C/O बंगाल : डार्क इज़ द न्यू डिवाइन : बंगाली-दीपावली
बेबी शॉ
10 नवम्बर 2026
प्रकाश का उत्सव है दीपावली। लेकिन बंगाली इस प्रकाश को कुछ अलग ही दृष्टि से देखते हैं। वे घोर, तीव्र, तीक्ष्ण, गहरे और सघन अंधकार के भीतर से खोज लाते हैं प्रकाश की रोशनाई। दीपावली दरअस्ल अंधकार के सम्मुख खड़े होकर प्रकाश की तलाश का उत्सव है। अंधकार है, इसलिए प्रकाश की आवश्यकता है... और प्रकाश के अस्तित्व के कारण ही अंधकार इतना रहस्यमय है। प्रकाश और अंधकार के बीच का यह सूक्ष्म द्वैत-अद्वैत बोध दीपावली हमें एक बार फिर स्मरण कराती है। बंगाल की दीपावली इसी द्वैतमय सत्ता को अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक चेतना में और अधिक मुखर करती है।
इस दिन बंगाली शक्ति की अधिष्ठात्री देवी माँ काली की आराधना करते हैं। माँ के श्यामवर्ण रूप को दीपों की रोशनी से आलोकित कर मातृशक्ति की उपासना करते हैं। श्मशान की नीरवता से उठकर आने वाली शक्तिमयी स्त्री काली उस दिन प्रत्येक बंगाली के घर में बेटी के रूप में विराजमान होकर माँ बन जाती हैं। वह घर-परिवार के सुख-दुःख की अनकही कहानियाँ सुनती हैं। अपने शक्ति-चेतना के प्रखर आलोक से घर और समाज के घने अंधकार को ध्वस्त करती हैं और फिर दीपशिखा की तरह ज्ञान, विवेक और चेतना का दीप प्रज्वलित कर देती हैं।
बंगाल की लोकस्मृतियों में माँ काली से जुड़ी ऐसी अनेक कथाएँ प्रचलित हैं, जिनमें देवी और भक्त के बीच का संबंध किसी औपचारिक पूजा-विधान से कहीं अधिक आत्मीय और मानवीय दिखाई देता है। ऐसी ही एक कथा साधक कवि रामप्रसाद सेन की है।
कहा जाता है कि एक दिन रामप्रसाद अपने टूटे हुए घर की बाड़ की मरम्मत कर रहे थे। अकेले हाथों से काम सँभालना कठिन हो रहा था। फिर भी वह अपनी धुन में माँ काली के गीत गाते हुए बाड़ बाँधने में लगे थे। तभी एक छोटी-सी लड़की वहाँ आ पहुँची। वह रामप्रसाद की प्रिय पुत्री जगदीश्वरी जैसी ही दिखाई दे रही थी। उसने बिना कुछ कहे पिता के काम में हाथ बँटाना शुरू कर दिया। दोनों मिलकर बाड़ की मरम्मत करते रहे। काम पूरा हुआ तो वह लड़की चुपचाप चली गई। कुछ देर बाद रामप्रसाद ने घर के भीतर अपनी बेटी को देखा। विस्मित होकर उन्होंने पूछा—“तुम यहाँ कब आई?” बेटी ने सहज स्वर में उत्तर दिया—“मैं तो यहीं थी, बाहर तो गई ही नहीं!” रामप्रसाद ठिठक गए। फिर उनकी आँखें भर आईं। वह समझ गए कि जिस बेटी को वे बाहर अपने साथ काम करते देख रहे थे; वह उनकी बेटी नहीं, स्वयं जगज्जननी माँ काली थीं। भक्त की पुकार पर माँ अपनी संतान की सहायता करने स्वयं चली आई थीं।
यही है बंगाली घरों में दीपावली की चिरंतन-परंपरा, अंधकार के भीतर प्रकाश की खोज, भय के भीतर शक्ति का आविष्कार और माँ के श्यामवर्ण रूप में जीवन के उज्ज्वलतम सत्य का साक्षात्कार। साधक-कवि रामप्रसाद लिखते हैं :
इसीलिए काली का रूप मुझे प्यारा है,
जगन्मोहिनी माँ, बिखरे केशों वाली।
काली की महिमा भली-भाँति जानते हैं
