवार है, वह भी किसी का बेटा है, उसने भी किसी से प्रेम किया है और उसका भी एक सपना और यथार्थ है। सब कुछ जो मनुष्य की परिकल्पना पर आधारित होता है, उसका बीता कल इतिहास के पन्नों में दर्ज है, लिखित-मौखिक दोनों रूपों में। मनःस्थिति व्यक्तिगत और सामाजिक चेतना दोनों से प्रभावित हो सकती है। इस पंक्ति तक आते-आते मेरे किरदार अप्रतिम की आँखों में उस स्वर्णिम अतीत के लिए आँसू थे। जब बात ज़िंदगी की हो, तो व्यक्ति कितना भी कठोर क्यों न हो, भावुक हो उठता है। कहीं अब तक आप कहानीकार को गाली तो नहीं देने लगे कि हमें यह लेखक अपनी बात सीधे-सीधे न कहते हुए इतना गोल-गोल क्यों घुमा रहा है। चलिए, अब आपको ले चलते हैं फिर से अपने पात्र अप्रतिम के पास, जो अभी भी उसी बरामदे में अपना उचाट मन लिए हुए वैसे ही बैठा है। चलो, अब समय से सिफ़ारिश करते हैं कि उसको वहाँ से उठाए, ताकि यात्रा कुछ आगे बढ़े। सामने आम के पेड़ पर गिलहरियों की चुहलबाज़ी ने अप्रतिम का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
अप्रतिम इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भाषा विभाग से “हिंदी सिनेमा और रूपांतरण” पर शोध कर रहा था। उसकी ज़िंदगी में युवा पाठकों को ज़्यादा दिलचस्पी होगी। आप सभी जानना चाहते होंगे कि उसका मन उचाट क्यों था, क्या हुआ था जो इतनी सुबह-सुबह हॉस्टल का पूरा इतिहास और भूगोल एक साथ दर्शनशास्त्र बनकर उसके दिमाग़ में घूम रहा था। क्या है इस संस्मरण में, जिसकी शुरुआत में ही कह दिया गया है कि प्रेम इंसान को मूर्ख बनाता है। अप्रतिम वहाँ से उठा और अपने दाहिने तरफ़ सेमिनार हॉल में खड़ी अपनी ‘जावा’ मोटरबाइक की तरफ़ देखने लगा। गाड़ी पर धूल की एक मोटी परत चढ़ गई थी। देखकर लग रहा था कि कई महीनों से उसे साफ़ नहीं किया गया है। उसने अपनी गाड़ी का नाम अँग्रेज़ी कवि जॉन मिल्टन के महाकाव्य ‘पैराडाइज़ लॉस्ट’ से प्रभावित होकर ‘लेविथान’ रखा था। यहाँ अप्रतिम से जुड़ी हुई हर एक चीज़ की कहानी थी। वस्तु जितनी पुरानी हो, उसके पीछे उतने ही क़िस्से होते हैं। अप्रतिम को ये जावा मोटरसाइकिल विरासत में मिली थी। उसके दादा ने ये मोटरसाइकिल अपने बेटे की ज़िद पर ख़रीदी थी, जो कि गाँव के गैराज में पड़ी-पड़ी सड़ रही थी। क्यूबा के महान् क्रांतिकारी ‘एर्नेस्तो चे ग्वेरा’ की ‘मोटरसाइकिल डायरी’ को पढ़कर अप्रतिम ने सोचा, क्यों न उस गैराज में पड़ी इस गाड़ी को फिर से रेनोवेट कराकर सड़कों पर दौड़ाया जाए। कितना रोमांचक होगा! अपने पूर्वजों की किसी भी सहेजी हुई वस्तु से एक अलग किस्म का लगाव होता है। डेंट-पेंट और मरम्मत के बाद गाड़ी फिर से वैसी हो गई थी, जैसे शोरूम से निकलकर आई थी। साठ-सत्तर साल पुरानी जावा को अप्रतिम ने फिर से जीवन दे दिया था। वह भी उस लड़की के ख़ातिर, जो अब तक भूल चुकी थी कि उसने अप्रतिम से कभी उसकी इस मोटरसाइकिल पर बैठने के लिए कहा था, जिसे अप्रतिम ने ख़ासा सीरियसली ले लिया था। हम मनुष्यों की दुनिया में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो बिना किसी शब्द के ज़्यादा महकते हैं। रिश्तों में ऐसी ही गर्माहट अप्रतिम ने हर वक़्त महसूस की, भले ही यह बात उस लड़की को समझ में कभी न आई हो, जिसे वह उन दिनों पसंद किया करता था। एक ऐसा प्रेम जो बहुत मिस्टिक था, कुछ अनडिफ़ाइंड, अनसेड और मैजिकल-सा, जिसको पीछे मुड़कर देखा जाए, तो शायद वहाँ आपको एक फूल दिखे जो कभी नहीं मुरझाया और न ही समय उसको कभी जीत पाया। वह न तो किसी के इंतज़ार में है और न ही उसे किसी से मिलने की कोई आस है। वह आज समय के परे मुक्त और पूर्ण है और अपने एहसास से ये कहता है कि प्रेम करना, प्रेम में होना और प्रेम को जीना, ये इश्क़ भी न कमबख़्त बड़ी आवारा चीज़ है, किताबों में नहीं मिलती। कभी-कभी ज़िंदगी हमें कुछ ऐसे रास्ते पर ले जाती है, जिसकी न तो कोई मंज़िल होती है और न ही कोई वजह, जिसको समय एक अनसुलझी पहेली ही बना रहने देना चाहता है। वह सबसे बड़ा कहानीकार है, जो हर प्यादे को अपने मनोरंजन के हिसाब से रखता है, चाहे वज़ीर को बंदी बना ले या राजा को हाथी से कुचलवा दे। यहाँ कोई भी पात्र ख़ुद से अपनी ज़िंदगी का चुनाव नहीं कर पाता। यदि वो अधूरापन जो अप्रतिम ने लिलियट के जाने के बाद महसूस किया था, वो वाक्य आज मेरे ज़ेहन में न होता, तो शायद आपके हाथ में ये दस्तावेज़ न होता। वही तत्व इस कहानी को पूरा कर रहा है, उसका न होना, कहीं और भी ज़्यादा होने की आहट देता है। बड़ी शिद्दत से अप्रतिम ने गाड़ी बनवाई थी। ये सोचकर कि लिलियट उस पर एक रोज़ बैठेगी और वह उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर नैनी ब्रिज पर ले जाएगा, जो कि कभी संभव नहीं हो पाया। लिलियट फ़ुलब्राइट होकर अमेरिका चली गई और फिर दोबारा अप्रतिम उससे कभी नहीं मिल पाया। ये इतनी भी गंभीर बात नहीं थी, फिर भी पता नहीं क्यों उसने इसे दिल पर ले लिया था। लिलियट को उसकी नज़र में एक बड़ा मौक़ा मिल गया था। क्या ऐसा ही होता है जब आपको जीवन में कोई बड़ा मौक़ा मिलता है? आपके अपने इसलिए छोटे हो जाते हैं क्योंकि वे आपके साथ कहीं नहीं जा रहे होते हैं। वे वहीं होते हैं जहाँ कभी थे और आज भी शायद वहीं खड़े हैं। अप्रतिम आज भी ‘हॉलैंड हॉल हॉस्टल’ के उसी ऑक्सफ़ोर्ड कोर्ट के कमरा नंबर 28 के सामने बैठा है, जहाँ वह पिछले एक दशक पहले था। उसी हॉस्टल में, जहाँ की दास्तान कहानीकार आपको सुना रहा है। आज अप्रतिम को किसी से कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि उसे पता है कि एक दिन सब कुछ पीछे छूट जाएगा, वो भी एक ऐसी कहानी बनकर, जिसकी कसक सदियों के गुज़र जाने पर भी नहीं मिटने वाली, बस किरदार बदल जाएँगे।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
ध्रुव हर्ष को और पढ़िए : सिनेमा में प्रेमचंद : साहित्य, बाज़ार और प्रतिरोध | ऑक्सफ़ोर्ड, इलाहाबाद विश्वविद्यालय : कैंपस की कहानियाँ, अँग्रेज़ी संस्कृति और सिनेमा | विचारों का युग, सिनेमा, बौद्धिक संपदा और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट