Font by Mehr Nastaliq Web

छठ महापर्व : छठ गीतों के माध्यम से

आवाज़ में भी कोई सुगंध होती है क्या? दृष्टि और कल्पना तो होती है, लेकिन यह जो मद्धम- मद्धम आवाज़ है, इसमें कोई पहचानी-सी सुगंध है, बिल्कुल पहले महसूस की गई अनुभूति के साथ। वह अनुभूति, जो शायद अंतर्मन के काफ़ी गहरे तल तक रची-बसी है। आवाज़ के भीतर मानो कोई आवाज़ है, पुकार है, आह्वान का मंद ऐलान-सा है। ग़ौरतलब है कि सब मंद-मंद है। ठंड भी अपने पहले पड़ाव पर ही है। हवा ठंडी तो लग रही है, लेकिन चुभ नहीं रही। उसमें मिली यह आवाज़, यह धुन मन को संगीतमय सागर में पल्लवित कर रही है।

जी हाँ, यह छठ के गीतों की धुन है। इस धुन को परिभाषित नहीं किया जा सकता, शब्दों में इसका विवरण तक मुश्किल है। यह धुन अपने आप में विशिष्ट है, साथ ही यही धुन सारे ही छठ गीतों की धुरी है। यह धुन, यह लय, यह रस किसी भी सिद्धांत से परे हैं। सिद्धांतों से इनका विश्लेषण संभव नहीं। यही छठ गीतों को अन्य गीतों से अलग करते हैं।

भारत जैसे विविध देश में कई त्योहार हैं। अलग-अलग त्योहारों के इर्द-गिर्द उनके गीत भी हैं। लेकिन छठ के गीत इसलिए विशेष अर्थ रखते हैं, क्योंकि इनकी उत्पत्ति बाह्य नहीं, बल्कि उसके कारकों एवं अनुष्ठानों में निहित है। छठ गीत इस पर्व का अभिन्न अंग हैं। आप इन गीतों के बिना छठ की कल्पना नहीं कर सकते। दरअस्ल, यही वजह है कि इन गीतों के माध्यम से पूरे पर्व के सार और तत्त्व को भी समझा जा सकता है।

यह धुन दरअस्ल अपने आप में ही अभिव्यक्ति है। जब-जब उसके विवरण में जाता हूँ, वह स्वतः अभिव्यक्त हो जाती है। उसके बारे में सोचते ही अपने आप गुनगुनाने लगता हूँ। इतना अनायास कैसे है? शायद इसका कारण इसकी उत्पत्ति में निहित है। प्रकृति से जुड़े रहने के कारण यह धाराप्रवाह है, स्फूर्त है, स्वतः है। इसकी मद्धम-मंद गति की धुन प्रकृति से आई है। प्रकृति में जब ओस की बूँदें हरी घास पर गिरती हैं, तो कैसी आवाज़ होती है? क्या वह इस धुन से नहीं मिलती, जहाँ स्वर ओस की बड़ी बूँदों से है, लेकिन तरलता से पूर्ण एक धीमापन। मिलने पर पूर्ण होने की भावना, एक स्थिर संतुष्टि। 

सूर्य की किरणें जब इतनी दूरी तय कर हमारे आँगन में आती हैं, तो उनमें कौन-सी लय है? क्या यह वही लय, वही तारतम्यता नहीं है? धान की बालियाँ जब पक जाती हैं और दाने निकलने को व्याकुल, अंदर ही पवन के झोंके के साथ हिलोरें मारते हैं, तब जो झंकार पैदा होती है, क्या यह वही झंकार नहीं है? यह पर्व प्रकृति की इन्हीं धुनों का उत्सव है। सबसे ज़रूरी बात यह है कि यह सिर्फ़ प्रकृति के लिए नहीं है, बल्कि ‘प्रकृति से’ है। जब मनुष्य और प्रकृति के बीच अंतर ख़त्म हो जाता है, तो सिर्फ़ प्रकृति बचती है। नदियों-झरनों की आवाज़ें ही सिर्फ़ शेष रह जाती हैं। नदियों का कलकल बहता पानी, सूर्य की लयधर किरणें, फल-फूल, पाती, मिट्टी इत्यादि क्रीड़ा करते हैं फिर। उनकी क्रीड़ा में सृजन है, सामंजस्य है, समता है। इन सबमें कर्णप्रिय रस में डूबी संगीत की धुनें हैं। छठ गीत इन्हीं धुनों का समागम हैं।

ये गीत इस लोक आस्था के पर्व के परिचायक हैं, संपूर्ण अंतर्दृष्टि हैं। जिस प्रकार प्रकृति में सर्जनता है, इन गीतों में भी सर्जनता व्याप्त है। जैसा कि इस पर्व के मूल में ही एकत्व की भावना है, बराबरी का मूल्य है। जिस तरह व्रती स्वयं में ही प्रकृति का अंश है, वह पूज्य के समकक्ष है, निर्मलता और शुद्धता उसे प्रकृति में समाहित करा देती है। तो वहीं गीतों में यह बराबरी का भाव एक अलग स्तर के मानवीकरण-सौंदर्य के ज़रिए आता है, जहाँ आदित्य तथा प्रकृति के अन्य घटक मानवीय भावनाओं से अभिभूत हैं। और इसे जिस सूक्ष्मता के साथ पेश किया जाता है, वह भी अद्वितीय है। आदित्य आठ काठ की कोठरी बनाए, किवाड़ लगाए आराम करते हैं। तभी द्वार पर दीन-दुखी आ खड़े होते हैं, जिन्हें वह चादर हटाकर देखते हैं और उनकी सारी समस्याएँ हल हो जाती हैं। आदित्य के चादर हटाकर देखने के दृश्य को अपनी आँखों में उतारना अपने आप में ही कितना अद्भुत है। प्रकृति का इससे सुंदर सौंदर्यीकरण क्या हो सकता है? केले के पत्ते पर सूरजमल का उगना, कभी उसके पीछे छिपना, मानो केले का पत्ता ही विशालकाय सूर्य के खेल का मैदान बन गया हो। सूर्य के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ उनका निहोरा भी है। पुकार है, मनुहार है उनके उगने की, जिनके कारण से ही सारी सृष्टि है। और सबसे ज़्यादा पुकार निर्धन, कोढ़ी, दीन-दुखी लगा रहे हैं। दुख को हरने, जीवन को ऊर्जा से संचालित करने का आग्रह लिए। किरण फूटने से पहले ही, रात के अँधेरे में ही सारे व्रती जलमग्न हो सूर्यदेव के उगने का इंतज़ार कर रहे हैं, याद दिला रहे हैं कि भिनसार हो गया है, अरग का बेर हो चुका है। लेकिन आज कहीं न कहीं सूर्यदेव भी इस मनुहार का भरपूर आनंद ले रहे हैं और व्रतियों का इंतज़ार लंबा कर रहे हैं। लेकिन यह इंतज़ार भी फीका नहीं है, आजन-बाजन साथ हैं। छठ घाट लोगों से चहचहा रहे हैं। अभी भी कोई काँच बाँस की लचकती बहँगी के साथ पिअरी पहने आ रहा है। कच्चे बाँस की लचकती बहँगी आधार है उसमें बसी जीवंतता की। उसमें कला छिपी है सँभलने और सँभालने की।

इन सब रूपकों से तो छठ के गीत सुशोभित हैं ही। साथ ही उनमें विनम्र अनुग्रह भी है, जहाँ छठ माता भी कोपि-कोपि बोल रही हैं। यह अनुग्रह भाव ही है। अनुग्रह इसलिए, क्योंकि प्रकृति भी स्वायत्त नहीं, हमारे क्रिया-कर्मों से वह भी प्रभावित है। विकास को विनाश का पर्याय बना देने से प्रकृति कोपित है, गंगा तक अश्रुपूरित है। विकास का यह अंधा अनुसरण, जिसमें केवल मनुष्य का लाभ केंद्र में है, वह केवल विध्वंसकारी है। इसके विपरीत दृष्टि इन गीतों में है, जहाँ प्रकृति में संबंधात्मक जुड़ाव है। जहाँ सुगा के फल को जूठा करने पर तीर तो मारा जा रहा है, लेकिन कहीं न कहीं उसके मुरझाकर गिरने का क्षोभ भी है। यह क्षोभ ही शायद बचाने की आवश्यकता है। दूसरे जीव-जंतुओं के लिए, अपने से कमज़ोर दीन-दुखियों के लिए, अपने आस-पास के पर्यावरण के लिए। न्याय, समभाव इस त्योहार के मूल में हैं। जाति, धर्म, लैंगिक आदि सारी असमानताएँ इसमें धूमिल हो जाती हैं।

काफ़ी लोग इसे सबसे लोकतांत्रिक पर्व भी कहते हैं, क्योंकि इसमें परस्परता अधिक है। न कोई पुजारी है, न कोई निर्धारित नियम। कोई भी, चाहे किसी श्रेणी का हो, एक मिट्टी की वेदी बनाकर, वे सब एक ही नदी के तट पर सूर्य की आराधना में शामिल हो सकते हैं। व्रती स्वयं में ईश्वर का अंश है, उसकी सारी पहचानें उस समय के लिए धूमिल हो जाती हैं। जिन रास्तों से वह गुज़रता है, लोग उन रास्तों की साफ़-सफ़ाई, पानी का छिड़काव आदि उसे सुगम बनाने के लिए पहले से ही कर देते हैं। सामूहिकता, दान, श्रमदान और विनम्रता इस पर्व के सार तत्त्व हैं।

स्त्रियों की भागीदारी त्योहार में अधिक है। पुरुष भी अपने स्तर पर सम्मिलित हैं, लेकिन पूजा-पाठ, विधि-विधान में अधिकांश स्त्रियाँ ही सम्मिलित हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि छठ के अधिकांश गीतों को स्त्रियों ने ही स्वर देकर जीवंत किया है। इसकी शुरुआत विंध्यवासिनी देवी के साथ होती है, जिन्होंने सबसे पहले आकाशवाणी पर छठ गीत रिकॉर्ड किया था। फिर स्वर कोकिला शारदा सिन्हा छठ गीतों की पर्याय बनीं। अनुराधा पौडवाल, कल्पना पटवारी, देवी ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया। लेकिन इन सबमें एक चीज़ समान रही, वह लय, वह धुन, वह राग। ‘हे दीनानाथ’ कहकर जब ये गुहार लगाती हैं, तो मानो स्वर इन्हें स्वयं छठ माता दे रही हैं। इस आवाज़ में दुखियों के दुख मिले हैं, आशा के साथ। बाँझिन की पुकार, रोगी का रुदन, निराश मन की हताशा, सब समाहित हैं इस ‘हे दीनानाथ’ की पुकार में। गजमती चौके पर रखे आशा के दीये को यह स्वर और भी प्रज्वलित करता है।

हालाँकि समय-काल के परिवर्तन के साथ छठ के गीतों में भी परिवर्तन आया है। प्राकृतिक विषयों से विषयांतर होकर वैयक्तिक दुख, चिंताएँ और असमर्थताएँ ज़्यादा व्यक्त हो रही हैं। जिनमें सर्वाधिक पलायन की पीड़ा है, घर न जाने की असमर्थता। छुट्टी लेकर आने की पुकार अब छठ गीतों की धुन में मिश्रित हो गई है। इस बीच गीतों का प्रसारण भी हुआ है। मुख्य महानगरों के रेलवे स्टेशनों पर दिवाली बीतते ही छठ के गीत सुनाई देने लगते हैं। आनंद विहार रेलवे स्टेशन या दिल्ली के मुख्य नई दिल्ली स्टेशन पर बाक़ायदा लाउडस्पीकर लगाकर छठ गीत चलाए जा रहे हैं। विस्थापितों के साथ यह त्योहार अलग-अलग जगहों पर गया है। अंतर्देशीय और विदेशीय, जहाँ-जहाँ त्योहार गया है, वहाँ के रंग में ढल गया है। गीतों में भी यह प्रयोग दिखता है। कुछ छठ गीतों के संस्करण अब पंजाबी में भी मौजूद हैं। लुधियाना जैसे इलाक़े में बिहार से आए मज़दूरों की एक बड़ी आबादी कार्यरत है, जहाँ वे वहीं नहर किनारे छठ मनाते हैं। इसी पर आधारित एक पंजाबी गीत भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

इस त्योहार के विधि-विधान में भी बदलाव देखे जा रहे हैं। गीतों के माध्यम से भी यह समझा जा सकता है। नदी-नहर की जगह पर अब घर के आँगन में बना पोखर है। मौसमी फल-फूलों और साधारणता की जगह पर बाज़ार के आडंबर का चलन हो गया है। अब पूरी चिंता ‘सवा लाख’ की साड़ी की है, दीया-बाती की जगह पटाखे की है। अरग और आराधना की जगह पर कैमरा एंगल की चिंता। यह सब उस प्रकृति की धुन में कर्कश धूल-मिट्टी वाली आँधी की तरह है। टी-सीरीज़ अगर चाहता तो कल्पना जी से उनके किसी और पुराने गाने को फिर से रूपांतरित करवा सकता था, लेकिन उसने चार चक्का की मोटर वाले ही गाने को चुना, वह भी नए झूमने-झुमाने वाले बीट्स के साथ।

बीट्स में झूमना तो हो सकता है, लेकिन वह गुहार, प्रकृति से जुड़ाव, चेतना की तृप्ति, यह इस मद्धम-मंद गति वाले ‘हे दीनानाथ’ के कल्पित नमी भरे स्वर में ही मुमकिन है। यह स्वर हमारी संस्कृति है, हमारी साझा धरोहर का प्रतीक है। छठ गीत हमारे लिए छठ जितने ही पवित्र और अतुलनीय हैं। और इस पवित्रता और अतुलनीयता को हमें बचाकर रखना चाहिए।

•

बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक

•••

विशाल कुमार को और पढ़िए : कॉकरोच और क्रांति! | अनशन की नैतिक शक्ति | तर्क के दौर में धर्म की संभावनाएँ

'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए

Incorrect email address

कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें

आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद

हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे

बेला लेटेस्ट