शुक, शंभु, देव और ऋषि।
जो देवों के देव महादेव हैं,
उनके हृदय में भी काली का रूप विराजमान है।
श्यामवर्ण, ब्रज की जीवनधारा,
ब्रजांगनाओं के उदास मन की अभिलाषा।
वही वनमाली कृष्ण बने कृष्णकाली,
बाँसुरी त्याग, हाथ में असि धारण की।
माँ की जितनी भी सखियाँ हैं,
वे सभी एक ही आयु की।
उन सबके बीच मेरी काली माँ
पूर्णिमा के चंद्रमा-सी विराजमान हैं।
प्रसाद कहते हैं, अभेद ज्ञान से
काली के रूप में हो जाओ एकाकार।
अरे, एक ही पाँच हैं, पाँच में भी एक,
मन में मत पालो द्वेष-विभेद का विचार।
बंगाली ने हमेशा बस इसी भाव में संतुष्ट रहना चाहा है—“आमार सन्तान जेनों थाके दूध-ए-भाते।” [मेरा बच्चा दूध-भात खाकर सुखी रहे।] लेकिन भारत के बड़े-बड़े उद्योगों की सफलता के पीछे बंगाली मेधा का योगदान रहा है। चाहे वह टाटा कंपनी के पीछे स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रेरणा हो या प्रफुल्ल चंद्र राय जैसे वैज्ञानिकों का योगदान। फिर भी बंगाली ने कभी उद्यमी बनने का सपना नहीं देखा। वह तो मानो “प्राण भरिये तृषा हरिये मोरे आरो आरो आरो दाओ प्राण—तव भुवने तव भवने मोरे आरो आरो आरो दाओ स्थान। आरो आलो आरो आलो एइ नयने, प्रभु, आरो आलो आरो आलो एइ हृदये।” की ज्ञान-पिपासा के साथ जीना चाहता रहा है। शरीर की दृष्टि से अम्लता और गैस की समस्याओं से जर्जर बंगाली का मस्तिष्क ज्ञान का प्रज्वलित दीप बन उठा है। बंगाली की शक्ति-आराधना भी इसी अर्थ में ज्ञान और विद्या की आराधना है। अज्ञान को पराजित कर ज्ञान की ओर अग्रसर होना ही इस उपासना का मूल उद्देश्य है। माँ काली अंधकार का सामना करने का साहस देती हैं। वह अंतर्निहित शक्ति की प्रतीक हैं और ज्ञान अर्जित करने के लिए शक्ति की आवश्यकता होती है जैसे प्रश्न करने की शक्ति, प्रचलित धारणाओं का अतिक्रमण करने की शक्ति और अज्ञात के सम्मुख निर्भीक होकर खड़े होने की शक्ति।
इसलिए बंगाली की दीपावली के दीप को धन-संपत्ति की आकांक्षा का प्रकाश मानकर नहीं देखता है, यह प्रकाश तो मस्तिष्क के भीतर प्रज्वलित होने वाली जिज्ञासा का प्रतीक है। इसलिए लक्ष्मी गणेश से नहीं, माँ काली से प्रार्थना है, अंधकार दूर करो, हमारी चेतना का विस्तार करो, हमें प्रश्न करना सिखाओ और ज्ञान के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति दो। बंगाली का वास्तविक ऐश्वर्य यदि कहीं निहित है, तो वह उसकी विचारशीलता में, भाषा में, साहित्य-सर्जना में और प्रश्न करने के साहस में है। अमावस्या की रात में काली-आराधना अंतर्मन के दीप को प्रज्वलित करती है और मन के अंधकार को दूर करती है।
प्रज्ज्वलित दीपशिखा में बंगाली उस आदिम शक्ति को खोजता है, जो सृष्टि की रचयिता और पालनकर्त्री है और आवश्यकता पड़ने पर संहार करके नवसृजन का मार्ग भी प्रशस्त करती है। इसी से काल और महाकाल का सत्य आकार लेता है। बंगाली की महाकाली समय की प्रतीक हैं, काल और महाकाल की अधिष्ठात्री हैं। उनके कृष्णवर्ण रूप में अनंत महाशून्य का संकेत समाहित है। उनका रूप भले ही भयावह हो, किंतु उनकी मातृसत्ता आश्रय और अभय का प्रतीक है। वह संहारिणी हैं, तो दूसरी ओर अपनी संतान को हृदय से लगाकर रखने वाली जननी भी। इसी द्वैतमय सत्ता में बंगाली की शक्ति-चेतना की गहनता निहित है।
माँ काली की संखा [एक प्रकार की चूड़ियाँ] धारण करने से जुड़ी एक और लोककथा भी बंगाल में प्रचलित है। एक दिन एक निर्धन संखारी [संखा बेचने वाला] तालाब के किनारे बैठा था। तभी एक सुंदर बालिका उसके पास आई और उससे संखा पहनाने का आग्रह किया। संखा पहनने के बाद उसने कहा, “मेरे पिता मंदिर के पुजारी हैं। आप उनसे संखा के पैसे माँग लीजिएगा।” इतना कहकर वह चली गई। संखारी पुजारी के पास पहुँचा और पैसे माँगे। यह सुनकर पुजारी हैरान रह गए। उन्होंने कहा, “मेरी तो कोई बेटी ही नहीं है!” बात कुछ समझ में नहीं आई। अंततः वह संखारी को साथ लेकर तालाब के घाट पर पहुँचे। तभी अचानक जल के भीतर से संखा पहने दो हाथ ऊपर उठे और फिर जल में विलीन हो गए। उस दृश्य को देखकर दोनों स्तब्ध रह गए। संखारी समझ गया जिस बालिका को उसने संखा पहनाई थी; वह कोई साधारण लड़की नहीं, स्वयं माँ काली थीं।
इस लोककथाओं में बंगाल की काली-भक्ति का एक विलक्षण रूप दिखाई देता है। यहाँ देवी बेटी बनकर आती हैं, कभी माँ बनकर अपने भक्त का हाथ थामती हैं।
बंगाल के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में शाक्त धर्म का प्रभाव अत्यंत गहरा और व्यापक रहा है। शक्ति-उपासना की मूल अवधारणा यह है कि संपूर्ण सृष्टि की समस्त सृजनात्मक और क्रियाशील शक्तियों का स्रोत देवी हैं। प्रकृति, जीवन, चेतना और सृष्टि की अंतर्निहित प्रेरक शक्ति हैं। शाक्त दर्शन में स्त्री समूचे ब्रह्मांड की सृजनात्मक ऊर्जा की प्रतीक है।
बंगाल में शाक्त धर्म के विकास के साथ तंत्र-साधना, पुराण, लोकविश्वास और भक्ति की विभिन्न धाराएँ जुड़ती चली गईं। देवी माहात्म्य अथवा चंडी ग्रंथ में देवी की जिस महाशक्ति का परिचय मिलता है, उसने आगे चलकर बंगाल की धार्मिक कल्पना और साहित्य को गहरे स्तर पर प्रभावित किया। मध्यकाल से बंगाल में देवी-उपासना के विविध रूपों का विस्तार होने लगा। सोलहवीं शताब्दी के आसपास पूर्वी भारत में शाक्त-तांत्रिक साधना का प्रभाव विशेष रूप से दिखाई देने लगा। बाद के समय में काली, तारा, दुर्गा, चंडी, मनसा तथा अन्य देवियों की उपासना ने बंगाल के धार्मिक जीवन में अपना विशिष्ट स्थान बना लिया।
लेकिन बंगाली शाक्त धर्म की सबसे उल्लेखनीय विशेषता है, देवी को माँ के आसन पर प्रतिष्ठित करना। देवी महाशक्तिमयी हैं, फिर भी वह परिवार का ही एक अभिन्न हिस्सा हैं। इस मातृभाव ने बंगाली की धार्मिक अनुभूति को एक मानवीय और भावनात्मक आयाम प्रदान किया है। भयावह स्वरूप वाली देवी स्नेहमयी माँ बन जाती हैं। श्मशानवासिनी होकर भी वह संसार को आश्रय देती हैं। मृत्यु की प्रतीक होते हुए भी वह जीवन का अभय-संदेश लेकर आती हैं। उनके स्वरूप में जन्म और मृत्यु की अनिवार्यता तथा सृजन और विनाश का शाश्वत संबंध समाहित है। गले में मुण्डमाला, हाथ में खड्ग और मुक्तकेशी रूप अहंकार, अज्ञान और सांसारिक आसक्ति के विनाश का दार्शनिक संकेत देता है।
काली अंधकार के विनाश की देवी हैं। उनका वर्ण कृष्ण है। वह अमावस्या की रात्रि की अधिष्ठात्री हैं। लेकिन यह अंधकार नकारात्मकता को भेदकर आनंदमय प्रकाश की ओर अग्रसर होने की यात्रा है। ब्रह्मांड का अनंत विस्तार, सृष्टि से पूर्व की निस्तब्धता और समय के अतल रहस्य भी इसी कृष्णवर्ण में समाहित हैं। समस्त रंग अंततः अंधकार में विलीन हो सकते हैं और समस्त सृष्टि एक दिन समय के गर्भ में लौट जाती है। उनके चरणों में शयन करते शिव के चित्र में भी शक्ति और चेतना के पारस्परिक संबंध की प्रतीकात्मक व्याख्या खोजी जा सकती है। बंगाली देवी दुर्गा में आश्रय और पारिवारिक आनंद खोजता है, काली में अभय और आत्मजागरण का बोध पाता है तथा चंडी में अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध करने की शक्ति का साक्षात्कार करता है।
मनुष्य हमेशा अंधकार को जीतना चाहता है। जीवन में दुःख है, मृत्यु है, बिछोह, विफलताएँ हैं। जीवन इन सबके बीच ही अपनी गति से आगे बढ़ता है। इन अनिवार्य सत्यों को नकारा नहीं जा सकता, बल्कि जीवन के इन्हीं शाश्वत सत्यों के सम्मुख खड़े होने का साहस ही मनुष्य को परिपक्व बनाता है। माँ काली इसी अंतर्निहित साहस की भी प्रतीक है।
इतिहास पर दृष्टि डालें तो बंगाल में शाक्त धर्म के विकास का संबंध मध्यकालीन तंत्र-साहित्य, स्मृतिशास्त्र और क्षेत्रीय लोकाचारों से रहा है। वर्ष 1699 में काशीनाथ द्वारा रचित ‘कालिसपर्याविधि’ ग्रंथ में दीपावली के अवसर पर कालीपूजा का उल्लेख मिलता है। अठारहवीं शताब्दी में नदिया के राजा कृष्णचंद्र के संरक्षण में इस पूजा के विस्तार का एक ऐतिहासिक संदर्भ भी मिलता है। समय समय में ज़मींदारों के घरों, राजमहलों, मंदिरों और सामान्य गृहस्थों की पूजा के माध्यम से काली-आराधना का क्रमशः विस्तार हुआ। कोलकाता का कालीघाट, दक्षिणेश्वर और बीरभूम का तारापीठ काली-उपासना के महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरे। ग्रामीण बंगाल के साधारण लोगों के घरों में भी माँ काली ने अपना स्थान बना लिया। कहीं वह श्यामा हैं, कहीं दक्षिणाकाली, श्मशानकाली तो कहीं परिवार की अपनी आराध्य माँ।
रामप्रसाद की काली घर की माँ हैं। उनके और भक्त के बीच कोई औपचारिक दूरी नहीं है। रामप्रसाद के बाद कमलाकांत भट्टाचार्य ने शाक्त पदावली को और अधिक समृद्ध किया। बाद के समय में रामकृष्ण परमहंस की साधना में काली के मातृरूप की एक नई आध्यात्मिक व्याख्या सामने आई। उन्नीसवीं शताब्दी में शाक्तभक्ति की इस मानवीय और भावनात्मक धारा ने बंगाल की धार्मिक संस्कृति को विशेष रूप से प्रभावित किया।
बाद के समय में काज़ी नज़रुल इस्लाम के श्यामासंगीत ने इस परंपरा को और अधिक व्यापक सांस्कृतिक परिदृश्य में प्रतिष्ठित किया। उनकी रचनाओं और स्वर में श्यामा शक्ति, प्रेम और मानवीय आकांक्षाओं के एक अनूठे समन्वय के रूप में प्रकट होती हैं। इस पूरी परंपरा से स्पष्ट होता है कि बंगाल में देवी-उपासना संगीत, कविता और आत्माभिव्यक्ति की एक स्वतंत्र एवं विशिष्ट भाषा बन गई।
विशेष रूप से उन्नीसवीं शताब्दी के बंगीय नवजागरण में मातृभूमि की अवधारणा के साथ देवी-मूर्ति का एक नया संबंध स्थापित हुआ। ठीक इसी तरह बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास आनंदमठ में ‘वंदे मातरम्’ गीत मातृभूमि की कल्पना देवी के प्रतीकात्मक स्वरूप में करता है। बाद के राष्ट्रवादी चिंतन में भारतमाता और शक्ति की अवधारणा ने एक विशेष महत्त्व अर्जित किया। चित्रकला में काली के विभिन्न रूपों, विशेषकर राजा रवि वर्मा द्वारा काली के चित्रांकन ने देवी-मूर्ति की सौंदर्यपरक अनुभूति को एक नया आयाम प्रदान किया। विदेशी कवि एलन गिन्सबर्ग की प्रसिद्ध कविता में भी काली की प्रतीकात्मक उपस्थिति एक अलग काव्यात्मक अर्थ ग्रहण करती है।
आधुनिक कलाकारों ने भी काली के प्रतीक का उपयोग प्रतिरोध, स्त्री-स्वाधीनता, सामाजिक अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की अभिव्यक्ति के रूप में किया है। यहीं शक्ति-आराधना धार्मिक परिधि का अतिक्रमण कर सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का हिस्सा बन जाती है। वर्तमान समय में, जब स्त्री-स्वाधीनता, महिला अधिकार, आत्मसम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर अनेक प्रश्न हमारे सामने उपस्थित हैं, तब शक्ति की आराधना नए सिरे से विचार करने का अवसर प्रदान करती है। यहाँ यह भी प्रश्न उठता है कि जो समाज देवी को महाशक्ति के रूप में पूजता है, उसी समाज में वास्तविक स्त्री का सम्मान और उसकी गरिमा कितनी स्थापित है?
दरअस्ल, बंगाल की धार्मिक संस्कृति की एक बड़ी विशेषता यह है कि उसने देवी-देवताओं को कभी अपने से दूर नहीं रखा। काली की कल्पना कभी भयावह देवी, स्नेहमयी जननी, संकटमोचिनी के रूप में तो कभी महाकाल की अधिष्ठात्री शक्ति के रूप में हुई। इसी बहुरूपी कल्पना के भीतर बंगालियों की सांस्कृतिक चेतना और उनका गहन मनन-चिंतन अभिव्यक्त होता है। बंगाल की दीपावली इसी चिरंतन शक्ति और प्रकाश की तलाश का उत्सव है।
•
बेला के संसार से और जुड़ने के लिए हमें फ़ॉलो कीजिए : इंस्टाग्राम | फ़ेसबुक
•••
इस स्तंभ के बैनर में प्रयुक्त चित्र : फ़ेस्टिवल ऑफ़ लैम्प्स | अबनींद्रनाथ टैगोर
इस स्तंभ में प्रस्तुत कविता-पंक्तियों बांग्ला से हिंदी अनुवाद लेखिका द्वारा ही। अन्य C/O बंगाल यहाँ पढ़िए : C/O बंगाल
'बेला' की नई पोस्ट्स पाने के लिए हमें सब्सक्राइब कीजिए
कृपया अधिसूचना से संबंधित जानकारी की जाँच करें
आपके सब्सक्राइब के लिए धन्यवाद
हम आपसे शीघ्र ही जुड़ेंगे
बेला पॉपुलर
सबसे ज़्यादा पढ़े और पसंद किए गए पोस्ट